खतौली पुलिस ने बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। खतौली पुलिस ने कस्बे के सभी बैंकों में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने फोर्स के साथ बैंकों में सुरक्षा-व्यवस्था को परखा।
शाखा प्रबंधकों व सुरक्षाकर्मियों को ग्राहकों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों से ग्राहकों के फार्म न भरवाएं।
कैश काउंटर पर भीड़ न होने दें और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए। उन्होंने कहा संदिग्ध लोग दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दें। बैंक से अधिक धनराशि लेकर जाने वाले ग्राहकों के बारे में बताया जाए, जिससे उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जा सके।
बैंकों में अधिकारियों के मोबाइल नंबरों की सूची चस्पा करने को कहा है। कुछ युवकों के बैंक में दिखाई देने पर, उनसे बैंक में आने और ग्राहकों के फार्म भरने का कारण पूछा।
बैंक के बाहर खड़े बाइक सवारों की तलाशी ली गई। सीओ ने कहा कि बैंकों में आने वाले ग्राहकों के साथ कोई अप्रिय घटना न हो, इसको लेकर सतर्कता बरतने को निर्देशित किया गया।

