News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

एडीएम प्रशासन व एसपी सिटी ने ली जुलूस आयोजकों के साथ बैठक

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) व पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा थाना क्षेत्र कोतवाली नगर व खालापार में जुलूस आयोजकों के साथ मोहर्रम जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनपद में आगामी पर्व व त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने व सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर तथा ईओ नगरपालिका श्रीमती प्रज्ञा सिंह द्वारा मोहर्रम जुलूस आयोजकों के साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्ग पर बिजली के तारों की स्थिति, साफ-सफाई आदि का जायजा लिया गया तथा संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा आयोजकों से वार्ता कर शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई तथा गाइडलाइंस का पालन करने को कहा गया। ताजिये की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार रखने, सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने, नई परंपरा आरंभ न करने, एक-दूसरे की धार्मिक भावना का सम्मान करने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट न डालने तथा किसी भी अफवाह की पुष्टि उच्च अधिकारियों से करने की अपील की गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर श्री राजू कुमार साव, थाना प्रभारी कोतवाली नगर श्री उमेश रोरिया, थाना प्रभारी खालापार श्री महावीर सिंह चौहान सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

डीएम की कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ हुई बैठकMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। आगामी कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने जनपद के सभी कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में शिविर संचालकों ने कई अहम मुद्दे उठाए, जिनमें असामाजिक तत्वों, नशेडियों पर अंकुश के साथ ही असुरक्षा की आशंका प्रमुख रही। साथ ही साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट, बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी शिविर संचालकों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। एसएसपी संजय वर्मा ने भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर ठोस इंतजाम करने की बात कही। प्रशासन की ओर से कांवड़ शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग से परहेज, गैस सिलेंडर को खुला न छोड़ने, और पानी को बिजली के तारों के पास न रखने जैसे दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। बैठक में जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कांवड़ सेवा शिविर संचालकों की भागीदारी रही, जिससे यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। बैठक में डीएम उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय वर्मा के साथ-साथ एडीएम प्रशासन संजय कुमार, एडीएम फाइनेंस गजेंद्र सिंह, एसपी देहात आदित्य बंसल, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे, सीएमओ डॉ सुनील तेवतिया, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ नई मंडी रूपाली रॉय, सीओ सिटी राजू साव, सीओ सदर देवव्रत, सीओ भोपा डॉक्टर रविशंकर मिश्रा, सीओ फुगाना ऋषिका सिंह, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, सीओ खतौली रामाशीष यादव, सीओ जानसठ यतेन्द्र सिंह नागर, सीएफओ अनुराग सिंह, एसडीएम जानसठ जयेंद्र सिंह, एसडीएम खतौली राजकुमार भारती, जिला गन्ना अधिकारी राकेश सिंह, ईओ नगरपालिका प्रज्ञा सिंह भी मौजूद रहे।

ट्रैफिक विभाग और जिला पंचायत अधिकारियों व ठेकेदारों की ली बैठक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। डीएम उमेश मिश्रा द्वारा कांवड़ की तैयारियों को लेकर एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे व जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी व ट्रैफिक इंस्पेक्टर ईओ नगरपालिका प्रज्ञा सिंह के साथ ठेकेदारों के साथ भी बैरिकेडिंग, विद्युत पोल, स्वागत गेट सहित अन्य कई कांवड़ के कार्यों को लेकर बैठक की। डीएम उमेश मिश्रा ने सख्त लहजे में अधिकारियों को सही व गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के दिशा-निर्देश दिए। डीएम उमेश मिश्रा ने ठेकेदारों को भी सख्त लहजे में सही कार्य करने आदेश दिए और कहा कि कमियां मिली तो भुगतान रोक दिया जाएगा।

बैठक का हुआ आयोजनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। कांवड़ यात्रा 2025 के दृष्टिगत कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मदिरा दुकानों के अनुज्ञापियों के साथ समस्त आबकारी निरीक्षकों की उपस्थिति में बैठक आहूत की गयी। प्रमुख सचिव एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय, एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय, जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत आज दिनांक 04.07.2025 को कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मदिरा दुकानों के अनुज्ञापियों के साथ समस्त आबकारी निरीक्षकों की उपस्थिति में बैठक आहूत की गयी है। आहूत बैठक में अनुज्ञापियों को निम्नवत् निर्देश दिये गये हैं:

