IND vs ENG 3rd Test: इंग्लैंड ने दो विकेट पर बनाए 207 रन
IND vs ENG 3rd Test: राजकोट में चल रहे भारत बनाम इंग्लैंड मैच में Ravichandran Ashwin 500 टेस्ट विकेट के आंकड़े को छूने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने, लेकिन इंग्लैंड ने सलामी बल्लेबाज बेन डकेट के नाबाद तूफानी शतक से भारत के खिलाफ पहली पारी में दो विकेट पर 207 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी रखा.
डकेट 118 गेंद में 21 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 133 रन बनाकर खेल रहे हैं. उन्होंने जैक क्राउली (15) के साथ पहले विकेट के लिए 89 और ओली पोप (55 गेंद में 39 रन, पांच चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की. स्टंप के समय जो रूट नौ रन बनाकर उनका साथ निभा रहे थे.
भारत के पहली पारी के 445 रन से इंग्लैंड अब 238 रन पीछे है. इंग्लैंड के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगता है कि उसने अब तक 35 ओवर में 32 बाउंड्री लगाई हैं जिसमें 29 चौके और तीन छक्के शामिल हैं. भारत ने पदार्पण कर रहे ध्रुव जुरेल (104 गेंद में 46 रन, दो चौके, तीन छक्के) और अश्विन (89 गेंद में 37 रन, छह चौके) के बीच आठवें विकेट की 77 रन की साझेदारी से पहली पारी में 445 रन बनाए.
कप्तान रोहित शर्मा (131) और रवींद्र जडेजा (112) ने कल शतक जड़े थे.जसप्रीत बुमराह (26 रन, 28 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) और मोहम्मद सिराज (नाबाद 03) ने अंतिम विकेट के लिए 30 महत्वपूर्ण रन जोड़े. डकेट ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 19 चौकों की मदद से सिर्फ 88 गेंद में अपना तीसरा शतक पूरा किया. इससे पहले अनुभवी ऑफ स्पिनर अश्विन पूर्व कप्तान अनिल कुंबले के बाद 500 टेस्ट विकेट हासिल करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने.
अश्विन को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए सिर्फ एक विकेट की दरकार थी. क्राउली उनकी गेंद को स्वीप करने के प्रयास में हवा में उछाल गए और शॉर्ट फाइन लेग पर रजत पाटीदार ने आसान कैच लपका.डकेट ने इंग्लैंड को तूफानी शुरुआत दिलाई. उन्होंने बुमराह पर पारी का पहला चौका जड़ने के बाद इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में दो और चौके मारे.
डकेट ने कुलदीप यादव का स्वागत दो चौकों के साथ किया और फिर सिर्फ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. अश्विन ने अपने दूसरे ही ओवर में क्राउली को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई. डकेट को इसके बाद पोप के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला. पोप ने कुलदीप पर छक्का जड़ा जबकि डकेट ने अश्विन की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा.
डकेट ने सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ 88 गेंद में शतक पूरा किया. वह हालांकि इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज की ओर से 86 गेंद में सबसे तेज शतक के क्राउली के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए. सिराज ने पोप को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा. मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला भारत के पक्ष में गया. इससे पहले बल्लेबाजों के पिच के बीच में दौड़ने के लिए भारत पर पांच रन का जुर्माना लगाया गया जिससे इंग्लैंड ने पारी की शुरुआत बिना विकेट खोए पांच रन से की.

