Varanasi News: मोबाइल और लैपटॉप से खुला राज, ATS की छापेमारी, PFI से जुड़े लोग Arrest
Varanasi News: एटीएस की 30 टीमों ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों से PFI के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इसमें वाराणसी के भी चार युवक शामिल हैं. इनके पास से संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं. एटीएस की टीम ने शनिवार की रात वाराणसी के 6 थाना क्षेत्रों में छापेमारी की, इस दौरान चार युवकों को शक के दायरे में हिरासत में रखा गया. फिर उनसे पूछताछ की गई. इसके बाद रविवार दोपहर में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
एटीएस की टीम शनिवार रात वाराणसी पहुंची. यहां स्थानीय पुलिस के साथ छह थाना क्षेत्रों में छापेमारी की. इसमें आदमपुरा, चौक, जैतपुरा, भेलुपर, सारनाथ, कोतवाली, थाना क्षेत्रों में कार्रवाई गई, जिसमें 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पांडेयपुर स्थित ATS दफ्तर में पूछताछ की गई. सूत्रों के अनुसार, रविवार दोपहर तक ATS ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया.
सूत्रों की मानें तो पकड़े गए आरोपियों में दो का नाम सामने आया है. इनके नाम परवेज अहमद और रईस अहमद हैं. इसके अलावा चारों आरोपियों के पास से मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद हुए हैं. ATS ने पूछताछ में मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली और लैपटॉप की भी जांच की. सूत्रों के अनुसार, चारों आरोपियों की संलिप्तता पीएफआई से मिली है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

