समाचार (Muzaffarnagar News)
नगर के मुख्य बाजार व गलियों में लगातार हो रही बारिश के कारण दिखा तालाब जैसा नजारा
नीचली बस्तियों में मकानों के अंदर भी घुसा पानी

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है वहीं शनिवार को भी श्रावण मास के मेघा ने चहुंओर पानी ही पानी कर दिया है। हालात ऐसे हुए हैं कि नगर की हृदय स्थली शिव चौक का इलाका स्विमिंग पूल जैसा प्रतीत होने लगा और बरसात के पानी ने गोल मार्केट समेत आसपास के कई अन्य बाजारों की दुकानों में अपना डेरा जमा लिया है। उधर श्रावण मास की कांवड़ यात्रा पर कांवड़ लेकर चल रहे शिवभक्त के कदम भी बारिश ने रोकने की कोशिश की है। लेकिन शिव की भक्ति में मग्न कांवड़िये अपनी राह पर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि बारिश ने उनकी राह में बाधा जरूर डाली है। वहीं बारिश के चलते नगर के अनेकों नीचली बस्तियों खालापार, किदवईनगर, रैदासपुरी, जनकपुरी, रामपुरी, साकेत कालेनी, एकता विहार, आदर्श कालोनी में पानी भर गया।
शनिवार को मुजफ्फरनगर के जिला मुख्यालय पर स्थित शिव चौक का पूरा इलाका झमाझम हो रही बारिश के चलते स्विमिंग पूल में तब्दील हो गया है। दूर तक नजरें दौड़ाते हुए हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। बरसात के पानी को जब गंदगी से अटे पड़े नालों के माध्यम से बहने का मौका नहीं मिल सका तो उन्होंने गोल मार्केट और शिव चौक के आसपास के बाजारों की दुकानों में अपना डेरा जमा लिया है । शहर के हालात ऐसे हो गये कि नगर के पाश इलाके के रूप में जाने जाने वाले सर्कुलर रोड की सड़क तक पानी से लबालब हो गई है। उधर हाईवे पर भी हालात कुछ कम भयावह नहीं है। गुप्ता रिसोर्ट, जड़ौदा नरा, मंसूरपुर, घासीपुरा एवं कई अन्य स्थानों पर जलभराव के हालात उत्पन्न हो गए हैं। शहर की कच्ची सड़क भी पानी में तब्दील हो गई है। उधर प्रकाश चौक का इलाका पूरी तरह से जलाशय बन गया। कचहरी परिसर में भी बरसात का पानी भर गया। शिव चौक समेत शहर के तमाम इलाकों में पानी भरने से लोग बेहाल रहे तथा घरों के अंदर कैद होकर रह गए । भरे हुए पानी के बीच इक्का-दुक्का कावड़िए ही बाहर निकलते नजर आए। कई जगह शिविरों में भी पानी अंदर घुस गया। कई नीचली बस्तियों खालापार, साकेत कालोनी, लद्दावाला, रैदासपुरी, रामलीला टिल्ला, जनकपुरी, रामपुरी, हण्डिया मौहल्ला, पुरानी घासमंडी आदि में तो नीचे पड रहे मकानों के अंदर भी पानी घुस गया जिससे मकान स्वामियों को जहां पानी निकालने में भारी मशक्कत का सामना करना पडा वहीं कई सामान पानी में तैरते नजर आये। हालात ऐसा लग रहा था जैसे यह घर नहीं बल्कि तालाब में सामान तैर रहा हो।
बारिश भी नहीं रोक पाई कांवडियों के कदम

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पिछले दो दिनों से लगातर हो रही बारिश के बाद शनिवार को भी लगातार बारिश का दौर जारी रहा। शनिवार के तो लगातार बारिश होने से नगर में जहां कई जगह जलभराव की सि्िति हो गयी वहीं तेज बारिश में भी कांवडिये शिवालयों की ओर बढते नजर आये। नगर मे झमाझम बारिश के बीच कांवड मार्ग शिवमय हो गया। भोले की जयकार के बीच हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर सैकडो शिवभक्त कांवडिये बडी तेजी के साथ अपने गंतव्य की और बढ रहे हैं। श्रावण माह मे चलने वाली उत्तर भारत की प्रसिद्ध कांवड यात्रा मे एक पखवाडे में करोडो शिवभक्त कांवडिये हरिद्वार से कांवड लेकर मुजफ्फरनगर होते हुए अपने गंतव्यो पर पहुंचते हैं। इन शिवभक्तों मे हरियाणा, पंजाब, राजस्थान आदि विभिन्न प्रान्तो के कांवडिये सम्मलित होते हैं। कांवड यात्रा के मददेनजर जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी एवं एसएसपी संजीव सुमन के निर्देशो के चलते जिला पुलिस प्रशासन द्वारा शिवभक्त कांवडियो की सुविधा हेतु चिकित्सा सेवा, उनके विश्राम, भोजन, जलपान आदि विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। एसएसपी संजीव सुमन के निर्देशन मे सुरक्षा के दृष्टिगत कांवड मार्ग सहित कांवड यात्रा के मददेनजर लगभग सभी स्थानो पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है। जो पूरी तन्मयता के साथ सेवाभाव से शिवभक्त कांवडियो की सेवा में तत्पर है। जिलाधिकारी के निर्देशो के चलते सीडीओ संदीप भागिया, एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति,एसडीएम सदर परमानन्द झा, सीओ सिटी आयुष विक्रम सिंह, शहर कोतवाल महावीर सिंह चौहान, इंस्पैक्टर सिविल लाइन बबलू सिंह, इंस्पैक्टर थाना नई मन्डी संतोष कुमार त्यागी आदि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कांवड यात्रा के दृष्टिगत क्षेत्र मे भ्रमणशील रहे।
