समाचार
भाकियू ने दिया धरना
मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों पर बिजली की बढ़ी हुई दरों के विरोध में धरना प्रदर्शन है। धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए भाकियू ने गांव गांव जाकर किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जिले में भी भारतीय किसान यूनियन का एक दिवसीय धरना जारी है। जिले के चार तहसील मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन जारी है। भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन के आह्वान पर प्रदर्शन किया जा रहा है। भाकियू पदाधिकारी मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। बिजली की दरों में बढ़ोतरी, वाहन नियम, गन्ने का भुगतान आदि भारतीय किसान यूनियन की मुख्य मांग है।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत, पत्नी गम्भीर
मुज़फ्फरनगर /रोहाना। पिकअप सवार ने बाईक सवार दंपत्ति को रौंद दिया। इस भीषण टक्कर के बाद पिकअप सवार अपनी गाड़ी को लेकर मौके से भाग खड़ा हुआ जिसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस कन्ट्रोल रूम को दी जिस पर थाना शहर कोतवाली पुलिस ने भाग दौड़ करते हुए पिकअप सवार को जिला अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया । उधर ऐक्सिडेंट की सूचना पर गस्त कर रही थाना चरथावल पुलिस दोनों घायल पति पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान पति ने दम तोड़ दिया वहीं उसकी घायल पत्नी को डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया उधर मृतक की सूचना उसके घरवालों सहित स्थानीय पुलिस को भी दे दी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जहां पोस्टमार्टम हॉउस भेज दिया वहीं आगे की भाग दौड़ शुरू कर दी है । मृतक व् घायल की पहचान सतवीर पुत्र स्व संतोष कश्यप निवासी चरथावल व् उसकी पत्नी कुंती के रूप में हुई है ।।
वृक्षा रोपण कर मनाया विश्व फिजियोथेरेपी दिवस
मुजफ्फरनगर। जिला मुज़फ्फरनगर ब्रांच के सभी फिजियोथेरेपिस्ट्स ने विश्व फिजियोथेरेपी दिवस को बड़ी धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपी मुज़फ्फरनगर के सभी सदस्यो ने आज विश्व फिजियोथेरेपी दिवस को धर्म नगरी क्षेत्र शुक्रताल में चल रहे अनाथ एवं दिव्यांग सेवा संस्थान आश्रम के लोगो और बच्चो के साथ मनाया।
सर्वप्रथम सभी सदस्यों ने हनुमातधाम और प्राचीन वटवृक्ष एवं श्री शुकदेवजी आश्रम के दर्शन कर ईश्वर का आशीर्वाद लिया और समाज के लिए निरंतर सेवा भाव से कार्य करने का संकल्प लिया । उसके उपरांत सभी सदस्यो ने अनाथ एवं दिव्यांग सेवा संस्थान आश्रम में प्राकतिक तथा औषिधीय गुण वाले पौधों का वृक्षा रोपण करते हुए प्रकृति को संजोय रखने और प्रकृति की रक्षा करने का संदेश दिया गया। अध्यक्ष डॉ रजत जिंदल ने बताया कि हर वर्ष ८ सितम्बर को पूरे विश्व मे विश्व फिजियोथेरेपी दिवस का आयोजन किया जाता है। मुज़फ्फरनगर एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपी के सभी सदस्यों ने वहां उपस्थित सभी ६० बच्चो के साथ केक काटा ओर बच्चो को फल, जूस, केक पेटिस, मिठाई आदि का वितरण किया। जिसे सभी बच्चो ने बड़े मन से खुश होकर खाया। सदस्यो ने आश्रम में मासिक घरेलू राशन भी वितरित किया। सचिव डॉ शुभांग भारद्वाज ने बताया कि सभी बच्चो को स्वच्छ भारत अभियान को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सम्बन्धी जरूरी जानकारी एवं बातें भी बताई गई, जिसमे उनके स्वास्थ अनुसार उनको जरूर व्यायाम एवं सलाह भी दी गयी ओर उसके बाद सभी सदस्यों की ओर से बच्चो को टूथपेस्ट, टूथब्रश, साबुन आदि भी प्रदान किया गया, ओर नियमित स्नान , शौच के बाद अच्छे से हाथो को