समाचार
कवाल कांडः शाहनवाज हत्याकांड के पांच आरोपित गिरफ्तार,जमानत अर्जी खारिज
मुजफ्फरनगर। वर्ष 2013 के कवाल कांड के शाहनवाज हत्याकांड में वांछित चल रहे मलिकपुरा निवासी छह आरोपितों में से पांच आरोपित प्रह्लाद,तेन्दर उर्फ तेंदू,विशन,देवेंद्र और जितेंद्र को जानसठ पुलिस ने मलिकपुरा से गिरफ्तार कर सीजीएम कोर्ट में पेश किया,जबकि छठे आरोपित रविंद्र की तलाश जारी है।
एसआइटी ने लगा दी फाइनल रिपोर्ट-साढ़े पांच साल पहले जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव कवाल में 27 अगस्त 2013 को यह बहुचर्चित कांड हुआ था। जिसमें मलिकपुरा निवासी ममेरे भाइयों सचिन और गौरव की हत्या की गई थी। इस कांड में कवाल निवासी शाहनवाज पुत्र सलीम की भी हत्या हुई थी। शाहनवाज हत्याकांड में एसआइटी ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी।
रिपोर्ट के खिलाफ न्यायालय में याचिका-शाहनवाज के पिता सलीम ने इस रिपोर्ट के खिलाफ न्यायालय में प्रोटेस्ट डाला था,जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए मलिकपुरा के उक्त छह आरोपितो को धारा 302 में तलब किया था। आरोपितो के कोर्ट में पेश न होने पर न्यायालय ने एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किए थे। इसके बावजूद भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए। जिस पर बीते माह सीजीएम कोर्ट ने सभी छह आरोपियों की कुर्की आदेश जारी किए थे।
सभी की जमानत अर्जी खारिज-सात जून तक आरोपियों को गिरफ्तार करने या उनके मकानों की कुर्की करने के आदेश पुलिस को दिए थे। बचाव पक्ष के अधिवक्ता अमीर अहमद ने बताया कि सीजेएम के अवकाश पर होने के चलते एसीजेएम प्रथम ने सभी आरोपितों की जमानत अर्जी खारिज कर दी।
सड़क हादसे में युवक की मौत
मुज़फ्फरनगर /खतौली/रतनपुरी। एनएच ५८ खतौली बाईपास पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मोके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जनपद मु नगर के थाना खतौली /रतनपुरी का खतौली बाईपास हाईवे ५८ इन दिनों लगातार हादसों के कारण सुखि़र्यों में है। कभी कारों के पलट जाने से खाई में गिरना तो कभी खड़े वाहनों में आपस में भिड़ंत होना। बीती देर रात्रि को भी इसी बाईपास पर शाक्षी होटल पर सड़क पार कर रहे दिल्ली के यात्री को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया जिससे उसकी मोके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। साथ आये अन्य परिजनों ने एंव होटल संचालकों ने इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ ही यूपी १०० डायल को भी दी। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पी एम को भेज आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है ।
बता दें यहां बिना परमिशन के हाईवे पर कई ढाबे चल रहे है जिनके पास न पर्याप्त लाईट है और न ही शौचालय जिस कारण बसों में सवार यात्री यहां रुकते जरूर है लेकिन उन्हें जान जोखिम में डालकर सड़क पार दिशा शौच को जाना पड़ता है और वे किसी न किसी वाहन की चपेट में आकर अकारण ही मौत के गाल में समा जा रहे हैं।
समस्याओं का हो यथाशीघ्र निस्तारणः डीएम
जानसठ। आमजन की समस्या के प्रति लापरवाही ना बरती जाए। हर संभव यह प्रयास होना चाहिए के नागरिको को अपनी समस्या के लिए विभागो/अधिकारियो के चक्कर ना काटने पडे। सरकार द्वारा जनहित मे जारी जन कल्याणकारी योजनाओ का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होना चाहिए ताकि पात्र व्यक्तियो को सरकार की इन योजनाओ का लाभ मिल सके।
