समाचार (Muzaffarnagar News)
जमकर हुई बाजारों में खरीदारी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)बाजार में दीपावली पर्व त्योहार सपनों की बहार लेकर आया। ग्राहकों की भीड़ में सोने-चांदी का बाजार दमक उठा। खरीदारों ने आटोमोबाइल के बड़े शोरूम से लेकर रेहड़ा-ठेली वालों तक पर धनवर्षा कर डाली। धनतेरस पर जिलेभर में १०० करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। रविवार को भी शुभ मुहूर्त में खरीदारी बढ़ने की संभावना है।
जिले के बाजार दमक उठे। लोगों ने अपनी आवश्यकता और क्षमता अनुसार खरीदारी कर त्यौहारी सीजन का मजा लूटा। ऑटोमोबाइल्स, बर्तन और सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई और उपहार की दुकानों पर खरीदार उमड़ पड़े। क्या गृहणी और क्या परिवार के अन्य सदस्य।
सभी ने अपनी आवश्यकता अनुसार सामान की खरीदारी की। सजावट के सामान से लेकर घरों में रोजर्मरा काम आने वाली वस्तुओं की बिक्री का ग्राफ आसमान छू गया। हांलाकि महिला ग्राहकों की संख्या सबसे अधिक रही।
शहर के भगत सिंह रोड पर सजे बाजार में सुबह से लेकर देर रात तक खरीदारी चलती रही। शहर का सर्राफा बाजार भी खरीदारों की भीड़ से दमक उठा। बाजार में बर्तन के अलावा सोने-चांदी के सिक्के सबसे ज्यादा खरीदे गए।
शनिवार को आटोमोबाईल कारोबारियों की भी चांदी रही। लेकिन किसी अंधविश्वास के चलते खरीदारों ने बुकिंग के बावजूद चौपहिया वाहनों की डिलीवरी नहीं ली। हांलाकि दुपहिया वाहनों की बिक्री में ऐसे हालात नजर नहीं आए। आटोमोबाइल्स कारोबारियों की मानें तो कुछ लोग शनिवार को वाहन की खरीदारी करने से बचते है। इसलिए लोगों ने रविवार को वाहनों की डिलीवरी के लिए भी बुकिंग कराई है। इसी वजह से आज भी बाजार अच्छा रहने की उम्मीद है।
धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर लोगों ने जमकर बर्तनों की खरीदारी की। जिलेभर में बर्तनों की दुकानों पर ४ से ५ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। बर्तन भंडार के मालिक नितिन ने बताया कि बताया कि काफी समय बाद उन्हें अच्छा मुनाफा हुआ है।
त्योहारी सीजन में बर्तन कारोबारियों को बड़ा फायदा हुआ है। बाजार में उपहार की दुकानों पर दिनभर भीड़ रही। मिठाई और सजावट का सामान खरीदने के प्राथमिकता दी गई। पटाखों की खूब बिक्री हुई। रेडीमेड के अलावा कपड़ा बाजार में भी ग्राहक पहुंचे। सूट और साड़ियों की खरीदारी की गई। इन सब में भी बाजार में करीब ५० करोड़ रुपये बाजार में पहुंचने का अनुमान है।
आटोमोबाईल कारोबार भी ऊंचाई छू गया। दिन भर १०० करोड़ से अधिक की बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है। जिले में ऐसे करीब २२ शोरूम हैं, जहां बाइक और कार की बिक्री होती है। शोरूम मालिकों का मानना है कि शनिवार के बाद रविवार को भी बाजार अच्छा रहेगा।
बजाज शोरूम के मैनेजर विनय मलिक, राजधानी टीवीएस के राजेंद्र सिंह और महिंद्रा के मैनेजर प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि पहले दिन कारोबार अच्छा रहा। रविवार को और भी ज्यादा बाइकों की सेल होने की उम्मीद है।
धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार भी अच्छा रहा। अनुमान है कि जिले और देहात क्षेत्र में २०-२५ करोड़ के इलेक्ट्रानिक्स सामान की बिक्री की गई। अधिकारिक आंकड़ा सामने न आने के बावजूद अनुमान है कि त्यौहारी सीजन में इलैक्ट्रानिक्स कारोबार में उछाल आया। कारोबारी नितिन ने बताया कि इस बार फेस्टिव सीजन में गत कुछ वर्षो की तुलना में बिक्री अधिक है।
बताया कि आशा है कि त्यौहारी सीजन के साथ शादी-ब्याह का साया भी इस क्षेत्र के बाजार के लिए काफी लाभप्रद साबित होगा।
