समाचार (Muzaffarnagar News)
डेंगू से भाकियू के मंडल अध्यक्ष की मौत
मुजफ्फरनगर। गढ़ीपुखता क्षेत्र के हथचोया गांव निवासी भंवर सिंह तोमर उम्र (50) की डेंगू बुखार के चलते मौत हो गई। बताया गया कि वे सहारनपुर मंडल अध्यक्ष थे और पिछले कुछ दिनों से डेंगू बुखार से पीड़ित चल रहे थे।
परिजनों के अनुसार उन्हें शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। मेरठ के एक निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना मिलते ही भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत व अन्य नेता उनके आवास पर पहुंच गए। वहीं गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बाजारों में जमकर हुई धनवर्षा
मुजफ्फरनगर। दीपावली को लेकर बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गए। शहर सहित आसपास देहात के बाजार में लोगों की भारी भीड़ रही। धनतेरस पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुईं। बर्तनों की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हुई जहां बर्तनों का कारोबार सबसे अधिक हुआ इसी के साथ ही सर्राफा बाजार में भी दुकानदारों के यहां ग्राहकों की भारी भीड रही जहां सिक्के, मूर्ति इत्यादि सामान चांदी का बिका। इसी के साथ कपडा, जूता, झाडू आदि सभी दुकानों पर आज जमकर खरीदारी हुई।
बाजारों में मिठाई ड्राई फ्रूट गिफ्ट हाइट सहित सजावटी सामानों की खरीदारी के लिए दिनभर दुकानों पर भीड़ लगी रही। वही इस बार लोगों का रुझान ड्राई फूड गिफ्ट आइटमओं की ओर ज्यादा देखा जा रहा है । दीपावली पर्व पर नगर के बाजार सुबह से लेकर रात तक खरीददारों की खरीददारी की चलते गुलजार रहे। सजावटी सामान फूल मालाएं दिए कैलेंडर देवी देवताओं की मिट्टी की मूर्तियां आदि की जमकर खरीदारी हुई। वही त्योहार पर्व पर स्पेशल ऑफर के नाम पर टीवी फ्री जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादक व वाहन बेचने वालों ने ग्राहकों को खूब लुभाया। वही लोगों का विभिन्न ब्रांडों के गिफ्ट आइटम खरीदने का रुझान ज्यादा रहा।
२ साल से कोरोना का दंश झेल रहे देश में अब केवल दीपावली ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लाभ एवं हानि का मार्जन तय करेगी। जिसको लेकर मुजफ्फरनगर के सभी बाजार पूरी तरीके से सज गए हैं। धनतेरस, दीपावली एवं भैयादूज को लेकर बाजारों में आज से थोड़ी बहुत रौनक देखी गई, कल धनतेरस के दिन बाजारों में धन के देवता कुबेर एवं मां लक्ष्मी की कृपा किस तरीके से बरसती है। जिसके लिए हमारे संवाददाता द्वारा मदनलाल के मालिक रचित सिंघल से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि इस बार मार्केट में नए-नए मिठाइयों की वैरायटी ज्यादा बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर ज्वेलर्स में रतनदीप ज्वेलर्स के मालिक सुरेंद्र अग्रवाल से जब इस बाबत बात की गई तो उन्होंने बताया कि बाजार में कोरोना के बाद से फिर रौनक लौटने लगी है, परंतु दीपावली पर धनतेरस अपना एक अलग महत्व रखती है, जिसको लेकर सर्राफा बाजार में जोर शोर से तैयारियां की जा रही है, वहीं ऑटोमोबाइल में राजधानी के मालिक राजेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बाजारों में अब रोनक लौटने लगी है, धीरे-धीरे बाजार की स्थिति सामान्य होने लगेगी।
वाहन चोर गिरोह का खुलासा