धोना, भोजन से पहले हाथ धोकर भोजन करना दिन में दो बार दांतो को ब्रुश करना अपने आस पास साफ सफाई रखना और दूसरों को भी सफाई के लिए प्रेरित करने के लिए बताया गया। कार्यक्रम में डॉ शिवानी लाल, डॉ शशिकान्त वर्मा, डॉ रविंदर सिंह , डॉ विशाल धीमान, डॉ पुनीत कुमार , डॉ अभिषेक ठाकुर, डॉ फ़ज़ल खान का मुख्य सहयोग रहा सचिव डॉ शुभांग ने सभी सदस्यों का धन्यवाद किया एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत आश्रम के संचालक राणा ने सभी सदस्यों को इस पुण्य कार्य के लिए धन्यवाद ओर साधुवाद दिया।
शिविर में जांच कर दी दवाईयां
मुजफ्फरनगर। ग्राम बुआड़ा कला ब्लॉक खतौली में साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट मुजफ्फरनगर द्वारा निशुल्क चेकअप तथा निशुल्क दवा वितरण कैंप का आयोजन किया। जिसमें डॉ योगेंद्र कुमार, एमबीबीएस, डीएलओ नाक कान गला विशेषज्ञ एवं सर्जन के द्वारा ३००-४०० मरीजों का चेकअप कर दवा दी गई. कैंप में बहन क्रांतिकारी शालू सैनी, राजू सैनी, कमल सैनी, सुशील सैनी, राजू सैनी, पैथोलॉजी लैब गौतम सैनी, भरत सिंह मंगलेश प्रजापति देवबंद श्रीमती नीलम सैनी, स्वीटी गुप्ता खनक गुप्ता, पूनम सैनी, पूनम शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा ।
वृक्षारोपण किया
जलालाबाद। पाश्र्वनाथ अतिश्य क्षेत्र में दश्लक्षण पर्व का शुभारम्भ वृक्षारोपण के साथ किया गया। प्रातरू भगवान पाश्र्वनाथ का जल अभिषेक,शान्ति धारा व पाश्र्वनाथ स्तुति का पाठ किया गया। जलालाबाद के प्रसिद्व जैन तीर्थ पर दशलक्षण पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओ द्वारा भगवान पाश्र्वनाथ स्तुति का पाठ करने के उपरान्त आरती कर महापर्व का समापन किया गया। इस दौरान सौधर्म इन्द्रग बनने का सौभाग्य भव्य जैन, उमा जैन को मिला जबकि शान्ति धारा का सौभाग्य दीपक जैन को मिला। विधानाचार्य पं. सनत कुमार जैन ने बताया कि जैन धर्म का यह पर्व उत्तम क्षमा से प्रारम्भ होकर क्षमावणी पर्व के साथ समापन होता है। समापन अवसर पर प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष सतेन्द्र जैन द्वारा अतिथियो को समृति चिन्ह भेंटकर अतिश्य क्षेत्र में पधारने पर उनका आभार प्रकट किया।
विधायक ने किया शिलान्यास
मंसूरपुर। क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में बस स्टॉप के सौंदर्यीकरण का बुढाना विधायक उमेश मलिक ने नारियल फोड़ कर शिलान्यास किया। गांव के बस स्टॉप पर हमेशा गंदगी रहती थी। बरसात में तो वहां पर निकलना भी दूभर था। इस सौंदर्यकरण के कार्य से ग्रामीणों में खुशी की लहर देखी गई। विधायक उमेश मलिक ने बताया कि यह सौंदर्यकरण १२ लाख रुपए की धनराशि से किया जाएगा।
सर्प ने डसा
तितावी। थाना क्षेत्र के गांव तितावी में ४८ वर्षीय रोजू शेख देर शाम जंगल में चेरी लेने गया था, जब वह चेरी काट रहा था, उसी वक्त सांप ने उसकी अंगुली में काट लिया। रोजू ने सांप के जहर छोड़ने से पूर्व ही चेरी काटने वाली दरांती से अपनी अंगुली काट दी। रोजू आनन फानन में निजी चिकित्सक के पास पहुंचा। अब हालत सही है।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
पुरकाजी। कस्बे में मेला छडियान में भारी भीड उमड रही है। प्रतिवर्ष कस्बे में राजमार्ग पर मेला छडियान का आयोजन होता है। इस बार तीन दिवसीय मेले में झूले आदि के साथ ही बडी संख्या में बाहर के लोगों ने अपनी दुकानें सजाई। मिट्टी के बर्तनों की बिक्री के लिए लोग यहां से अपने सालभर का सामान ले जाते रहे है। बडी संख्या में भक्तजन म्हाड़ी पर पूजा अर्चना कर मन्नत मांगते हैं।
सदस्यता अभियान चलाया
