परवाह नहीं की कि चीन-भारत के संबंध बुरे दौर में: चीन कम्युनिस्ट पार्टी स्थापना दिवस पर शिरकत की लेफ्ट नेताओं ने
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के 100वें स्थापना दिवस पर भारत स्थित चीनी दूतावास में आयोजित सेमिनार में कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेताओं ने शिरकत की। भारत-चीन तनाव के बीच सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई महासचिव डी. राजा जैसे दिग्गज लेफ्ट नेताओं ने इस सेमिनार में शिरकत की। उन्होंने इस बात की परवाह नहीं की कि इस समय चीन से भारत के संबंध बुरे दौर से गुजर रहे हैं।
CPIM's Sitaram Yechury, CPl's D Raja, Lok Sabha MP S.Senthilkumar, G. Devarajan, Secy, Central Committee of All India Forward Bloc & Du Xiaolin, Counselor, International Dept, CPC, participated in a Chinese Embassy event y'day to mark the centenary of Chinese Communist Party(CPC) pic.twitter.com/oAJReO1SCN
— ANI (@ANI) July 29, 2021
एक जुलाई 1921 को माओ त्सेतुंग ने सीपीसी की स्थापना की थी। अब इसके 100 साल पूरे हो गए हैं। सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी ने सीपीसी के प्रमुख और चीनी राष्ट्रपति को बधाई देते हुए एक पत्र लिखा था जिसमें चीन की तारीफ की गई थी और कहा कि था जिस तरह चीन कोरोना संक्रमण से निपटा है वो दुनिया के लिए एक सबक है। येचुरी ने चीनी राष्ट्रपति की नेतृत्व क्षमता की भी दिल खोलकर सराहना की।
गौरतलब है कि बीती 1 जुलाई को स्थापना के 100 साल पूरे होने पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की रक्षा के लिए एक मजबूत सेना बनाने का आह्वान किया था। उन्होंने चेतावनी दी कि चीन के लोग किसी भी विदेशी ताकत को उन्हें धमकाने, उत्पीड़ित करने या अपने अधीन करने की अनुमति कभी नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि ताइवान को चीनी मुख्य भूमि के साथ जोड़ना सत्ताधारी पार्टी का एक ऐतिहासिक लक्ष्य है।शी ने कहा कि हमें राष्ट्रीय रक्षा और सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण में तेजी लानी चाहिए। हम अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की रक्षा के लिए अधिक क्षमता और अधिक विश्वसनीय साधनों से लैस हैं।
