Muzaffarnagar: नामांकन पर आपत्ति खारिज, सभी 14 प्रत्याशी ठोकेंगे ताल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) खतौली विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया के तहत रालोद प्रत्याशी मदन भैया के नामांकन पत्र पर भाजपा प्रत्याशी के एडवोकेट शिवराज त्यागी ने रिटर्निग अधिकारी जीत सिंह राय को आपत्ति दर्ज करायी थी। वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के नामांकन पत्र पर रालोद प्रत्याशी के अधिवक्ता ओमवीर मलिक ने आपत्ति दर्ज करायी थी
जिस पर उक्त मामले में रिटर्निग आफिसर के समक्ष भाजपा व रालोद पक्ष के अधिवक्ताओं ने अपना अपना पक्ष रखा। आरओ ने दोनों पक्षों की बहस का सुना और उसके बाद उन दोनों की एक दूसरे के खिलाफ दर्ज आपत्तियों को खारिज कर दिया। जिसके चलते अब खतौली विधानसभा उपचुनाव में भाजपा, रालोद सहित 14 प्रत्याशी ताल ठोकेंगे।
खतौली विधानसभा सीट से रालोद प्रत्याशी मदन भैया के नामांकन पर हुई आपत्ति को रिटर्निंग आफिसर ने सुनवाई के बाद खारिज कर दिया। गुरूवार को भाजपा शिवराज त्यागी एडवोकेट ने रिटर्निंग अधिकारी जीत सिंह राय को आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया था कि मदन भैया ने खतौली विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। उसमें प्रारूप-26, नियम 4क, जो संलग्न किया है वह विधि सम्मत नोटरी द्वारा सत्यापित नहीं है। उसमें बहुत खामियां हैं।
प्रारूप-26 में नोटरी के द्वारा पेज पर किसी भी तिथि का उल्लेख नहीं है। पेज नंबर भी नहीं पड़े हैं। शपथ पत्र में जो सारणी मुकदमे के बारे में मांगी गई है, जैसे कि संबंधित पुलिस थाने के नाम व पते के साथ प्रथम इत्तला रिपोर्ट संख्या का कालम है, जिसमें रिपोर्ट संख्या होनी चाहिए थी, जबकि मुकदमा संख्या लिख दी गई है। दोनों बातें अलग-अलग है।
उनका कहना है कि अन्य कमियां भी हैं। जिसके चलते नामांकन निरस्त किया जाए। शुक्रवार को रिटर्निंग आफिसर ने दोनों पक्षों की बहस सुनी। रालोद प्रत्याशी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद त्यागी ने बहस की। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने नामांकन पर की गई आपत्ति को खारिज कर दिया।
उधर, रालोद प्रत्याशी के अधिवक्ता ओमवीर मलिक ने भी भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के नामांकन में त्रुटिया निकालते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। रिटर्निंग आफिसर ने उक्त आपत्ति को भी खारिज कर दिया। रालोद और भाजपा प्रत्याशी समेत मैदान में अब 14 प्रत्याशी ताल ठोकेंगे। सोमवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आंवटित किए जाएंगे।