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने अर्न्तजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अलग अलग स्थानों से चोरी किये गये 16 वाहनों सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशों के चलते जनपद में अपराधों पर रोकथाम व विभिन्न मामलों में वांछित/शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान विशेष के तहत सीओ सिटी कुलदीप कुमार के निर्देशन में तथा इंस्पैक्टर थाना सिविल लाइन बिजेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में पुलिस टीम ने उक्त आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बदमाशों पर अंकुश लगाने का काम किया है। आज रिजर्व पुलिस लाइन के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में वाहन चोर गिरोह के सदस्य बदमाशों को पकड़ने का काम किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने ०१ नवम्बर २०२१ को थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा ०३ अंतरजनपदीय वाहन चोर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे व निशानदेही से चोरी के १६ वाहन बरामद किये गये हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये अभियुक्त जनपद मुजफ्फरनगर व आस-पास के जनपदों से वाहन चोरी करते थे तथा वाहनों को पार्किंग व अस्पताल जैसी भीडभाड वाली जगह पर खड़ा कर देते थे। पुलिस चौकिंग समाप्त होने के पश्चात अभियुक्त वाहनों को दूसरी जगह छिपा देते थे। अभियुक्त वाहनों की नम्बर प्लेट बदलकर दूर-दराज के गांव में मांग के अनुसार ०५ से ०७ हजार रुपये की मामूली कीमत पर बेच देते थे। इससे उनको आसानी से ग्राहक भी मिल जाते थे और पैसे भी प्राप्त हो जाते थे। उन्होंने बताया कि इस कार्यवाही में गिरफ्तार किये गये शातिर वाहन चोर अभियुक्तों में अलकित पुत्र सुकेन्द्र और सूरज पुत्र धीर सिंह निवासीगण अटेरना थाना सरधना, मेरठ तथा विपिन पुत्र धर्मपाल निवासी भमोरी थाना सरधना, मेरठ शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि इन बदमाशों से १६ चोरी की मोटरसाइकिल-विभिन्न कम्पनी की बरामद करने के साथ ही पुलिस ने तलाशी के दौरान ०२ तमंचे मय ०५ जिन्दा कारतूस ३१५ बोर एवं ०१ चाकू भी बरामद किया गया है। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि इन्हीं बदमाशों ने जनपद मुजफ्फरनगर में अमेजन डिलीवरी मेन की बाइक चोरी की थी। बाइक के साथ ही ०२ मोबाइल फोन, ब्लूटूथ ईयरफोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। यह सभी सामान अमेजन डिलीवरी मेन का ही चोरी हुआ था। जोकि उसकी बाइक के बैग में था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त विपिन पर वाहन चोरी, गैंगस्टर जैसी धाराओं में आधा दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज हैं, विपिन के साथ ही उसके अन्य साथी बदमाशों के खिलाफ भी आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्यवाही के दौरान इन बदमाशों के दो साथी वाहन चोर फरार हो गये, उनकी तलाश में पुलिस टीमों के द्वारा दबिश दी जा रही है। प्रेस वार्ता में सीओ सिटी कुलदीप कुमार, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेन्द्र सिंह रावत व अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। आरोपियों को पकडने वाली टीम में इंस्पैक्टर सिविल लाइन विजेंद्र सिंह रावत, सब इंस्पैक्टर बचन िंसह अत्री, सब इंस्पैक्टर कौशल गुप्ता, सब इंस्पैक्टर पवनदीप शर्मा, सब इंस्पैक्टर मोहित कुमार, का. सौरभ कुमार, कां. विकास तोमर, कां. सौरभ कुमार शामिल रहे।
नशीले तस्कर को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना तितावी पुलिस द्वारा ०३ अवैध मादक पदार्थ तस्कर अभियुक्तों को कल्याणकारी इण्टर कालेज बघरा के मैदान से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण ने शौहेल पुत्र सोनी खान नि० ग्राम गाऊमपुरा थाना मलेल कोटा जिला संगरूर पंजाब, कासिम पुत्र रफीकअहमद नि० मौ० खटीकान बघरा थाना तितावी मुजफ्फरनगर, शफीक अहमद पुत्र अब्दुल वहाब नि० ग्राम सैदपुरा खुर्द थाना तितावी मुजफ्फरनगर।
