संक्रमण से बचाव के लिए विशेष रूप से सावधानी बरतनी आवश्यकः सीएमओ
मुजफ्फरनगर। सीएमओ डा. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि वर्तमान में महाराष्ट्र एवं केरल राज्य में कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आ रहे हैं।
विगत अनेक सप्ताह में उत्तर प्रदेश में कोविड-१९ के नवीन मामलों की संख्या काफी कम है। ऐसी स्थिति में कोरोना के नए मामलों को रोकने के लिए अधिक संक्रमण वाले प्रदेशों से आने वाले यात्रियों के उचित क्वारंटाइन और संक्रमण से बचाव के लिए विशेष रूप से सावधानी बरतनी आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि जनपद में महाराष्ट्र और केरल राज्य से आने वाले यात्रियों को दो हफ्ते तक होम आइसोलेशन में अनिवार्य रूप से रहना है तथा उन्हें किसी भी प्रकार के कोरोना से संबंधित लक्षण जैसे बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ आदि होने पर तुरंत ही सीएमओ कार्यालय अथवा निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना है।
कोविड-१९ की आरटी-पीसीआर जांच करानी है। यदि ऐसे यात्रियों की आरटीपीसीआर की जांच निगेटिव भी आती है तो भी कम से कम एक सप्ताह तक उन्हें होम आइसोलेशन में रहना है।
सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा ने नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला निगरानी समिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम निगरानी समितियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र में महाराष्ट्र और केरल से लौटने वाले यात्रियों की स्थिति तथा इन यात्रियों के द्वारा क्वारंटाइन में रहने के नियमों का अनुपालन किए जाने पर निगरानी रखें।
ऐसे किसी यात्री में कोरोना के लक्षण दिखने पर अथवा क्वारंटाइन के नियमों का अनुपालन न करने की स्थिति में तत्काल सीएमओ कार्यालय अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जनपदीय कंट्रोल रूम की दूरभाष संख्या ०१३१-२४४०९६६ पर सूचित करें।