जानसठ तहसील मे संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने बैठक मे मौजूद अधिकारियो को निर्देशित करते हुए उक्त उदगार व्यक्त किए। जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियो की शिकायतों को गंभीरता के साथ सुनकर उनका यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील जानसठ के दर्जनो गांवो से सैकडो ग्रामीण विद्युत, सिंचाई,भूमि विवाद, नलकूप तथा पुलिस विभाग आदि विभागो से जुडी समस्याओ के समाधान के लिए पहुंचे। समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने अधिकतर समस्याओ का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष समस्याओ के समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियो निर्देशित किया। वहीं दूसरी और एसएसपी सुधीर कुमार सिह ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग से जुडी समस्याओ का निस्तारण कराया।
बैठक मे डीएम अजय शंकर पाण्डेय, एसएसपी सुधीर कुमार सिह,सीएमओ डा.आर.एस.मिश्रा, एसडीएम जानसठ व सीओ जानसठ, तहसीलदार जानसठ सहित पुलिस-प्रशासन से जुडे अधिकारी मौजूद रहे।
पिता ही निकला बेटी का हत्यारा
मुजफ्फरनगर। परई निवासी युवती की हत्या किसी ओर ने नहीं बल्कि खुद उसके पिता ने की थी। पुलिस ने हत्यारोपी युवती के पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि परई निवासी अर्जुन पुत्र अजब सिंह ने थाना छपार पर गांव के ही वीरपाल की पुत्री का हत्या के इरादे से अपहरण करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच की गई तो पता चला कि वीरपाल कीपुत्री व वादी अर्जुन के बीच प्रेम सम्बन्ध थे। वीरपाल इन सम्बन्धों के खिलाफ था। 23 अप्रैल को वीरपाल को पता चला कि उसक पुत्री घर से भागकर अर्जुन के साथ शादी करने वाली है। जिस पर उसने अपनी पुत्री को नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश कर दिया और अमित उर्फ कालू व एक अन्य के साथ बोलेरो में डालकर नहर में फेंक आया। पुलिस ने वीरपाल व अमित उर्फ कालू को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद कर ली है। प्रेसवार्ता के दौरान सीओ सदर धनजंय सिंह कुशवाहा, इंस्पैक्टर छपार एचएन सिंह आदि मौजूद रहे।
3 करोड व्यापारी पेंशन से होंगे लाभान्वितः विनीत शारदा
मुजफ्फरनगर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मेरठ से आये व्यापारी नेता विनीत शारदा ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अपनी दूसरी पारी में पहली ही बैठक में 3 हजार रूपये प्रति माह पेंशन के फाइनल कर दिया है इसमे 18 वर्ष से 40 वर्ष के व्यापारी लाभान्वित होंगे। जिनका व्यापार डेढ करोड़ टर्नओवर तक है। इस प्रकार पूरे देश में 3 करोड व्यापारी और अकेले उत्तर प्रदेश में 40 लाख व्यापारी और अपने जिले में 20 हजार व्यापारी लाभान्वित होंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि व्यापारी कल्याण आयोग का गठन जल्द ही किया जा रहा है और जीएसटी में और अधिक छूट देने की कोशिश की जा रही है जिसका लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के लिए लोन आदि की सुविधा भी मुहैया करायी जा रही है। इस अवसर पर श्रीमोहन तायल, अचिन्त कंसल, जिला संयोजक ब्रिजेश दीक्षित सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
ईद पर्व को लेकर दूध का इंतजाम करने दौड़े शहरवासी
