Canada: हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की चौथी घटना
Canada मिसिसॉगा इलाके के राम मंदिर की दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिखे गए हैं. इस घटना को लेकर भारतीय दूतावास ने आपत्ति जताते और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
Canada मिसिसॉगा के राम मंदिर में यह घटना मंगलवार की है. भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस मामले पर बयान जारी कर कहा कि हम मिसिसॉगा में राम मंदिर को विरूपित करने और उस पर भारत विरोधी नारे लिखने की निंदा करते हैं. हमने कनाडा की सरकार से मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जनवरी में Canada के ब्राम्पटन में स्थित हिंदू मंदिर पर भी भारत विरोधी नारे लिखने की घटना हुई थी. जिसे लेकर हिंदू समुदाय ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी. Canada महावाणिज्य दूतावास ने कहा था, ब्राम्पटन के गौरी शंकर मंदिर को विरूपित करने से कनाडा में रहने वाले हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं. महावाणिज्य दूतावास ने कनाडा की सरकार के सामने इस मामले को उठाया था. ब्राम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा था कि ऐसे घृणास्पद काम की हमारे देश और शहर में कोई जगह नहीं है.
सितंबर 2022 को Canada के स्वामीनारायण मंदिर को भी विरूपित करने और भारत विरोधी नारे लिखने की घटना हुई थी. इस घटना में खालिस्तान समर्थकों पर आरोप लगे थे. जबकि, जुलाई 2022 में भी ग्रेटर टोरंटो इलाके में रिचमंड हिल नामक जगह पर हिंदू मंदिर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़ दिया गया था.

