Bahujan samaj party: आकाश आनंद मायावती के उत्तराधिकारी घोषित
Bahujan samaj party की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है। रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने यह घोषणा की। हालांकि उन्होंने आकाश को उन राज्यों में संगठन को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा है, जहां पर पार्टी संगठन कमजोर है। यूपी और उत्तराखंड में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी बसपा सुप्रीमो खुद संभालेंगी।
आकाश आनंद मायावती के छोट भाई आनंद कुमार के बेटे हैं। गुरुग्राम से शुरुआती दौर की पढ़ाई के बाद आकाश ने लंदन से 2013 से 2016 के बीच एमबीए की शिक्षा ग्रहण की।
वापस आने पर उन्होंने कुछ कंपनियों को भी खोला। हालांकि फिर उन्होंने राजनीति में आने का फैसला लिया। वर्ष 2017 में मायावती ने सहारनपुर में आयोजित एक रैली में पहली बार आकाश आनंद को मंच पर अपने साथ बैठाकर पार्टी काडर को संदेश दिया कि भविष्य में आकाश ही बसपा संगठन में अहम भूमिका निभाने वाले हैं। वहीं, वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में आकाश काे स्टार प्रचारक बनाया गया।
साथ ही युवाओं को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। बीते वर्ष मार्च माह में मायावती ने आकाश को पार्टी का नेशनल कोआर्डिनेटर बनाकर सबको चौंका दिया था। आकाश की शादी Bahujan samaj party के पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ की पुत्री डाॅ. प्रजा से बीते मार्च माह में हुई थी।

