समाचार (Muzaffarnagar News)
पीएम व श्रम मंत्री के नाम ईपीएस 95 पेशनर्स ने सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।सोमवार को ईपीएस 95 की राष्ट्रीय संस्थाि नेशनल एजिटेशन कमैटी की मुजफ्फरनगर शाखा ने मिनिमम पेंशन 1000 से बढाकर 7500 रूपये तथा डीए और दो बुजुर्गो की निशुल्क चिकित्सा सुविधा की मंाग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्रम मंत्री मनसुख मंाडविया के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि ईपीएसओ से मिलने वाली मिनिमम पेंशन 1000 रूपये से बढाकर 7500 रूपये की जाए और डीए से जोडा जाए। इसके अलावा पेंशनर्स और उनकी पत्नि को निशुल्क चिकित्सा सुविधा दी जाए। इस मौके पर एनएसी मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष रोहिताश सिंह वर्मा, महामंत्री ओ.पी.पाल, चंद्रपाल सिंह, जसबीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, राजपाल सिंह, दुर्वेश कुमार, राकेश कुमार, धनपाल सिंह, समय सिंह, वीरेन्द्र सिह आदि मौजूद रहे।
जागरूकता ही बचावः सीएमओ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जनपद के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा उ0प्र0 राज्य एड्स नियत्रण सोसायटी के निर्देशानुसार आज एस0डी0 कालेज, भोपा रोड एनसीसी/एनएसएस के युवाओं द्वारा विश्व एडस दिवस परेड का आयेाजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ संयुक्त रूप से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुनील तेवतिया, एवं प्राचार्य श्री सुधीर द्वारा किया गया। इसके उपरान्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, ए0आर0टी0 प्रभारी एवं एस0डी0 काॅलेज के एनसीसी/एनएसस विंग के इंचार्ज तथा अन्य अध्यापकगणों द्वारा विश्व एड्स दिवस के परेड कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस वर्श की थीम ‘‘बाधाएं होंगी दरकिनार- एचआईवी और एड्स पर होगा सशक्त प्रहार’’ है, पर जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुनील तेवतिया ने अपने सम्बोधन में कहा कि एड्स जैसी बीमारियों का सामना करने के लिए हमें अपने आपको जागरूक और अपनी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना चाहिए और एड्स से सम्बन्धित समाज में व्यापत कुरीतियों का खंडन किया।
जिला क्षय रोग अधिकारी (कार्यवाहक) डा0 विक्रान्त ने बताया कि हम किसी व्यक्ति को देखकर नही बता सकते कि वह एचआईवी से ग्रस्त है अथवा नहीं। व्यक्ति स्वयं भी इसके बारे में जाने बिना वर्शाे जिंदा रह सकता है। एचआईवी से ग्रस्त व्यक्ति एकदम भला- चंगा और स्वस्थ महसूस कर सकता है तथा अनजाने में असुरक्षित संभोग के माध्यम से अन्य पुरूश/महिलाओ में संक्रमण फैला सकता है इसलिए यह अति आवश्यक है कि व्यक्ति अपनी एचआईवी स्थिति को जानें। इससे जानने का एकमात्र तरीका है – जिला चिकित्सालय और आइसीटीसी केन्द्र खतौली, जानसठ एवं बुढाना में परामर्श एवं परीक्षण केन्द्र (आईसीटीसी) पर रक्त की निःशुल्क जाॅच करा सकता है। काॅलेज प्राचार्य श्री सुधीर द्वारा सभी आगुन्तको का आभार वक्त करते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि एड्स जैसी बीमारियों से दूर रहने के लिए संयमित जीवन शैली व जागरूकता ही बचाव का कार्य करती है। कालेज में आयोजित विश्व एड्स दिवस परेड में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही टी0आई0 एन0जी0ओ0 की तरफ से लगभग 100 प्रतिभागियों को बाॅल पैन वितरित किया गया। एएनएमटीसी कूकडा पर ट्रेनिंग ले रहे प्रतिभागियों द्वारा नुक्कड नाटक, रैली का आयोजन श्रीमती सरिता पीएचएन के निर्देशन में श्रीमती सोनी, श्रीमती मोनिका, श्री मोहित एवं सभी एएनएम ट्रेनिंग बैच की छात्राओं द्वारा एचआईवी एड्स के प्रति लोगों का संवेदीकरण किया गया, रैली का समापन जिला चिकित्सालय में हुआ। ब्लाॅक स्तर पर आईसीटीसी केन्द्र खतौली से डा0 एन0के0 सिंह चिकित्साधिकारी एवं श्रीमती शैली शर्मा काउंसलर द्वारा जनता कन्या इन्टर कालेज, खतौली में सभी छात्राओं को एड्स विशय पर विस्तृत जानकारी देते हुये जागरूक किया गया और सभी को समाज में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु सन्देश देते हुये सभी से अपना निःशुल्क जांच कराने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग से डा0 गीताजंली वर्मा, एनटीईपी स्टाफ सहबान, विप्रा, अभिशेक, एवं संजीव शर्मा, टीआई एनजीओ से ज्योत्सना, सुमित, इति, आशीश, चंचल व एसडी काॅलेज के सभी पदाधिकारीगण व प्रवक्ता आदि का सहयोग प्राप्त हुआ।
