विधायक राकेश सिंह का वीडियो वायरल: जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए दिया एक बोरिया रुपया
रायबरेली से कांग्रेस के बागी विधायक एवं बीजेपी नेता व एमएलसी दिनेश सिंह के भाई राकेश सिंह का भ्रष्टाचार को उजागर करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोरोना काल में जहां तमाम धार्मिक और राजनैतिक कार्यक्रमों पर सरकार ने पाबंदी लगा रखी है, वहीं विधायक जमावड़ा लगाकर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए होने वाले चुनाव के लिए गुणा-गणित लगा रहे हैं।
वायरल वीडियो में विधायक राकेश सिंह लोगों को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि एक मिनट आप हमारी बात सुन लो, उसके बाद हम आपकी बात सुनेंगे। इसके बाद विधायक ने कहा कि सतीश को अगर आप जितवाते तो वो हमको फ्री में वोट देते। लेकिन आप लोगों ने दिनेश को हमसे विरोध करके जितवा दिया।
क्या उन्होंने किया? पूर्व विधायक राम नरेश यादव के घर पर एक बोरिया रुपया लेकर के उन्होंने हमसे वोट हम ही को दिया। उससे आप लोगों को कुछ मिला? ये तो सौभाग्य कहो हम लोग इसी ब्लाक के रहने वाले थे, इसी क्षेत्र के रहने वाले थे इसलिए जिला पंचायत से काम हो गया।
जैसे हम लोग जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ते हैं और सलोन तहसील का कोई जिला पंचायत अध्यक्ष हमसे पैसा लेकर वोट देता है तो उसके क्षेत्र में कुछ काम होता है पांच साल? नही होता न। उसी प्रकार इनके क्षेत्र में भी नही होता। इसलिए हुआ के मैं यहां से विधायक हूं, हमारा ब्लाक प्रमुख है। बड़े भाई एमएलसी हैं और इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं इसीलिए यहां जिला पंचायत से काम दिखाई पड़ रहा है।