अवस्थासन और सूर्य नमस्कार के साथ योग साधना शिविर का हुआ शुभारम्भ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। अवस्थासन और सूर्य नमस्कार के साथ योग साधना शिविर का शुभारंभ किया गया। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन जीने की एक ऐसी शैली है। जिससे तन और मन दोनों ताजा रहते हैं। नगर के गांधी कॉलोनी स्थित आईडीएम पब्लिक स्कूल पर ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ शिविर शुरू हुआ।
योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य के निर्देशन में एफिशिएंसी क्लास का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम संस्थान के जिला संगठन मंत्री डॉ. अमित कुमार ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना शुरू करवाई। इसके बाद भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने अस्वस्थासन, सूर्य नमस्कार आसन, गत्यात्मक पश्चिमोत्तानासन, धनुरासन, सिर्सासन और उत्थान पाद हस्तासन करने की सही विधि और उनके लाभ के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बताया कि यदि एक साधक अपनी साधना को मनोयोग से पूरी क्षमता से नियमित रूप से करता है तो उसको योगासन का अत्यधिक लाभ प्राप्त होता है। १ दिन की साधना को छोड़ने का मतलब है कि साधक ६ माह पीछे पहुंच जाता है। उसकी साधना में परिपक्वता नहीं आती। योग एक ऐसी अनोखी कला है जिसके नियमित रूप से करने से एक साधक का वजन, उसकी हाइट के हिसाब से स्थिर हो जाता है।
शरीर सुडोल, स्वस्थ और सुंदर बनता है। उन्होंने बताया कि कल दिनांक ९ जुलाई २०२३ को संस्थान के योग साधना केंद्र चौधरी चरण सिंह भवन गांधी कॉलोनी गली नंबर ११ में एफिशिएंसी क्लास का आयोजन प्रातः ५ः०० बजे से ७ः०० बजे तक किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रधान रामकुमार राठी, डॉक्टर वीर सिंह रोहल ,अनिल शर्मा ,नीरज गर्ग, बृजेश आचार्य, आर्य समाज शहर की मंत्री बहन मंजू त्यागी आदि साधकों ने भाग लिया।
महाविद्यालय में सम्पर्क से समर्थन अभियान का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। एस० डी० कॉलेज ऑफ कॉमर्स में केन्द्रीय सरकार के ९ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में ज्ज्सम्पर्क से समर्थनज्ज् अभियान का आयोजन किया गया जिसकी मुख्य अतिथि श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप चौयरमैन नगरपालिका रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप, श्रीमति रेणू गर्ग जिला कमिश्नर स्काउट गाईड, श्री नीरज अग्रवाल एस०डी० मैडिकल व श्री आलोक गुप्ता प्राचार्य एस०डी० कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा० नवनीत वर्मा व संकेत जैन तथा मंच का संचालन डा० विभूति शर्मा ने किया।
सर्वप्रथम महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया गया तत्पश्चात श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप द्वारा केन्द्र सरकार के ९ वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपब्धियों को विस्तारपूर्वक बताया गया तथा उनसे आम जन को होने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला साथ ही साथ सभी उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को यूसीसी (यूनिफॉर्म सिविल कोड) हेतु केन्द्र सरकार द्वारा दिये गये मोबाईल नं० पर मिस कॉल देकर अपना समर्थन देन के लिए प्रेरित किया।