मुज़फ्फरनगर। सदर विधानसभा के गुड़मंडी में सतेंद्र मान के प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय लोकदल मुजफ्फरनगर के पूर्व युवा प्रदेश महासचिव गज्जू पठान और पूर्व प्रदेश महासचिव हँसराज जावला जी की उपस्थिति और रा लोद छात्रसभा जिला अध्यक्ष पराग चैधरी के नेतृत्व में रालोद सदस्यता अभियान चलाया सैकड़ों युवाओं को रालोद की सदस्यता दिलाई रालोद के सदस्यता अभियान में बोलते हुए पराग चैधरी ने कहा वर्तमान में भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार में युवाओं की अनदेखी की जा रही है उन्होंने कहा कि किसानों का गन्ना भुगतान नहीं हुआ है जिससे किसान के सामने बहुत ही दयनीय स्थिति है। रालोद पूर्व युवा प्रदेश महासचिव हँसराज जावला ने कहा वर्तमान समय में किसान और युवा वर्ग परेशान है। आज सदस्यता कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रदेश महासचिव छात्रसभा अंकित सहरावत , गज्जू पठान, हंसराज जावला, सतेंद्र मान, अश्विन चैधरी, सहजाद आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।
पोषण माह के अंतर्गत जिलाधिकारी ने किया किशोरी दिवस का शुभारम्भ
मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल प्रांगण से केन्द्र और राज्य सरकारों की पहल पर जनपद में जिला प्रशासन के द्वारा चलाये जा रहे पोषण माह के अन्तर्गत किशोरी दिवस अभियान का शुभारम्भ जिलाधिकारी सुश्री सेल्वा कुमारी जे. के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की कमी ओर उसमें सुधार के लिए चिकित्सा परीक्षण शिविरि भी लगाया गया। जिलाधिकारी ने बालिकाओं से अपने स्वास्थ्य की ओर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए अभियान की जानकारी दी।
एम.जी. पब्लिक स्कूल में सोमवार को किशोरी बालिकाओं में एनीमिया के विरुद्ध विशेष अभियान का शुभारमभ विद्यालय प्रांगण से मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सुश्री सेल्वा कुमारी जे. ने किया। इससे पूर्व विद्यालय प्रांगण में पधारने पर स्कूल डायरेक्टर श्री जी.बी. पाण्डेय, प्रिंसीपल श्रीमती मोनिका गर्ग ने जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे., समाजसेविका डाॅ. सुनीता बालियान जी, एवं अन्य समस्त अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी सुश्री सेल्वा कुमारी जे. ने बताया कि केन्द्र सरकार की पहल पर देशभर में कुपोषण के विरुद्ध एक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने इस अभियान को एक गंभीर युद्ध बताते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा पोषण माह अभियान की बड़े स्तर पर शुरूआत की गयी है। इसका उद्देश्य कुपोषण मुक्त भारत ओर प्रदेश बनाना है। उन्होंने बताया कि पोषण माह के अन्तर्गत आज हमने इसके द्वितीय चरण को किशोरी बालिका दिवस के रूप में एम.जी. स्कूल के प्रांगण से प्रारम्भ किया है। उन्होंने कहा कि भारत देश में पिछले ७० सालों से कुपोषण के विरुद्ध एक लड़ाई लड़ी जा रही है। ग्रामीण अंचलों में ज्यादा स्थिति खराब है। तीन आयु वर्ग के बच्चों के बीच हम पोषण माह अभियान चला रहे हैं। कुपोषण देश के विकास में सबसे बड़ी बाधा है, इस बाधा को मिटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दृढ़ संकल्प के साथ यह अभियान चलाया है। जिसे यूपी सहित विभिन्न राज्यों में संवेदनशीलता के साथ शुरू किया गया है। कुपोषण का सबसे बड़ा कारण अनियमित दिनचर्या और अनियमित आहार विहार है। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था महत्वपूर्ण है, लेकिन दुर्भाग्यवश इस अवस्था के बालक व बालिकाओं में कुपोषण तेजी से बढ़ रहा है। जो एक गंभीर चिंता का विषय है। हमें इस चिंता से मुक्त होने के लिए देश की आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बनाना है और इसके लिए ही यह पोषण माह मनाया जा रहा है, इसमें हमारा प्रयास जनजागरुकता है ताकि हम स्कूलों से घरों से बच्चों को संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित कर सकें।
