समाचार
भागवंती स्कूल में लगाया स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
मुजफ्फरनगर। इंडियन मैडिकल एसोसिएशन द्वारा मुजफ्फरनगर स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज नई मंडी में तृतीय स्वास्थ्य परीक्षा शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने 153 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याओं का निदान किया गया और उन्हे निःशुल्क दवाईयां वितरित की गयी। शिविर में आईएमए अध्यक्ष डा. यूसी गौड, वरिष्ठ चिकित्सक डा एमके बंसल, डा. सुनील सिंघल, डा. प्रदीप गर्ग आदि ने छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में अनेक चिकित्सक भी मोजूद रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कालेज के अध्यक्ष अरूण खण्डेलवाल सहित अनित गुप्ता, अर्चना शर्मा, पंकज वर्मा, मधु यादव, योगेश कुमार, राजेंद्र त्यागी, सुंदर शर्मा विनोद कुमार आदि का सहयोग रहा।
छात्रों को किया गया जर्सी वितरण
मुजफ्फरनगर। जैन इंटर कालेज मीनाक्षी चौक पर प्रबंध समिति द्वारा स्कूल में छात्रों को जर्सी का वितरण किया गया। जैन इंटर कालेज में प्रबंध समिति द्वारा जैन मिलन मुजफ्फरनगर एवं सुभाषचंद जैन इन्दौर वालो के सौजन्य से स्कूल के सभी छात्रों को जर्सी का वितरण किया गया। इस अवसर पर जैन स्कूल कमैटी के सचिव राजकुमार जैन ने कहा कि जैन मिलन लगातार इस तरह के कार्य करता रहता है भविष्य में भी जैन समाज इसी तरह के धमार्थ कार्यो को करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान राजकुमार जैन नावला, संजय जैन पारस टीएमटी, प्रदीप जैन प्रबंधक, जयचंद जैन व मनोज जैन जैन मिलन, प्रमोद जैन सरधना वाले, दिनेश जैन महावीर चौक के अलावा स्कूल के प्रिसिंपल दिनेश चंद जैन, वरिष्ठ शिक्षक वशिष्ठ भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
थाना प्रभारी ने दिये आवश्यक दिशा निर्देश
मुज़फ्फरनगर। डीजीपी ओ पी सिंह के आदेश पर तथा एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के कुशलनिर्देशन में आज थाना सिविल लाइन थानाप्रभारी डी के त्यागी द्वारा सभी पुलिसकर्मियों की थाने पर मीटिंग ली, जिसमें उन्होंने पुलिस कर्मियों के वर्दी के ठीक-ठाक से पहनावे और अनुशासन पर बल दिया तथा उन्होंने कहा की सभी को अनुशासन में रहकर आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए जिससे पुलिस की छवि में सुधार हो तथा विस्वास को अर्जित किया जा सके तो वही बहुत ही संयम और धैर्य के साथ रखना अपनी ड्यूटी का निर्वहन करना चाहिए ओर साफ़ स्वस्छ वर्दी पहने कई पुलिस जनों को शाबाशी भी दी व पुलिस कर्मियों का उत्साह वर्धन भी किया।
अपराध से नहीं किया जायेगा समझौताः कुशलपाल
मीरापुर। यदि पुलिस अपने कर्तव्य को समझते हुए सही रूप में पुलिसिंग करे तो अपराध की जड़े समाप्त होने में देर नहीं लगेगी।इंस्पेक्टर मीरापुर कुशलपाल सिंह क्षेत्र में एक ओर अपराधियो पर शिकंजा कस रहे है तो वहीं गांवो में सभाओं के माध्यम से लोगो को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक भी कर रहे है।कोई भी अपराध घटित होने से पूर्व की छोटी छोटी बातों के प्रति लोगो को जागरूक करते हुए बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण पेश कर रहे है कुशलपाल सिंह।
