यूपी में मंत्रिपरिषद विस्तार..करीब 24 नए मंत्री
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का मंत्रिपरिषद विस्तार बुधवार को होगा। राजभवन में कल 11 बजे शपथ होगी जिसमें करीब 24 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। जिसमें मौजूदा कुछ मंत्रियों के इस्तीफे की संभावना है तो नए मंत्रियों की लिस्ट पर भी लगभग मुहर लग चुकी है।इस लिस्ट को अंतिम रूप देने के लिए आज दोपहर में पार्टी और संघ की बैठक भी हो रही है जिसमे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संगठन मंत्री सुनील बंसल भी शामिल है द्यइसी बीच वितमंत्री राजेश अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया है।
मुजफ्फरनगर से कपिल देव शामिल,उमेश मलिक ,विजय कश्यप भी संभव
आपको बता दें इससे पहले मंत्रिपरिषद का विस्तार टल गया था। बीते सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे राजभवन के गांधी सभागार में नये मंत्रियों को शपथ दिलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था जो कि टल गया था। सूत्रों कि मानें तो वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर शायद इस कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जेटली पिछले कई दिनों से दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हैं और रविवार को उनकी स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई।
सूत्रों के अनुसार इस विस्तार में लगभग 24 मंत्री शामिल किये जाएंगे जबकि 6 मंत्री हटाए जाएंगे ,साथ ही एक और उपमुख्यमंत्री को शामिल किया जा सकता है जो दलित समाज से होंगे | सूत्रों की मानें तो मुजफ्फरनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कपिल देव अग्रवाल को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना तय माना जा रहा है,उन्हें पूर्व के विस्तार के दिन निमंत्रण भी मिल चुका था| बुढाना के विधायक उमेश मलिक और चरथावल विधानसभा क्षेत्र से विधायक विजय कश्यप को भी प्रदेश में अकेले कश्यप विधायक होने का लाभ देते हुए मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने की संभावना है।
बताया जाता है कि बुलन्दशहर की शिकारपुर सीट से विधायक अनिल शर्मा के नाम पर भी लगभग मुहर लग चुकी है। मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने वाले संभावित विधायकों में आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट से विधायक चौ.उदयभान सिंह, पूर्वांचल के सतीश द्विवेदी, दल बहादुर कोरी, अशोक कटारिया संजीव राजा,विजय बहादुर पाठक ,नीलिमा कटियार, पक्षालिका सिंह,संजय शर्मा, मेजर सुनील शर्मा,अनीता लोधी,हरिशंकर माहौर,संजय यादव और आशीष पटेल की सम्भावना हैं।सहारनपुर के एक विधायक के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे व नॉएडा से विधायक पंकज सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है इनके अलावा सुरेश राणा, भूपेन्द्र सिंह,धर्म सिंह सैनी ,अनिल राजभर,महेंद्र सिंह,उपेन्द्र तिवारी को पदोन्नत किये जाने की भी सम्भावना है।

