समाचार (Muzaffarnagar News)
ईद पर खुदा की बारगाह में झुके सिर, दुआ मांगी
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) ईदगाह सहित सैकड़ों मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत और पारंपरिक अंदाज में अदा हुई। इससे पहले ईदगाह में शाही इमाम मौलाना जाकिर ने खुतबा-ए-अव्वल में लोगों को ईद-उल-अजहा का मकसद बताते हुए तकवा तथा परहेजगारी को अहम करार दिया।
उन्होंने कहा कि अल्लाह इरशाद फरमाता है कि उसके पास कुर्बानी का न तो गोश्त पहुंचता है और न खून। लेकिन तुम्हारा तक्वा यानी जज्बा पहुंचता है। नमाज के बाद शाही इमाम मौलाना जाकिर ने मुल्क और कौम की सलामती की दुआ कराई। इस दौरान पुलिस बंदोबस्त काफी सख्त रहे। एसएसपी विनीत जयसवाल नमाज से पहले और बाद तक ईदगाह के आस-पास डटे रहे।
सुरक्षा तथा शांति व्यवस्था के लिए ईदगाह के पास कैंप एसएसपी विनीत जयसवाल के साथ अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। ईदगाह के अलावा शहर की मुख्य मस्जिदों फक्करशाह, हौज वाली, मदीना मस्जिद, मस्जिदा आयशा, पुजाएवाली, मस्जिद कुम्हारान आदि में भी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा हुई। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को पुरखुलूस अंदाज में मुबारकबाद पेश की।
नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने राहे खुदा में जानवरों की कुर्बानी पेश की। इस बार इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि कुर्बानी खुले में न हो। जानवरों की कुर्बानी पर्दे में की गई। कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेष भी खुले में न डालकर उन्हें गड्ढे में दबाने की व्यवस्था की जा रही है।
चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस, अलर्ट रहे अधिकारी
ईद-उल-अजहा की नमाज के मद्देनजर ईदगाह तथा शहर की मुख्य मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के मद्देजनर पुलिस तथा फोर्स तैनात रही। एसएससी मुजफ्फरनगर विनीत जायसवाल और एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार सिंह और सीओ सिटी कुलदीप कुमार सिंह, शहर कोतवाल आनंद देव मिश्रा सहित भारी पुलिस फोर्स के साथ व्यवस्था संभालने में लगे रहे।
प्रवीन हत्याकांड का भोपा पुलिस ने किया खुलासा
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) भोपा पुलिस ने 4 दिन पूर्व हुए प्रवीण हत्याकाण्ड में मृतक के पत्नि सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही सुनिश्चित की। पुलिस ने हत्यारोपियों के कब्जे से दो आलाकल्त तमंचे और मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। थानाक्षेत्र भोपा के छछरौली निवासी (जो वर्तमान में मोरना में रह रहा था) प्रवीण की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। उपरोक्त के सम्बन्ध में थाना भोपा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था । घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा शीघ्र अनावरण व अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु कई टीम गठित की गयी थी।
थाना भोपा पुलिस, एसओजी टीम द्वारा सर्विलांस टीम की मदद से उपरोक्त अभियोग का सफल अनावरण करते हुए घटना में संलिप्त ०१ अभियुक्ता व ०४ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त दीपक उर्फ हनुमान पुत्र सोमपाल निवासी पट्टी मोहलू बाबली थाना बड़ात बागपत, शुभम पण्डित उर्फ विष्णु पुत्र रामधन निवासी टीकरी धीमान पट्टी थाना दोघट, बागपत, अंकित उर्फ सन्नी पुत्र प्रदीप निवासी ग्राम छछरौली थाना भोपा, मुजफ्फरनगर, शेंकी उर्फ अमृत राठी पुत्र महीपाल निवासी ग्राम छछरौली थाना भोपा, मुजफ्फरनगर, स्वीटी पत्नी प्रवीण कुमार निवासी ग्राम छछरौली थाना भोपा, मुजफ्फरनगर। वांछित