उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के नोएडा में बनाएंगे दुनिया की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी : मुख्यमंत्री

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नोएडा में दुनिया की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी स्थापित की जाएगी। यह फिल्म सिटी सिर्फ यूपी नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए होगी।

उन्होंने फिल्म जगत की हस्तियों से फिल्म सिटी के संबंध में सुझाव मांगते हुए कहा कि यह फिल्म उनकी जरूरतों को अनुसार होगी। उन्होंने फिल्म जगत के लोगों को यूपी में फिल्म बनाने लिए आमंत्रित करते हुए राज्य सरकार की तरफ से हर तरह की सहूलियतें और सहयोग मुहैया कराने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने यह बातें बुधवार को मुंबई के होटल में फिल्म उद्योग से जुड़े नामी कलाकारों, निर्माताओं व निर्देशकों के साथ संवाद के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के लिए उत्तर प्रदेश में पूरा इन्फ्रास्ट्रक्चर व संसाधन मौजूद हैं। विंध्य इलाके में प्रकृति का अनुपम सौंदर्य, संस्कृति और इतिहास की सम्पन्न विरासत समेटे बुंदेलखंड, भगवान श्री राम की अयोध्या के अलावा और भी काफी कुछ है। इस दौरान फिल्मी हस्तियों ने फिल्म सिटी के बारे में अपने सुझाव दिए।

कुछ  फिल्मकारों ने अपने प्रोजेक्ट और फिल्म को लेकर मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से मिलने की इच्छा भी जताई। कई कलाकारों ने नोएडा में फिल्म सिटी बनाने की सीएम योगी की पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

संवाद में जाने-माने निर्माता निर्देशक सुभाष घई, बोनी कपूर, मनमोहन शेट्टी, आनंद पंडित समेत कई अन्य लोग शामिल थे। मंगलवार को अभिनेता अक्षय कुमार व गायक कैलाश खेर भी सीएम योगी से मिले थे।

कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने रखी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष टंडन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार जिस जगह फिल्म सिटी बनाने जा रही है वह जगह दिल्ली से नजदीक तो है ही, भगवान कृष्ण का मथुरा वृंदावन मात्र आधे घंटे और आगरा सिर्फ  एक घंटे की दूरी पर है। यहां कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी बेहतरीन हैं।

मुख्यमंत्री ने फिल्म जगत से जुड़े लोगों को कानून-व्यवस्था के प्रति पूरी तरह आश्वस्त करते हुए कहा कि हम तो राम को मानते हैं। परंपरा के अनुसार राम-राम कहकर सज्जनों का स्वागत करते हैं। दुर्जनों के लिए एक ही शब्द है, ‘राम नाम सत्य’ का। विकास हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − 12 =