तत्पश्चात श्रीमति रेणू गर्ग द्वारा इस जन सम्पर्क अभियान की जरूरत पर विस्तार से चर्चा की गई तथा केन्द्र सरकार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बारिश ने बढाया नदियों का जल स्तर, गंगा व सोलानी किनारों से बाहर

मोरना।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा व सोलानी का बहाव तेज हो गया है। जल स्तर बढ़ जाने से नदियों का पानी खेतों में भर गया है, जिससे फसलों के खराब हो जाने की आशंका व्याप्त हो गयी है। नदियों के बढ़ते जल स्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है।
मोरना ब्लॉक क्षेत्र में सोलानी व गंगा के खादर क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलों के खराब होने की आशंका पैदा हो गयी है। वहीं कान्हावाली बख्शीराम के जंगल में सोलानी नदी में उफान आने से पानी किनारों से बाहर फैल गया है। योगेन्द्रनगर निवासी ग्रामीणों ने बताया है कि कान्हावाली बख्शीराम के जंगल में हजारों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गयी है। मुख्य मार्ग पर पानी में डूब गया है। इसके अलावा गंगा नदी में बढ़ जल स्तर के कारण शुकतीर्थ, बिहारगढ़ आदि ग्राम के जंगल मे पानी फैल रहा है। शुकतीर्थ गंगा स्नान घाट पर गंगा में बढ़े जल स्तर से गन्ने की फसल पानी में डूब गयी है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को गहरे पानी में स्नान न करने की सलाह दी जा रही है। वहीं खादर में निचले स्थानों पर पानी आ जाने से खेतों पर रखवाली करने वाले किसानों ने अपने डेरों को उठा लिया है तथा वापस ऊपरी स्थानों का रुख किया है। सब्जी उगाने वाले किसानों ने बताया कि लगातार बारिश से सब्जियां खराब हो रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।
पुलिस ने शातिर ठगों को गिरफ्तार कर घटनाओं का किया खुलासा

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा चोरी व धोखाधडी के अभियोग का सफल अनावरण कर ०२ शातिर चोर/टप्पेबाज अभियुक्त गिरफ्तार किये। कब्जे से चोरी किए गए पीली व सफेद धातु के आभूषण व नगदी बरामद की। उक्त शातिर लोगों को उनकी समस्याओं के निराकरण के उपाय बताते हुए अपने जाल में फसाँकर व जालसाजी करके देते थे घटना को अंजाम। जनपद में शातिर चोर/लूटेरे अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के अर्न्तगत पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नई मण्डी हिमांशु गौरव एवं थाना प्रभारी नई मण्डी सन्तोष कुमार त्यागी के कुशल नेतृत्व में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा चोरी व धोखाधड़ी के अभियोग का सफल अनावरण करते हुए ०२ शातिर चोर/टप्पेबाज अभियुक्तगण को ए०टू०जेड० रोड टी पाईन्ट से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण के कब्जे से चोरी किए गए पीली व सफेद धातु के आभूषण व नगदी बरामद की गयी। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गयी। उल्लेखनीय है कि ०६ जुलाई को वादिया श्रीमती शशि रानी पत्नी राजकुमार निवासी शान्तिनगर भोपा रोड थाना नई मण्डी, मुजफ्फरनगर ने लिखित तहरीर देकर अवगत कराया कि अज्ञात अभियुक्तगण द्वारा वादिया के साथ धोखाधड़ी करके कीमती सामान चोरी करने की घटना कारित की गयी। वादिया द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना नई मण्डी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर घटना के सफल अनावरण तथा अभियुक्तगण की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गयी थी। इसके अतिरिक्त अभियुक्तगण द्वारा थानाक्षेत्र खतौली व बुढाना में भी इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। अभियुक्तगण लोगों को उनकी समस्याओँ के निराकरण के उपाय बताते थे तथा उन्हें अपनी बातों में फँसाकर जालसाजी करके आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। गिरफ्तार अभियुक्तगण फिरोज पुत्र नासिर खॉन निवासी कल्हेडी चुंगी निकट मदरसा थाना देवबन्द जनपद सहारनपुर, अमजद पुत्र नासिर खॉन निवासी अखवार फैक्टरी रोड रजिया मस्जिद थाना कटघर जिला मुरादाबाद। जिनके कब्जे से ०१ मंगलसूत्र, ०१ जोडी कुण्डल पीली धातु, ०१ आधार कार्ड, ०१ नोटबुक, ०१ रबर मुहर, ०१ बैग(थाना नई मण्डी पर पंजीकृत चोरी