अभियुक्तगण राजीव फौजी पुत्र फेरु निवासी ग्राम बाबली मोल्हू थाना बडौत, बागपत, गौरव नेपाली पुत्र विरेन्द्र निवासी शैरी थाना लोहाघाट जनपद चम्पावत, उत्तराखण्ड, हाल निवासी मोरना थाना भोपा, मुजफ्फरनगर। पकडे गये शातिरों के कब्जे से ०२ तमन्चे मय ०४ जिन्दा कारतूस ३१५ बोर- आलाकत्ल, ०१ स्पलेण्डर मोटरसाइकिल घटना में प्रयुक्त, टी-शर्ट के नीचे तमंचे रोकने हेतु चमड़े की ०२ बेल्ट बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में हत्या का कारण पुलिस द्वारा अभियुक्तों से की गई पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि मृतक प्रवीण की पत्नी स्वीटी के गौरव नेपाली उपरोक्त से अवैध सम्बन्ध थे जिसका विरोध प्रवीण करता था । पत्नी से परेशान होकर प्रवीण अपनी ०४ बीघा जमीन बेचकर ग्राम मोरना में किराये पर रहने लगा तथा शेष जमीन को भी वह बेचना या ट्रस्ट को देना चाहता था जिसका स्वीटी द्वारा विरोध किया जाता था । जमीन और घर को बेचने से रोकने के लिए स्वीटी द्वारा अपने प्रेमी गौरव नेपाली के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची गयी थी। गौरव नेपाली द्वारा प्रवीण की हत्या के लिए राजीव फौजी उपरोक्त से संपर्क किया गया था। राजीव फौजी द्वारा दो शूटर दीपक व शुभम पंडित को प्रवीण की हत्या के लिए कहा गया। गांव छछरोली के ही रहने वाले अंकित व शेंकी द्वारा प्रवीण की रेकी व मुखबिरी की गयी थी तथा शूटर दीपक व शुभम को गांव के रास्तों के बारे में जानकारी दी गयी थी। स्वीटी द्वारा शूटर दीपक, शुभम व राजीव फौजी को ०१-०१ लाख रुपये हत्या के बाद देने का वादा किया था। गौरव नेपाली द्वारा ही हत्या में प्रयुक्त शस्त्र शूटर्स को दिये गये थे जिसके पश्चात दिनांक ०६.०७.२०२२ की रात्रि को अंकित व शैंकी की सूचना पर दीपक व शुभम मोटरसाइकिल पर मोरना आये जिसे गौरव नैपाली चला रहा था तथा प्रवीण की हत्या को कारित किया गया ।सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, थाना भोपा मुजफ्फरनगर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यनारायण दहिया थाना भोपा, उ०नि० सुमित कुमार, उ०नि० विकास कुमार, थाना भोपा, उ०नि० सुनील शर्मा, सोनू शर्मा (सर्विलांस सेल), का० नितिन शर्मा, थाना भोपा मुजफ्फरनगर, का० अमित यादव थाना भोपा, का० ललित मोरल, का० बिमल कुमार, म०का०दीपिका शर्मा, म०का० दिव्या शामिल रहे।
राहुल टिकैत को दी श्रद्धांजलि
सिसौली।(Muzaffarnagar News) किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के अनुज स्वर्गीय भोपाल सिंह टिकैत के पोत्र राहुल की रस्म तेहरवीं के अवसर पर आज सिसौली में भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत के निवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। राहुल टिकैत का निधन ८जौलाई को एम्स ऋषिकेश इलाज के दौरान हो गया था।
भारत सरकार में मंत्री डॉ संजीव बालियान, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, लाटियान खाप के चौधरी श्री वीरेंद्र लाटियान ,किसान चिंतक एवं वरिष्ठ समाजसेवी कमल मित्तल, कॉलखंडे खाप के चौधरी संजय, बाबा श्याम सिंह बहावड़ी, बाबा रविंदर लाख ,बाबा महिपाल हसनपुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह मलिक, राजू अहलावत, सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान कई पूर्व विधायक, समाजसेवी एवं किसान नेताओं ने स्वर्गीय राहुल टिकैत को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वाहन चोर को किया गिरफ्तार