धनतेरस पर सर्राफा बाजार शुरुआत में ठिठक गया। अनुमान है कि शुभ मुहूर्त को लेकर लोगों ने सोने चांदी के बर्तन और सिक्कों एवं आभूषण की खरीदारी में सायं तक झिझक महसूस की। लेकिन दिन छिपने के बाद अचानक सर्राफा बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ती नजर आई।
हांलाकि सर्राफा कारोबारियों को आशा है कि रविवार को औसत पूरा हो जाएगा। जिले में ६०० से अधिक सराफा की दुकानें हैं, अकेले शहर में ही ३०० से अधिक दुकानें हैं। रत्नेश ज्वैलर्स का कहना है कि इस बार कई वर्ष बाद धनतेरस की रौनक सर्राफा पर नजर आ रही है। शुभ मुहूर्त को लेकर खरीदारों में झिझक दिखी लेकिन कारोबार की स्थिति संतोषजनक रही।
थाना रामराज पुलिस द्वारा किया गया अवैध शराब के २४ मालों का निस्तारण
रामराज। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)जनपद मुजफ्फरनगर में लम्बित माल/वाहन निस्तारण हेतु श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश में चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक देहात के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जानसठ के कुशल नेतृत्व में थाना रामराज पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाने पर रखे वर्ष २०२२ के अवैध शराब के कुल २४ मालों का निस्तारण किया गया। निस्तारण के दौरान जेसीबी से जमीन में गड्ढा खुदवाकर सभी मालों को दबा कर नष्ट किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जानसठ शकील अहमद, थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा थाना रामराज सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। निस्तारित किए गए माल २४ माल कुल २४० लीटर अवैध शराब।
हर्षोल्लास से मनाया दीपोत्सव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एम.जी. पब्लिक स्कूल प्रांगण में अंधकार पर प्रकाश की विजय के प्रतीक दीपावली पर्व को दीपोत्सव के रूप में हर्ष और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण के बीच मनाया गया। जिस प्रकार लंका में रावण पर विजय प्राप्त करने के उपरांत श्रीराम की वापसी पर अयोध्या को सजाया गया, कुछ वैसा ही नजारा विद्यालय प्रांगण में प्रवेश के साथ ही अतिथियों को आनंदमय करता नजर आया। पूरे प्रांगण को विद्यालय के बच्चों के द्वारा हैण्ड क्राफ्ट के माध्यम से बनाई गई बंदरवार और कंदीलों से सजाया गया। बच्चों ने भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन रामचरित मानस की चौपाईयों और दोहों के रूप में बेहद ही सरल और भावभरे प्रदर्शन के बीच किया।
एम.जी. पब्लिक स्कूल में दीपावली पर्व के उपलक्ष में आज दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री सतीश गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष श्री भीमसेन कंसल, कोषाध्यक्ष श्री रोहित सिंघल का विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमति मोनिका गर्ग द्वारा स्वागत किया गया। अतिथियों को प्राईमरी विंग के नन्हें मुन्ने छात्र छात्राओं के द्वारा हैण्ड मेड कंदील देकर उनका अभिनन्दन किया गया। चेयरमैन श्री सतीश गोयल ने मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश का पूजन किया और उनकी प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत कार्यक्रम में कक्षा ८ की छात्रा तेजस्वी शर्मा ने अपनी सुन्दर आवाज में राम चरित मानस की चौपाईयां और दोहा प्रस्तुत किया। तेजस्वी की प्रस्तुति से पूरा वातावरण ही राममय हो गया। सभी ने छात्रा की सुन्दर आवाज की प्रशंसा की। वहीं कक्षा १० की छात्रा सांची गुप्ता और कक्षा ९ की छात्रा विदुषी शर्मा व छात्र दिव्यांश ने राम कथा को बहुत की सुन्दर ढंग से प्रस्तुत कर लंका दहन से रावण वध और अयोध्या वापसी तक के भगवान श्रीराम के सफर को प्रस्तुत कर सभी का मनमोह लिया।
एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री सतीश गोयल ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के लिए सुख समृद्धि की कामना की। एम.जी. पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष श्री भीमसैन कंसल ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस कार्यक्रम के लिए विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने जो मेहनत की वो आज इन बच्चों की प्रस्तुति में झलकती है। इस कार्यक्रम की सबसे अच्छी बात यह रही कि बच्चों ने रामचरित मानस की चौपाईयों को कंठस्थ यहां पर प्रस्तुत कर अपने संस्कार का भी प्रदर्शन किया। इससे इनके अभिभावकों के साथ ही इनके गुरूओं की सीख भी इन बच्चों में दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि संस्कार ही मानव को सफलता की ओर ले जाते हैं और संस्कारवान पीढी को तैयार करना ही विद्यालयों का कर्तव्य है। इससे देश उन्नति के शिखर तक पहुंचेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमति मोनिका गर्ग ने कहा कि दीपावली का पर्व मनाने के पीछे भगवान श्रीराम की लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी ही मुख्य कारण माना जाता है, लेकिन यह पर्व अंघकार को दूर कर प्रकाश लाने का भी है। हमें इस पर्व को सभी के साथ मिल बांटकर मनाना है और इसमें हमारा दायित्व यह भी बनता है कि आज आधुनिकता के दौर में हम उन जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अपना अपना योगदान दें, जो दूसरे के घरों को रोशन करने का काम करते हैं, जैसे कि दिये बनाने वाले परिवार, उनसे कम से कम ११ दिये अवश्य ही खरीदें। उनके जीवन के अंघकार को कहीं भी हम दूर कर पाये तो हमारा त्यौहार मनाने का उद्देश्य सार्थक होगा। उन्होंने सभी को दीपावली की बधाई दी और इस त्यौहार पांच दिये देश, शहीदों और समाज तथा छह दिये अपने घर व परिवार की सुख समृद्धि की कामना के साथ जलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में यह पूरा सप्ताह दिवाली उत्सव के रूप में मनाया गया है। इस दौरान छात्र छात्राओं ने आयोजित कराई गई दिया मेकिंग, बंदनवार, कंदील मेकिंग और रंगोली काम्पीटिशन में उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री सतीश गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष श्री भीमसेन कंसल, कोषाध्यक्ष श्री रोहित सिंघल, श्री विनीत कुमार, श्री अमन कुमार अरोरा मौजूद रहे। अंत में सभी को प्रोमोपहार वितरित किये गये।
धूमधाम के साथ मनाया भारत विकास परिषद समृद्धि ने मनाया दीपावली उत्सव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)भारत विकास परिषद समृद्धि शाखा मुजफ्फरनगर द्वारा दीपावली सभा का भव्य आयोजन एक शाम श्री राम के नाम पर गुप्ता रिसॉर्ट में किया गया। कार्यक्रम का संचालन संदीप जैन ने अपने अनोखे अंदाज में बहुत ही रोचक ढंग से किया।सर्वप्रथम श्री लक्ष्मी व गणेश जी का पूजन किया गया उसके पश्चात सभी अतिथियों का पटके पहनाकर स्वागत किया गया। एक शाम श्री राम के नाम प्रोग्राम के आयोजक श्री स्वदेश कौशिक जी द्वारा रामचरितमानस के विशेष अध्याय रावण वेदवती संवाद, राम केवट संवाद व श्रवण लीला का मंचन बहुत ही रोचक ढंग से किया गया। जिसका सभी सदस्यों द्वारा बहुत ही प्रशंसा की गई इसके पश्चात प्रभु श्री राम, सीता माता व लक्ष्मण जी की आरती शाखा के सभी सदस्यों ने परिवार सहित उतार कर धर्म लाभ उठाया।
कार्यक्रम में ४ परिवारों को समय बधता पुरस्कार व सभी परिवारों को मैरिज एनिवर्सरी वे दिवाली गिफ्ट दिया गया।
कार्यक्रम के सुंदर आयोजन की कार्यक्रम चेयरमैन डॉक्टर प्रवेश कुमार, श्री मनीष बंसल, श्री कौशल किशन जी व अध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता जी व उनकी टीम की सभी सदस्यों ने दिल खोलकर तारीफ की।