  1. आबकारी दुकानों यथा देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर की फुटकर दुकानों एवं मॉडल शॉप दुकानों को दिनांक 09.07.2025 तक प्रत्येक दशा में तिरपाल/पर्दों से ढकवाया जाना सुनिश्चित करें।

  2. देशी शराब एवं मॉडल शॉप दुकानों पर संचालित कैन्टीन को दिनांक 10.07.2025 से कांवड़ समाप्ति तक पूर्णतः बन्द रखा जाना सुनिश्चित करें।

  3. मदिरा दुकानों पर लगे हुए सी.सी.टी.वी. कैमरे प्रत्येक दशा में क्रियाशील रहने चाहिए एवं दुकानों के आस-पास सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये।

  4. मदिरा दुकानों पर विशेष रूप से रेट लिस्ट, टोल फ्री नम्बर 14405 एवं व्हाट्सएप नं. 9454466019 स्पष्ट व पठनीय रूप प्रदर्शित किया जाना सुनिश्चित करें।

  5. कांवड़ मार्ग पर मदिरा दुकानों को सांकेतिक करते हुए समस्त साईन बोर्ड भी ढकवाया जाना सुनिश्चित करें।

  6. दुकानों पर भीड़ इकठ्ठा न हो और न ही कोई भी व्यक्ति दुकान के आस-पास खड़ा होकर शराब पीने पाये।

  7. अनुज्ञापीगण स्वतः भी संज्ञान लें कि उनकी दुकान से कांवड़ यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

मुठभेड़ में शातिर घायलMuzaffarnagar News
रामराज।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच जमालपुर गंग नहर पटरी पर मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया। घटना देर रात की है, जब रामराज थाने के एसआई देवकीनंदन अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश नहर पटरी पर वारदात की योजना बना रहा है। पुलिस ने जब बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी। बदमाश की बाइक फिसलकर गिर गई और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश ने अपना नाम प्रताप पुत्र नरेश निवासी हुसैनपुर बताया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा (12 बोर), एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया। बदमाश को इलाज के लिए जानसठ अस्पताल भेजा गया। सीओ जानसठ यतेन्द्र नागर ने बताया कि यह बदमाश एक दिन पहले गांव बहादुरपुर के भूपेन्द्र पर फायरिंग कर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर चुका था। बदमाश के खिलाफ विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं।

अमित वत्स के आवास पहुंचकर मंत्री कपिलदेव ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात की ली जानकारी
मुजफ्फरनगर। नगर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार सुबह द्वारिका सिटी स्थित उस आवास का दौरा किया, जहां गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना घटी थी। मंत्री ने पीड़ित अमित वत्स के परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंचकर मंत्री कपिल देव ने जांच अधिकारियों को बुलाया और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराध और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने भी घटना को लेकर चिंता व्यक्त की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की।