विशिष्ट अतिथि समाजसेविका डा. सुनीता बालियान जी ने भी बालिकाओं को हेल्दी डाइट के लिए मोटिवेट करते हुए कहा कि स्वास्थ्य पर ही बेहतर कल की नींव रहती है। हमें संतुलित आहार के साथ ही नित्य नियम से व्यायाम भी करना चाहिए। उन्होंने जंक फूड की आदत से बचने की सलाह भी देते हएु सरकार के कदम की सराहना करते हए कहा कि सभी के मिले जुले प्रयासों से ही हम कुपोषण को खत्म करने में सफल हो पायेंगे।
प्रिंसीपल श्रीमती मोनिका गर्ग ने अपने सम्बोधन में कहा कि अक्सर सुबह सवेरे प्रार्थना सभा में यह देखने को मिलता है कि कुछ बालिकाएं थकान आदि की शिकायत करती हैं, यह शारीरिक कमजोरी भोजन के प्रति हमारी लापरवाही से है। इससे बचना है तो हमें अपनी दिनचर्या में नियमित और संतुलित भोजन को शामिल करना होगा। स्वस्थ मस्तिष्क पाने के लिए, हमें अपने शरीर के स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि हमें जंक फूड को त्यागकर हरी सब्जियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए बालिकाओं से योग और प्राणायाम अपनाने पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयी चिकित्सकों व चिकित्साकर्मियों की टीमों ने किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। लम्बाई, वजन और हीमोग्लोबिन जांच की गयी। इसके साथ ही जिन बालिकाओं में खून की कमी पायी गयी, उनको आयरन की गोली का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव श्री सुरेन्द्र कुमार सिन्धी, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सीएमओ डा. पीएस मिश्रा, सीएमएस जिला महिला चिकित्सालय डा. अमिता गर्ग, एसीएमओ डा. बी.के. ओझा, एसीएमओ डा. एस.के. अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा, डीआईओएस गजेन्द्र सिंह, डा. गीतांजलि वर्मा एवं रेडक्रास सोसायटी के सदस्यगण उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल ने दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन मे बढाये जा रहे बिजली के दामो को कम करने के लिए पुर्नविचार करने की मंाग की। संगठन के नगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल के नेतृत्व मे डीएम कार्यालय पहंुचे व्यापारियो ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सौपे गए ज्ञापन मे बिजली के दामो मे की जा रही 12 प्रतिशत की वृद्धि पर असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि इस वृद्धि से गरीब और किसानो को काफी परेशानी होगी। दिल्ली मे अरविंद केजरीवाल सरकार बिजली के बिल मे छूट दे रही है। जबकि उत्तर प्रदेश मे लगातार बिजली के दाम बढाये जा रहे हैं। ज्ञापन सौपने वालो मे पूर्व विधायक अशोक कंसल, वरिष्ठ नेता राजकुमार नरूला, अनिल तायल,प्रवीण खेडा,सुनील तायल,विकास अग्रवाल, संजय मित्तल, अमित महेन्द्रु, श्याम सिह सैनी आदि व्यापारी नेता मौजूद रहे।
कार्यवाही की मांग को किया प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। बैंक प्रबन्धक के खिलाफ कार्यवाही की मंाग को लेकर क्षेत्रिय प्रबन्धक को शिकायती पत्र सौपा। नई मन्डी के अलमासपुर निवासी प्रवीण सैनी ने प्रथमा यू.पी.ग्रामीण बैंक क्षेत्रिय कार्यालय से मिलकर सौपे गए शिकायती पत्र मे आरोप लगाते हुए बताया कि वह 2 सितम्बर को अपनी माताजी को साथ लेकर बैंक से पैसे निकालने गया तो शाखा प्रबन्धक ने बैंक के अन्दर उसके साथ गाली गलौच व अभद्रता की। कि उसने जो शिकायत की है। उससे कुछ बिगडने वाला नही है। ना जाने कितने लोग शिकायतें करते फिरते हैं। तथा धमकी दी कि वह उसे देख लेगा उसकी डेढ लाख रूपये तनख्वाह है। तेरी क्या औकात है। आरोप है कि बैंक प्रबन्धक ने उसके साथ अभद्रता की व धक्का मुक्की का प्रयास किया। पीडित व्यक्ति ने आरोपी प्रबन्धक के खिलाफ कार्यवाही की मंाग की है।