कार्यक्रम में स्टेट मिनिस्टर श्री कपिल देव अग्रवाल जी के आने पर कार्यक्रम की भव्यता को चार चांद लग गए। कार्यक्रम के प्रेरणा स्रोत हमारे प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री नवीन सिंघल जी रहे। कार्यक्रम के उपरांत सभी ने लजीज खाने का लुफ्त उठाया। सचिव श्री पंकज बंसल जी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम में करीब ४५ परिवारों की सहभागिता रही।
उच्च प्राथमिक विद्यालय में दीपावली मेले का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)उच्च प्राथमिक विद्यालय नसीरपुर सदर में दीपावली मेले का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र छात्राओं द्वारा बनाए गए दीपक ,वॉल हैंगिंग आदि बहुत सुन्दर क्राफ्टके सामान के स्टॉल लगाए गए ।साथ ही छात्रों द्वारा फूड स्टॉल भी लगाए गए जिसमें भेलपुरी पानी के बताशे पॉपकॉर्न आदि के स्टॉल लगाए गए इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शिवांगी बालियान बाल कल्याण अधिकारी रही व विशिष्ट अतिथि नीना त्यागी संरक्षण अधिकारी रही।बीईओ सर द्वारा भी इस मेले का भ्रमण किया गया व इसकी सराहना की गई। साथ ही अतिथियों के द्वारा बच्चों के बनाये गए सामान की खरीदारी भी की गई ।और उन्होंने आज के मेले की बहुत अधिक प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिए इससे बच्चों में कार्य करने की क्षमता का विकास होता है ।इस कार्यक्रम की संयोजिका मीरा शर्मा रही। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों का बहुत अधिक सहयोग रहा ।इस अवसर पर एसआरजी ऊषा रानी एआरपी संध्या संध्या जी इंचार्ज अध्यापिका शबाना प्रवीण, मनी सेठी सारिका नीतू मोनिका चौहान, सोनिया शर्मा, सपना नमिता ,राधा आदि उपस्थित रहे।
दीपावली पर्व बड़ी धूम धाम से मनाया गया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जी.डी.गोयनका पब्लिक स्कूल में मनाया गया दिवाली पर्व। विद्यार्थियों ने दिवाली के उपलक्ष में आयोजित भिन्न भिन्न प्रकार की गतिविधियों में भाग लिया जैसे – रंगोली बनाना, दीया व् मोमबत्ती सजाना, कार्ड, बंधनवार बनाना , नीम्बू के छिलकों से ईको-फ्रेंडली दीये भी बनाये।
शिक्षकों ने बच्चों को दीपावली का महत्त्व बताया। विद्यार्थियों ने पांच दिवसीय त्यौहार का वर्णन किया, रामायण की कुछ अनसुनी कहानियाँ सुनाईं, चौपाई सुनाई, कविताएँ गाई। नन्हे विद्यार्थियों ने बताया की हम ईको-फ्रेंडलीदिवाली कैसे मना सकते हैं जिसमें उन्होंने बताया कि बाजार से मेहेंगेगिफ्ट न खरीदकर पौधे उपहार में दे सकते हैं जिससे हमारे पर्यावरण को हानि नहीं बल्कि आने वाले समय में फायदा ही होगा, हम घर पर ही मिठाई भी बना सकते हैं। विद्यार्थियों ने सुन्दर नृत्य भी किया और साथ ही सभी ने ध्वनि व् प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का प्रण लिया।
बायलरों का हुआ पूजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) इंडियन पोटास लिमिटेड, यूनिट-तितावी शुगर कम्पलैक्स के इकाई प्रमुख लोकेश कुमार द्वारा विधि विधान से ब्वायलर पूजा करके बायलरों में अग्नि प्रजलवित की गई। इस शुभ अवसर पर सितांशु कुमार इंजिनियरिंग विभागाध्यक्ष, धीरज सिहॅ गन्ना विभागाध्यक्ष, विनोद कुमार, उत्पादन विभागाध्यक्ष, सुरेन्द्रापाल सिहॅ कोजन विभागाध्यक्ष, राहुल, लेखा विभागाध्यक्ष व मिल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस शुभ अवसर पर इकाई प्रमुख ने सभी के लिए अपनी शुभ कामनाये व्यक्त की व मिल को पूरी मेहनत व लग्न के साथ चलाने के बारे में कहा ताकि मिल को आर्थिक लाभ हो सके।