पालिका चेयरमैन ने देश के पहले राष्ट्रीय निकाय अध्यक्ष सम्मेलन में किया प्रतिभाग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। नगरपालिका परिषद् मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर के आईसीएटी सेंटर में आयोजित देश के प्रथम शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता की। यह सम्मेलन केंद्र सरकार द्वारा नगर विकास और नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें देशभर के प्रमुख नगरीय निकायों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि लोकसभा और हरियाणा विधानसभा के समन्वय में 3 व 4 जुलाई को गुरूग्राम में देश के प्रमुख निकायों के अध्यक्षों का यह राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देना, नवाचारों से अवगत कराना और जनसेवा की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना रहा। मीनाक्षी स्वरूप ने इस मंच को लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने और नगर विकास के नए आयाम तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में नगर निकायों की भूमिका पर विचार-विमर्श करते हुए इस संकल्प की पूर्ति में योगदान के लिए प्रेरित किया गया। देश के इस पहले निकाय अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेकर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने इसे एक गर्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि इससे मिले अनुभवों को अब मुजफ्फरनगर शहर के विकास में लागू करने की दिशा में वे गंभीरता से कार्य करेंगी। पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने जानकारी दी कि सम्मेलन में संवाद और विचार-विमर्श के दौरान कई सकारात्मक प्रक्रियाएं और नवाचार सामने आए, जिन्हें अपने नगर क्षेत्र में लागू करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय जनता से सीधे सरोकार रखने वाली इकाई है और इसकी जिम्मेदारी सबसे बड़ी है। नागरिक सेवा और नागरिक संपर्क ही हमारे कार्य का मूल आधार होना चाहिए। हमने पहले ही दिन से इस पर अमल करने का प्रयास किया है, जनता के बीच रहकर हमने समस्याओं को समझा और फिर कार्ययोजनाओं के साथ उनके निस्तारण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण तथा शहरी निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल समेत कई प्रमुख वक्ताओं ने भाग लिया। इन वरिष्ठ नेताओं के प्रेरणादायक विचारों से नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों को जनहित में बेहतर कार्य करने के लिए एक नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त हुई। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि इस सम्मेलन में प्राप्त हुए अनुभव के आधार पर वे शहरी विकास के लिए सभासदों और पालिका अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एक कार्ययोजना बनाकर पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन को सुनिश्चित करेंगी। नगर को सुंदर, स्वच्छ और हरित बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन जनसेवा के प्रति संकल्प को और सुदृढ़ करते हैं तथा जनता के प्रति कार्यप्रणाली को और बेहतर करने के लिए नई प्रेरणा देते हैं। कहा कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रमुख लोगों के प्रेरणादायक विचार सुनने के अवसर के साथ ही नगरीय निकाय में जनहितों को लेकर बेहतर कार्य करने के विषय पर सारगर्भित संवाद एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। यहां पर बहुत कुछ सीखा और इस अनुभव को हम जल्द ही एक कार्ययोजना बनाकर शहर के हित और नागरिकों को बेहतर सुविधा एवं सेवा प्रदान करने के लिए करने का काम करेंगे। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रमुख उद्यमी गौरव स्वरूप भी उनके साथ रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर
मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉक्टर सुनील तेवतिया ने स्वास्थ्य अधिकारियों, डॉक्टरों की टीम के साथ एक बैठक ली। बैठक में कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक अबकी दफा कांवड़ यात्रा में 4 दर्जन स्वास्थ्य विभाग के कावंड़ियों चिकित्सा सुविधा देने के लिए शिविर लगेंगे। मोटरसाइकल पर भी स्वास्थ्य शिविर कैंप कावंड़ियों की भीड़ में कावंड़ियों को चिकित्सा सुविधा देगा। सीएमओ डॉक्टर सुनील तेवतिया ने दिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को कड़े दिशा-निर्देश, कावंड़ियों को नहीं होनी चाहिए कोई भी परेशानी। बरसात को देखते हुए संचारी रोगों की रोकथाम के लिए भी कावंड़ियों को विशेष चिकित्सा सुविधा दि जाएगी।

पटका पहनाकर किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। भाजपा नेता श्रीमोहन तायल ने हनुमान चौक स्थित अपने कैंप कार्यालय निकट मोहन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मोहन मेडिकल स्टोर पर भारतीय जनता पार्टी हनुमत मंडल की नवनियुक्त श्रेष्ठ कार्यकारिणी को पटका पहनाकर सम्मानित किया एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक आदरणीय डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के एक निशान, एक प्रधान और एक संविधान एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय विचार को चरितार्थ करने वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी होने पर गर्व की अनुभूति होती है। इस प्रकार सभी ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं जनता का कल्याण करने का आवाहन किया।

