समाचार
देश में अमन और चौन के लिए उठे हजारों हाथ
डॉक्टर थानवी के बेटों द्वारा किया जाने वाला जलसा सराहनीयः मौलाना सालिम देवबंदी

मुजफ्फरनगर। हर साल की तरह इस साल भी शब ए बरात के मुबारक मौके पर दक्षिणी खालापार की दरोगा की कोठी पर स्व० डॉक्टर नसीम अहमद थानवी के पुत्रों दानिश थानवी आरिफ थानवी द्वारा जलसे का आयोजन किया जाता है। जिसमें दूर दूर से उलेमा ए दीन आते हैं और धर्म की जानकारी देते हुए दुआ कर आते हैं। दिल्ली से आए मुफ्ती गुलजार कासमी ने जलसे में आए लोगों को झूठ ना बोलना चुगली ना करने चोरी ना करने गरीबों की मदद करने की हिदायत दी और हमेशा अमन और चैन प्रेम व भाईचारे के साथ रहने की नसीहत दी। देवबंद से आए मौलाना सालिम के जोशीले बयान ने लोगों को खूब प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि लगभग 34 वर्षों से डॉक्टर नसीम अहमद थानवी जलसा करवाते आ रहे थे उनके देहांत के बाद उनके पुत्र दानिश थानवी व आरिफ थानवी बखूबी अपने पिता की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं और हर साल अजीम ओ शान जलसे का आयोजन कराते आ रहे हैं जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। अंत में हाफिज शाहिद द्वारा देश में अमन और चौन के लिए दुआ कराई गई दुआ में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
गैस सिलेंडर में आग
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव भोकरहैडी में विवाह समारोह के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा तफरी मच गयी। ग्रामीणों ने कडी मशक्कत के बाद सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। जिससे एक बडा हादसा होने से टल गया। सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि भोकरहेडी निवासी भाजपा नेता के घर में विवाह समारोह है जिसके चलते उसके घर मेहमान रूके हुए थे। मेहमानों का खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गयी जिससे वहां पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने जलते हुए सिलेंडरों को घर से बाहर फेंक दिया। सिलेंडर काफी देर तक जलता रहा। ग्रामीणों ने आग पर मिट्टी का लेप डालकर आग को बुझाया जिससे सिलेंडर फटने से बच गया समय रहते आग पर काबू पाने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया गया है कि जिस सिलेंडर पर खाना बनाया जा रहा है वह लीक था। लीकेज के चलते ही सिलेंडर ने आग पकड ली थी।
कच्ची शराब पीने से दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती, मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर। मीरापुर के मोहल्ला खटीकान में कच्ची शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उसके एक साथी को बेहोशी की हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों युवकों ने क्षेत्र में बिकने वाली कच्ची शराब पी थी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं इस मामले में एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को जांच सौंप दी है। इस घटना के बाद महिलाओं ने पुलिस के समक्ष जमकर हंगामा करते हुए अवैध शराब बिक्री को लेकर खाकी पर सवाल उठाए। मृतक युवक के भाई ने देर रात दो शराब माफिया के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीरापुर कसबा के मोहल्ला खटीकान निवासी आदेश (35) पुत्र चंद्रू की कच्ची शराब पीने से को मौत हो गई थी। इसके बाद दिल्ली में उपचार के दौरान कृष्ण पुत्र चमन निवासी खटीकान की भी मौत हो गई। वहीं एक साथी का इलाज चल रहा है। तीनों ने शनिवार शाम क्षेत्र में बिकने वाली कच्ची शराब खरीदकर पी थी। शराब पीने के करीब आधा घंटे बाद ही तीनों की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर वे गिरते-पड़ते घर पहुंचे और बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन तीनों को पीएचसी ले गए, जहां आदेश को मृत घोषित करते हुए कृष्ण को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, तीसरे युवक को यहीं भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्रीय महिलाओं ने जिला आबकारी विभाग व थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में काफी समय से अवैध कच्ची शराब खुलेआम बिक रही है, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग व थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब माफिया के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार रात कच्ची शराब पीने से एक युवक की मौत व दो की गंभीर हालत के चलते मोहल्ला वासियों में पुलिस व आबकारी विभाग के प्रति गुस्सा व्याप्त है। देर रात आदेश के बड़े भाई राकेश ने दो शराब माफिया टिल्लू और उसके रिश्तेदार गुल्लू के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी। युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि युवकों ने कच्ची शराब पी थी, जिसमें आदेश और कृष्ण की मौत हो गई है। वहीं, एक अन्य की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। आदेश के भाई राकेश ने तहरीर दी है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। अवैध शराब माफिया के खिलाफ दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल कोई हत्थे नहीं चढ़ा।शासन व जिला प्रशासन के निर्देशो के चलते पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारी टीम वर्क मे शराब मापिफयाओ के विरूद्ध अभियान चलाए हुए हैं। पुलिस सूत्रो का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार करने वालो के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल मे लाई जाएगी। ऐसे तत्वो को किसी भी कीमत पर बख्शा नही जाएगा।
मुजफ्फरनगर की लालसिंह मार्किट में सरेआम दुकानदार पर हमला, मचा हड़कंप,
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में उस समय हड़कम्प मच गया जब भरे बाजार लाठी डंडों से लैस कुछ युवकों ने एक दुकानदार पर हमला करते हुए ताबड़तोड़ पिटाई शुरू कर दी। बेखौफ हमलावर दुकानदार और उसके साथी के साथ मार पिटाई करते रहे, लेकिन तमाशा देख रही भीड़ में से किसी भी व्यक्ति ने पीड़ित दुकानदार को बचाने की कोशिश नहीं की। मामला मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के लालसिंह मार्किट का है जहां शनिवार दोपहर कपड़ों पर रंगाई का काम करने वाले युवक राहुल और शहजाद पर अचानक दो युवकों ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। हैरान कर देने वाली बात ये है कि भरे बाजार में बेखौफ गुंडे राहुल और शहजाद को पीटते रहे और पब्लिक की भीड़ तमाशबीन बनी रही। वहीं इस पूरी घटना के बाद पुलिस अधिकारी का कहना है की घटना की वीडियो अभी संज्ञान में आई है पीड़ित युवक की तहरीर लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
निःशुल्क निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर
चरथावल। लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर सुप्रीम द्वारा महादेव मंदिर रोहाना मोड चरथावल पर स्व. राजेंद्र कुच्छल की पुण्य स्मृति पर निःशुल्क परीक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें 280 मरीजों का परीक्षण कर दवाईयां वितरित की गयी। 88 मरीजों को आपरेशन के लिए चिन्हित किया गया जिनका गाजियाबाद में वरदान सेवा संस्थान में निःशुल्क आपरेशन किया जायेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में लायन्स गिरीश अग्रवाल, रजनीश अग्रवाल, सुनील, अंकित अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद गर्ग, अनुज गर्ग, अजय तायल, अर्चित कुच्छल, अमित अग्रवाल, राजेंद्र कुंमार, ब्रहमस्वरूप, दीपक मित्तल, सतप्रकाश मित्तल, अनूप कुच्छल, संदीप बंसल, सुधीर कुच्छल, विपिन जैन, विवेक कुच्छल आदि का विशेष योगदान रहा।
भंडारे का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। श्री बालाजी धाम मंदिर मे चल रहे श्री बालाजी जन्मोत्सव के अर्न्तगत चल रहे विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानो व कार्यक्रमो की श्रृख्ला मे आज श्री बालाजी धाम पर विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। जिसमे सैकडो श्रृद्धालूओ ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया।
