Sambhal: हादसे में 14 मजदूरों की मौत, कोल्ड स्टोर मालिक गिरफ्तार
Sambhal कोल्ड स्टोर मालिक दो भाइयों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया. कोल्ड स्टोर में बनाए गए अतिरिक्त चैंबर के ढहने से ये हादसा हुआ था. कोल्ड स्टोर का चैंबर गिरने की घटना चंदौसी कोतवाली इलाके म़ें इस्लामनगर रोड के गांव मई के एआर कोल्डस्टोर की है. यहां आलू भंडारण के दौरान चैंबर धराशाई हो गया था.
इस हादसे में 24 मजदूर मलबे में दबे थे जिन्हें करीब तीस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाल लिया गया.आधिकारिक प्रशासनिक आंकड़े के अनुसार हादसे में 14 मजदूरों की मौत हो गई है वहीं छ: को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि चार मजदूरों का इलाज चल रहा है. हादसे के बाद रोहदाश नाम के मजदूर के पिता ने कोल्ड स्टोर मालिकों अंकुर अग्रवाल एवं रोहित अग्रवाल के खिलाफ रुपयों के लालच में नया चैंबर बना कर आलू भंडारण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है.
हादसे के बाद से मालिक फरार थे, जिन्हें पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया है. जिला उद्यान अधिकारी भी निलंबित कर दिये गए हैं. घटना के तुरंत बाद प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी को सस्पेंड करने का कमिश्नर को आदेश दिया है.

