उत्तर प्रदेश

Sonbhadra News: वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कोयला लदे ट्रेलर से कुचलकर भाइयों की दर्दनाक मौत

Sonbhadra News: बैरपान में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सोमवार की देर रात कोयला लदे ट्रेलर  से कुचलकर बाइक सवार मौसेरे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत (death) हो गई। इससे खफा ग्रामीणों ने घंटे भर तक हाइवे जाम  रखा। पुलिस ने किसी तरह नाराजगी जता रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

मंगलवार की सुबह भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण थाने पर जमे हुए थे। घटना का कारण बैरपान में भारी वाहनों पर लदे कोयले पर पानी छिड़काव के लिए अवैध रूप से स्थापित प्लांटों और इसके चलते सड़क के दोनों तक लगने वाले वाहनों की कतार को बताया जा रहा है।

यहां लगातार हादसे होने और इसके बाद भी कोयले पर पानी छिड़काव कर कोयला चोरी को बढ़ावा देने तथा हादसे का दावत देने वालों पर कार्रवाई न किए जाने को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

 बराईडांड़ निवासी गोविंदा यादव (18) पुत्र दयाशंकर यादव, अनपरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलवादह अंतर्गत कुंडाभाटी टोला स्थित ननिहाल आया हुआ था। वहां से वह सोमवार की शाम कुंडाभाटी में ही रहने वाली मौसी के यहां गया और अपने मौसेरे भाई मुकेश यादव (20) पुत्र स्व. राजकुमार यादव के साथ बाइक से बाजार करने के लिए रेणुकूट चला गया।

रात साढ़े दस बजे के करीब दोनों घर के लिए वापस हो रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही दोनों बैरपान में सड़क के दोनों तरफ स्थित पानी छिड़काव प्लांट के करीब पहुंचे, वहां से कोयले पर पानी का छिड़काव कराकर रेणुकूट की तरफ जा रहा ट्रेलर दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गया।

दोनों के चक्के के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं शरीर छत-विक्षत हालत में सड़क पर बिखर गया। यह देख वहां मौजूद ग्रामीण भड़क उठे और नारेबाजी करते हुए हाइवे जाम कर दिया। उधर, ग्रामीणों के गुस्से को देख चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर भाग खड़ा हुआ। रात 12 बजे तक ग्रामीण जाम लगाए रहे।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस उन्हें समझाती रही लेकिन सड़क पर उतरे लोग वाहन चालक के साथ ही, पानी छिड़काव प्लांट चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। रात बारह बजे के करीब बारिश शुरू हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस शवों को उठाकर अनपरा ले गई।

मंगलवार की सुबह परिवार के लोगों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा कराकर शवों को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। घटना को लेकर परिवारों में मातम की स्थिति बनी रही। 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21596 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twelve + seven =