धरने पर ग्रामीणों के बीच पहुंचे सांसद हरेंद्र मलिकMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक शुक्रवार को ग्राम चांदपुर-मखियाली में निर्माणाधीन वेस्ट मेडिकल मैनेजमेंट प्लांट के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीणों के बीच पहुंचे। वहां उपस्थित सभी लोगों से मुलाकात की और समस्या को जाना। बता दें कि करीब आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण इस प्लांट के विरोध में करीब एक माह से फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठे हैं और इस प्लांट को बंद कराये जाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले इस जगह पर आइस फैक्ट्री के नाम का बोर्ड लगाया गया था। लेकिन 25 जून को, जब भाजपा लोकतंत्र हत्या दिवस मना रही थी, उसी दिन फैक्ट्री मालिक ने बोर्ड बदलकर मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का नाम लगा दिया। यह देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और धरना शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने सांसद हरेंद्र मलिक को बताया कि चांदपुर के आसपास के मखियाली, पंचेंडा, जट मुझेड़ा और तिगरी सहित लगभग 8-10 गांवों में पहले से ही करीब 20 फैक्ट्रियां हैं, जिनसे जल और वायु प्रदूषण हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अब मेडिकल वेस्ट प्लांट बनने से बदबू और बीमारियों का खतरा और बढ़ जाएगा। धरना दे रहे ग्रामीणों ने बताया कि अब तक कई नेता और अधिकारी मौके पर आए, लेकिन सिर्फ आश्वासन देकर चले गए। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण में शिकायत की गई थी, जिसके बाद कुछ अधिकारी जांच को पहुंचे भी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि ग्रामीणों के जीवन से बड़ा कोई भी मामला नहीं है, यदि यह प्लांट प्रदूषण को बढ़ावा देगा तो जीवन संकट में आयेगा। ग्रामीणों की बात को हम सरकार तक पहुंचाने का काम करेंगे और जिला प्रशासन को भी इस प्रकरण में ग्रामीणों की बात को सुनना चाहिए। समाधान का रास्ता निकालना होगा। हम ग्रामीणों के साथ खड़े हैं और इस लड़ाई में पूरा साथ निभाया जायेगा।

 

कांवड़िये शिवालयों की ओर बढ़ने शुरूMuzaffarnagar News Kawad
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचने वाले शिवभक्त कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। शिवभक्तों के आगमन से शहर का माहौल धर्ममय बन गया है।
श्रावण माह में चलने वाली उत्तर भारत की प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा का मुख्य केन्द्र बिन्दु मुजफ्फरनगर है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों में जाने वाले करोड़ों शिवभक्त कांवड़िये शहर की हृदय स्थली शिवचौक स्थित शिवमूर्ति की परिक्रमा कर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। कांवड़ यात्रा वास्तव में एक बहुत बड़ा आयोजन है। कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होने वाले शिवभक्तों के स्वागत-सत्कार के लिए जिला पुलिस प्रशासन, पालिका प्रशासन एवं जिला पंचायत के अलावा विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं द्वारा सहयोग प्रदान किया जाता है। शहर में शिवभक्तों के शिव चौक एवं रूडकी रोड पर अच्छी-खासी रौनक हो गई है।

 

कांवड़ यात्रा को लेकर हुई बैठक
बुढाना। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जनपदभर में कांवड़ यात्रा की सकुशलता के लिए आला अधिकारियों के निर्देशन में कार्ययोजना बनाई जा रही है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय वर्मा के निर्देशों के अनुपालन में उत्तर भारत की प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ यात्रा सम्बन्धी तैयारियों में जुटे हैं। इसी संदर्भ में एसडीएम मोनालिसा जौहरी एवं सीओ गजेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के थाना शाहपुर व बुढाना में कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ आयोजित बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कांवड़ सेवा शिविर के लिए क्या नियम/शर्ते रखी गई हैं। कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्तों के ठहरने, भोजन व नाश्ता तथा चिकित्सा सुविधा आदि विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।

 