सड़क हादसों में कई घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अलग-अलग सडक हादसो मे कुछ लोग घायल हो गए। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी वीशू पुत्र संजीव बाईक द्वारा शाहपुर रिश्तेदारी से लौटते वक्त बुढाना मोड के समीप डीसीएम की चपेट मे आकर घायल हो गया। जिसे कुछ लोगों ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा घायल के परिजनो को हादसे की जानकारी दी। मंसूरपुर के गांव जौहरा निवासी मौ.ईस्लाम पुत्र अशरफ स्कूटी द्वारा मिल मन्सूरपुर बाजार से लौटते वक्त सरिये से लदी टै्रक्टर-ट्राली की चपेट मे आकर घायल हो गया। बताया जाता है कि इस हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। बाजार के दुकानदारो ने घायल ईस्लाम को उपचार के लिए बेगराजपुर मैडिकल कॉलेज भिजवाया। एक अन्य हादसे मे बुढाना के विज्ञाना निवासी युवक साजिद अपने दोस्त मनफैत के साथ पशुओ से चारा लाते वक्त भैसा बुग्गी से गिरकर घायल हो गया। जिसे उसके परिजनो ने निजी चिकित्सक के यहां भिजवाया।
जनपदवासियों को दीपावली की डीएम-एडीएम ने दी शुभकामनाएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह एवं एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा समस्त जनपद वासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह द्वारा समस्त जनपद वासियों को दीपावली पर्व बड़ी धूमधाम के साथ एवं भाई चारे के साथ मनाने की अपेक्षा की गई।
जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह द्वारा समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि त्योहारों के दृष्टिगत बिजली एवं पानी की सुचारू व्यवस्था रखी जाए। अनावश्यक रूप से बिजली एवं पानी की व्यवस्था को बाधित नहीं किया जाए।
पशु चिकित्सकों द्वारा जन जागरूकता अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जनपद के विभिन्न पशु चिकित्सकों द्वारा संबंधित क्षेत्रों के स्थाई गोवंश आश्रय स्थल एवं अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया गया, बीमार पशुओं का उपचार, लंपी स्किन बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण, एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जन जागरूकता अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी महोदय श्री चंद्र भूषण सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एमपी सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न विकास खंड पशु चिकित्सकों द्वारा निम्न गतिविधियां करवाई गईः मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मुजफ्फरनगर के दिशा निर्देशन में डा० मंशाराम गौतम उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बुढ़ाना द्वारा कान्हा गौशाला नगर पंचायत बुढ़ाना पर नियमित भ्रमण कर पशुओं का स्वास्थ परीक्षण किया गया।एक बीमार चल रही गाय का उपचार किया गया। हरा चारा भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। साफ सफाई ठीक पाई गई। ग्राम लुहारी खुर्द में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान अंतर्गत डॉ अमरदीप सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी चरथावल के निदेशानुसार पशुधन प्रसार अधिकारी श्री राम बहादुर सिंह के द्वारा सूकर पालकों को जे.ई./ए.ई.एस.आदि रोगों से बचाव संबंधी जानकारी देकर जागरुक किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी चरथावल डॉ० अमरदीप सिंह के द्वारा कसोली गोशाला चरथावल की रूटीन विजिट की गई, गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर बीमार तथा घायल गोवंश का उपचार किया गया। गोवंश को हरा चारा उपल्ब्ध कराया जा रहा है।