तितावी।(Muzaffarnagar News) थाना तितावी पुलिस एवं एसओजी टीम मुजफ्फरनगर द्वारा ०२ अंतर्राज्यीय वाहन चोर अभियुक्तों को चौकी लालूखेड़ी, शामली बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया गया । अभियुक्तों के कब्जे व निशादेही से कुल ०५ चोरी की चारपहिया गाड़ियां बरामद की गयी जिनकी कीमत लगभग ६७ लाख रुपये है। गिरफ्तार अभियुक्तगण मुकीम उर्फ मुक्की पुत्र तसलीम निवासी खालापार थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर हाल पता नगर पालिका के सामने थाना थानाभवन, शामली, अरशद पुत्र अफजल निवासी दक्षिणी खालापार थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर।
जिसके कब्जे से सैन्ट्रो कार (सुजडू रोड, कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर से चोरी), सिलेटी रंग की स्विफ्ट डियाजर (लक्ष्मीनगर, दिल्ली से चोरी), सिल्वर रंग की ब्रेजा कार (पाण्डव नगर, दिल्ली से चोरी), नीले रंग की बलैनो कार (मॉडल टाउन, दिल्ली से चोरी), ०१ तमन्चा मय ०२ जिन्दा कारतूस ३१५ बोर, ०३ फर्जी नम्बर प्लेट बरामद किया। अभियुक्तगण खड़ी/पार्क हुई गाडियों की खिडकी का शीशा तोडकर अन्दर से दरवाजा खोलते थे तथा ड्रिल अथवा चुम्बक की मदद से स्टीयरिंग लोक को निष्क्रिय करते थे इसके पश्चात ईसीएम डिकोडर की मदद से ईसीएम व ्की कोम्बीनेशन को डिकोड कर मास्टर चाबी की मदद से गाडी स्टार्ट कर चोरी कर लेते थे। अभियुक्तगण दिल्ली व आस-पास के जनपदों से वाहन चोरी कर उनपर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर बेच देते थे। गिरफ्तार अभियुक्त मुकीम उर्फ मुक्की उपरोक्त के विरुद्ध दिल्ली व आस-पास के जनपदों में आधा दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत है तथा दोनों अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जिला पंचायत सभागार कक्ष में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना अंतर्गत राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के रूप में गोष्ठी एंव जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन मत्स्य पालकों के उज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए मा. केंद्रीय मंत्री मत्स्य पशुपालन एंव डेयरी विभाग भारत सरकार डॉक्टर संजीव बालियान के नेतृत्व में किया जा रहा है जिसमे मत्स्य विभाग के सहारनपुर मंडल के समस्त अधिकारी गण मौजूद रहे।
शोकसभा का हुआ आयोजन
सिसौली।(Muzaffarnagar News)राष्ट्रीय लोकदल के सिसौली नगर उपाध्यक्ष उपेंद्र बालियान की माता श्रीमती कमलेश देवी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, बुढाना विधायक राजपाल बालियान, रालोद नेता योगराज सिंह, किसान चिंतक एवं वरिष्ठ समाजसेवी कमल मित्तल, भाजपा नेता नीटू मुखिया, समाजवादी नेता राजीव बालियान, बालेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमती कमलेश देवी पत्नी ओम सिंह का निधन ६ जुलाई को एक लंबी बीमारी के बाद मेरठ के एक निजी अस्पताल में हो गया था।
शिविर में किया रक्तदान
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) श्री राम कालेज में प्रातः १० बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ । रक्तदान शिविर वरिष्ठ समाजवादी नेता राकेश शर्मा के साले दिवंगत स्वर्गीय दीपक शर्मा व स्वर्गीय राजीव शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित किया हुआ। जिनकी पिछले वर्ष आज ही के दिन एक दुखद हादसे में मृत्यु हो गई थी। रक्तदान शिविर का प्रारंभ उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। डा. गौरीशंकर के निर्देशन में बेगराजपुर मैडिकल कालेज की टीम द्वारा रक्तदान की व्यवस्था की गयी। रक्तदान करने हेतु युवाओं व वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह रहा। रक्तदान करने वालो में पुरकाजी विधायक अनिल कुमार, राकेश शर्मा, अनिल चौधरी (मुन्नू), प्रेमपाल सिंह, रेशू शर्मा, सात्विक शर्मा, विजित त्यागी, पंडित उमादत्त शर्मा, अंकित शर्मा, शैलेन्द्र पटवारी, राहुल शर्मा, राजेश शर्मा एड, उपेन्द्र कौशिक, पंडित देवदत्त शर्मा, अशोक शर्मा पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, संदीप ,हरेन्द्र शर्मा पूर्व जिला पंचायत अधिकारी, रेशू एड, बिजेन्द्र शर्मा, बिटटू प्रधान,अखिल भारतवर्षीय ब्राहमण सभा के जिलाध्यक्ष अक्षय शर्मा, सुबोध शर्मा, अखिल वत्स, मा.रमेश चन्द्र शर्मा आदि ने रक्तदान शिविर मे बढचढ कर हिस्सा लिया। राहुल शर्मा व भारी तादाद युवा व वरिष्ठ व्यक्ति मौजूद रहे।
