साउथ चाइना सी को लेकर ट्विटर पर भिड़े चीन और ऑस्ट्रेलिया
दक्षिण चीन सागर (साउथ चाइना सी) में चीन की हरकतों पर चीनी और ऑस्ट्रेलियाई राजनयिकों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर तीखी नोकझोंक हुई।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका के बयान का समर्थन किया कि उक्त समुद्री क्षेत्र में चीन के किसी भी दावे को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Thank you @China_Amb_India. I would hope then you follow the 2016 South China Sea Arbitral Award which is final and binding under international law, and also generally refrain from actions that unilaterally alter the status quo. https://t.co/1w2nrcrxhr
— Barry O’Farrell AO (@AusHCIndia) July 31, 2020
ऑस्ट्रेलिया ने चीन के दावों को अवैध करार देते हुए हाल ही में संयुक्त राष्ट्र में एक ज्ञापन दिया था जिस पर बीजिंग ने नाराजगी व्यक्त की थी।
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ फेरेल ने गुरुवार को ट्वीट किया कि उन्होंने भारत के विदेश मंत्री से कहा चीन की हरकतों से असंतुलन बढ़ेगा और यह उकसाने वाली कार्रवाई है।
ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त की इस टिप्पणी पर भारत में चीन के राजदूत सुन वेइदोंग ने शुक्रवार को प्रतिक्रिया दी। वेइदोंग ने फेरेल पर तथ्यों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और ट्वीट किया, ‘यह स्पष्ट है कि कौन क्षेत्र में शांति और स्थायित्व की रक्षा करता है और कौन अस्थिरता लाता है और तनाव भड़काता है।’
ओ फेरेल ने इसका जवाब देते हुए कहा कि चीन को 2016 में अंतरराष्ट्रीय अधिकरण के आदेश को मानना चाहिए जिसमें बीजिंग के दावों को खारिज कर दिया गया था।
चीन ने उस आदेश को अवैध और अबाध्यकारी करार दिया था। ओ फेरेल की टिप्पणियों को ट्विटर पर भारतीय यूजरों से खूब समर्थन प्राप्त हुआ।