जिसके कब्जे से ९०४ नशीली गोलियां एल्प्राजोलम टैब, ३२९ गोलियां (ट्रेमवेल टेबलेट), १०५ कैप्सूल (ट्रेमवैल कैप्सूल), ०४ कैप्सूल अन्य बरामद हुए।
रंगोली उत्सव का आयोजन
मुजफ्फरनगर। ग्रीन लैंड माडर्न जूनियर हाईस्कूल मुजफ्फरनगर में दीपावली पर्व पर बच्चों ने रंगोली बनाकर अपने अपने कक्षो को सजाया । इस अवसर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को विद्यालय प्रबंधक योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य व प्रधानाचार्या सुदेश रानी, आदि अध्यापिकाओ द्वारा पुरस्कृत किया गया ।प्रथम स्थान कक्षा- ८की छात्राओं कु०दीपा, मानसी, द्वितीय स्थान कक्षा ५ की छात्राओं कु० ईशिका, अलिशा, वंशिका,अंशिका, तृतीय स्थान कक्षा- ६ की छात्राओं कु० नेहा, कनक व चतुर्थ स्थान कक्षा- ४की बुसरा, रिया व खुशी ने प्राप्त किया ।सभी विजेताओं को प्रबन्धक योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य व प्रधानाचार्या सुदेश रानी द्वारा पुरस्कृत किया गया ।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने कहा कि त्योहार हमारे जीवन में उत्साह व उमंग पैदा करते हैं तथा तनाव को कम कर जीवन में खुशी लाते हैं ।भारतीय संस्कृति में त्योहारों का अत्यधिक महत्व है ।त्योहार समाज में आपसी मतभेद को भुला कर प्रेम से मिल जुलकर रहने की प्रेरणा देते हैं ।प्रधानाचार्या श्रीमति सुदेश रानी ने सभी बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दी तथा बच्चों को पटाखे आदि से बच कर रहने की सलाह दी । उन्होंने बताया कि हर वर्ष अनेक बच्चे पटाखो में झुलसकर अपने जीवन को जोखिम में डालते हैं । अंकुर मान, कोमल शर्मा, सोनी, ममता व संगीता का सहयोग रहा ।
किसान यूनियन में नई जिम्मेदारी मिली
मुजफ्फरनगर। किसान यूनियन की एक मीटिंग मुजफ्फरनगर ग्राम शेर नगर में आरिफ चौधरी के निवास पर आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षत समाजसेवी हाजी इकबाल ने की और संचालन यामीन चौधरी ने किया किसान यूनियन संगठन का विस्तार जारी है आज भी मीटिंग के बाद कई लोगों को संगठन के सदस्यता दिलाने के साथ साथ अहम जिम्मेदारी सौंपी गई आज आरिफ चौधरी को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया वह गुल्ली बाबा को जिला महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई इनके साथ साथ बहुत से लोगों को संगठन की सदस्यता दिलाई गई मंडल अध्यक्ष महबूब अंसारी ने मीटिंग को खिताब करते हुए कहा कि हमें अपनी लड़ाई इस तानाशाह सरकार के खिलाफ खुद लड़नी है अब किसान जागरूक हो गया है और आने वाले चुनाव में हमें इसका पूरी तरह से बहिष्कार करना है जो सरकार किसानों और मजदूरों की नहीं हो सकती वह किसी की नहीं हो सकती गुली बाबा व आरिफ चौधरी ने कहा कि संगठन ने जो हमें जिम्मेदारी दी है हम उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे किसान और मजदूरों की आवाज हमेशा उठाते रहेंगे और हम अपने कार्यों से कभी पीछे नहीं हटेंगे इस मौके पर यामीन चौधरी प्रदेश महासचिव नफीस अहमद मीडिया प्रभारी कारी शाहिद हुसैनी मीडिया प्रभारी (उर्दू)रहीस राव जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रति ठाकुर प्रवीण कुमार नगर सचिव हारुन अंसारी युवा नेता हाजी इरफान अंसारी गुलजार सलमानी नौशाद सलमानी डॉक्टर जाहिद डॉक्टर फरीद भाई सलीम भाई बाबू चौधरी इस्लामु चौधरी शाहबुद्दीन फरमान मलिक ग्राम अध्यक्ष इस्तकार अंसारी युवा जिला महासचिव शकील मलिक कार्यकर्ता अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे
इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया चैप्टर ने मनाया दीपावली पर्व
