गलत इंजेक्शन लगाने से हुई युवक की मौत, निर्वाल हॉस्पिटल के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर के सरकुलर रोड स्थित निर्वाल हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान गलत इंजेक्शन लगाने से हुई युवक की मौत के मामले में हॉस्पिटल के डॉक्टर्स व स्टाफ के खिलाफ सदोष मानव वध की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
आठ सितंबर को हालत बिगड़ने के बाद युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।भोपा थाना क्षेत्र के गांव वजीराबाद निवासी योगेंद्र को परिजनों ने ऑपरेशन के लिए सरकुलर रोड स्थित निर्वाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।
पत्नी ज्योति उर्फ पूजा ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि ऑपरेशन थिएटर में ले जाए जाने के बाद उन्हें योगेंद्र की चीख सुनाई दी, जिस पर वे ओटी में पहुंचे तो वहां योगेंद्र की हालत बिगड़ चुकी थी।
पूछने पर योगेंद्र ने कमर में लगाए गए इंजेक्शन के बाद हालत बिगड़ने की बात कही। आरोप है कि लगातार बिगड़ती हालत के मद्देनजर निर्वाल हॉस्पिटल से योगेंद्र को मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना से गुस्साए परिजनों ने युवक की मौत के बाद निर्वाल हॉस्पिटल में जमकर हंगामा भी किया था।
इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि मामले में योगेंद्र की पत्नी की तहरीर के आधार पर निर्वाल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स व स्टाफ के खिलाफ सदोष मानव वध की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