वार्ता के दौरान थाना प्रभारी मीरापुर कुशलपाल सिंह ने कहा कि लचीलापन बेहतर पुलिसिंग में बाधक है।उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में अनुशासन प्रथम आवश्यकता है।थाना मीरापुर में बिना किसी सिफारिश के भी यदि कोई पीड़ित आयेगा तो मीरापुर पुलिस तुरंत आवश्यक कार्यवाही करेगी और अपराधियों से सख्ती से निपटा जायेगा।किसी भी गलत कार्य की सिफारिश स्वीकार नही की जायेगी।उन्होंने कहा कि मीरापुर वासियों के सहयोग से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने व अपराधियो को सबक सिखाने का पूरा प्रयास किया जायेगा जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।
पुलिसिंग में अगर वास्तव में इस प्रकार का जज्बा देखने को मिले तो कोई भी अपराधी अपराध करने से पूर्व दस बार सोचेगा।मीरापुर क्षेत्र में कई बार गौकशी जैसी घटनाओं से माहौल में जहर घोलने का प्रयास असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया है।अवैध शराब का कारोबार व अन्य अपराध भी क्षेत्र में पनपते रहे है।देखना है कि थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह अपनी कुशलता के बल पर किस हद तक उपर्युक्त अपराधों पर लगाम लगा पाते है ।
चीनी के कट्टों से लदे ट्रक सहित एक को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। तितावी पुलिस ने 5 दिसम्बर को बघरा से चोरी हुए चीनी के 436 कटटो सहित ट्रक चोरी करने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाईन स्थित मनोरंजन कक्ष मे आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी सुधीर कुमार सिह ने पत्रकारो से बात करते हुए बताया कि अपराधो पर अंकुश लगाने व अपराधियो की गिरफ्तारी के लिए जनपद भर मे चल रहे अभियान के तहत तितावी थाना पुलिस ने 5 दिसम्बर 2018 को बघरा से चीनी के कटटो से लदे चोरी हुए ट्रक सहित एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिह ने बताया कि खतौली की त्रिवेणी शुगर मिल से करीब दस लाख रुपये कीमत की चीनी के पांच सौ कट्टे लेकर पंजाब जा रहा ट्रक बघरा से चोरी कर लिया गया। करीब एक सप्ताह की भागदौड व मशक्कत पर आखिरकार पुलिस ने शाहपुर क्षेत्र के गांव निवासी ट्रक के हेल्पर को हिरासत में लेते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए ट्रक के साथ ही चीनी के चार सौ से अधिक कट्टे भी बरामद कर लिए हैं।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव बघरा निवासी फैजान अपना ही ट्रक चलाता है। उसके ट्रक पर शाहपुर क्षेत्र के गांव निवासी युवक हेल्पर के रूप में काम करता है। करीब एक सप्ताह पूर्व फैजान ट्रक में खतौली की त्रिवेणी शुगर मिल से करीब दस लाख रुपये कीमत की पांच सौ कट्टे चीनी लादकर पंजाब के लिए रवाना हुआ था। उसी रात वह चीनी लदा ट्रक लेकर बघरा पहुंचा और अपने घर के पास लोडेड ट्रक खड़ा कर घर सोने चला गया। अगले दिन फैजान पंजाब जाने के लिए घर से निकला तो चीनी लदा ट्रक गायब देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल तितावी थाना पुलिस को चीनी लदे ट्रक की चोरी की सूचना दी तितावी पुंलिस ने इस मामले मे तहरीर लेते हुए भागदौड व छानबीन शुरू की। तितावी पुलिस टीम ने इस मामले मे भागदौड कर ट्रक क्लीनर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरी घटना से पर्दा उठा दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी क्लीनर की निशानदेही पर न केवल चोरी हुआ ट्रक बरामद कर लिया, बल्कि चोरी हुई चीनी के चार सौ से अधिक कट्टे भी बरामद कर लिए। वारदात को अंजाम देने वाले कुछ अन्य बदमाश अभी फरार हैं। जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। प्रेसवार्ता के दौरान सीओ फुगाना कालू सिंह, थाना प्रभारी तितावी सूबे सिंह आदि मौजूद रहे।
बच्चों ने किया फिश पॉइंट का भ्रमण
