श्री शनिधाम मंदिर का वार्षिक मेला 1 अप्रैल से
मुजफ्फरनगर। सिद्धपीठ श्री शनिधाम मंदिर चरथावल मोड के प्रागंण में मंदिर समिति की एक बैठक ललित मोहन शर्मा की अध्यक्षता व महासचिव मुकेश चौहान के संचालन में सम्पन्न हुई। जिसमें मंदिर परिसर में स्थापना दिवस पर लगने वाले 15वें वार्षिक मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मेला प्रभारी शरद कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भी 15वां वार्षिक मेला धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। मेले का शुभारम्भ 1 अप्रैल को श्री शनिभगवान की शोभायात्रा नई मंडी रामलीला भवन निकट नई मंडी थाना से दोपहर एक बजे प्रारम्भ होगी जो रात्रि साढे नौ बजे श्री शनिधाम मंदिर चरथावल मोड पर समाप्त होगी। 2 अप्रैल मंगलवार को शनिधाम मंदिर पर रात्रि में आठ बजे से एक शाम बांके बिहारी के नाम भजन संध्या आयोजित की जायेगी। 3 अप्रैल बुधवार को रात्रि आठ बजे एक शाम देश के अमर शहीदों के नाम देश भक्ति रागिनी का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। 4 अप्रैल दिन बृहस्पतिवार को धार्मिक रागिनी का कार्यक्रम रात्रि आठ बजे श्री शनिधाम मंदिर पर आयोजित किया जायेगा
और 5 अप्रैल को भी धार्मिक रागिनीयां रात्रि के समय आयोजित की जायेगी। 6 अप्रैल शनिवार को प्रातः सात बजे से सुंदरकाण्ड महायज्ञ मानव कल्याण परिषद के सौजन्य से व 11 बजे भगवान शनिदेव का पंचामृत अभिषेक कार्यक्रम होगा और रात्रि में 8 बजे श्री शनि भजन संध्या का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। 7 अप्रैल दिन रविवार के प्रातः 9 बजे हवन व दोपहर 12 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा बिजली के झूले, मौत का कुआं, मिनी सर्कस और अनेक स्टाल लगाये जा रहे है। मंदिर प्रबंध समिति ने सभी शनिभक्तों से आगृह किया है कि वे सात दिवसीय मेले में तन-मन-धन से सहयोग करे।
बैठक में ललित मोहन शर्मा, मुकेश चौहान, शरद कपूर, नरेंद्र पंवार, साधु अर्जुन अग्रवाल, बाबूराम कौशल, संदीप मित्तल, लक्ष्मीनारायण, राजीव जैन, ब्रजकुंवर गर्ग, प्रबुद्ध भारद्वाज साउंड वाले, अशोक ढींगरा, देवेंद्र चौहान, विक्की ढींगरा, संजय गोयल, संजय अग्रवाल पत्रकार, राजीव धीमान, पं. संतोष मिश्रा, अमित कुमार, आशीष कुमार, सतीश कुमार व अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