रामपुरी गेट ट्रक की टक्कर से हुआ धराशायी
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) ट्रक की टक्कर से रूडकी रोड स्थित रामपुरी कालोनी का गेट धराशायी हो गया। बताया जाता है कि ट्रक को बैक करते वक्त हुए हादसे से रामपुरी कालोनी का गेट टूट गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे मे किसी को कोई गंभीर चोट नही लगी। इस दौरान दर्जनो मौहल्लावासी मौके पर एकत्रित हो गए। नागरिकों की सूचना पर तुरंत ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत मे लेते हुए पूछताछ शुरू की।
माल्यार्पण कर किया स्वागत
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड मुजफ्फरनगर द्वारा आशीर्वाद बैंकट हॉल पर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई जिसमें मुकुंद मिश्रा अध्यक्ष, महेंद्र जैन मयूर चेयरमैन, राजेंद्र गुप्ता, दिलीप सेठ महामंत्री, अशोक कंसल वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, श्याम सिंह सैनी जिला महामंत्री, अजय सिंघल नगर अध्यक्ष, दिनेश बंसल प्रदेश संगठन मंत्री, प्रवीण खेड़ा नगर महामंत्री, संजय मित्तल जिला कोषाध्यक्ष एवं विजय वर्मा जिला मुख्य प्रवक्ता आदि द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया इसके पश्चात मुजफ्फरनगर जिले की पूरी कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, चेयरमैन एवं शहर के प्रसिद्ध उद्योगपतियो को बुके, माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग ५८ जिलों से एवं मुजफ्फरनगर जिले की सभी इकाइयों से लगभग ४०० लोगों ने भाग लिया । अशोक कंसल एवं जिले के सभी व्यापारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को व्यापारियों की समस्याओं के बारे में अवगत कराया जो मुख्य रूप से जीएसटी में खरीदार विक्रेता से खरीदे गए माल पर सरकार का जीएसटी जोड़कर विक्रेता को भुगतान कर देता है किंतु वर्तमान दोषपूर्ण प्रणाली में यदि विक्रेता उपरोक्त राजस्व का भुगतान नहीं करता है तो विभाग अन्यायपूर्ण उत्पीड़न करता है, खाने पीने की वस्तुओं पर ५त्न जीएसटी लगाने से महंगाई बढ़ेगी, विद्युत दर और राज्यों की तुलना में अधिक होने के कारण व्यापारी दूसरे राज्यों में पलायन करने पर मजबूर हैं, सरकारी बैंकों को आवश्यक सेवा घोषित की जाए और बैंक की छुट्टियों को कम किया जाए, मंडी समिति की दुकानों का चुनाव के दौरान अधिग्रहण ना किया जाए, गुड जो कि एक आम आदमी का खाना है उस पर भी जीएसटी लगाई गई, सोने पर जीएसटी लगाकर सरकार ने केवल और केवल तस्करी को बढ़ावा देने का काम किया है, आदि है, इन समस्याओं को सुनने के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने सभी व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इन समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इसका निस्तारण करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास अग्रवाल, अनिल तायल, शलभ गर्ग, सरदार सुलेखन सिंह, अलका शर्मा, रोशनी पांचाल, सुनीता मालिक, नितिका चौधरी, अजय गुप्ता, अमित मित्तल, मनोज गुप्ता, दीपक गोयल, शोभित सिंघल,शोभित गुप्ता,कशिश गोयल, शुभम तायल, हिमांशु कौशिक, पंकज शर्मा, राम पल सेन, नीरज गौतम, रूपम शुक्ला, संजीव गोयल, हर्ष वर्धन बंसल, ओम प्रकाश धीमान, पंकज अपवेजा, ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