के अभियोग से सम्बन्धित), ०१ अंगूठी पीली धातू, ०१ माला सफेद धातू व ०१ हजार रुपये नकद(थाना खतौली पर पंजीकृत चोरी के अभियोग से सम्बन्धित से सम्बन्धित), ०१ जोड़ी कुण्डल व ०१ हजार रुपये(थाना बुढाना पर पंजीकृत चोरी के अभियोग से सम्बन्धित से सम्बन्धित) बरामद किया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र०नि० सन्तोष कुमार, उपनिरीक्षक धर्मराज, है. कां. सुशील कुमार, सोविंद्र, इरफान अली, तेजवीर सिंह, सुमित त्यागी, कां. मनेन्द्र राणा, कुलदीप, रोहित कुमार, कुलजदीप कुमार, सतेंद्र कुमार त्यागी थाना नई मण्डी शामिल रहे।
केंद्रीय मंत्री ने किया कांवड सेवा शिविरों का उद्घाटन
श्रद्धा के पथ पर शामिल होंगे मंत्री
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़िए शिव के जयघोष के साथ शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा में इस बार देश के सबसे बड़े मुद्दे समान नागरिक संहिता की गूंज भी सुनाई देगी। कानून को आमजन के बीच ले जाने और लागू होने की कामना के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान कांवड़ उठाएंगे। हरिद्वार से उनकी पैदल यात्रा ११ जुलाई को शुरू होगी और वह शिव चौक पर जलाभिषेक करेंगे।केंद्रीय राज्यमंत्री पहली बार कांवड़ ला रहे हैं। समर्थक श्रद्धालुओं के साथ वह गंगाजल लेकर पैदल चलेंगे और शिवरात्रि पर शहर के शिव चौक पर जलाभिषेक करेंगे। इस यात्रा में धर्म और सियासत का संगम भी देखने को मिलेगा। असल में ११ जुलाई को हरिद्वार से गंगाजल लेकर अधिकतर स्थानीय कांवड़िए चलेंगे, इनमें अधिकतर मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिलों के कांवड़िए शामिल होते हैँ। श्रद्धा के पथ पर इन कांवड़ियों के बीच केंद्रीय मंत्री भी कदमताल करते हुए नजर आएंगे।
समान नागरिक संहिता के मुद्दे का जिक्र होगा। कांवड़ियों के मन की बात भी टटोली जाएगी। बालियान की यात्रा के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं, जबकि उनका कहना है कि वह राष्ट्र के सभी नागरिकों की मंगलकामना के साथ कांवड़ लाएंगे।अगले साल लोकसभा चुनाव होने है। पिछले दिनों ही चरथावल की जनसभा से भाजपा ने चुनावी बिगुल बजाया है। ऐसे समय में बालियान की कांवड़ को भी चुनावी रणनीति से जोड़कर ही देखा जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने पानीपत-खटीमा हाईवे पर मुजफ्फरनगर से शामली के बीच विभिन्न कांवड़ शिविरों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कावंड़ियों से बातचीत की और यात्रा के विषय में जाना।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के बोबी त्यागी बने जिला उपाध्यक्ष
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजि की एक बैठक सहारनपुर रोड स्थित राज फिलिंग स्टेशन पैट्रोल पंप पर नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी की अध्यक्षता एवं विशाल जैन के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष व मंडल प्रभारी कृष्ण गोपाल मित्तल व प्रदेश मंत्री सरदार बलविंदर सिंह की संस्तुति पर दीपक त्यागी उर्फ बॉबी त्यागी को संगठन में जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया, नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण त्यागी व विशाल जैन द्वारा उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए संगठन में शामिल किया गया, इस दौरान गांव मलीरा स्थित राज फीलिंग स्टेशन के सामने कट को बंद करने पर रोष प्रकट किया गया। नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि मलीरा, बडकली सहित तीन गांव के किसान इसी फिलिंग स्टेशन से तेल लेते हैं तथा गन्ना दुलाई सहित अन्य कार्यों के लिए अपने वाहनों के आवागमन में इसी कट का इस्तमाल करते हैं जिससे उनको बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है व कट को बंद करने से पेट्रोल पंप भी बंद होने के कगार पर आ गया है नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी द्वारा जिलाधिकारी से इसको पुनः खुलवाने की मांग की गई। नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष बॉबी त्यागी (कोल) ने कहा कि वे संगठन के संविधान के अनुसार व्यापारियों के हितों की लड़ाई में पदाधिकारियों एवं व्यापारियों का पूर्ण सहयोग करेंगे बैठक में संयुक्त महामंत्री पवन वर्मा, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष तरुण मित्तल, तुषार जैन, जितेंद्र जैन, विजय कुच्छल, हरिओम शर्मा, अनिल मित्तल, कमल कांत शर्मा, राजेंद्र अरोड़ा, जयेंद्र प्रकाश, शिवकुमार सिंघल उपस्थित रहे ।।
