Regional News: आस-पास से
खतौली में ऐतिहासिक श्रावणी छड़ियांन मेले का भव्य शुभारंभ
सुरक्षा के लिए 90 सीसीटीवी कैमरे तैनात, मुशायरा व कवि सम्मेलन का होगा आयोजन
खतौली ।(Regional News) ।गोगा जाहरवीर मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्रावणी छड़ियांन मेले का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा, नगर पालिका परिषद चेयरमैन हाजी शाहनवाज लालू, सीओ रुपाली राव तथा ईओ राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के दौरान नगर पालिका चेयरमैन हाजी शाहनवाज लालू ने कहा कि यह मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि खतौली की वर्षों पुरानी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मेले में ऑल इंडिया मुशायरा, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, रागिनी कम्पीटिशन और बाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा और सीओ रुपाली राव ने बताया कि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल व एंटी रोमियो टीम तैनात की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो इमरजेंसी गेट बनाए गए हैं और अग्निशमन वाहन की तैनाती की गई है। मेला ठेकेदार गुलफाम के अनुसार सड़क से लेकर अप्पू घर तक पूरे परिसर में 90 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में भाजपा नेता अनुज सहरावत, कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा, जलकल विभाग से विपिन कुमार, रंजन, श्रवण कुमार बाबू, संदीप अग्रवाल, कपिल नागर, सभासद अजय भुर्जी, अमित त्यागी, सौरभ जैन, असद उर्फ शालू, दानिश मिर्जा, डॉ. हारून मलिक, हाजी वसीम, मास्टर सत्तार, कपिल मोतला, विनोद शेरवान, कमल वर्मा, पूर्व सभासद शाह नजर उन्स सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाया गया जाहरवीर गोगा जी का जन्मोत्सव
जानसठ।(Regional News) । कवाल क्षेत्र के पास स्थित भलेड़ी गांव में नवमी पर्व के अवसर पर महाड़ी परिसर में जाहरवीर गोगा जी महाराज का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में महाड़ी को भव्य एवं सुंदर रूप से सजाया गया था। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का महाड़ी पर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। महिलाओं ने धार्मिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा ढोलक की थाप पर भजन-कीर्तन कर संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अनुष्ठान के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को खीर, हलवा, कढ़ी-चावल आदि का प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीणों ने सेवा भाव के साथ भंडारे की व्यवस्था संभाली। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जाहरवीर गोगा जी में क्षेत्रवासियों की अगाध आस्था है और प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक उत्सव सामाजिक भाईचारे एवं मेलजोल को सुदृढ़ करता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से कुसुम सैनी, सुनीता सैनी, पुष्पा सैनी।
, ज्योति सैनी, पूनम सैनी, संतोष सैनी, राखी सैनी, मिथिलेश सैनी, गोरे सैनी, राजकुमार सैनी, जोगिंदर, ऋषि देव सैनी एवं रेखा सैनी सहित भारी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंत्री कपिल देव पहुंचे पीडित परिवार के बीच
छपार। (Regional News) ।बालिका के साथ हुई अत्यंत दुःखद एवं निंदनीय घटना की देर रात्रि सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल तत्काल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव सहायता तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मौके पर ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाकर प्रकरण की पूरी जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यवाही में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
मामले में तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मंत्री कपिल देव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।वही इसके अलावा पीडित परिवार से कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, भाजपा नेता गौरव स्वरूप तथा हिंदू संघर्ष समिति प्रतिनिधि मंडल से जुडे पदाधिकारियों सहित विभिन्न राजनीतिज्ञो ने उक्त परिवार से मुलाकात कर उक्त मामले मे कडी कार्यवाही एवं मदद का आश्वासन दिया।
दानपात्र से चोरी का शातिर दबोचा
मीरापुर। (Regional News) ।पुलिस ने ग्राम रसूलपुर गढ़ी स्थित भैरव मंदिर के दानपात्र से चोरी के मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी किए गए 1,623 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को भैरव मंदिर के दानपात्र से अज्ञात चोर द्वारा रुपये चोरी किए गए थे। मामले में थाना मीरापुर पर मुकदमा संख्या 148/26 धारा 305/334(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 6 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर मीरापुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त आदित्य उर्फ हरसु पुत्र योगेश त्यागी, निवासी ग्राम सोहजनी तागान, थाना मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर को एस.डी. इंटर कॉलेज, भूम्मा रोड मीरापुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 1,623 रुपये बरामद हुए हैं, जो उक्त मुकदमे से संबंधित हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल 787 मोहित कुमार शामिल रहे।
रोहाना गन्ना समिति की बैठक का हुआ आयोजन
