अनहोनी की आशंका: जकार्ता से उड़ान भरने के बाद विमान लापता, 50 से ज्यादा हैं यात्री
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद एक यात्री विमान के लापता हो जाने की सूचना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विमान में 50 से अधिक लोग सवार थे। संपर्क टूटने के बाद विमान के लापता हो जाने से हादसे की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि श्रीविजया एयर बोइंग 737 से जकार्ता से वेस्ट कलिमनतन प्रांत के रास्ते में संपर्क टूट गया, जिसके बाद विमान लापता हो गया।
फ्लाइट ट्रैक करने वाली एक वेबसाइट के मुताबिक, ये विमान एक मिनट से भी कम समय में दस हजार फीट नीचे आया था। वहीं परिवहन मंत्रालय का कहना है कि विमान का पता लगाने के लिए राहत और बचाव दलों को सक्रिय किया गया है।
फ्लाइट ट्रैक करने वाली वेबसाइट फ्लाइट रेडार 24 के मुताबिक, यह विमान बोइंग 737-500 श्रृंखला का है। विमान ने शनिवार शाम जकार्ता के सोकार्नो-हट्टा हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के चार मिनट बाद ही विमान से संपर्क टूट गया।
संपर्क टूटने के दौरान इस विमान को रेडार पर 10 हजार फीट की ऊंचाई मात्र एक मिनट में खोते हुए देखा गया। ऐसे में अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
जकार्ता से उड़ान भरने वाला जो विमान लापता हुआ है, वह बोइंग कंपनी का 737 मैक्स सीरीज का बतााया जा रहा है। इस विमान की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