मुजफ्फरनगर। इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया चैप्टर मुजफ्फरनगर के तत्वाधान में दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम मे सम्मलित सभी अतिथियो ने अपने सम्बोधन मे कहा कि त्यौहार हमें आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश देते है। सभी ने एक दूसरे को दीपोत्सव की बधाई दी। श्री बालाजी चौक स्थित महफिल रैस्टोरेंट मे अपने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यो के साथ गुंडविल सोसायटी मुजफ्फनगर ने दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम मे ें मुख्य अतिथि के रूप मे नरेन्द्र बहादुर सिंह अपर जिलाधिकारी प्रशासन रहे। इस दीपावली मिलन समारोह की अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल ने की तथा संचालन सचिव होती लाल शर्मा ने किया। जनपद के प्रसिद्ध गीतकाकर सत्यपाल सिह एवं अनुज कुमार ने इस दीपावली मिलन समारोह मे अपने मनोहारी गीत-संगीत एवं भजन प्रस्तुति से कार्यक्रम को सुन्दर बना दिया। सर्वप्रथम सोसायटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। तदोपरान्त सोसायटी के रचनात्मक क्रिया कलापों पर सचिव होतीलाल शर्मा ने प्रकाश डाला। इस समारोह मे उपस्थित जन का उपहार देकर सम्मान किया तथा सब ने स्वरूचि भोज का सामाजिक समरसता के साथ आनन्द लिया। मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिह ने सोसायटी के कार्यो की सराहना की। इस कार्यक्रम का संयोजन सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य मनोहर लाल कालरा ने किया। इस दौरान प्रमुख समाजसेवी कुंवर आलोक स्वरूप उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक अशोक कंसल, डा.मुकेश अरोरा,संदीप जैन,बोहरनलाल, कुंवरदेव राज पंवार, अरविन्द गुप्ता, अमरकांत एड.,प्रमोद मित्तल, वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप दास,इन्जि.लोकेश चन्द्रा आदि संस्था से जुडे पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पोल लाईट सही करायी
मुजफ्फरनगर। डीएम वार रुम द्वारा रामलीला टिल्ला रोड़ हनुमान पुरी मे पोल लाईट खराब होने के सम्बन्ध मे शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पोल लाईट सही करायी गयी। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के निर्देशानुसार संचलित डीएम वार रुम में शिकायतकर्ता द्वारा अवगत कराया गया रामलीला टिल्ला रोड़ हनुमान पुरी मे पोल लाईट पिछले एक महीने से खराब हो रही है । जिसमें शिकायतकर्ता द्वारा पोल लाईट सही कराने हेतु अनुरोध किया गया था। प्राप्त शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेकर डीएम वार रुम ने शिकायत को नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर को अग्रेषित करते हुए जल्द से जल्द शिकायत का निस्तारण करने के आदेश दिये। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए पोल लाईट करायी गयी । इस पूरी जाँच प्रक्रिया में शिकायतकर्ता उपस्थित थे। जिनकी जाँच आख्या निम्नवत है। शिकायतकर्ता शिकायत के निस्तारण से संतुष्टि है।
समारोह का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। डाक्टर सतेन्द्र सिंह प्रदेश अध्यक्ष ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि साऊथ सिविल लाईन मुजफ्फरनगर मे उत्तम प्रदेश निर्माण संगठन व युवा कल्याण संस्था के संयुक्त तत्वाधान मे धन्वन्तरि जयन्ती समारोह का आयोजन किया गया।समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह व संचालन संगठन के जिला प्रभारी इमरान राव ने किया।सर्वप्रथम भगवान धन्वन्तरि का माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर आरती कर भगवान धन्वन्तरि से विश्व कल्याण की प्रार्थना की गई।