खालापार में बच्चियों को चोरी कर ले जा रहे आरोपी की धुनाई
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार में दो बच्चियों को चोरी के शक में आरोपी को भीड़ ने दबोच लिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की।
सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने भीड़ से किसी तरह आरोपी को छुड़ाया। पुलिस थाने लाकर आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी सतपाल ऑतिल मौके पर पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की है। तितावी के कस्बा बघरा निवासी व्यक्ति की पांच साल की बेटी काफी समय से अपने नाना निवासी खालापार के पास ही रहती है। रविवार रात वह घर के पास खड़ी हुई थी। वहीं खालापार के रहने वाले व्यक्ति की 11 वर्षीय बेटी भी घर के बाहर खेल रही थी।
एक युवक दोनों बच्चियों के पास गया और उन्हें अपने साथ ले जाने लगा। रास्ते में कु छ दूर चलने के बाद एक व्यक्ति ने दोनों बच्चियों को अनजान युवक के साथ जाते हुए देखकर उन्हें रोक लिया। बच्चियों के परिवार से परिचित होने के कारण उसने बच्चियों से पूछा कि दोनों उसके साथ क्यो जा रही हो। बच्चियों ने बताया कि वह उनके पापा से मिलवाने ले जा रहा है। बच्चा चोर कहकर उसने शोर मचा दिया। शोर शराबा होने पर भीड़ इकट्ठा हो गयी। भीड़ ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया।
उसकी जमकर धुनाई करनी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझाकर शांत करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया। पुलिस उसे लेकर थाने पर आ गयी। भीड़ ने युवक पर बच्चियों को चोरी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में थाने पर तहरीर दी गयी है। एसपी सिटी सतपाल ऑतिल ने बताया कि खालापार में बच्चा चोरी के शक में पकड़े गए आरोपी ने बच्ची के हाथ में पैसे देखकर उसे छीनने का प्रयास किया था। भीड़ ने बच्चा चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर दी। पकड़ा गया आरोपी लूट के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