शरारती तत्वों ने की मूर्ति खडितः समझाने पर दूसरी मूर्ति की स्थापने के आश्वासन पर मामला शांत

चरथावल।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। गांव कसौली में शरारती तत्वों ने बाबा कालूराम कश्यप की मूर्ति खंडित कर दी। लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उनमें रोष फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और लोगों को समझाया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। नई मूर्ति स्थापना की तैयारी की जा रही है। थाना चरथावल क्षेत्र के गांव कसौली में शरारती तत्वों ने मूर्ति खंडित करने की घटना को अंजाम दिया है। कसौली में स्थापित कश्यप समाज के श्रद्धेय बाबा कालूराम कश्यप की मूर्ति खंडित कर दी गई। मूर्ति खंडित किए जाने की जानकारी समाज के लोगों को हुई तो उनमें नाराजगी फैल गई।
थाना प्रभारी आईपीएस ऑफिसर अभिजीत कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने नई मूर्ति स्थापना का आश्वासन दिया। असामाजिक तत्व क्षेत्र की शांति को भंग करने में जुटे हैं। कुछ दिन पहले क्षेत्र के गांव मथुरा में गोगामहाड़ी पर एक चादर डाल दी गई थी।
जनपद में असामाजिक तत्व आस्था स्थलों को निशाना बनाते रहे हैं। चरथावल थाना क्षेत्र के बधाई खुर्द में गत वर्ष अप्रैल माह के दौरान जाहरवीर गोगा महाडी की प्रतिमा भी खंडित की गई थी। इसी गांव में गत वर्ष जुलाई माह के दौरान दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा को भी खंडित करने का प्रयास किया गया था। जबकि शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव वहलना में करीब २ वर्ष पूर्व शिरोमणि संत रविदास की प्रतिमा भी खंडित कर दी गई थी। पुलिस प्रशासन ने नई प्रतिमा प्रतिस्थापित करा कर श्रद्धालुओं को शांत किया था।
हादसे में पति-पत्नी की मौत, ३ घायल मची चीख-पुकार, छाया मातम

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद के खतौली क्षेत्र में खतौली-फलावदा मार्ग पर शनिवार सुबह एक हादसा हो गया। हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। बताया गया कि गांव गालिबपुर के निकट मोड़ के पास तेज बारिश होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिस कारण कार में सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव पमनावली निवासी सुरेंद्र शर्मा की पत्नी कुसुम की तबीयत खराब होने के कारण कार द्वारा परिजन उन्हें चिकित्सक के यहां लेकर जा रहे थे। जैसे ही खतौली फलावदा मार्ग पर गालीपुर के पास मोड़ के करीब पहुंचे, तभी तेज बारिश के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जाकर टकरा गई। वहीं, चीख-पुकार की आवाज पर राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सुरेंद्र व उसकी पत्नी कुसुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल नरेंद्र, गुड्डू और चंचल को उपचार के लिए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। उधर, सड़क दुर्घटना की सूचना पर ग्रामीण व परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एक ही परिवार में दो लोगों की मौत होने से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
वार्डवासियों की समस्या का कराया समाधान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। भारी बारिश होने से मौहल्ला लद्धावाला उत्तरी वार्ड नंबर ४८ की गली न० ४ मे पानी भरा हुआ था तभी किसी कारणवश पानी मे तेजी से करन्ट दौड गया जब इस बात के बारे में वार्ड वासियों ने अपने वार्ड ४८ के नवनिर्वाचित सभासद शौकत अन्सारी को जानकारी दी तो तत्काल ही समस्या का समाधान करने की मांग रखी सभासद शौकत अन्सारी तुरंत ही इस बडी घटना की जानकारी अपने क्षेत्र के बिजली घर मिमलाना रोड के जेई मांगेराम को दी और तुरंत ही सप्लाई बंद करा कर बारिश में ही बडी घटना से बचने के लिये चौक करा कर करंट की शिकायत को दूर किया गया। वार्ड वासियों ने सभासद शौकत अन्सारी के इस कार्य की सरहाना की।
