पाकिस्तान पोस्टों को भारी नुकसान: सेना की गोलाबारी
पाकिस्तान ने शुक्रवार की रात और शनिवार को अखनूर के पलांवाला, राजोरी के केरी, तंगधार के केरन सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन का सेना की चौकियों को निशाना बनाते हुए जबरदस्त गोलाबारी की। सेना ने दोगुनी ताकत से इसका करारा जवाब देते हुए पलांवाला सेक्टर में तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। उनके शव एलओसी पर पड़े हुए हैं। जबकि कई पाकिस्तानी पोस्टों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है। कई मोर्चो पर गोलाबारी अभी जारी है। सेना की गोलाबारी का कड़ जवाब देने के लिए सेना ने राकेट लांचर और टैकों का भी इस्तेमाल किया।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे गोलाबारी शुरू कर दी। जो सुबह तक जारी रही। पलांवाला सेक्टर में पाकिस्तान ने एमबेस पोस्ट से सेना की नथु कुलियां पोस्ट को निशाना बना कर गोलाबारी शुरू कर दी। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इसमें पाकिस्तान की टी-15 चौकी पूरी तरह तबाह हो गई जबकि टीजे बंकर पोस्ट छोड़कर पाकिस्तानी सैनिक भाग खड़े हुए हैं। गोलाबारी में तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।
पाकिस्तान की टीजे बंकर पोस्ट शनिवार को दिनभर खाली पड़ी रही। गोलबारी के चलते पाकिस्तानी सेना ने अपने जवानों के शव भी शनिवार दोपहर तक नहीं उठाए थे। शनिवार की सुबह थोड़ी देर की शांति के बाद पाकिस्तान ने लगभग 11 बजे पाकिस्तानी गोलाबारी शुरू कर दी, जो पूरे दिन रुक-रुक कर होती रही। मुंहतोड़ जवाब मिलने के बाद पाकिस्तान की ओर शांति छा गई।
