Baghpat News: अश्लील वीडियो बनाकर सिपाही को किया ब्लैकमेल
Baghpat News: बागपत के दोघट थाना क्षेत्र के निरपुडा गांव निवासी अजीत ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका पुत्र शेखर राणा यूपी पुलिस में कार्यरत है। उसके गांव के हिमांशु ने अपने परिजनों से मिलकर षड्यंत्र के तहत शेखर से दोस्ती कर ली और उसे अपने घर बुलाने लगा। हिमांशु की मां ज्योति ने शेखर का मोबाइल नंबर ले लिया और उससे फोन पर बातें करने लगी। हिमांशु, उसकी मां ज्योति, पिता शौकेन्द्र एवं शाहपुर बड़ौली गांव निवासी नीलम ने षड्यंत्र के तहत शेखर को अपने झांसे में ले लिया और उससे एक लाख रुपये उधार मांगने लगे।
शेखर ने उनकी मजबूरी को देखते हुए अपने पिता से एक लाख रुपये उधार दिला दिए। जब शेखर ने उधार के पैसे वापस मांगे तो ज्योति ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा कर उसकी अश्लील वीडियो बना ली और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगी।
जब सिपाही ने और पैसे देने से मना कर दिया तो 25 सितंबर की रात को आरोपियों ने उनके घर में घुसकर सिपाही के पिता, मां व बहन पर हमला बोल दिया। जिसमें तीनों घायल हो गए।
आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे आरोपी महिला ज्योति से मिलकर उसके पुत्र शेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। उन्होंने एसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया। उसके बाद भी कुछ नही हुआ।

