स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन बोले- कोविड-19 के अंत की शुरुआत होने जा रही, भरोसा रखिए,भारत की जीत निश्चित है
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए कल यानी शनिवार से शुरू हो रहे देशव्यापी टीकाकरण अभियान से पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने शुक्रवार को कहा की यह कदम ‘‘संभवतया कोविड-19 के अंत की शुरुआत है।’’
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 146वें स्थापना दिवस के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि यद्यपि टीकाकरण अभियान शुरू होने वाला है लेकिन लोगों को संक्रमण से बचाव के तरीकों में ढिलाई नहीं देनी चाहिए और नियमों का पालन करते रहना चाहिए।
कोरोना पर प्रहार की तैयारी !@MoHFW_INDIA स्थित Dedicated #COVID19 Control Room का दौरा कर मैंने कोरोना टीकाकरण अभियान से जुड़ी तैयारियों का जायज़ा लिया
कल से दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान एक नई ऊर्जा के साथ भारत में शुरु होने जा रहा है
भरोसा रखिए,भारत की जीत निश्चित है ! pic.twitter.com/ygJP36bc9Y
— Dr Harsh Vardhan (@drharshvardhan) January 15, 2021
वर्धन ने कहा,‘‘ कल एक अहम दिन है….कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई का यह अंतिम चरण है। मैं तो कहता हूं कि यह संभवतया कोविड के अंत की शुरुआत है, जो कल से प्रारंभ होने जा रही है।’’
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। इसे विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान कहा जा रहा है, जो पूरे देश में शुरू होने जा रहा है और इसके इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।