मुजफ्फरनगर। ईद की सीर के लिए दूध की मारीमारी देखने को मिलने लगी है। इसके लिए भागदौड प्रारंभ हो गयी है। शहर के लोग दूध् के प्रबंध के लिए आज से ही गांव की ओर प्रस्थान करने लगे हैं। वहीं दूसरी ओर हर बार हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बनने वाले मंसूरपुर क्षेत्र में गांव दूधाहेड़ी में लोगों ने मुस्लिम भाइयों के लिए दूध का प्रबंध करना प्रारंभ कर दिया है। इस बारे में उनका कहना था कि त्योहार का नाम ही एक दूसरे के साथ मिल बांट कर मनाना है, जब मुस्लिम भाई हमारे साथ होली-दीवाली मनाते हैं, तो हम ईद क्यों नहीं। मिलजुल कर त्योहार मनाने से इसका मजा दोगुना हो जाता है। हमारे यहां पर दूध होते हुए वह कहीं ओर मारे-मारे फिरे, यह सही नहीं है। ईद का खास तोहफा होती है दूध से बनने वाली सीर। इसके लिए मुस्लिमों द्वारा कड़ा प्रबंध किया जाता है। इसे लेकर हालांकि इस त्योहार पर दूध पर मारामारी रहती है। इसे देखते हुए कुछ लोगों ने हर साल होने वाली इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए आसपास के गांवों से दूध् की व्यवस्था करनी प्रारंभ कर दी है। लोग जगह-जगह दूध् के लिए इधर -उधर दौड़ते नजर आए। दूध को लेकर जारी इस मारामारी में साम्प्रदायिकता की एक मिसाल एक बार फिर से दूधाहेड़ी गांव में देखने को मिली। यहां पर मनोज कुमार ने अपनी गाय का घर का दूध रोक कर अपने जानने वाले मुस्लिम भाइयों को दूध उपलब्ध कराया। इस बारे में मनोज कुमार का कहना था कि क्या हम एक दिन बिना दूध के नहीं रह सकते। इस समय दूध की अधिक आवश्यकता हमारे मुस्लिम भाइयों को है। इस बहाने हम भी ईद के त्योहार में शामिल होकर थोड़ी खुशियां बांट लेते हैं। त्योहार ही मिल बांट कर मनाने का नाम है। उनका कहना था कि उन्हें पूरा अनुमान है कि ईद पांच जून को ही होगी। इसके लिए उनके एक दिन पूर्व से ही दूध् का प्रबंध करा दिया गया है। इसी परिपाटी पर गांव के अन्य लोग जिसमें ललित राठी, सचिन राठी, इंद्रपाल सिंह राठी, चांदवीर राठी,देवेंद्र सिंह राठी, अशोक राठी, गजेंद्र सिंह राठी, अनिल राठी, कृष्णपाल राठी, नरेश राठी आदि शामिल रहे। सभी ने भी अपना-अपना एक दिन का दूध अपने मुस्लिम भाइयों को उपलब्ध कराया।
निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। ईद की नमाज की तैयारी के लिए डीएम व एससपी ने ईदगाह स्थल का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। शाम डीएम अजय शंकर पांडेय व एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने शामली रोड स्थित ईदगाह का निरीक्षण किया। एडीएम प्रशासन अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, सीओ सिटी हरीश भदौरिया रहे।
सेवानिवृत्ति पर शॉल ओढाकर किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। बच्चनसिंह कालोनी में ग्राम पंचायत सरवट प्रधान ऊषा शर्मा के आवास पर गणमान्य व्यक्ति द्वारा ब्रहमप्रकाश शर्मा जो कृषि विभाग से सेवानिवृत्त हुए है। उनके विदाई समारोह का आयोजन प्रमुख समाजसेवी श्रीभगवान शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बच्चनसिंह कालोनी अध्यक्ष समेंन्द्र शर्मा ने की तथा संचालन सोहनबीर सिंह ने किया। इस अवसर पर श्रीभगवान शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि ब्रहमप्रकाश शर्मा ने अपने सेवाकाल में अपनी सर्विस दौरान अपना कार्य सच्ची लगन व पूर्ण निष्ठा से किया। ब्रहमप्रकाश शर्मा जी मृदुभाषी एंव व्यवहार कुशल व्यक्ति है। श्रीभगवान शर्मा ने उन्हे फूलमाला व शॉल भेंट कर ब्रहमप्रकाश शर्मा को समानित किया। अन्त में उपस्थित सभी को मिष्ठान एंव जलपान कराया। इस मौके पर बच्चनसिंह कालोनी अध्यक्ष समेंन्द्र शर्मा, मा0 हरपाल शर्मा, सुरेश शर्मा, दिनेश शर्मा, उमेश कौशिक, मा0 सोहनवीर सिंह, नीरज त्यागी, राधेश्याम त्यागी, प्रहलाद, नीरज कान्त शर्मा, श्यामलाल धीमान, अवधेश शर्मा, चन्द्रप्रकाश आदि मौजूद थे।
फिर चला डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान
मुजफ्फरनगर। एक बार फिर एआरटीओ विनीत मिश्रा व एसडीएम खतौली एवं थानाप्रभारी खतौली हरसरन शर्मा की संयुक्त टीम ने खतौली चौराहे पर पहुंचकर अवैध रूप से चल रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया तो वही अवैध रूप से चल रहे खतौली चौराहे से चल रहे वाहनों के खिलाफ की बीफ कार्यवाही ओर अवैध रूप से स्टैंड चला रहे लोगो को भी दौड़ाया ओर उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की गई तो वही एआरटीओ विनीत मिश्रा ने अवैध रूप से चल रहे ७ वाहनों के चालान के साथ करीब ३ बड़े वाहनों को पकड़ कर सीज की कार्यवाही अमल में लाई। जिसमें अवैध रूप से गाड़िया चलाकर सवारी ढोने वालो में हड़कंप मच गया तो वही पकड़े गए वाहनों को छुड़ाने के लिए नेताओ ने भी दम दिखाए लेकिन एआरटीओ व एसडीएम खतौली ने तेजतर्रार कार्यप्रणाली का जलवा दिखाते हुए किसी की नही सुनी ओर की कार्यवाही।
त्यौहार आपसी मेलजोल का प्रतीक
मुजफ्फरनगर। शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने ईद का पर्व भाईचारे और सौहार्द से मनाने की अपील की। कहा त्योहार आपसी मेलजोल को प्रतीक है। एक दूसरे को त्योहारों में सहयोग करना चाहिए। एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी और सीओ आशीष प्रताप सिंह ने ईद के दिन जलापूर्ति, साफ सफाई और पथप्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने और जानवरों को बंद रखने तथा उन्हें सड़क पर न घूमने देने के आदेश दिए। गणमान्य लोगों ने अपने सुझाव दिए। बैठक में इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा, ईओ जयप्रकाश यादव, शैशिल मलिक, एसडीओ आदि मौजूद रहे।
रोजेदारों का किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के द्वारा सदर बाजार इस्थित मोर्चा कार्यलय पर मुस्लिम भाईयो के लिये रोजा अफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया इस दौरान मुस्लिम भाइयों ने देश मे अमन शांति के व भाई चारे के लिये दुआ की वही मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति व अन्य सभी पदाधिकारियों ने सभी रोजा दारो का स्वागत कर रोजा इफ्तार कराया इस दौरान मोर्चा अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने सभी मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी वही कार्यक्रम में हाजी समर गजनी जी रूबी गजनी शमशेर मलिक सहजाद राव सुलेमान अब्दुल्ला प्रधान शहीत आदि समाज सेवी शामिल हुए वही मोर्चा के प्रभारी श्याम सुंदर जिला अध्यक्ष रामपाल सिंह पाल उपाध्यक्ष रामनिवास प्रजापति ऐड कुलबीर पाल श्याम सिंह गौतम चेतन देव विश्वकर्मा देशपाल पांचाल जी कृष्णा प्रजापति अजब सिंह प्रजापति परवीन कशयप विनोद विश्वकर्मा रामरतन विश्वकर्मा राजीव प्रजापति पूर्व सभासद आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
बिजली-पानी की किल्लत से जूझ रहा शहर
मुजफ्फरनगर। बिजली-पानी की समस्या से शहर की कई कालोनियां जूझ रही हैं। ब्रेक डाउन बढ़ने से बिजली की किल्लत लगातार बढ़ी है। शहर में सैकड़ों स्थानों पर हो रहे लीकेज से पानी का संकट गहरा गया है। पालिका की ढीली कार्रवाई से जनता को तत्काल राहत नहीं मिल पा रही है।
शहर में दो दिन से बिजली कटौती बढ़ी है। भीषण गर्मी के कारण कुछ देर के लिए बिजली चले जाने पर आम जनता के लिए परेशानी खड़ी हो जाती है। बिजली की स्थिति यह है कि 24 घंटे में कई बार कट लग रहे हैं। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता एके आत्रेय का कहना है कि लोड बढ़ने और तापमान बढ़ने से ब्रेक डाउन बढ़ जाते हैं। विभाग का यह पूरा प्रयास रहता कि कट होते ही बिजली को तुरंत सुचारु किया जाए। आपूर्ति में केवल ब्रेक डाउन की ही दिक्कत है। विद्युत आपूर्ति के बाधित होने और शहर में सैकड़ों स्थानों पर लीकेज के चलते इस समय सबसे बड़ी समस्या पानी की है। दो दिन से शहर की कई कालोनियों में पानी की समस्या बनी है। रमजान में पानी की दिक्कत के चलते मुस्लिम समाज के लोगों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खालापार और अंबा विहार आदि स्थानों पर पानी नहीं आने से लोग परेशान रहे। नासिर खान ने बताया कि अचानक व्यवस्था गड़बड़ हुई है। अब से पहले व्यवस्था सही थी, दो दिन से ही समस्या खड़ी हो गई। दक्षिणी सिविल लाइन के संदीप सिंघल का कहना है कि उन्हें रात में जागकर पानी भरना पड़ा। मोटर चलाने के बाद भी पानी नहीं आ रहा है। कालोनी को लोगों को पीने के लिए पानी भरने को सुबह चार बजे अपने मोटर चलाने के लिए उठना पड़ा। पानी की समस्या पर ईओ ओम गिरी का कहना है कि शहर में एक साथ सैकड़ों स्थानों पर लीकेज के चलते परेशानी बनी है। पानी की आपूर्ति में इसी के चलते कुछ स्थानों पर व्यवधान पैदा हुआ है।
बैठक में दिये दिशा निर्देश
खतौली। पूर्ति निरीक्षक वेदप्रकाश अग्रवाल ने तहसील सभागार में देहात व नगर क्षेत्र के कोटेदारों की बैठक में कहा कि खाद्यान्न वितरण में अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शत प्रतिशत आधार कार्ड लिंक कराए। अन्यथा पात्र लोगों की राशन कार्ड से यूनिट कम हो जाएगी। गरीब पात्रों का आवेदन कराए, जिससे उनके नाम खाद्यान्न सूची में अंकित हो सके। मृतकों और बाहर रहने वाले लोगों के नामों को खाद्यान्न सूची से हटवाएं। उन्होंने कोटेदारों को समय से दुकानें खोले और सूचनाएं प्रदर्शित रखने तथा प्रत्येक कार्डधारकों से मधुर व्यवहार रखने के आदेश दिए। उनका कहना है कि आधार लिंक होने से पारदर्शिता आएगी और घपला नहीं हो सकेग।
गोष्ठी आयोजित
मुजफ्फरनगर। आतंकवाद एक अभिशाप इसके कारण एवं निवारण् विषय पर पूर्वी पाठशाला नगर क्षेत्र में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें आतंकवाद व िंहसक घटनाओं पर चिंता जताई। वक्ताओं ने ऐसी दुनिया का निर्माण करने के लिए आह्वान किया जिसमें सभी का संरक्षण हो सके।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला आचार्यकुल एवं तपो भूमि परिषद के तत्वावधान में आतंकवाद एक अभिशाप इसके कारण व निवारण विषय पर विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार, मुख्य वक्ता लाला जगदीश प्रसाद इंटर कालेज के प्रधानाचार्य सतीश चन्द उपाध्याय रहे। विशिष्ट वक्ता एसडी कालेज के पूर्व प्राचार्य डा. एसपी अग्रवाल, जिला आचार्यकुल के सचिव सुरेन्द्रपाल सिंह, अध्यक्ष चौ. राजवीर सिंह रहे। विचार गोष्ठी में देश और दुनिया में फैल रहे आतंकवाद एवं हिसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए बुद्धिजीवियों ने सत्य, प्रेम, करुणा, मानवता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने पर बल दिया। कहा कि हम सबको एक ऐसी दुनिया का निर्माण करना चाहिए जिसमें सभी के हितों का संरक्षण हो सके। पं. ब्रह्मप्रकाश त्यागी, प्रो. राकेश कौशिक, रिजाय अहमद एड., प्रेम प्रकाश सुधा, कस्तूर सिंह स्नेही, राखी गोयल, कमर इंतखाब, पं. शांता प्रकाश शास्त्री, रमन नारंग, डा. ब्रजपाल सिंह, सत्यप्रकाश शर्मा, रजनी शर्मा, नमिता जौहरी व अर्चना गोयल ने भी संबोधित किया। संचालन महबूब आलम एडवोकेट एवं आचार्य सीताराम ने किया। अध्यक्षता प्रांतीय उपाध्यक्ष आचार्यकुल होतीलाल शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि खंडा शिक्षा अधिकारी डॉ. सविता डबराल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेश कुमार शर्मा रहे।अम्बरीश, कांता शर्मा, सुदेश रानी, उषा यादव, फरहा नदीम, चौ. सुरेन्द्रपाल सिंह, चौ. आनंदपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
