प्रधान की बेटी की थी शादी: ‘समाजवादी पार्टी जिंदाबाद’ की धुन पर बलाओं के साथ थिरके जिला पंचायत सदस्य पति
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव के देवर व जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र यादव (Shailendra Yadav) का बार बालाओं के साथ अश्लील डांस वायरल (Bar Dancers Video Viral) हो रहा है। वह कभी मुझे नौलखा मंगा दे गाने पर तो कभी समाजवादी जिंदाबाद के नारे पर थिरक रहे हैं। एक ग्राम प्रधान की घर आयोजित शादी समारोह में बुलाई गई बार बालाओं के डांस के वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रधान, जिला पंचायत सदस्य समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोरखपुर में शादी समारोह में बार बालाओं के साथ थिरकते जिला पंचायत सदस्य के पति और सपा नेता शैलेन्द्र यादव@samajwadiparty #ShailendraYadav pic.twitter.com/5Aib3fDnYh
— News & Features Network (@mzn_news) June 4, 2021
गोरखपुर के कैम्पियरंगज इलाके के बैजनाथपुर गांव में वहां के प्रधान के घर शादी समारोह में आयोजित आर्केस्ट्रा में जिला पंचायत सदस्य के पति बालाओं के साथ झूमकर पूरी अश्लीलता के साथ नाचे। जिसका वीडियो गुरूवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में नेता जी न सिर्फ स्टेज पर चढ़कर बालाओं के साथ नाचते नजर आ रहे, बल्कि इस कोविड प्रोटोकाल भी भूलते दिख रहे हैं। वहां कोई भी मास्क नहीं लगाए हुए था।
एक वीडियों में तो नेता जी नाचने को लेकर भीड़ के साथ मारपीट तक करते नजर आ रहे हैं। डांस करने वाले शैलेन्द्र कुमार यादव कैम्पियरगंज की समाजवादी पार्टी की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिन्ता यादव के चचेरे देवर हैं। वर्तमान में शैलेन्द्र की पत्नी रेनू सपा के समर्थन से वार्ड नंबर 17 से जिला पंचायत सदस्य चुनी गई हैं। शैलेन्द्र भी सपा के नेता हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जब मामला एसएसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने पुलिस को आयोजक व डांस कर रहे लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम व लॉकडाउन के उल्लंघन का केस दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
एसएसपी के निर्देश के बाद उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव ने जिला पंचायत प्रतिनिधि शैलेन्द्र यादव, प्रधान विक्रम यादव, साधूशरन, रमाशंकर यादव, बालेदीन यादव, अमित यादव, सुमित यादव सात नामजद समेत कई दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147,323, 504,188,269,270 आईपीसी व आपदा प्रबंधन अधिनियम का मुकदमा दर्ज कराया।
कैम्पियरगंज के बैजनाथपुर निवासी बालेदीन यादव उर्फ माले गांव के प्रधान हैं। बुधवार को उनकी बेटी की शादी थी। शादी में आर्केस्ट्रा का आयोजन था, जिसमें डांस करने के लिए बुकिंग पर बालाएं आई थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए पीपीगंज के जंगल अगही निवासी व कैम्पियरगंज के वार्ड नंबर 17 की जिला पंचायत सदस्य रेनू यादव के पति शैलेन्द्र यादव भी शामिल होने अपने समर्थकों के साथ गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक शैलेन्द्र यादव स्टेज पर चढ़ गए और बालाओं के साथ झूमकर खूब अश्लील डांस किया। डांस देख रहे लोगों ने जब हटने की बात कही तो शैलेन्द्र यादव व उनके समर्थकों ने लोगों से मारपीट कर ली। इस दौरान किसी ने पूरे डांस व मारपीट का वीडियो बना लिया और गुरूवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
