नवाबाद: बच्ची को दुष्कर्म में असफल होने पर उतारा मौत के घाट, ढाई बजे घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
नवाबाद थाना क्षेत्र के मेडिकल कालेज के पास स्थित करगुंवा जी मंदिर के निकट एक मार्केट के पास खाली प्लाट में प्लास्टिक ड्रम में खून के दाग से मिली पेंट ने ही हत्या का रहस्य खोल दिया।
पेंट की पहचान होते ही पुलिस ने चंद घंटों के अंदर हत्यारोपी को गांव के पास जाकर पकड़ लिया। पूछताछ की। हत्यारोपी की निशानदेही पर डंडा व खून से लगे कपड़े आदि सामग्री बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए हत्यारोपी को अदालत में पेश किया। वहां से उसे जेल भेजा गया।
मालूम हो कि नवाबाद थाना क्षेत्र के मेडिकल कालेज के पास स्थित करगुंवा जी मंदिर के निकट एक मार्केट के पास खाली प्लाट पर चादर की बड़ी पोटली पड़ी मिली थी।
इसके अंदर बालिका का रक्तरंजित शव पड़ा था। इसकी सूचना मिलते ही डीआईजी जोगेन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह, कोतवाल देवेश शुक्ल, एसओजी प्रभारी राजेश पाल जादौन मय स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे थे।
संदीप जैन के भाई के मोबाइल फोन पर बहन ने फोन किया कि भाईसाहब, संदीप घर आ गया। यह फोन कोतवाल ने सुन लिया। इसी फोन के आधार पर पुलिस टीमें संदीप जैन के भाई को लेकर गांव पहुची। पुलिस के पहुंचने पर संदीप जैन गांव से भागने लगा। बाद में ढाई बजे घेराबंदी कर संदीप जैन को पकड़ लिया। उसे झाँसी लाया गया।
संदीप जैन ने पुलिस को बताया है कि सुबह छह बजे उसने शराब का सेवन कर लिया था। नशा होने के बाद वह गेट पर खड़ा था, तभी बालिका उसे जाती नजर आई। बालिका को देखते ही उसकी नीयत खराब हो गई। बालिका को गुटखा मंगाने के बहाने अपने पास बुला लिया था। इसके बाद उसे कमरे में ले गया और उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसी बीच बालिका ने शोर मचाया तो वहां पड़े ईट व डंडा मारकर बालिका की हत्या कर दी थी।
खून के कुछ दाग कपड़ों पर पड़ गए थे। हत्या करने के बाद बालिका के शव का चादर में लपेट कर अलग डाल दिया था। खून के दाग से लगे कपड़ों को धोया भी गया था। जैसे ही पुलिस टीम खोजी कुत्ता लेकर वहां आई तो वह दौड़ लगाकर भाग गया था। संदीप जैन का कहना है कि बलात्कार में असफल होने पर बालिका की हत्या की है।