डाक्टर सतेन्द्र सिंह ने कहा आयुर्वेद के आदि प्रवर्तक भगवान धन्वन्तरि के स्मरण मात्र से रोगी मनुष्य रोग मुक्त हो जाता है।समुद्र मन्थन के समय भगवान धन्वन्तरि अमृतकलष लेकर प्राणियो के कल्याण के लिए अवतरित हुए। समारोह को डाक्टर शहजाद राना, डाक्टर अकील अहमद, अमित भाई डाक्टर जावेद सैफी, शावेज सैफी एड कर देनाडाक्टर राजेश,डाक्टर नफीस अहमद आदि ने सम्बोधित किया।समारोह अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने कहा आज के दिन जो मनुष्य सच्चे मन से भगवान धन्वन्तरि को याद करता है प्रभु उनकी मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं।
मासिक बैठक सम्पन्न
मुज़फ्फरनगर। अखिल भारतीय विश्वकर्मा युवा शक्ति दल र्ट्स्ट की मासिक बैठक संम्पन बैठक में लिए कई अहम निर्णय। र्ट्स्ट परिवार की मासिक बैठक की अध्यक्षता संदीप धीमान बैंक वालो ने की तथा संचालन वीरेंद्र धीमान ने किया। र्ट्स्ट की मासिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय धीमान का उपस्थित सदस्यो ने गर्म जोशी के साथ स्वागत किया वही संस्था में वर्षा से सेवा दे रहे पदाधिकारियो सदस्यो को सम्मान(कद) बढ़ाने और विभिन्न जिम्मेदारियों से पदाधिकारियो सदस्यो को सुशोभित करने पर राष्ट्रीय कमेटी ने एक रूप रेखा तैयार की जिसमे जिन सदस्यो ने संस्था में निस्वार्थ जनमानस आदि सेवाओ में विशेष योगदान दिया और पूरी निष्ठा से संस्था को स्पॉट किया उन सदस्यो को जल्द बैठक कर विशेष सम्मान देते हुए नई जिम्मेदारियां सोपने पर विशेष रूप से तैयारी की गई। संजय धीमान ने बताया कि संस्था में सहयोग व कार्य योग्यता के आधार पर नई जिम्मेदारी देकर सदस्यो का सम्मान करेंगे और कोरोना काल जैसे समय मे जिस प्रकार की सेवाय संस्था द्वारा दी गयी है आगे और बेहतर और सामाजिक कार्य किये जायेंगे। वही प्रदीप धीमान फोरमेन ने कहा कि संस्था से जो समाजिक भाई स्वेच्छा से जुड़ना चाहते है उनका स्वागत है और संस्था के पदाधिकारी स्वम भी समाज के गणमान्य व्यक्तियों को संस्था के सदस्य बनाएगी तथा अपना स्वम का दायित्व निर्वाह करते हुए अपने साथ अधिक से अधिक व्यक्तियों को सदस्यता दिलाने का कार्य करेंगे। वीरेंद्र धीमान ने शानदार संचालन किया।अध्यक्षता कर रहे संदीप धीमान बैंक वालो ने कहा कि समाज सेवा के लिए बहुत बड़ा कलेजा चाहिए और समाज सेवा करने के लिए ईश्वर ही आत्मविश्वास देता और ओर बड़ी से बड़ी विशम्ब परिस्थिति से लड़ने की ताकत ईश्वर देता है।बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार जल्द नई जिम्मेदारियां सदस्यो को दी जाएंगी। बैठक में संस्था के जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद रहे।
धूमधाम के साथ मनाया दीपोत्सव
मुज़फ्फरनगर। एस डी इंजीनियरिंग एंड टैक्नोलॉजी संस्थान के सभागार में दीपोत्सव कार्यक्रम वरिष्ठ साहित्यकार ड़ा ए कीर्तिवर्धन के संयोजन में आयोजित किया गया । कार्यक्रम दो चरणों में रखा गया । प्रथम चरण में आचार्य महेंद्र , ड़ा ए कीर्तिवर्धन , ड़ा एस एन चौहान डायरेक्टर संस्थान, प्राचार्य ड़ा अरविंद गौतम ,जड़ौदा कालिज के प्राचार्य प्रवेंद्र दाहिया और शिक्षाविद ड़ा अलका जैन , विशिष्ट अथिति ड़ा रणबीर सिंह का विषयक संबोधन हुआ । संचालन रामकुमार शर्मा रागी और कवियत्री सुमन युगल द्वारा अलग अलग चरण में किया गया ।फर्रुखाबाद के जिला जज श्री ब्रजेश कुमार त्यागी जी पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।दूसरे चरण में कवि सम्मेलन कार्यक्रम कवि रामकुमार शर्मा रागी की अध्यक्षता में हुआ जिसमें रुड़की से विनीत भारद्वाज व ड़ा रश्मि और रामकुमार , नजीबाबाद से प्रमोद कुमार प्रेम , मुज़फ्फरनगर से गज़लकार प्रतिभा त्रिपाठी , कवियत्री सुमन युगल ,पंकज शर्मा ,राहुल वशिष्ठ , जिंतेंद्र पांडे , कवियत्री प्रगति शर्मा ने प्रतिभाग किया । सभी प्रतिभागी रचनाकारों ने एक से बढ़कर एक रचना पेश करके श्रोताओं के मन को मोह लिया । इस शानदार और गरिमापूर्ण कार्यक्रम में प्रथम चरण और द्वितीय चरण के सभी प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह और माला पटके के साथ सम्मानित किया गया । ड़ा ए कीर्तिवर्धन ने बेहद अनुशासित और समय की प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रम को पूरी ऊंचाइयों के साथ संपन्न कराया।
