Muzaffarnagar News: विद्युत विभाग की लापरवाही, दुधारू भैंस की तेज करंट का झटका लगने से मौत
Muzaffarnagar News:मुजफ्फरनगर। विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण घास चर रही दुधारू भैंस की तेज करंट का झटका लगने से मौत हो गयी। ग्राम प्रधान ककराला व भाकियू नेता ने विद्युत विभाग की घोर लापरवाही पर रोष प्रकट करते हुए पशुपालक को मुआवजा दिलाने की मांग प्रशासन से की।
सूचना पर पहुंची भोपा पुलिस ने मृतक भैंस का पोस्टमार्टम कराया है।भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम मोरना निवासी जयद्रथ पशु पालकर परिवार की गुजर बसर करता है। रविवार को वह अपने पशुओं को गांव ककराला में तालाब के किनारे अपने पशुओं को चरा रहा था कि वहां लगे पोल की स्टेक वायर में दौड रहे तेज करंट की चपेट में उसकी भैंस आ गयी तथा तेज करंट से झुलस जाने के कारण के कारण उसकी मौत हो गयी।
मौके पर पहुंचे ककराला प्रधान आबिद व भाकियू जिला संगठन मंत्री सर्वेन्द्र राठी ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर रोष प्रकट किया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक महीने से इस जगह पर करंट दौड रहा है।
कई बच्चों को अब तक करंट लग चुका है। बार बार शिकायत के बावजूद भी लाईन को सही नहीं किया गया। पीडित जयद्रथ ने बताया कि उसकी भैंस चार माह की ग्याभिन थी तथा दूध दे रही थी।
भैंस के मर जाने से उसे ८० हजार का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची डायल ११२ पुलिस व मोरना चौकी पुलिस ने घटना की जानकारी कर मृतक भैंस का पोस्टमार्टम कराया। ग्राम प्रधानों ने पीडित की मदद की गुहार लगाई है।

