बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों का सफाया किया, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद
पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों का सफाया किया है। सेना ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को अवारन जिले के मध्य मकरन रेंज में एक खुफिया सूचना पर कार्रवाई की। इसमें चार आतंकी ढेर हो गए।
इसके साथ ही आतंकवादी ठिकाने सहित लॉजिस्टिक बेस को नष्ट कर दिया। आतंकवादियों के कई नए ठिकाने और प्रशासनिक शिविर को भी नष्ट कर दिया गया। वही, बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण भी बरामद हुए हैं।
इससे पहले शनिवार को खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में उत्तरी वजीरिस्तान जिले के स्पाल्गा क्षेत्र में एक ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में कम से कम सेना के दो जवान शहीद हो गए।
वही, अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में एक जिला अधिकारी की बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब यूसुफ खेल जिले में कार्यकारी निदेशक, शाह मोहम्मद एतेमादी अपने घर जा रहे थे।
लेकिन कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। फिलहाल मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