कोरोना कम हुआ है न कि अभी ख़त्म हुआ, इसलिए रहें सतर्क
मुजफ्फरनगर। बेहतर स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना के लिए मनाये जाने वाले त्योहार धनतेरस, दीपावली, भाई दूज व छठ पूजा की खुशियाँ बरक़रार रखने के लिए जरूरी है कि अब भी हर कोई हर कदम पर कोरोना को लेकर पूरी सावधानी बरते । कोविड टीकाकरण नहीं कराएँ हैं तो खुद के साथ घर-परिवार को सुरक्षित बनाने के लिए जल्द से जल्द टीका अवश्य लगवा लें । पहली डोज लग चुकी है और दूसरी डोज का समय आ गया है तो उसे नजरंदाज न करके समय से लगवा लें क्योंकि कोरोना से बचने के लिए दोनों डोज का लगना बहुत जरूरी है । यह कहना है किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के रेस्परेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-उत्तर प्रदेश के कोविड टीकाकरण के ब्रांड एम्बेसडर डॉ. सूर्य कान्त का ।
डॉ. सूर्य कान्त का कहना है कि धनतेरस और दीपावली के साथ ही छठ पूजा की खरीददारी के लिए बाजार में अच्छी खासी भीड़ देखी जा सकती है । ऐसे में हर किसी को यह याद रखना है कि अभी कोरोना ख़त्म नहीं हुआ है, इसलिए इन प्रमुख त्योहारों की खुशियाँ हमेशा हमेशा के लिए बरक़रार रखने के लिए उन जरूरी बातों का जरूर ख्याल रखें जो कोरोना से सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक हैं । बाजार में खरीददारी के वक्त मास्क से मुंह व नाक अच्छी तरह से ढककर रखना है, एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखना है, दुकान में प्रवेश करते वक्त और निकलते वक्त हाथों को अच्छी तरह सेनेटाइजर करना भी न भूलें । बाजार से लौटने पर जूते-चप्पल बाहर ही उतार दें, बाजार से लाये गए सामान थोड़ी देर के लिए खुले में रख दें और अच्छी तरह से साबुन-पानी से हाथ धुलने के बाद ही घर के किसी सामान को हाथ लगाएं । दुकानदार (विक्रेता) भी इस बात का पूरा ख्याल रखें कि वह दुकान-शो रूम पर पूरे समय मास्क लगाकर रखें और बीच-बीच में हाथों की स्वच्छता का भी ख्याल रखें क्योंकि वह दिनभर में न जाने कितने लोगों के संपर्क में आते हैं । इसलिए खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए इसे अपनाना बहुत जरूरी है ।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि पटाखों की चंद सेकेण्ड की रोशनी और धमक पूरे जीवन को स्याह बना सकती है, इसलिए दीपावली पर घर-परिवार को पटाखों से दूर रखकर कोरोना से खुद को सुरक्षित बनाने के साथ ही दूसरों को भी सुरक्षित बनाने का नेक काम किया जा सकता है । पटाखों से पूरी तरह से तौबा करने में ही सच्ची समझदारी है क्योंकि हम सभी को पता चल गया है कि कोरोना सबसे ज्यादा फेफड़ों पर ही असर डालता है । पटाखों का शोर और उसका धुआं हमारी साँसों और फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है । इसलिए खुद के साथ, घर-परिवार और समुदाय को सुरक्षित बनाने के लिए इस बार पटाखों से दूर रहें । पटाखों का धुआं व शोर किसी बीमार की स्थिति को गंभीर बना सकता है, इसलिए उनका भी ख्याल रखना हम सभी की जिम्मेदारी है । इसलिए कोरोना व अन्य संक्रामक बीमारियों को देखते हुए वैसे भी इस बार पटाखों से तौबा करने में ही हर किसी की भलाई है और यदि पटाखे जलाना ही है तो ग्रीन पटाखों का चयन करें । यह जरूर ध्यान रखें कि सेनेटाइजर लगे हाथों से कतई पटाखों को न छुएं क्योंकि सेनेटाइजर का अल्कोहल व अन्य केमिकल पटाखों के बारूद के संपर्क में आते ही उत्साह के रंग में भंग डाल सकता है ।
