सिखेड़ा पुलिस की तत्परता से बची 5 जाने, देर रात गंग नहर में पलटी पांच युवकों समेत वैगनआर कार
मुजफ्फरनगर। सिखेडा थाना क्षेत्र में बीती रात एक वैगन आर के गंगनहर में गिरने के कारण उसमें सवार पांच युवक गंगनहर में डूब गए, जिसके कारण क्षेत्र में हडकंप मच गया। पुलिस की सक्रियता के चलते पांचों युवकों को सकुशल गाडी से बाहर निकाल लिया गया, जिसके कारण बडा हादसा टल गया।
मुज़फ्फरनगर-सिखेड़ा थानाध्यक्ष वीरेन्द्र कसाना की तत्परता से बची 5 जाने, देर रात गंग नहर में पलटी पांच युवकों समेत वैगनआर कार, सिखेड़ा @muzafarnagarpol ने पांचों युवकों को सकुशल नहर से निकाला, क्रेन लगवा कर कार भी निकाली गई. pic.twitter.com/lk5dUzesD5
— News & Features Network-Regional News (@mzn_news) August 3, 2020
जानकारी के अनुसार जनपद गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र के गांव करहेडा निवासी अंकुर पुत्र राकेश, अनुज पुत्र विरेन्द्र, अक्षय पुत्र ऋषिपाल, भरत पुत्र अजय तथा विक्रम पुत्र रामवीर बीती रात एक वैगन आर कार में सवार होकर हरिद्वार घूमने के लिए जा रहे थे।
देर रात करीब डेढ बजे जब उनकी कार गंगनहर की पटरी से होते हुए थाना सिखेडा क्षेत्र में चित्तौडा झाल के पास पहुंची तो अचानक उनकी कार संतुलन खोकर नहर में जा गिरी।
गनीमत यह रही कि पीछे से आज रही कार में सवार लोगों ने यह हादसा देख लिया और जानसठ रोड पर चेकिंग कर रही पुलिस को इसकी सूचना दी।
कार के गंगनहर में गिरने के कारण उसमें सवार पांच युवक भी नहर में डूब गए, जिसके कारण वहां हडकंप मच गया। थाना सिखेडा प्रभारी वीरेंद्र कसाना तथा पुलिसकर्मियों के प्रयासों के चलते पांचों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
सिखेड़ा पुलिस ने पांचों युवकों को सकुशल नहर से निकालने के साथ ही आज दोपहर क्रेन लगवाकर कार भी बाहर निकालवाई। क्षेत्रवासियों व युवकों ने पुलिस के काम की सराहना की।