नई मन्डी कूकडा रोड स्थित श्री बालाजी धाम मन्दिर मे चल रहे श्री बालाजी महाराज जन्मोत्सव मे पिछले एक सप्ताह से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे है। बीते दिन श्री बालाजी जयन्ति पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई थी। धार्मिक आयोजनो की कडी मे आज श्री बालाजी धाम मन्दिर प्रागण मे विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। जिसमे अनेक श्रृद्धालूओ व गणमान्य लोगो ने श्रृद्धाभाव के साथ प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया। इस दौरान श्री बालाजी धाम मंदिर सेवा समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी समाजसेवी भीमसैन कंसल,जेपी चचा,अम्बरीश सिंघल,कुलवन्त उर्फ काकन, विपिन खण्डेलवाल,नरेन्द्र गोयल, विपिन खण्डेलवाल,नरेश चन्द गोयल आदि पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खादय सामग्री की वितरित
मुजफ्फरनगर। साक्षी वैलपफेयर ट्रस्ट की पदाधिकारियो ने नई मन्डी पटेलनगर स्थित वृद्धाश्रम पहुंच कर वहां रह रही वृद्ध व विधवा महिलाओ से बातचीत कर उनकी समस्याओ को जाना तथा संस्था की और से वृद्ध महिलाओ को खादय पदार्थ वितरित किए गए। इस अवसर पर साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की और से वृद्धाश्रम मे रह रही महिलाओ को अनाज, चावल, फल,सब्जी,घी,तेल आदि वस्तुओ का सहयोग किया। इस दौरान उपस्थित भगीरथ आर्मी जिलाध्यक्ष भाई राजू सैनी, संगीत गोयल, रीना जैन पूनम शर्मा बबलू चौधरी व बहन क्रांतिकारी शालू सैनी शाक्षी वेलफेयर अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
भाकियू की बैठक सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक मे संगठन की मजबूती व किसान हितो मे संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया गया। इस दौरान पदाधिकारियो ने कार्यकर्ताओ से संगठन हित मे कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने की अपील की।
महावीर चौक स्थित भाकियू जिला कार्यालय पर आज दोपहर के समय मासिक बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने की। बैठक मे जनपद के सभी ब्लाक व क्षेत्र से पदाधिकाकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि भाकियू ने हमेशा से किसान हितो की रक्षा तथा किसानो की समस्याओं के निराकरण के लिए लडाई लडी है। तथा भविष्य मे भी भाकियू किसान हित मे कार्य करती रहेगी। उन्होने बैठक के माध्यम से सभी कार्यकर्ताओ से संगठन को मतबूती देते हुए कंधे से कंधा मिलाकर किसान हित मे कार्य करने की अपील की। बैठक मे जिलाध्यक्ष राजू अहलावत,वरिष्ठ पदाधिकारी धर्मेन्त तोमर सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पृथ्वी दिवस पर प्रतियोगिताएं आयोजित
मुजफ्फरनगर। परिक्रमा मार्ग स्थित न्यू हराइजन स्कूल में पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। बच्चों ने चित्रों के जरिए पृथ्वी के बिगड़ते स्वरूप को दर्शाया। कार्यक्रम में कक्षा एक व दो के बच्चों ने पृथ्वी दिवस संबंधी कविताएं प्रस्तुत की और कक्षा तीन व चार के छात्र-छात्राओं ने पृथ्वी को बचाने संबंधी स्लोगन लिखे। कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में बेकार वस्तुओं को सुंदर तरीके से सजाकर उन्हें उपयोगी बनाया और संदेश दिया कि किस तरह बेकार वस्तुओं को उपयोग में लाकर पृथ्वी को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। कक्षा नौ से १२ के छात्र-छात्राओं ने चित्रकला के जरिए पृथ्वी के बिगड़ते स्वरूप को दर्शाया। उनके समाधान के पहलू प्रस्तुत किए। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं में नव्या, देवांशी व हिमांशी प्रथम रहे। वंशिका, मोहित, शानू द्वितीय व अनिका, सौरभ, निशांत, दीपिका तृतीय रहे। पेंट ऑफ द फेस प्रतियोगिता में नानक हाउस प्रथम, अशोका हाउस द्वितीय व बुद्धा हाउस तृतीय रहा। प्रधानाचार्या मिनाक्षी मित्तल ने कहा कि पृथ्वी हमारी धरोहर है, उसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से पौधे रोपने की अपील की।
सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी समझौता न होने पर लड़ेगी 39 सीटों पर चुनावः रामपाल मांडी
मुजफ्फरनगर। सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता रामपाल मांडी ने बताया कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पूरी पार्टी को लालीपाप देकर उलझाये रखा पहले पांच सीटों की पेशकश की गयी जो बाद में 2 सीटों की ऑफर तक सिमट गयी उस पर भी भाजपा का कहना था कि 2 सीटों का चुनाव कमल के फूल पर लडा जाये लेकिन पार्टी हित में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी की पहचान बनाये रखने के लिए इस समझौते से इंकार कर दिया ओर कहा कि पार्टी यदि चुनाव लडैगी तो अपने चुनाव चिन्ह पर ही चुनाव लडेगी। इसलिए पार्टी ने पूर्वांचल में जहां पार्टी का वर्चस्व है 39 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे है लेकिन इसी के साथ एक गुंजाइश रख छोडी है कि यदि भाजपा अब भी समझौता कर लेती है तो ये 39 सीटों पर चुनाव नहीं लडा जायेगा। रामपाल मांडी ने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद वे एक बार फिर से आंदोलन चलायेंगे और उत्तर प्रदेश को चार भागों पूर्वांचल, मध्यांचल, बुदेलखंड और पश्चिमांचल के लिए संघर्ष करेंगे। इस अवसर पर बिजनौर से आयी महिला मंच की सहप्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डा. सविता शर्मा ने बताया कि डा. नीलम वीडी आत्रेय को महिला मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है और उनसे कहा गया है कि वे शीघ्र अपनी कार्यकारिणी की घोषणा करे डा. सविता शर्मा ने बताया कि सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी में महिलाओं का पूर्ण सम्मान है और महिलाएं इस पार्टी के लिए जी जान से आगे बढ़कर काम कर रही है। इस अवसर पर शुक्रताल वाले राजकुमार चौधरी को महासचिव बनाये जाने की भी घोषणा की गयी। वार्ता के दौरान इमरान तेवडा, प्रमोद, राजकुमार राणा, सतीश बंसल, किरणपाल आदि मौजूद रहे।
गर्मी से हाल हुआ बेहाल
मुजफ्फरनगर। रविवार को तेज धूप होने के कारण एक बार फिर गर्मी ने अपना अहसास करा दिया। पिछले दो दिन मौसम बारिश के चलते सामान्य रहा। वहीं आज फिर एक बार धूप निकलने से उमस व गर्मी का अहसास रहा। रविवार के आफिस व सरकारी कार्यालयों का अवकाश होने के कारण अधिकाशं लोगों ने घर में ही आंनद िलिया।
छात्रो को दी अग्नि शमन के बारे में दी जानकारी
मुजफ्फरनगर। लिंक रोड स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एफएसएसओ ऋषभ पवार, जयकिशोर सैनी, प्रीतपाल सिंह, अंकुर कोली ने छात्रों को अग्नि शमन हेतु प्रयोग की जाने वाली जानकारियों से अवगत कराया। यह कार्यक्रम १४ से २० अप्रैल तक चल रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किया गया। अग्नि शमन की जानकारी देने से पहले ऋषभ पवार ने छात्रों को नैतिक मुल्यों से अवगत कराया और इनको जीवन में उतारने की शिक्षा दी।इस कार्यक्रम में छात्रों को आपदा प्रबंधन, आपदा के प्रकार, प्राथमिक चिकित्सा व अग्नि शमन यंत्र के प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों को बिजली द्वारा आग लगने और एलपीजी द्वारा आग लगने पर किस तरह से सावधानी बरतना है और आग बुझाना है दोनों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डा. पीयुष गुप्ता व उपप्रधानाचार्या रमनीत स्वरुप ने प्रशिक्षण देने वाली टीम का धन्यवाद किया। विद्यालय निर्देशिका चारू भारद्वाज ने सभी का आभार व्यक्त किया और छात्रों को किसी भी प्रकार का प्रयोग घर पर न करने की सलाह दी।
मनुष्य के लिए योग साधना जरूरी