चेकिंग के दौरान दबोचा
रामराज।(Muzaffarnagar News) थाना अध्यक्ष अक्षय शर्मा द्वारा बताया गया कि एसआई अशोक कांस्टेबल मनोज हेड कांस्टेबल शाहिद द्वारा टिकोला शुगर मिल के चेक पोस्ट पर चेकिंग का अभियान चलाया हुआ था उठी इब्राहिमपुर की तरफ से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया पुलिस चेकिंग को देखकर की जंगल की ओर भागने लगा पुलिस ने पीछा कर आरोपित को पकड़ लिया तलाशी लेने पर आरोपित के पास से १२ बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र पेमिया ग्राम पुत्र इब्राहिमपुर थाना रामराज जनपद मुजफ्फरनगर बताया।
संयुक्त रूप से मनाई मैंगो पार्टी
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)रोटरी क्लब विशाल ने इनरव्हील विशाल के साथ जी डी गोयनका स्कूल में मैंगो पार्टी व तरणताल स्नान मस्ती पार्टी मनाई ।
सर्वप्रथम क्लब अध्यक्ष रो ० पवन कुमार गोयल ने सभी रोटरिंस का मैंगो पार्टी में पधारने पर स्वागत किया व नए सदस्य के रूप में श्री राकेश जैन सरल क्रोप साइंस वालो को रोटरी परिवार में शामिल कराया ।
इन० अध्यक्ष नीना गोयल, सचिव अनुपमा व कोषाध्यक्ष रीनू गर्ग ने सभी सदस्य व सदस्यओ को तरणताल में स्नान कराया महिला गेम कराए और तरण ताल में नहाते समय फलों के राजा जो की विभिन्न प्रजातियों के थे, आमों का रस्वाद्न कराया व जामुन नाका का भी सभी ने आनंद लिया । प्रोग्राम चेयरमैन विपिन कुच्छल- अपर्णा कुछल, श्री मनोज कुमार- अंजली व श्री रजनीश गुप्ता- शशि गुप्ता ने तरणताल में विभिन्न प्रकार के गेम करवाए व पुरुष्कारो की झड़ी लगा दी । क्लब सचिव रो ० मनोज गर्ग व कोषाध्यक्ष नवीन सिंघल ने श्री सुरेश चंद गुप्ता, श्री देवेन्द्र सिंघल व सी ए राजेश जैन को समय से आने पर छाते पुरुस्कार स्वरूप दिलाए । अनेकों पुरुस्कार राधेश्याम गर्ग, अजय अग्रवाल, राकेश जैन, डा पी के कांबोज, शिखा कांबोज, आलोक कुमार, सुधा गुप्ता, सुषमा गुप्ता, संजय कर्णवाल, योगेंद्र मित्तल आदि ने जीते । इस अवसर पर अनिता मित्तल, प्रीति नारंग, विजेंद्र अग्रवाल, शरद जैन, रीना जैन, सी ए रितु तायल, सी ए संजय तायल, संजय संगल, प्रियंका संगल, मणि प्रभा जैन, रीनू गर्ग, पुष्पमोहन, रश्मि, प्रवीण जैन, रानी गोयल, रेखा गोयल, पारुल सिंघल, परिणा गर्ग, अंजली, मनोज जैन, नीना गोयल, कमल गोयल, दिनेश गर्ग, मनीषा गर्ग, अनुपमा सिंघल, मुक्ताओ वर्मा, आलोक जैन, चारु जैन, अनिल तायल, प्रीति, अनुराग बंसल, आनंद मीना बंसल, अजय कुमार गुप्ता नोकिया पूनम, रिचा अगवाल, डिंपल गुप्ता, अजय गुप्ता ट्रेडिंग आदि का सहयोग रहा।
कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत, एक घायल कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत, एक घायल
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) शहर कोतवाली क्षेत्र के रोहाना रोड पर कार ने सडक पार कर रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार काफी दूर तक हवा में उछल कर दूर जा गिरे। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया।
सहारनपुर जनपद के थाना मिर्जापुर के गांव नौशेरा निवासी वकील व अतहर बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर आ रहे थे। जैसे वे रोहाना के पास बडकली कट को पार कर रहे थे तभी तेज गति से आयी कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर दूर जा गिरे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल वकील की उपचार मौत हो गयी। हादसे का वीडियो घटनास्थल के पास दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
विवाहिता को तीन तलाक देकर घर से निकाला
