दिनदहाडे लाखों की लूट से मचा हड़कम्प




पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि नई मंडी थाना क्षेत्र में नंदी स्वीट्स वाली गली में पूर्व पशु चिकित्साधिकारी प्रेमदत्त शर्मा का मकान है।
प्रेमदत्त शर्मा यहां पर अपनी पत्नी एडवोकेट उर्मिला शर्मा के साथ रहते है। उनके दो पुत्र बाहर नौकरी करते है। बताया गया कि आज दोपहर तीन युवक उनके घर पर पहुंचे और घंटी बजाकर घर का दरवाजा खुलवाया। एक युवक मदद मांगने के बहाने घर के भीतर गया और प्रेमदत्त शर्मा से पीने के पानी मांगा। इसी दौरान अन्य दो बदमाश भी घर में घुस गये। बदमाशों ने तमंचों के बल पर प्रेमदत्त शर्मा और उर्मिला शर्मा को बांधकर एक कमरे में डाल दिया और पूरे घर की तलाशी ली।
बदमाश घर में रखे हुए नकदी, गहनों सहित लाखों की सम्पत्ति समेटकर फरार हो गये। किसी प्रकार बंधनमुक्त हुए प्रेमदत्त शर्मा ने शोर मचाकर पास पडौसियों को बुलाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। दिनदहाडे डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस में हडकम्प मच गया। इंस्पैक्टर नई मंडी संतोष कुमार सिंह, सीओ नई मंडी योगेंद्र सिंह, एसपी सिटी सतपाल अंतिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित दम्पत्ति से घटना और बदमाशों के हुलिये की जानकारी ली। क्राइम ब्रांच टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में काफी भागदौड की लेकिन पुलिस को कोई सफलता हाथ नहींं लग सकी।