हादसा, एक कांवड़िये की मौत, महिला घायल
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सिसौना गांव के पास दो आवारा सांड आपस में भिड़ रहे थे। पशुओं की चपेट में आने से गाजियाबाद के स्कूटी सवार कावड़िये की मौत हो गई। महिला घायल हुई है।
गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी २५ वर्षीय नीरज अपने परिवार की महिला के साथ स्कूटी पर गंगाजल लेकर हरिद्वार से लौट रहे थे। गांव सिसौना के पास हाईवे पर उत्पात मचा रहे दो पशुओं की चपेट में कावड़िये की स्कूटी आ गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है, महिला की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
गुड मंडी में भरा दुकानों में पानी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। एशिया की प्रसिद्ध गुड मंडी व्यापारियों की दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। बारिश का पानी यहां की सफाई व्यवस्था व मंडी प्रशासन की व्यवस्था के बारे में बताता है। कई बार अधिकारियों को बताने के बाद इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इससे व्यापारियों को परेशानी के साथ-साथ नुकसान झेलना पडता है मंडी प्रशासन जिला प्रशासन से निवेदन है कि इस जल भराव की समस्या से निजात दिलाया जाए। इसके लिए गांधीनगर की रोड पर जो नाला लोगों द्वारा सीमेंटेड सिलेक्ट स्लैब डालकर कवर कर रखा है वह नाला स्लेप हटा कर अच्छी तरह सफाई की जानी चाहिए है।
दुकानों में बारिश से भरा पानी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। तेज बारिश होने के कारण आदर्श कॉलोनी में दुकानदारों का हुआ बहुत बड़ा नुकसान -प्रातः काल से हो रही तेज बारिश के कारण मुजफ्फरनगर की अच्छी कॉलोनी के नाम से जाने जाने वाली आदर्श कॉलोनी में सड़कों पर भारी मात्रा में पानी भरने के कारण दुकानदारों की दुकानों में पानी भरने से काफी नुकसान हुआ। पानी की निकासी ना होने के कारण गलियों में पानी भर गया तथा दुकानदारों को पानी निकालने के लिए करनी पड़ी बड़ी मशक्कत। नालियों की सही तरीके से सफाई न होने के कारण भरा पानी।
भोकरहेड़ी में दो भैंस ले गये पशु चोर, बरामदगी की लगाई गुहार
पशु पालकों पर आई आफत, जहरखुरानी के बाद अब चोरों का आतंक
मोरना।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएँ लगातार जारी हैं। भोकरहेड़ी में लक्सर मार्ग से चोरों ने दो पशुओं को चुरा लिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देने के बाद तांत्रिक ओझा का सहारा लिया है। वहीं पशु चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में दहशत व्याप्त हो गयी है।
भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में मौहल्ला लोकूपुरा उत्तरी में बीते 27 जून को इन्द्रपाल वैरागी व राजू बंजारा की भैंस हाजीपुर में स्थित घेर में बन्धी हुई थी कि रात्रि में चोर भैंस को चुरा ले गये। पीड़ितों ने बताया कि दोनों भैंस की कीमत लगभग दो लाख रुपये है। ग्याभिन भैंस चोरी होने से पशुपालकों में हड़कम्प मच गया। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं भैंस की तलाश में जुटे ग्रामीणों ने तान्त्रिक ओझा की शरण ली है। तान्त्रिक ओझा द्वारा बताये गये नाम को लेकर चर्चाएं व्याप्त हैं। शुक्रताल चौकी इंचार्ज ललित कुमार ने बताया कि पुलिस जाँच में जुटी हुई है। पशु चोर को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
बारिश ने गिराया गरीब का आशियाना, मदद की लगाई गुहार