धोखाधडी का लगाया आरोप
मुजफ्फरनगर। एक युवक ने मामा भांजे पर फर्जी पैथालॉजी लैब चलाने व धोखाधडी का आरोप लगाते हुए आला अधिकारियो से आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। मूल रूप से जनपद बागपत के थाना बिनौली क्षेत्र के गांव फजलपुर निवासी अनुज कुमार पुत्र जयपाल सिह ने अपने परिवारजनो के साथ कचहरी स्थित डीएम व एसएसपी कार्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी व एसएसपी के नाम सौपे गए प्रार्थना पत्र मे आरोप लगाते हुए बताया कि वह मूलरूप से बागपत का रहने वाला है। तथा भोपा रोड स्थित मैडिकल कॉलेज मे फिजियोथेरेपिस्ट है। अनुज कुमार का आरोप है कि उसकी जान पहचान राहुल निवासी आनन्दपुरी से हुई। जो नई मंडी क्षेत्र मे पैथालॉजी लैब मे एक तिहाई का हिस्सेदार बताता है। उक्त राहुल ने प्रार्थी को बताया कि उसके दूसरे साथी अपनी लैब का हिस्सा बेचना चाहते हैं। तुम उसे ले लो। उसने अपने बडे भाई की बेरोजगारी के कारण तथा उसकी सहायता के लिए आरोपी राहुल द्वारा लैब का हिस्सा खरीदना चाहा। पीडित अनुज कुमार का आरोप है कि राहुल व अन्य पार्टनरो से बात करके रूपये 2 लाख 53 हजार में लैब की 33 प्रतिशत की हिस्सेदारी खरीदना तय पाया। जिस हेतु उसने उक्त राहुल को 2 लाख 53 हजार रूपये किश्तों मे नगद रूप से किए। अनुज ने इस पूरे मामले की जांच कराकर उचित कार्यवाही की मांग की।
त्यौहारों पर चैकिंग अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। त्योहारों के परिपेक्ष्य में जनपद में कानून व्यवस्था को सुद्रढ रखने व सुरक्षा के दृष्टिगत एंटी सेबोटाज चेक टीम व डॉग स्क्वाड द्वारा जनपदीय पुलिस व रुढ्ढ टीम के साथ मिलकर जिला अस्पताल, कचहरी परिसर, नुमाइश कैम्प, मुख्य चौराहों, मार्किट एरिया एवं अन्य भीड भाड वाले स्थानों पर चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वाड के जरिये संदिग्ध व्यक्ति/वाहन/सामान की चौकिंग की जा रही है तथा अनावश्यक खडे व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। साथ ही वहां मौजूद व्यक्तियों से अपील की जा रही है कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
प्रमुख समाजसेवी का निधन
मुजफ्फरनगर। नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी राजकुमार जैन नावला वालो के निधन से जनपद मे शोक की लहर दौड गई। विभिन्न राजनैतिक,सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओ,शैक्षणिक संस्थाओ व धार्मिक संस्थाओ से जुडे पदाधिकारियो एवं नगर के गणमान्य लोगो ने शोक संतप्त परिजनो से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना प्रबंध समिति के महामंत्री राजकुमार जैन नावला वाले पिछले करीब 3-4 माह से काफी बीमार चल रहे थे। तथा गुडगांव के मेदांता में उनका उपचार चल रहा था कि मेदान्ता मे उपचार के दौरान आज सुबह उनका निधन हो गया। समाजसेवी राजकुमार जैन के निधन का समाचार मिलते ही नगर मे शोक व्याप्त हो गया तथा श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना सहित विभिन्न जैन मंदिरो तथा कई अन्य संस्थाओ के पदाधिकारियो सहित कई गणमान्य लोगो ने शोक संतप्त परिजनो से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।
