स्वस्थ समाज का निर्माण है इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी का दायित्व: डॉ. हिमा बिंदु नायक
राजधानी के कैसरबाग स्थित ‘इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी’ (Indian Red Cross Society) के यूपी ब्रांच द्वारा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को हाइजेनिक किट, मास्क व सैनिटाइजर का वितरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम 24 अगस्त (मंगलवार) को लखनऊ के 1090 चौराहे पर होगा। जिसमें इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (यूपी) की महासचिव डॉ. हिमा बिंदु नायक, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह और प्रवक्ता रजनीश शर्मा डोबरियाल उपस्थित रहेंगे।
Indian Red Cross Society कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के प्रवक्ता रजनीश शर्मा डोबरियाल ने सफाई कर्मचारियों को शहर का असली हीरो बताया। उन्होंने कहा कि ‘सफाई कर्मचारियों पर पूरे शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने की ज़िम्मेदारी होती है। वह हर सुबह अलग-अलग सड़कों, गली-मोहल्लों में जाकर जो कार्य करते हैं, उसी से हमारा शहर स्वच्छ व स्वस्थ दोनों बना रहता है।’
रजनीश शर्मा डोबरियाल ने कहा कि ‘इस शहर के असली हीरो हमारे ये सफाईकर्मी ही हैं। इसलिए, रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा यह फैसला लिया गया है कि, नगर निगम के 400 से अधिक सफाई कर्मचारियों को हाइजेनिक किट बांटी जाएगी। इससे आगामी कोरोना वायरस की तीसरी लहर के मद्देनजर यह स्वस्थ व सुरक्षित रहेंगे। क्योंकि, अगर ये लोग सुरक्षित रहेंगे, तब ही पूरा शहर सुरक्षित रहेगा।’
वहीं, कार्यक्रम के बारे में बताते हुए महासचिव डॉ. हिमा बिंदु नायक ने बताया कि ‘इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (यूपी) का ये दायित्व है कि वह एक स्वस्थ समाज का निर्माण करे। जिससे किसी भी व्यक्ति को कोई भी समस्या न हो। इसके लिए हम यानी इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी प्रतिबद्ध हैं और लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि ‘हम लगातार लोगों को इससे जोड़ रहे हैं। जगह-जगह कैम्प्स लगाकर जनता को मास्क व सैनिटाइजर बांट रहे हैं। साथ ही, उन्हें कोरोना वायरस से बचाव हेतु जागरूक भी कर रहे हैं।’