मोरना। तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित महाशक्ति सिद्धपीठ का १७वां वार्षिक उत्सव राष्ट्र हितार्थ विशिष्ठ महायज्ञ के साथ संपन्न हो गया। जिसमें दूरदराज क्षेत्रों से आए सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने मंत्रोचारण के बीच आहूति दी। समापन पर योगीराज प्रकाशानंद महाराज ने कहा कि मनुष्य के लिए योग साधना जरूरी है। योग के जरिए विभिन्न बीमारियों को दूर किया जा सकता है। संयोजिका परम योगिनी मां राजनंदेश्वरी ने कहा कि परोपकार से बढ़कर कोई पुण्य नहीं है। मनुष्य को परोपकार के कार्य करने चाहिए। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका बीके प्रवेश बहन ने कहा कि सत्संग का प्रभाव मानव जीवन की दिशा ही बदल देता है। मनुष्य को सत्संग प्रवचन कार्यक्रमों को सुनना चाहिए। महंत स्वामी महानंद जी महाराज ने कहा कि यज्ञ करने से अन्तरू करण शुद्ध होता है और अन्तरू करण शुद्ध होने से विचार शुद्ध होते हैं। इस अवसर पर राष्ट्र हितार्थ विशिष्ठ महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें दूरदराज क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंत्रोचारण के बीच आहूति दी। यज्ञ के ब्रह्म सत्य प्रकाश त्यागी, राजकुमार व राशि मल्होत्रा रहे। मुख्य यजमान सुशील शर्मा, महिमा, जयप्रकाश, सरोज, डॉ. शशि भूषण, कमला वशिष्ठ, श्याम वर्मा, रेखा वर्मा रहे। साध्वी कांता, सुनील कुमार त्यागी, मयंक शास्त्री, हरि ओम, सुशील, सीमा, राजेन्द्र, नेमचंद कर्णवाल आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।
सर्कस-डे में मचाया धमाल
मुजफ्फरनगर। लिटिल मिलेनियम स्कूल में सर्कस-डे मनाया गया, जिसमें बच्चों ने खूब मस्ती की। कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए विद्यालय की सजावट सर्कस की तरह की गई। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद लिया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। आकर्षक ड्रेस में बच्चों ने रैंप पर प्रस्तुति दी। प्रत्येक कक्षा के बच्चों के लिए अलग-अलग इवेंट रहे। प्ले क्लास के बच्चों ने पैराशूट का लुत्फ उठाया। नर्सरी कक्षा के छात्र रिग में से निकले। बड़ी संख्या में बच्चों ने पैर में बंधे गुब्बारों को फोड़कर उत्सव मनाया। बाद में छात्रों को ऑडियो-विजुअल के माध्यम से सर्कस दिखाया गया। इस दौरान स्कूल मैनेजमेंट समिति के रोहित गर्ग, शिम्पी कपूर, अलका चौधरी, दिलप्रीत कौर, आइना नागपाल, मणि भाटिया, हिमांशी खुराना, प्रिया अरोरा, उरुज आजम, ईशा गोयल, सुरभि भाटिया, कनिका अरोरा, नेहा अरोरा, हिमांशी जैन, शालू शर्मा, ज्योति गर्ग, शिप्रा गोयल, भारती मोटवानी, दीक्षा बेदी, खुशबू वर्मा, मनीषा सक्सेना, भव्य बब्बर, मुद्रिका अग्रवाल, कोनिका वोहरा, वैशाली चौधरी, स्तुति, अदिति गुप्ता व आकांक्षा आदि मौजूद रहे।
अमृतसंचार कार्यक्रम का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। श्री गुरू सिंह सभा मुजफ्फरनगर की ओर से साहिब खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के त्यौहार के समर्पित गुरूद्वारा श्री सिंह सभा गांधी कालोनी पर ज्ञानी हरभजन सिंह खालसा आनंदपुर साहिब वालो के नेतृत्व में अमृत संचार कराया गया। इसमे बड़ी संख्या में व्यक्तियों ने अमृतपान किया। गुरूद्वारा गांधी कालोनी में अमृत संचार कराया गया। इससे पूर्व ज्ञानी हरभजन सिंह ने 17 से 20 अप्रैल तक सुबह व शाम गुरूद्वारा साहिब में कथा कर निहाल किया था। आज के इस अमृतसंचार कार्यक्रम में जिन व्यक्तियों ने अमृतपान किया जिन व्यक्तियों ने अमृतपान किया उनको पांच ककारों की सेवा श्री गुरू तेगबहादुर होम्योपैथिक डिस्पेन्सरी की तरफ से निःशुल्क दी गयी। इस अवसर पर बोलते हुए श्री गुरू िंसह सभा के महासचिव स0 धनप्रीत िंसह चन्नी बेदी ने बताया कि श्री गुरू गोविंद सिंह महाराज ने सिख धर्म की स्थापना अमृतपान के द्वारा ही शुरू की थी। उन्होंने बताया कि हर सिख का कर्तव्य है कि वह गुरू जी के वचनों के अनुसार अमृतपान जरूर करे। श्री गुरू िंसह सभा के अध्यक्ष अमरजीत सिंह सिडाना ने कहा कि गुरू गोविंद सिंह महाराज ने मानवता के लिए अपने योगदान से विश्व का इतिहास बदलकर रख दिया। जिनका सारा इतिहास खून से लिखा हुआ है। उन्होंने भारत देश की धर्म की रक्षा और