Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

Muzaffarnagar News- प्रतिभाशाली छात्र सम्मान समारोह हुआ आयोजित

मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानसठ रोड में विद्या भारती मेरठ प्रान्त के तत्वाधान में प्रतिभाशाली छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अलंकरण समारोह में यूपी बोर्ड तथा सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के विद्या भारती के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया।

अतिथियों द्वारा सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री डोमेश्वर शाहू, कार्यक्रम अध्यक्ष अरुण खण्डेलवाल, विशिष्ट अतिथि मनोज बाठला, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ललित महेश्वरी, प्रबंधक देवन्द्र कुमार गर्ग ने संयुक्त रूप से मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा ने आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया। प्रबंध समिति की ओर से सभी आगंतुक अतिथियों को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदानकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री डोमेश्वर शाहू ने वरीयता सूची में जगह बनाने वाले छात्र छात्राओं को शुभकामना प्रदान करते हुए कहा कि विद्या भारती सम्पूर्ण देश में शिक्षा के क्षेत्र में मार्गदर्शन करने का सर्वोत्तम कार्य करता है। विद्या भारती के विद्यार्थी पूरे देश में बोर्ड परीक्षा की प्रदेश स्तरीय वरीयता सूची में स्थान प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही सिविल सेवाओं में भी विद्या भारती के विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह विद्या भारती के विद्यालयों में प्रदान की जाने वाली संस्कारयुक्त एवं उत्कृष्ट शिक्षा का ही परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों से भविष्य में राष्ट्र भक्ति की भावना के साथ समाज के हित में कार्य करने की अपील की।

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी सफल छात्र छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा का कोई अंत नही होता है। प्रत्येक बच्चे में जीतने की ललक होती है। केवल परिश्रम के बल पर ही सफलता अर्जित की जा सकती है। विद्या भारती के विद्यालयों का परीक्षा परिणाम सदैव उत्कृष्ट रहता है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुसार बच्चों के अंदर विभिन्न कौशल विकसित करें तथा आत्मनिर्भर बनने का कार्य करें।

भारतीय शिक्षा समिति पश्चिम प्रान्त उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अरुण खण्डेलवाल ने बताया कि अलंकरण समारोह में सहारनपुर, मेरठ तथा मुरादाबाद मंडल के करीब १३ जिलों में संचालित करीब १०० से अधिक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के चयनित छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। जिसके तहत यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की वरीयता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले गुलाबबाड़ी मुरादाबाद की अनंशी यादव, दीपांशी, तनिष्का गुप्ता, नैतिक सिंह, पूजा तथा अफजलगढ़ बिजनौर के अरुण कुमार को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की वरीयता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले कंकरखेड़ा मेरठ के छात्र यशवर्धन देव त्यागी व श्रेयांश कुमार तथा गुलाबबाडी मुरादाबाद के छात्र मयंक शर्मा को सम्मानित किया गया।

इनके अतिरिक्त विद्या भारती मेरठ प्रान्त के करीब १३ जिलों में अपने अपने जिले की मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले हाईस्कूल के ४३ तथा इंटरमीडिएट के ३० छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय टॉप करने वाले १७ तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के १५ छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में संस्कृति ज्ञान परीक्षा के तहत आचार्य प्रज्ञा परीक्षा में ९० प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले ६ आचार्यों का अभिनंदन किया गया।

साथ ही विद्या भारती मेरठ प्रान्त द्वारा आयोजित सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में अपनी समिति की प्रान्त की मेरिट में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा पांच के ६ तथा कक्षा आठ के १० विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अपने विद्यालय के विद्यार्थियों की संस्कृति ज्ञान परीक्षा में अधिकतम सहभागिता के लिए १८ विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का भी अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष अरुण खण्डेलवाल ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहें। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए अथक परिश्रम करने वाले आचार्यों को भी धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम का संचालन संभाग निरीक्षक जगवीर शर्मा ने किया। प्रबंधक समिति अध्यक्ष ललित महेश्वरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्या भारती मेरठ प्रान्त के शैक्षिक प्रमुख महेश चंद्र शर्मा, जन शिक्षा समिति के अध्यक्ष चरणपाल सिंह तोमर, भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक विसोक कुमार, हेमराज सिंह, शिवकुमार शर्मा, कमल कुमार, उपेंद्र शर्मा, ड़ॉ नीरज शर्मा, प्रबंधक समिति के कोषाध्यक्ष अजय कुमार जैन, सदस्य अवधेश कुमार, सूरत सिंह वर्मा, विपुल भटनागर, अंकित संगल, नितीश एरन, अतुल अग्रवाल, नितिन तायल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र छात्राएं तथा अभिभावक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वन्देमातरम के साथ हुआ।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20649 posts and counting. See all posts by News-Desk

Avatar Of News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × 5 =