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित किड्जी प्रीस्कूल में एनिमल थीम के अनुसार प्लेग्रुप के बच्चों को मरीन एनिमल्स का वास्तविक ज्ञान प्रदान करने हेतु नई मंडी चौड़ी गली स्थित फिश पॉइंट ले जाया गया। फिश पॉइंट पर बच्चों को विभिन्न प्रकार की मछलियों को दिखाया गया व उनकी पहचान कराई गई। बच्चों को विभिन्न प्रकार के रंग बिरंगे एक्वेरियम दिखाए गए व उनके रखरखाव व कार्यप्रणाली के बारे में बच्चो को बताया गया। स्कूल की सेन्टर हेड प्रियंका जिंदल ने बताया कि किड्जी जानसठ रोड पर बच्चों को पाठ्यक्रम में आने वाली विभिन्न जानकारियां प्रत्यक्ष व प्रैक्टिकल रूप से प्रदान की जाती हैं। इस प्रकार से बच्चें जो सीखते हैं वह अधिक समय तक स्मरणीय रहता हैं। बच्चों को जानकारी देने के लिए उनकी शिक्षिकायें मुस्कान व अंजू कुमार साथ में उपस्थित रही।
छात्राओं को जागरूक
बुढ़ाना। मानव अधिकारी दिवस के मौके पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी ने छात्राओं को उनके अधिकारों के लिए जागरूक किया।
आर्य कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को भारतीय संविधान में वर्णित मानवाधिकारों के विषय में जानकारी दी। उपजिलाधिकारी डॉक्टर नितिन गौर ने स्कूल की छात्राओं को संविधान के अनुसार उनके अधिकारों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। विद्यालय की छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मानवाधिकारों के विषय में विचार व्यक्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर तहसीलदार मनोज कुमार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ओमगिरी स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अरुणा त्यागी, सतीश कुमार, सचिन गोयल व सचिन जैन सहित विद्यालय का सारा स्टाफ मौजूद रहा।
सचिव बनने पर किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन के मथुरा स्थित गोवर्धन में हुए चुनाव में मुजफ्फरनगर के युवा अधिवक्ता हर्षित गर्ग को एसोसिएशन का प्रदेश संयुक्त सचिव बनाये जाने पर मुजफ्फरनगर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में उपस्थित हर्षित गर्ग ने कहा कि यह सम्मान मेरा नहीं सभी युवा साथियों का सम्मान है। समाजसेवी निधिषराज गर्ग ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हमारे मुजफ्फरनगर से गोवर्धन में हुए सम्मेलन में युवा अधिवक्ता हर्षित गर्ग को 113 में से 80 मत प्राप्त करने पर प्रदेश का संयुक्त सचिव बनने पर हम सभी गौरवान्वित है। निधिष राज गर्ग ने हर्षित गर्ग को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं की। इस दौरान कोमलकांत गोयल, राजीव गर्ग, रजत गोयल, सचिन अगवाल, अमित सिंघल सहित विनोद गुप्ता, मुनीष शर्मा, अमित सिंघल, सचिन अग्रवाल, राजन अग्रवाल, धनंजय गर्ग, विक्रांत गर्ग आदि मौजूद रहे।
रिले रेस में रोज हाउस ने बाजी मारी
मुजफ्फरनगर। डीएस पब्लिक स्कूल में एनुअल स्पोर्ट्स मीट का समापन हुआ। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
परिक्रमा रोड स्थित डीएस पब्लिक स्कूल में एनुअल स्पोर्ट्स मीट के समापन समारोह का शुभारंभ श्रीराम ग्रुप ऑफ कालेज के संस्थापक चेयरमैन डॉ एससी कुलश्रेष्ठ, संस्था चेयरमैन एसएल शर्मा, प्रबंधक सुधीर शर्मा, डायरेक्टर रेणु शर्मा, प्रधानाचार्या संतोष जैन और गगन शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। खिलाड़ियों ने मशाल को मुख्य अतिथि डॉ कुलश्रेष्ठ को सौंपा, जिसे उन्होंने वि़द्यालय के मैदान में स्थापित किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुति दी। स्पोर्ट्स फन एक्टिविटी में प्री-प्राइमरी ग्रुप के