हादसे में युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। सडक हादसे मे टैम्पू चालक की मौत के मामले मे परिजनो ने पुलिस से आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र की रूडकी रोड स्थित मौहल्ला रामपुरी निवासी टैम्पू चालक विपिन नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित बीवीपुर पुलिस चौकी एरिया मे अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से सडक हादसे के तहत गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसकी उपचार से पूर्व ही मौत हो गई थी। सडक किनारे युवक अज्ञात युवक का शव पडा होने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर उसके परिवारजनो को हादसे की जानकारी दी। दीपावली जैसे बडे त्यौहार के करीब युवक की मौत की दुखद खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया। परिजन व पडौसी कुछ ही देर मे मौके पर पहुंच गए। वहीं दूसरी और पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। मृतक के परिवारजनो ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिलस को तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की। बीते दिन हुए इस सडक हादसे से परिजनो मे शोक छाया हुआ है।
नकली सीमेंट फैक्टरी का भंडाफोड़, मौके से तीन आरोपी दबोचे, जांच में खुल सकते है कई बड़े राज
मुजफ्फरनगर। गांव मुस्तफाबाद-बिलासपुर के जंगल में एक सप्ताह से चल रही नकली सीमेंट फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वेस्ट हो चुके सीमेंट को मशीन में पीसकर उससे नया सीमेंट तैयार कर रहे थे। मौके से छह सौ से अधिक नकली सीमेंट के बैग, खाली बैग, वेस्ट हो चुका सीमेंट, मशीन और एक गाड़ी बरामद की गई है।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बाद गांव मुस्तफाबाद-बिलासपुर के जंगल में स्थित एक खाली गोदाम पर छापा मारा। सीओ मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि मौके पर नकली सीमेंट फैक्टरी चलती मिली, जहां पुराने वेस्ट हो चुके सीमेंट को मशीन में पीसकर उससे एसीसी, अल्ट्राटेक व वंडर सीमेंट बनाया जा रहा था। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मोहल्ला जसवंतपुरी निवासी शहजाद, पुरकाजी के मोहल्ला झोझियान निवासी वाजिद और रईस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि फैक्टरी से करीब 629 नकली एसीसी, वंडर व अल्ट्राटेक सीमेंट के बैग के साथ ही वेस्ट सीमेंट को पीसने वाली मशीन, पुराना व खराब हो चुका सीमेंट और एक गाड़ी बरामद की गई है। वहीं, इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि फैक्टरी करीब एक सप्ताह से चल रही थी, जिसके संचालक की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा कि उन्होंने अब तक कहीं नकली सीमेंट की सप्लाई की है या नहीं। शेरनगर और रामपुर तिराहा पर पकड़ी जा चुकी हैं फैक्टरी-जनपद में इससे पहले भी रामपुर तिराहा और गांव शेरनगर में नकली सीमेंट फैक्टरियां पकड़ी जा चुकी हैं। यहां भी पुराने व खराब हो चुके सीमेंट को पीसकर नई पैकिंग कर बाजार में उतारा जाता था। इनमें रामपुर तिराहा फैक्टरी से तो जनपद के बाहर नकली सीमेंट सप्लाई होता था, जबकि शेरनगर और मुस्तफाबाद फैक्टरी को सप्लाई शुरू करने से पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़ नहीं बनाता नकली सीमेंट, गिर सकती है बिल्डिंग-भरतिया कॉलोनी निवासी भवन निर्माण विशेषज्ञ वर्धमान जैन का कहना है कि सीमेंट एक बार जमकर खराब होने के बाद उसमें मिश्रित तत्व निष्क्रिय हो जाते हैं। यदि उसे पीसकर दोबारा सीमेंट बनाया जाए तो उसमें निर्माण सामग्री से पकड़ बनाने या उन्हें जोड़ने के तत्व नहीं आ पाते। इसलिए पीसकर बनाया गया सीमेंट पूरी तरह से बेकार ही रहता है। यदि इस तरह के सीमेंट को किसी भी निर्माण सामग्री में मिलाकर इस्तेमाल कर लिया जाए तो संबंधित बिल्डिंग के गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है।