श्रीराम काॅलेज आफ मैनेजमेंट में हुआ आॅरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन

मुजफ्फरनगर। परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीराम काॅलेज आॅफ मैनेजमेंट के प्रागंण में एम0बी0ए0 पाठ्यक्रम के नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय आॅरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शिक्षकों तथा दिशा निर्देशों से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा0 एस0सी0 कुलश्रेष्ठ, चेयरमैन श्रीराम ग्रुप आॅफ काॅलेजेज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर श्रीराम ग्रुप आॅफ काॅलेजेज के चेयरमैन डाॅ0 एस0सी0 कुलश्रेष्ठ ने नव-आगतुंक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए अपना ध्यान पूर्ण रूप से केन्द्रित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग प्रतिस्पद्र्धा का युग है जहंा सभी एक-दूसरे से आगे निकलने की आपाधापी में लगे हुए है। ऐसे में जब तक ध्यान पूर्ण रूप से केन्द्रित नहीं होगा तब तक लक्ष्य की प्राप्ति नहीं की जा सकती। इसके लिए जरूरी है कि हम जीवन में सकारात्मक सोच एवं अनुशासन जैसे गुणों को अपनाते हुए लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग पर आगे बढे। इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई प्रेरणादायक उदाहरणों के माध्यम से वार्ता की जिसमें विद्यार्थियों ने बढ-चढकर प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा विद्यार्थियों को उपहार भी वितरित किए गए। इस अवसर पर फैकल्टी आॅफ मैनेजमेंट स्टडीज की वरिष्ठ प्रोफेसर डाॅ0 पूनम शर्मा ने प्रबन्धन संकाय के सभी प्रवक्ताओं का नव-प्रवेशित आगंतुक विद्यार्थियों से परिचय कराया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के संसाधनों का अधिकतम उपयोग शैक्षिक एवं रचनात्मक विकास में करने के गुर भी बताए। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनुशासन में रहने के व्यक्तिगत लाभों को समझाते हुए नव-प्रवेशित विद्यार्थियांें के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फैकल्टी आॅफ मैनेजमेंट स्ट्डीज के विभागाध्यक्ष डाॅ0 अशफाक अली ने एक प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने समय प्रबन्धन तथा कौशल विकास के महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम के जीवन की कुछ विशेष घटनाओं का उदाहरण देते हुए कुशल नेतृत्व की विशेषताआंें का वर्णन किया। उन्होंने ‘अपने आपको जानिए शीर्षक पर भी अपने महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में श्रीराम काॅलेज आॅफ मैनेजमेंट के डीन पंकज कुमार ने विद्यार्थियों को मैनेजमेंट पाठ्यक्रम की महत्ता को समझाया। उन्होंने बताया कि आज के समय में मैनेजमेंट कोर्स को करने के बाद नौकरियों एवं स्वयं का व्यवसाय करने के असीमित अवसर उपलब्ध है। मैनेजमेंट की शिक्षा के द्वारा छात्र में प्रबन्धकीय क्षमताओं की वृद्धि होती है तथा वह देश के व्यवसायिक वातावरण तथा आर्थिक परिवेश को समृद्ध बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों में उनकी पुनः उपस्थिति की अपेक्षा की।
कार्यक्रम का संचालन संकाय की प्रवक्ता श्रुति मित्तल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रबन्ध संकाय के प्रवक्ताओं राजीव रावल, मौ0 दानिश आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