रोहाना। (Regional News) ।सहकारी गन्ना विकास समिति रोहाना में प्रबंध समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति के चेयरमैन अनिल त्यागी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं, गन्ना आपूर्ति की व्यवस्थाओं और विभागीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति के निदेशकों (डायरेक्टरों), सचिव, उप-सचिव के साथ देवबंद, रोहाना और खाईखेड़ी चीनी मिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चेयरमैन अनिल त्यागी ने कहा कि किसान गन्ना समिति और चीनी मिल व्यवस्था की सबसे अहम कड़ी हैं। किसानों को आपूर्ति के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल होना आवश्यक है। बैठक में किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान गन्ना विभाग के सिविल इंजीनियर के साथ प्रस्तावित नए किसान भवन के निर्माण को लेकर भी गहन मंथन हुआ। भवन की रूपरेखा, निर्माण कार्य, जरूरी सुविधाओं और किसानों की उपयोगिता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने जोर दिया कि किसान भवन इस प्रकार बनाया जाए जहां किसानों को समिति और विभाग से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और विभागीय सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि सहकारी गन्ना विकास समिति का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें समय पर पारदर्शी व सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
विद्यार्थियों ने मटका डेकोरेशन, डांस और मटकी फोड़ में दिखाया उत्साह
खतौली। (Regional News) ।दयालपुरी स्थित निजी एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ भाग लेते हुए अपनी विविध प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत मटका डेकोरेशन, बांसुरी प्रतियोगिता, डांस प्रतियोगिता और मटकी फोड़ जैसी कई रोचक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। डांस प्रतियोगिता सलोनी और कशिश (पुत्रीगण अंकुर) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मटका डेकोरेशन वर्षा पुत्री सुभाष ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए पहला स्थान हासिल किया। बांसुरी प्रतियोगिता महशर पुत्री डॉ. सत्तार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान जीता। मटकी फोड़ प्रतियोगिता अर्जित पाल पुत्र अनुज कुमार और उनकी टीम ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन और संचालन में सीमा त्यागी और पायल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर रचना रानी, प्रधानाचार्य अनुज कुमार, कोऑर्डिनेटर सवेज चैधरी, समस्त स्टाफ एवं अभिभावक उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर विष्णु लोक में सीएमओ डा. सुनील तेवतिया का भव्य स्वागत-अभिनंदन
मुजफ्फरनगर। (Regional News) । श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सिविल लाइन थाने के सामने स्थित भारत प्रसिद्ध धार्मिक संस्थान विष्णु लोक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मुजफ्फरनगर डॉ. सुनील तेवतिया का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विष्णु लोक के संचालक पंडित विनय शर्मा ने सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया को पटका पहनाकर एवं रुद्राक्ष माला पहनाकर सम्मानित किया और उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ ब्राह्मण नेता पंडित उमादत शर्मा, पंडित ब्रह्मप्रकाश शर्मा एवं सतीश कौशिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर विष्णु लोक में धार्मिक वातावरण के बीच हुए इस स्वागत कार्यक्रम में सभी ने भगवान श्री कृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित हुआ ध्वज
मीरापुर। (Regional News) ।मीरापुर कस्बे के ऐतिहासिक रामलीला बाजार में 160वीं श्री रामलीला महोत्सव के ध्वज की स्थापना बड़े ही धूमधाम, भक्तिभाव और विधि-विधान के साथ की गई। ध्वज स्थापना के साथ ही इस वर्ष की रामलीला के आयोजन की तैयारियां आधिकारिक रूप से शुरू हो गई हैं। श्री रामलीला मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित अनिरुद्ध शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य ध्वज का पूजन कराया। पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। श्री रामलीला मंडल के अध्यक्ष पंकज संगल ने बताया कि मीरापुर कस्बे में पिछले 160 वर्षों से लगातार रामलीला का आयोजन इसी ऐतिहासिक रामलीला बाजार में किया जाता रहा है। इस गौरवशाली परंपरा को आज भी कस्बेवासी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार भी स्थानीय कलाकार ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष पंकज संगल, तेजपाल वर्मा, अनिता पुष्कर वत्स, मोहित गर्ग, घनश्याम दास अग्रवाल, पुनीत रस्तौगी, कमलेश भारद्वाज, अतुल अग्रवाल, गगन अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, सुमित वर्मा सहित श्री रामलीला मंडल के सभी प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
मुख्य मांगों से कराया अवगत
चरथावल। (Regional News) ।कस्बा चरथावल में उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों ने अपने हितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखा। व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम दास और अनुज कुमार गर्ग ने व्यापारियों की ओर से निम्नलिखित प्रमुख बिंदु सामने रखे। दुर्घटना बीमा की राशि में वृद्धिरू व्यापारियों के लिए वर्तमान में लागू 10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा राशि को बढ़ाकर कम से कम 20 लाख रुपये किया जाए।
किसी भी अनहोनी या आपदा के समय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए उनके व्यवसायिक स्टॉक के बीमा की व्यवस्था कराई जाए। 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यापारियों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू की जाए तथा आयुष्मान भारत योजना का लाभ व्यापारियों को भी प्रदान किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारियों की सभी समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन के माध्यम से शासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन मांगों को मजबूती से उठाकर निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महामंत्री विनोद नामदेव, कोषाध्यक्ष मनीष मित्तल, राशिद फाइटर, मंत्री जनेश्वर दास सिंगला, आनंद प्रकाश बंसल, योगीराज प्रेमी, नंदकिशोर त्यागी, मंगल सेन, अनीश, मोबीन, शैंकी, अतुल, रविंदर, अब्दुल कलाम, सौरभ कुमार, विनोद, मनोज कंसल, उज्जवल सिंगल और अंकुर सिंघल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कान्हा गौशाला में हुई पूजा अर्चना में हुए शामिल हुए राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल
मीरापुर/ मुजफ्फरनगर। (Regional News) ।उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से खबर है जहां मुजफ्फरनगर में एक तरफ जहां भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है तो वहीं नगर पंचायत मीरापुर क्षेत्र में स्थित कान्हा गौशाला में भी आज विशेष पूजा अर्चना की गई है यहां पूजा अर्चना में प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित भाजपा के कार्यकर्ता पदाधिकारीयों एवं क्षेत्रीय गणमान्य समाजसेवी लोग भी शामिल हुए। यहां गौशाला समिति से जुड़े पदाधिकारीयों एंव कार्यकर्ताओं ने जहां मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव अग्रवाल का स्वागत सत्कार किया तो वही गौशाला की विशेषता भी बताई है मंत्री ने भी यहां पूजा अर्चना में शामिल होने के पश्चात गौशाला का निरीक्षण किया तो वहीं गोवंशों को अपने हाथों से चारा आदि खिलाया है।।।
पुलिस मुठभेड में दो सगे भाई गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Regional News) ।बुढ़ाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए तहसील के पीछे हुई करोड़ों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। मंदवाड़ा मार्ग पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश और एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया है। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व बुढ़ाना तहसील के पीछे रहने वाले रिटायर्ड दरोगा देशपाल के मकान को निशाना बनाते हुए बेखौफ चोरों ने करोड़ों के माल पर हाथ साफ कर दिया था। इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की सुरागकशी में जुटी हुई थीं। सोमवार देर रात बुढ़ाना थाना प्रभारी सुभाष अत्री, कस्बा इंचार्ज ललित कसाना और एसओजी टीम को मंदवाड़ा रोड पर संदिग्धों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो घिरे बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से ढेर हो गया, जबकि क्रास फायरिंग में दरोगा सूर्य प्रताप भी गोली लगने से घायल हो गए। मौके से पुलिस ने रईस के दोनों बेटोंकृशहजाद और शाहनवाज को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी का 100प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पकड़े गए शातिर भाइयों से गहन पूछताछ जारी है।
तेज रफ्तार बाइक के कारण हुआ हादसाः युवक की मौत, एक घायल
मुजफ्फरनगर। (Regional News) ।शहर कोतवाली क्षेत्र में आईपीएल फैक्ट्री के गेट के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, थाना छपार क्षेत्र के ग्राम खामपुर निवासी मोईन पुत्र मतलूब और जाकिर पुत्र मतलूब एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आईपीएल फैक्ट्री के सामने पहुंची, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलावाकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोईन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जाकिर की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव खामपुर में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया। उपनिरीक्षक सहीराम नागर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर दिये दिशा निर्देश
मीरापुर । मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कान्हा गौशाला मीरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में सभी गोवंश पूर्णतः स्वस्थ पाए गए। गौआश्रय स्थल पर जांच के दौरान पर्याप्त मात्रा में भूसा, स्वच्छ पेयजल और हरे चारे की उपलब्धता मिली। इस अवसर पर केयरटेकर मौके पर उपस्थित पाए गए। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कर्मचारियों को गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, खल-चोकर देने तथा परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के आवश्यक निर्देश दिए।
आॅपरेशन चक्रव्यूहक के तहत वांरटी दबोचा
तितावी। (Regional News) ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत तितावी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने न्यायालय से संबंधित वारंट में वांछित चल रहे अभियुक्त नौशाद पुत्र तौफीक, निवासी बघरा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी जयवीर चैधरी के नेतृत्व और बघरा चैकी प्रभारी अमित चैधरी की अगुवाई में की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के वारंटियों और वांछित अपराधियों में हड़कंप मच गया है। तितावी पुलिस न्यायालय द्वारा जारी कुर्की और एनबीडब्ल्यू (गैर-जमानती वारंट) से जुड़े मामलों में वांछितों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस प्रशासन ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वारंट छोटा हो या बड़ा, कानून की नजर से कोई भी अभियुक्त बच नहीं पाएगा। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पर्यावरण संरक्षण अभियानः समाजशास्त्रियों व समाजसेवियों ने दिया पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संदेश
जानसठ।(Regional News) । पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए समाजसेवियों द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के प्रति प्रेरित किया गया। अभियान में उपस्थित सभी लोगों को वृक्षों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। अभियान के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पेड़-पौधों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना असंभव है। पौधे न केवल पर्यावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को सोखकर हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केवल पौधे लगा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है। जिस प्रकार बच्चों का पालन-पोषण किया जाता है, ठीक उसी तरह पौधों की भी देखभाल की जानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके। वक्ताओं ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का सामूहिक दायित्व है।



Great Stuff. I like the articles
I like the posts and the contents you have shared.
Awsome website! I am loving it!! Will come back again. I am bookmarking your feeds also.