हादसे में मौत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)भोपा रोड़ पर स्थित एक पेपर मिल में हुए हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक पेपर मिल में क्रेन पर काम करता था। उसे उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड के चमोली जनपद के कुशीनगर बिजोली थाना क्षेत्र के गांव गोगनामाऊ निवासी ४९ वर्षीय अधीराज पुत्र जीत सिंह भोपा रोड पर सिथत एक पेपर मिल में क्रेन पर काम करता था। वहां काम करते समय वह पेपर रोल के बीच फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भेज दिया है।
रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
मीरापुर। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल और शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मीरापुर में दीपावली महोत्सव मनाया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन पंडित सुशील शर्मा, निदेशक राजेश शर्मा एवं प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह रहे। विद्यालय के संगीत अध्यापक जय सिंह ने गीत सुनाया। रंगोली में प्राइमरी विंग से भास्कर हाउस एवं खुराना हाउस जूनियर विंग से रामानुजन हाउस, भास्कर हाउस प्रथम, द्वितीय रहा। सीनियर विंग से खुराना प्रथम, रामानुजन हाउस क्रमशरू प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर रहे। विद्यालय चेयरमैन सुशील शर्मा, निदेशक राजेश शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में ग्रुप ए में दीपक व मोमबत्ती, ग्रुप बी में कबड्डी, ग्रुप सी में रंगोली एवं ग्रुप डी में थाल सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। ग्रुप बी में कक्षा ९ से १२ तक के चारों सदनों गंगा, यमुना, कृष्णा व कावेरी के बीच कबड्डी प्रतियोगिता हुई। फाइनल मुकाबले में कृष्णा सदन ने गंगा सदन को शिकस्त दी।
ग्रुप सी में कक्षा ९ से १२ तक के छात्र-छात्राओं के बीच रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें कावेरी सदन ने प्रथम, गंगा सदन ने द्वितीय एवं यमुना व कृष्णा सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप ए में कक्षा ३ से ५ तक के बच्चों ने दीये और मोमबत्ती सजाए। ग्रुप डी में कक्षा ६ से ८ तक के बच्चों ने थाली सजाओ प्रतियोगिता में भाग लिया। संचालन मीनाक्षी अरोड़ा ने किया। मौके पर प्रधानाचार्य दीपक कुमार धीमान और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
युवक की करंट लगने से मौत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जनरेटर से करंट लगने पर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिये भेज दिया है।
सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजनौर जनपद के गांव झलरी निवासी बंटी पुत्र विजयपाल जानसठ थाना क्षेत्र के गांव चित्तौडा में जनरेटर से करंट लगने पर गंभीर हालत में पहुंचगया, उसे उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
नकली cement समेत एक दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शहर में अल्ट्राटेक कम्पनी का नकली सिमेंट धडल्ले से बेचा जा रहा है। पुलिस ने एक गाडी में लदे नकली सिमेंट के ८० कट्टे बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। दस मामले में एक व्यक्ति अभी फरार है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि अल्ट्राटेक कम्पनी द्वारा नकली सिमेंट को लेकर रिपोर्ट कराने के लिये अधिकृत गुडगांव निवासी कमल सिंह ने सिविल लाइन थाने पर सूचना दी कि कुछ लोग शहर में नकली अल्ट्राटेक सिमेंट बेच रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने बचन सिंह चौक से एक गाड़ी में लदे नकली सिमेंट के ८० कट्टे बरामद कर गाड़ी चालक अलमासपुर निवासी शीशपाल को गिरफ्तासर कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद सिमेंट उससे पटेलनगर निवासी अजय सपलाई कराता है। पुलिस ने चालक को भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।