मोरना मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।- लगातार हो रही बारिश के कारण आमजन जीवन प्रभावित हुआ है। तेज बारिश के बीच कच्चे मकान की छत गिर गयी, जिससे परिवार के सदस्य हादसे की चपेट में आने से बच गये। मलबे में दबकर जरूरी सामान खराब हो गया। पीड़ित पक्का मकान बनवाने की गुहार प्रशासन से लगाई है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गाँव तेवड़ा निवासी रियाज पुत्र फारुख झोझा ने बताया कि शुक्रवार की शाम परिवार के सदस्य पत्नी फिरदौस, पुत्र अयान, रिहान व पुत्रियाँ आफरीन जहां, मदैया, महजबीं घर पर थे कि तभी घर मे तेज धमाके की आवाज से वह डर गये। कच्चे मकान की छत भर भराकर गिर गयी। अचानक मकान की छत गिर जाने से परिवार सहम गया। आनन फानन में मलबे के नीचे दबे सामान को बाहर निकाला गया। रियाज ने बताया कि छत के मलबे के नीचे कीमती सामान दब जाने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने पक्का मकान बनवाने की गुहार पुलिस से लगाई है।
छात्रा ने किया नाम रोशन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। वर्ल्ड विजन की छात्रा कामाख्या ने क्षेत्र का किया नाम रोशन।
विद्यालय की कक्षा पाँच की छात्रा कामाख्या ने जिलास्तरीय,राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सफलता प्राप्त की। हाल ही में कामाख्या ने तृभुवन विश्वविद्यालय काठमाण्डू नेपाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय म्यूजिक एंड डांस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में भाग लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया और देश व क्षेत्र का नाम रोशन किया।
आगे वह नवंबर,दिसंबर माह में श्रीलंका में आयोजित एशियन चौंपियनशिप नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ मृणालिनी अनंत,एकेडमिक कोऑर्डिनेटर मोनिका अग्रवाल व सभी शिक्षकों ने उसके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए ढेरों बधाईयाँ दीं।
एम.जी. पब्लिक स्कूल में पहुंचे मंत्री कपिल देव ने शिक्षकों से किया संवाद
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। सरकूलर रोड सिथत एम.जी. पब्लिक स्कूल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल से जनता को जोड़ने और भाजपा के मिशन २०२४ के लिए जनसमर्थन जुटाने को चलाये जा रहे सम्पर्क से समर्थन अभियान के तहत शनिवार को प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ संवाद किया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल शनिवार को सरकूलर रोड स्थित एम.जी. पब्लिक स्कूल पहुंचे। यहां पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमति मोनिका गर्ग ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बुके भेंटकर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव ने पीएम नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों वाली पुस्तिका भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों के जन जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा के द्वारा सम्पर्क से समर्थन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें वो आज यहां उनके बीच पहुंचे हैं। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नौ वर्ष में अभूतपूर्व विकास करने के साथ ही विश्व को नेतृत्व देने का काम किया है। आज केन्द्र में यदि भाजपा की सरकार है तो इसका सीधा मतलब है कि देश में संस्कृति और संस्कार का अभ्युदय हो रहा है। हर क्षेत्र में पीएम नरेन्द्र मोदी ने काम करके दिखाया है। कोरोना जैसी महामारी के संकट में हमारे देश ने दुनिया को वैक्सीन देने का काम किया है, तो देशवासियों को स्वास्थ्य का सुरक्षा चक्र प्रदान किया है। आज भारत विश्व में एक बड़ी शक्ति बन रहा है, दुनिया ने पीएम मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया है। उन्होंने शिक्षक, शिक्षिकाओं व स्टाफ के साथ सम्पर्क और संवाद कर मिस्ड कॉल लगवाकर सरकार की ९ वर्ष की उपलब्धियां साझा की एवं २०२४ के आगामी चुनाव में पीएम नरेन्द्र मोदी के समर्थन की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक कैप्टन प्रवीण, भाजपा नेता पदम तोमर, राधे वर्मा, कंवरपाल वर्मा आदि मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्या श्रीमति मोनिका गर्ग ने सभी का आभार जताया।


