उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur News: शिक्षिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ ब्‍लैकमेल कर रंगदारी मांगने का आरोप

Shahjahanpur News: शिक्षिका से कथित यौन शोषण के आरोप में उसी के कॉलेज के प्रबंधक के पति वीरेश शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. शर्मा की गिरफ्तारी के एक दिन बाद तीन अगस्त को उसके पुत्र की शिकायत पर शिक्षिका समेत चार लोगों के विरुद्ध रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने पीड़िता और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस आनंद ने मंगलवार को घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत कपसेडा गांव के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाने वाली 22 वर्षीय शिक्षिका का उसी के कॉलेज के प्रबंधक के पति ने कथित रूप से यौन शोषण किया था, जिसकी प्राथमिकी पीड़िता के पिता ने 27 जून को तिलहर थाना में दर्ज कराई थी.

उन्होंने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि शर्मा पीड़िता को विद्यालय के काम से शाहजहांपुर ले गया और वहीं एक होटल में उससे दुराचार किया और बाद में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया. इसके बाद आरोपी शर्मा को पुलिस ने दो अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था.

एसपी ने कहा कि आरोपी शर्मा की गिरफ्तारी के एक दिन बाद ही उसके बेटे ने पीड़ित शिक्षिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ ब्‍लैकमेल कर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि शर्मा के पुत्र ने तीन अगस्त को पीड़ित और राजन, आमिर, राजबहादुर के विरुद्ध वीडियो बनाकर रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर मंगलवार को पुलिस ने पीड़ित, राजन तथा आमिर को गिरफ्तार किया. इनके पास से पुलिस ने 15 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

एसपी ने आरोपियों से हुई पूछताछ के हवाले से बताया कि शिक्षिका और उसके करीबी राजन को कुछ पैसों की जरूरत थी, तभी उसने साजिश रची और शहर के एक होटल में वीरेश शर्मा के साथ संबंध बनाते हुए वीडियो बना लिया. वीडियो बनाने के लिए शिक्षिका ने राजन के ही मोबाइल का इस्तेमाल किया था. बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वीरेश शर्मा से छह लाख रुपये की मांग की गई.

शिक्षिका और उसके साथियों ने यौन शोषण के आरोपी शर्मा से छह लाख रुपये की रंगदारी मांगी तो लोक लाज के भय से उसने एक लाख रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी राजन ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्‍ट कर दिया, जो बाद में वायरल हो गया.

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21118 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × 2 =