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर में फात्मा मस्जिद के पास रहने वाली शबनम ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 को शाहपुर के गांव बरवाला निवासी आस मोहम्मद के साथ हुई थी। फिलहाल वह मोहल्ला किदवईनगर में रह रहा है। महिला का कहना है कि शादी के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। इसी दौरान उसके एक बेटा भी हुआ। आरोप है कि गत 21 जून की रात्रि आरोपी ससुरालियों उसके साथ मारपीट करते हुए पेट में लात मारी, गर्भवती होने के कारण उसका गर्भपात हो गया। आरोप है कि पति ने जान से मारने की धमकी देते हुए तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खनन माफिया ने किसान पर चलाई गोलियां, बाल-बाल बचा
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेडी गांव में खनन माफियाओं ने एक किसान पर गोलियां चला दी। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। किसान ने तालाब से हो रहे खनन का विरोध किया था। घटना की सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, उन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी को जब्द किया, जबकि चार लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव से सठेड़ी में तालाब की खुदाई का कार्य चल रहा है। तालाब से खोदी गई मिट्टी को ट्रैक्टर ट्रॉली द्वारा अवैध रूप से बेचा जा रहा है। खनन माफिया रात भर तालाब से निकाली गई मिट्टी का खनन कर रहे थे। पिछले कई दिनों से हो रहे इसी कार्य को देख रहे ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन उन्होंने कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। गांव निवासी किसान मुकेश अपने खेत पर जा रहा था, तो उसने तालाब से हो रहे खनन का विरोध किया। जिसको लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली वालों से किसान की कहासुनी हो गई । किसान का आरोप है कि विरोध करने पर खनन माफियाओ ने कई राउंड फायर किए, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। खतौली रतनपुरी के अलावा डायल हंड्रेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। उधर खनन करने वाले लोगों ने बताया कि तालाब समिति के सचिव को 10 साल के लिए मत्स्य पालन के लिए आवंटित किया गया है। रतनपुरी इंस्पेक्टर से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि तालाब से मिट्टी खनन होने की सूचना मिली थी। जिसमें ट्रैक्टर ट्रॉली को थाने लाया गया था। किसान ने फायरिंग करने की भी सूचना दी थी।
थूकने को लेकर विवाद, जमकर हुआ पथराव, महिला सहित छह लोग घायल
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) बुढ़ाना कस्बे की सफीपुर पट्टी में घर के सामने थूकने के विवाद में दो वर्गों के लोग फिर से आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव भी हुआ। इसमें महिला सहित छह लोग घायल हो गए। सीओ ने पुलिस के साथ पहुंच कर स्थिति संभाली। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।
मोहल्ला सफीपुर पट्टी में आसिफ और जितेंद्र पक्ष के बीच दस दिन पहले घर के सामने थूकने को लेकर कहासुनी हो गई थी। मोहल्ले के लोगों ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कर दिया था। इसी विवाद को लेकर शनिवार की शाम दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जमकर पथराव हुआ। इस पथराव में दोनों पक्षों की एक महिला सहित छह ग्रामीण घायल हो गए।
सीओ विनय गौतम और इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने घायल जितेंद्र, उसके पुत्र सुमित व विनीत तथा दूसरे पक्ष के आसिफ, मुकीश व काशो पत्नी मुकीश को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई ग्रामीणों को भी हिरासत में लिया। सीओ विनय गौतम ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। घायल जितेंद्र के मकान के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