रूट 12 से होगा डायवर्ट
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने वाहनों के लिए यात्रा मार्ग निर्देशित किये हैं। 12 जुलाई से 23 जुलाई तक कांवड़ यात्रा नहर पटरी मार्ग पर भारी वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। 12 जुलाई से 24 जुलाई तक आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर मुजफ्फरनगर से गंगा बैराज, बिजनौर मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। आगामी 16 जुलाई की रात 12 बजे से सभी वाहनों के लिए हाईवे पर प्रतिबन्ध रहेगा। दिल्ली-बुलन्दशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर से सहारनपुर, मेरठ, रामराज, मीरापुर, जानसठ, सिखेड़ा, जानसठ बाईपास, बिलासपुर कट, भोपा बाईपास, पचैंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना से होते हुए देवबन्द आते-जाते हुए इसी मार्ग का प्रयोग करेंगे। बिजनौर से मुजफ्फरनगर-सहारनपुर जाने वाले मध्यम वाहन गंगा बैराज से मीरापुर, जानसठ बाईपास, पचैंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना-देवबन्द से होते हुए सहारनपुर जायेंगे और इसी मार्ग से वापिस आयेंगे। मुजफ्फरनगर से मेरठ जाने वाले हल्के वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड, पचैंडा रोड से होते हुए जानसठ बाईपास से सिखेड़ा, जानसठ, मीरापुर, मवाना जायेंगे। आवश्यक वस्तुओं के वाहन एनएच-58 की दाहिनी पटरी पर चलते रहेंगे। मुजफ्फरनगर से सहारनपुर जाने वाले वाहन रामपुर तिराहा से रोहाना, देवबन्द, गागलहेड़ी, छुटमलपुर, भगवानपुर से होते हुए देहरादून जायेंगे। 12 जुलाई की रात्रि से एनएच 58 पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। मुजफ्फरनगर से खतौली जाने वाले वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड, पचैंडा रोड से होते हुए जानसठ बाईपास से सिखेड़ा-जानसठ होते हुए खतौली जायेंगे।

 

चार सिपाहियों को किया सस्पेंड
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)जिले में पुलिस महकमे में अनुशासन बनाए रखने को लेकर सख्त माने जाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्मा ने शुक्रवार को चार पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की। रतनपुरी थाना में तैनात तीन सिपाहियों और सीओ भोपा कार्यालय में कार्यरत एक सिपाही को अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिली शिकायतों और प्रारंभिक जांच में ये तथ्य सामने आए कि वे विभागीय आचरण का उल्लंघन कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने बिना देरी के कार्रवाई करते हुए सभी चारों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसएसपी संजय वर्मा ने कहा, “पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च है। यदि कोई भी पुलिसकर्मी विभाग की साख को ठेस पहुंचाता है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।” यह कदम जिले के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी एक चेतावनीपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि कर्तव्य से चूक और अनुशासनहीनता को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

कच्ची सड़क पर गड्ढों की भरमार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)योगी सरकार के कांवड़ यात्रा से पूर्व गड्ढा मुक्त अभियान को जिला प्रशासन व पालिका प्रशासन पूरी तरह पलीता लगा रहे हैं। कांवड़ियों के मुख्य मार्ग की हालत बद से बदतर हो गई है। शहर की कच्ची सड़क का भी बुरा हाल है। कांवड़ यात्रा से पूर्व जिला प्रशासन एवं नगरपालिका ने दावा किया था कि सड़कों को पूर्णतः दुरुस्त करा दिया जायेगा। लेकिन उनके दावों की पोल कच्ची सड़क पर जगह-जगह हो रहे गड्ढे खोल रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त मार्ग से भारी संख्या में कांवड़िये निकलते हैं। जिसके चलते यह मार्ग समय से दुरुस्त कराने की जरूरत है। कच्ची सड़क पर गाजावाली पुलिया की हालत बद से बदतर हो रही है। प्रशासन बैठक कर अपनी पीठ थपथपा रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग की हालत इतनी खस्ता हाल है तो नगर क्षेत्र की अन्य सड़कों का क्या हाल होगा। नागरिकों ने कहा है कि प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए तथा टूटी-फूटी सड़कों को ठीक कराना चाहिए। ताकि आम आदमी व कांवड़िये इस मार्ग पर आराम से चल सकें।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21176 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × 4 =