वैश्विक

रामपुर में उलेमाओं ने बंद बुलाया: पुलिस जीप समेत कई गाड़ियां फूंकी

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहा उग्र विरोध-प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुए हिंसक प्रदर्शन में 15 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक आठ साल का बच्चा भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार मेरठ में चार, बिजनौर, कानपुर, संभल में दो-दो, मुजफ्फरनगर, फिरोजाबाद व वाराणसी में एक-एक की जान गई है। हालांकि आईजी कानून व्यवस्था ने आठ की मौत की पुष्टि की है। आज स्कूल कॉलेज बंद हैं। कई जिलों में इंटरनेट ठप है। झांसी में सोशल मीडिया की निगरानी कर रही पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट वाली 300 फेसबुक आईडी ब्लॉक कर दी हैं। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी हो रही है।

शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने बढ़ती हिंसा के बीच कहा कि नागरिकता कानून और एनआरसी, दोनों अलग अलग चीजें हैं। एनआरसी अभी केवल असम में लागू की गई है, पूरे देश में नहीं। इसके अलावा हमें अभी यह भी नहीं पता कि उसके तहत क्या-क्या नियम हैं। कई राजनीतिक पार्टियां एनआरसी को लेकर लोगों को दिग्भ्रमित कर रहीं हैं। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से शांति बनाए रखने की अपील की। 

पुलिस की साइबर और सर्विलांस टीम को अब तक जो जानकारी हुई है उसके मुताबिक फर्जी नाम-पते से फेसबुक एकाउंट बनाकर जहरीले मैसेज भेजे जा रहे हैं। कुछ लोगों की पहचान भी कर ली गई है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लाइक और कमेंट्स करने वाले भी जांच के घेरे में होंगे।रामपुर में प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद उलेमाओं ने बंद बुलाया।

इस दौरान हजारों की संख्या में नागरिकता कानून का विरोध करने के लिए लोग सड़कों पर उतर आए। इदगाह के पास इकट्ठा होकर लोगों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और भीड़ बिल्कुल आमने सामने हो गई। प्रदर्शन के दौरान भीड़ इतनी उग्र हो गई कि उन्होंने एक पुलिस जीप के अलावा आठ अन्य वाहनों को भी फूंक दिया। इस हिंसक प्रदर्शन में एक शख्स की मौत की खबर भी आई, लेकिन पुलिस ने इसे खारिज करते हुए कहा कि शख्स घायल हुआ है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती भी कराया गया है। 

वहीं उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां भांजी। काफी देर तक भीड़ और पुलिस के बीच झड़प चलती रही। भीड़ ने बैरीकेडिंग तोड़ दी, वहीं पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग भी की। इस दौरान भीड़ लगातार सरकार और एनआरसी विरोधी नारे लगाती रही। 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21334 posts and counting. See all posts by News-Desk