न्याय के लिए जहां अपना बलिदान दिया वहीं उनके दो पुत्र बाबा अजीत सिंह और बाबा जुझार सिंह जंग में शहीद हुए और दो पुत्र बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह को मुगल बादशाह ओरंगजेब द्वारा इस्लाम धर्म कबूल न करने पर सरहिंद की दीवार में जिंदा चिनवा दिया गया था। लोगों को जुल्म से बचाने के लिए सिख धर्म की अमृतपान द्वारा स्थापना की गयी। इस दौरान स. सुखदर्शन िंसह बेदी, हरजीत सिंह, विरेंद्र सिंह हनी सेखो, हरप्रीत िंसह सन्नी, जत्थेदार मिन्टू सिंह, गुरनाम सिंह रणधावा, त्रिलोचन सिंह मान, वजीत सिंह ग्रोवर, इन्द्रजीत सिंह सेखो, जसप्रीत सिंह, चरणजीत िंसह कोहली, देवेंद्र सिंह नागपाल, सुखमंदर सिंह, सुखवीर सिंह रावल, तीरथ सिंह गम्भीर, त्रिलोचन सिंह गम्भीर, जोगेंद्र िंसह, अवतार िंसह झज, मनजीत सिंह भाटिया, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
महिला घायल
मुजफ्फरनगर। रामराज क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध हालातों में गोली लगने से घायल हो गयी। घायल महिला को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में जांच में जुट गयी है। पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि रामराज क्षेत्र के गांव रूमालपुरी में एक महिला संदिग्ध हालातों में गोली लगने से घायल हो गयी। परिजनों द्वारा घायल महिला को उपचार हेतु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में जांच में जुटी है।
जिले भर में बढ़ रहे एलर्जी के मरीज, स्वास्थ्य विभाग सतर्क
मुजफ्फरनगर। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे एलर्जी के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. पी एस मिश्रा ने बताया कि मौसम परिवर्तन से जहां बुखार, खांसी, जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ी है, वही सीएचसी में आने वाले कुल मरीजों में 60 प्रतिशत मरीज एलर्जी से ग्रस्त आ रहे हैं।
जांच में एलर्जी की समस्या का बढ़ता कारण प्रदूषित पानी है। इसके सेवन से अधिकांश लोगों को एलर्जी की बीमारी हो रही है। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बड़े तक सभी इस बीमारी से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि पीएचसी-सीएचसी में आने वाले मरीजों को जांच कर निशुल्क दवा वितरित की जा रही है। जिला अस्पताल में फिजिशियन डा. सुनील कुमार ने बताया कि शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। यह एक तरह का फंगल इंफेक्शन है। डॉक्टरों के पास पहुंचने वाले हर 100 में से 60 मरीज इससे पीड़ित हैं। रोजाना 150 से ज्यादा मरीज इसी बीमारी के आ रहे हैं। यह बीमारी अब ज्यादा आक्रामक हो गयी है। इस पर दवाओं का असर भी कम हो रहा है। डॉक्टरों को इलाज का समय और दवाओं की डोज दोगुनी करनी पड़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे निपटने के लिए नई दवाओं की जरूरत है।डॉक्टरों की कॉन्फ्रेंस में भी यह फंगल इंफेक्शन बहस का मुद्दा है। डोज बढ़ाने के बाद भी तीन से चार महीने लग रहे ठीक होने में- डा. सुनील कुमार व शहर के अन्य डर्मेटोलॉजिस्ट का कहना है कि पहले इसका एक महीने से कम समय में इलाज हो जाता था, लेकिन अब तीन से चार महीने लग रहे हैं। उदाहरण के तौर पर पहले 250 एमजी की टेबलेट में काम हो जाता था, लेकिन अब 500 एमजी की दवा देनी पड़ रही है। क्या है लक्षण-पूरे शरीर में एलर्जी होना, लाल निशान पड़ जाना, दाद की तरह निशान होना शरीर के किसी भी हिस्से में नमी नहीं होने दें, सफाई रखें, परिवार का हर व्यक्ति कपड़े, रूमाल, तौलिया आदि का अलग-अलग उपयोग करें, संक्रमित होने पर पूरा इलाज कराएं।
जिले में इन दिनों एलर्जी से परेशान मरीजों की संख्या बहुत बढ़ गयी है। जांच में पता चला है कि एलर्जी की समस्या का बढ़ता कारण प्रदूषित पानी है। इसी की वजह से अधिकतर लोगों को यह बीमारी हो रही है। हमने सरकारी अस्पताल और पीएचसी-सीएचसी पर विशेष प्रबंध किये हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. पी एस मिश्रा
