युवक ने युवती से अभद्रता करते हुए की मारपीट
मुजफ्फरनगर। प्रेमिका के साथ छेड़छाड़ करने पर प्रेमी ने युवक के साथ मारपीट कर दी। गुस्साए युवक ने युवती को अकेला जाते देखकर उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।
पुलिस ने युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।जनपद सहारनपुर के एक गांव निवासी युवती शहर के शोरुम में नौकरी करती है।
बताया जाता है कि उसका प्रेम प्रसंग शहर के एक युवक के साथ चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से एक युवक युवती को रास्ते में आते जाते समय परेशान कर रहा था।
युवती ने इस बात को अपने प्रेमी को बताया। पुलिस का कहना है कि तीन दिन पूर्व प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट कर दी।
मामला क्योंकि छेड़खानी से जुड़ा था इसलिए पिटाई होने पर भी उक्त युवक ने उस समय इस संबंध में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की थी। पुलिस का कहना है कि युवती माल रोड की तरफ से निकल रही थी।
रास्ते में युवक ने युवती को रोक लिया और उससे प्रेमी के संबंध में जानकारी लेने लगा।
युवती के विरोध करने पर आरोपी युवक ने युवती के अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।
युवती ने इस संबंध में नई मंडी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।

