वैश्विक

UNESCO: जेल में बंद 3 ईरानी महिला पत्रकारों नीलोफर हमीदी,एलाहेह मोहम्मदी व नरगिस मोहम्मदी को मिला पुरस्कार

UNESCO  ने ‘सच्चाई और जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्धता के लिए’ दिये जाने वाले अपने प्रमुख पुरस्कार को जेल में बंद तीन ईरानी महिला पत्रकारों को दिये जाने की घोषणा की है. यह घोषणा प्रेस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर की गयी है.

पुरस्कार पाने वाली महिलाओं के नाम हैं- नीलोफर हमीदी, एलाहेह मोहम्मदी और नरगिस मोहम्मदी. नीलोफर ने एक खबर के जरिये 22 वर्षीय महसा अमीनी के बारे में लोगों को अवगत कराया था, जिनकी पिछले साल सितंबर में मृत्यु हो गयी थी. अमीनी को ठीक से हेडस्कार्फ न पहनने के लिए नैतिकता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. एलाहेह ने अमीनी के अंतिम संस्कार के बारे में लिखा था.

अमीनी की मौत ने ईरान के शहरों में महीनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत कर दी. 2009 के हरित आंदोलन के विरोध प्रदर्शनों के बाद से इस्लामिक गणराज्य को अमीनी की मौत के विरोध में प्रदर्शनों की भीषण चुनौती का सामना करना पड़ा जब कई लोग सड़कों पर उतर आये थे.

तीसरी विजेता नरगिस मोहम्मदी ने एक पत्रकार के रूप में कई वर्षों तक काम किया और ईरान की सबसे प्रमुख कार्यकर्ताओं में से एक हैं. संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन विश्व प्रेस स्वतंत्रता पुरस्कार के लिए गिलर्मो कैनो को चुना गया है, जो एक कोलम्बियाई पत्रकार थे. कैनो की 17 दिसंबर, 1986 को बोगोटा में उनके अखबार एल एस्पेक्टाडोर के कार्यालय के सामने हत्या कर दी गई थी.

UNESCO  विजेताओं का चयन करने वाली मीडिया पेशेवरों के अंतरराष्ट्रीय जूरी की अध्यक्ष जैनब साल्बी ने कहा कि तीन विजेताओं के बहादुर काम ने एक ऐतिहासिक महिला क्रांति का नेतृत्व किया. साल्बी ने कहा, उन्होंने खबर लिखने और सच्चाई बताने की अपनी प्रतिबद्धता के लिए भारी कीमत चुकाई.उन्होंने कहा, “और उसके लिए हम उनका सम्मान करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि जब तक वे सुरक्षित और मुक्त नहीं हो जातीं, तब तक दुनियाभर में उनकी आवाज़ें गूंजती रहेंगी.

अमीनी की मौत के महीनों बाद तक चली सुरक्षा बलों की कार्रवाई और पत्रकारों की गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई आलोचनाओं को जन्म दिया. यूनेस्कों के अनुसार, हमीदी और मोहम्मदी दोनों सितंबर से ईरान की एविन जेल में हैं और हमीदी एकांत कारावास में हैं.

नरगिस मोहम्मदी को अधिकारियों द्वारा बार-बार हिरासत में लिया गया और कैद किया गया. यूनेस्को ने कहा कि वह वर्तमान में एविन जेल में 16 साल कारावास की सजा काट रही हैं. नरगिस ने अपने काम के जरिए विदेशों में पहचान हासिल की. उनके कामों में ईरान में मृत्युदंड के खिलाफ लिखना भी शामिल है.

UNESCO ने 1997 से तीन मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान करना शुरू किया है. यूनेस्को के महानिदेशक ऑड्रे अजोले ने न्यूयॉर्क में एक समारोह में विजेताओं की घोषणा करते हुए कहा, अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी है कि उन सभी महिला पत्रकारों का समर्थन किया जाए जिन्हें अपना काम करने से रोका जाता है और जिन्हें खतरों और हमलों का सामना करना पड़ता है.

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21710 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 + 12 =