बच्चों की माताओं को आमंत्रित किया गया। माताओं ने प्लेटस द्वारा टॉवर बनाना, बॉल बैलेसिंग, बॉल कैचिंग, प्लेट बॉल बैलंसिग, मैकअप यॉर वार्ड जैसी एक्टिविटियों में भाग लिया। छात्रों ने जम्प इन रिंग, बैलून ब्रस्टिंग, हर्डल मिक्स, जिग जैग रेस, ग्लास और बॉल रेस आदि एक्टिविटी में भाग लिया। सीनियर अंतरहाउस ब्वायज एवं गर्ल्स रिले रेस हुई। ब्वायज रिले रेस में रोज हाउस की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जैसमीन हाउस दूसरे एवं लिली हाउस तीसरे स्थान पर रहा। गर्ल्स रिले रेस में लोटस हाउस प्रथम रहा। जैसमीन हाउस दूसरे स्थान पर रहा। विजयी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या संतोष जैन ने आभार प्रकट किया।
नगर पालिका की बोर्ड बैठक को कमिश्नर की मिली हरी झंडी…बोर्ड बैठक की होगी वीडियोग्राफी एडीएम (एफ) आलोक कुमार होंगे पर्यवेक्षक
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक को लेकर अनियमितताओं के बादल छट गये है। सहारनपुर मंडल के कमिश्नर ने प्रशासन की मिली रिपोर्ट पर अपना निर्णय पालिकाध्यक्ष के हाथों में दिया। जिसके चलते पालिका की बोर्ड बैठक को हरीझंडी मिल गई। बोर्ड बैठक शीघ्र ही अधिशासी अधिकारीध्सिटी मजिस्ट्रेट के अवकाश से आने के उपरान्त एंजेडा तय होने पर होगी। 12 जून 2018 को हुई हंगामेदार बोर्ड बैठक में पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल के स्थगित कथन को कमिश्नर ने स्वीकारा और सभासदों के असफल के कथन को नकार दिया। बैठक में कांवड सम्बंधी प्रस्तावों को छोड़कर सभी प्रस्तावों को निरस्त बताया गया था। अब विपक्षी सभासद भाजपा के सत्ताधरी नेताओं को बेकार बता रहे है, जिसके चलते विपक्ष की एकता टूटने के कगार पर है। चेयरमैन पक्ष के सभासदों का कहना है कि पालिकाध्यक्ष शीघ्र ही बोर्ड की घोषणा करेंगी। वहीं दूसरी ओर कमिश्नर की ओर से जारी ओदश में कहा है कि बोर्ड बैठक की वीडियोग्राफी कराई जायेगी। बैठक के लिये एडीएम एफ को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर की बोर्ड बैठक को लेकर जारी रस्साकसी पर आज कमिश्नर के आदेश आते ही विराम लग गया। जिसमें कमिश्नर चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी ने पालिकाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल के पक्ष में निर्णय देते हुए कहा कि बोर्ड बैठक स्थगित मानी जायेगी। सभासदों को फेल या पास का अधिकार नहीं है। यह तो बहुमत तय करता है। 12 जून 2018 की बैठक काफी हंगामेदार रही थी, जिसमें कुछ विपक्षी सभासदों द्वारा कांवड सम्बंधी प्रस्तावों को पास मान सभी को निरस्त बताया था। जिसके बाद सभासदों ने खुद ही राष्ट्रीयगान कर बैठक समाप्त कर दी थी। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने बैठक को स्थगित माना था। इसके बाद चेयरमैन द्वारा 29 नवम्बर को बोर्ड बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया था, जिसे लेकर 26 नवम्बर को कमिश्नर ने जांच होने तक बोर्ड बैठक न करने के निर्देश दिये थे। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा जांच के उपरान्त कमिश्नर को भेजी रिपोर्ट में पालिकाध्यक्ष के हक में अपना निर्णय दिया था, जिस पर आज कमिश्नर द्वारा आदेश जारी कर कहा गया कि 12 जून की बैठक स्थगित ही मानी जायेगी। आगे होने वाली बोर्ड बैठक की वीडियोग्राफी कराई जायेगी। बोर्ड बैठक के पर्यवेक्षक अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार होंगे। पालिका की राजनीति में आज के पालिकाध्यक्ष के हक में आये निर्णय को उनकी एक बडी जीत बताया जा रहा है।
