Muzaffarnagar News: सन्त निरंकारी मिशन‘ के तत्वावधान नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) विश्व-बन्धुत्व एवं मानवता को समर्पित ‘‘सन्त निरंकारी मिशन‘‘ के तत्वावधान में आज निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी की स्मृति में रूड़की रोड स्थित स्थानीय सन्त निरंकारी सत्संग भवन के परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रातः साफ-सफाई की गयी तथा प्रातः 10 बजे से सायंकाल तक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया
जिसमें चिकित्सालय के कुशल व योग्य डॉक्टरों की टीम द्वारा पंजीकृत 403 मरीजों की आँखों का परीक्षण किया गया। शिविर में मोतियाबिंद से संबंधित 60 रोगियों का ऑपरेशन सरकारी अस्पतालों में किया जायेगा और मिशन की ओर से ज़रूरतमंद मरीजों को दवाईयां व आई-ड्रॉप एवं नज़र के 202 चश्में भी दिए गये।
इन कार्यक्रमों का आयोजन कोविड-19 के सम्बन्ध में जारी दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए ही किया गया। शिविर का निरीक्षण जोनल इन्चार्ज श्री कुलभूषण चौधरी व संजीव कुमार क्षेत्रीय संचालक ने किया। शिविर स्थानीय संयोजक हरीश कुमार एवं सेवादल के संचालक-शिक्षक प्रदीप कुमार व नवीन कुमार की देख-रेख में आयोजित किया गया, जिसमें सेवादल के भाई-बहनों ने व्यवस्था बनाने में अपना योगदान दिया। डॉ0 प्रेम कुमार, डॉ0 ज्ञानेन्द्र सिंह, डॉ0 राजकुमार, सचिन, सत्यपाल सिंह व रूचिका आदि ने अपनी चिकित्सीय सेवायें प्रस्तुत की।
मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश ने बताया कि सन्त निरंकारी मिशन द्वारा निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी की स्मृति में आज संपूर्ण भारतवर्ष में लगभग एक सौ निरंकारी सत्संग भवनों में निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जैसा कि विदित ही है कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी के सानिध्य में सन्त निरंकारी मिशन ने आध्यात्मिकता द्वारा विश्व को प्रेम, दया, करुणा, एकत्त्व जैसे भावों से जोड़कर, दीवार रहित संसार की परिकल्पना को साकार किया।
उन्होंने भक्तों को आध्यात्मिकता के साथ-साथ मानवता एवं प्रकृति की सेवा करते हुए अपने कर्त्तव्यों को निभाने की प्रेरणा दी। वर्तमान में इसी श्रंखला को सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इसी मंतव्य की पूर्ति हेतु आज 23 फरवरी को यह नेत्र जांच शिविर लगाये जा रहे हैं।
जोनल इन्चार्ज श्री कुलभूषण चौधरी ने बताया कि संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रति वर्ष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मानव कल्याण की भलाई के लिए बाबा हरदेव सिंह जी का यहीं दृष्टिकोण था कि ‘प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक है।’
किन्तु इस वर्ष कोरोना की विषम परिस्थिति के कारण मिशन की ओर से जहां-जहां पर संत निरंकारी सत्संग भवन हैं, केवल उन्हीं स्थानों पर एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि संत निरंकारी मिशन सदैव ही मानव कल्याण के लिए अग्रणी रहा ह,ै जिनमे मुख्यतः स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए सेवाएं की गई हैं और यह सभी सेवाएं निरंतर जारी हैं।