दो नशे के सौदागर गिरफ्तार
चरथावल। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया द्वारा लगातार नशे के सौदागरों पर अभियान चलाया हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस को मिली सफलता। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में हिंडन चैकी प्रभारी गोविंद चैधरी ने उप निरीक्षक निक्की मोहर, सिपाही दीपक कुमार के साथ मिलकर चैकिंग के दौरान दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा पकड़े गये मादक पदार्थ तस्करों के कब्ज़े से 3 किलो 422 ग्राम गांजा एवं एक बाइक भी बरामद की। पकड़े गये तस्करों की पहचान अकबर पुत्र शमीम, इसाक पुत्र शहीद निवासी ग्राम बेगिनाज़र थाना गंगोह ज़िला सहारनपुर के रूप में हुई है। चरथावल पुलिस का नशा सौदागरों के विरुद्ध पकड़ धकड़ अभियान जारी। लगातार एक के बाद एक नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया द्वारा तस्करों से गहन पूछताछ करने पर बताया हम हरियाणा में गांजा तैयार कर कई जनपदों में सप्लाई करने का काम करते है।
वुडन वर्कशॉप में आग से हड़कम्प
मोरना। क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी मे लकड़ी की वर्क शॉप मे अल सुबह आग लग गयी आग की तेज लपटों को उठता देख आस पास के लोगो ने वर्क शॉप के मालिक को सूचना दी।घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वर्क शॉप के मालिक ने आग से का लाखों का नुकसान बताते हुए प्रशासन से मदद की मांग की है। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मोमीन मलिक ने बताया की मोहल्ले के मुख्यमार्ग पर उसकी लकड़ी की वर्क शॉप है। सोमवार की अलसुबह मोहल्ले के ही अमित पाल ने उन्हें वर्क शॉप मे आग लगने की सूचना दी जिसके बाद वह मौक़े पर पहुंचा तथा ग्रामीणों की सहायता से आग को बुझाया घंटे की कड़ी में मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मोमीन मलिक ने बताया आग लगने से वर्क शॉप मे रखी साल की लकड़ी के 30 लठ्ठे,बकेंन की लकड़ी के सेंकड़ो तख्ते, चैखट, विंडो सहित फर्नीचर्स व ईमारती लकड़ी जिसकी कीमती लाखों रूपये की है जलकर राख हो गयी।वूडन वर्कशॉप के मालिक मोमिन मलिक ने बताया की वर्क शॉप मे आग सम्भवतः बराबर मे पड़े कूड़े के ढ़ेर से लगी है। वहीं मोहल्ले के वरिष्ठ नागरिक डॉ. अख्तर मलिक ने बताया बस्ती मे लगे कूड़े के ढ़ेरो मे आग लगी रहती है। कूड़े के ढेर तुरंत हटने चाहिए नगर पंचायत इसकी सुध ले।
आसपा में जल्द शामिल होंगे कई नामचीन चेहरे: मेजर जोगेंद्र सिंह
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।आजाद समाज पार्टी कांशीराम के मंडल कोऑर्डिनेटर मेजर जोगिंद्र सिंह रामराज ने रैली की सफलता का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इस रैली में जिला प्रशासन और शासन से उनकी पार्टी को सहयोग नहीं मिला। जिसके कारण उनके कार्यकर्ता लगभग 10 किलोमीटर तक पैदल चलकर रैली स्थल पर पहुंचे। रुड़की रोड पर एक रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेजर जोगेंद्र सिंह ने कहा कि आगामी चुनाव के लिए उनका संगठन बहुत फेरबदल करने जा रहा है। रोहिणी घावरी के बारे में उन्होंने कहा कि फिलहाल पासपोर्ट की तकनीकी गड़बडी़ के कारण उनका आना संभव नहीं है और बहन मायावती की कार्यप्रणाली में हो रही खामी का फायदा हमारी पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी में आगामी कुछ समय में नामचीन चेहरे लोगों को नजर आएंगे। उन्होंने स्वीकार किया की पार्टी में राजनीति के चलते हुए अदला-बदली बराबर चलती रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दिनों राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में हुई रैली में सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के लोगों ने भागीदारी की। उन्होंने इस बात को भी स्वीकार किया कि इस रैली में जहां बाहर से अपेक्षित भीड़ एकत्र हुई वहीं पर शहर वालों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता मास्टर हिदायतुल्ला खान, महानगर अध्यक्ष मेहराज जहां, काजी शिवली, बबलू चैधरी, कुलदीप चैधरी, दीपक राणा, कमल गौतम, जेडी बोकाडिया, रजत निठारिया, हिमांशु, राजपाल, नरेंद्र आदि लोग मौजूद रहे।
चेकिंग अभियान से मचा हड़कम्प
जानसठ। रामराज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बैंकों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान रामराज उर्फ समाना स्थित विभिन्न बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से चलाया गया था। रामराज थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में एसआई कंची सिंह ने इस चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया। इसका मुख्य उद्देश्य बैंक परिसर और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। एसआई कंची सिंह ने रामराज उर्फ समाना में स्थित इलाहाबाद बैंक, एसबीआई बैंक और एटीएम पर विशेष रूप से जांच की। इस दौरान उन्होंने बैंक में तैनात पुलिसकर्मियों के ड्यूटी रजिस्टर, अलार्म सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान, बैंक के आसपास बिना किसी ठोस कारण के घूम रहे संदिग्ध लोगों को फटकार लगाई गई और उनकी तलाशी भी ली गई। सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और उनकी कार्यशील स्थिति की भी जांच की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
गाॅड ब्लेस एकेडमी स्कूल में हुई प्रतियोगिता
मुजफ्फरनगर। जनसठ रोड स्थित गॉड ब्लेस अकैडमी मे गीता जयंती समारोह के अवसर पर बाल कृष्ण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित बाल संस्कार शाला मे गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी मोतीलाल शर्मा श्री कृष्णा जिओ गीता परिवार के अतुल गर्ग सभासद सुंदरलाल आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया इस अवसर पर एकाडमी की संचालिका दीपाली कौशिक व अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभागी बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिल त्यागी, रश्मि त्यागी, अक्षी त्यागी, शुभम वत्स, सरिता पाल, सरिता सत्पुरिया, सोनम, प्रतीक्षा मित्तल, आंचल आदि का विशेष सहयोग रहा
शोकसभा कर दी आम आदमी पार्टी ने श्रद्धाजंलि
खतौली। आम आदमी पार्टी की एक शोक सभा मोहल्ला शिवपुरी खतौली में हुई। शोक सभा में चुनाव आयोग के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के काम के दबाव में मृत्यु का शिकार हुए बूथ लेवल अधिकारियों(ठस्व्) को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा में अरविन्द बालियान, कुलदीप तोमर, उदयवीर उपाध्याय, पंकज कुमार गोरियां, वरुण शर्मा, सचिन कुमार लोधा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष अरविन्द बालियान ने कहा कि एस आई आर के बहाने बीजेपी की नियत सही नहीं लग रही है। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर ने कहा कि सरकार की नियत यदि सही है तो एस आई आर के कार्य का बीएलओ को पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उच्चाधिकारियों के दबाव में एसआईआर का कार्य बीएलओ ठीक ढंग से नहीं कर पा रहे। कार्य सही ना हो पाने का लाभ बीजेपी उठाना चाहती है इसीलिए कार्य में लगे अधिकारियों को पर्याप्त समय नहीं दिया जा रहा और उन पर कार्य को जल्दी निपटाने का दबाव बनाया जा रहा है जिस कारण बीएलओ आत्म हत्या तक करने को मजबूर हैं। जिला उपाध्यक्ष अनुराग अहलावत ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों पर काम का दबाव इतना है कि वे अपने परिवार के सदस्यों या परिचितों की सहायता से कार्य को निपटाने में लगें हैं। सरकारी स्तर से बीएलओ को सहायक उपलब्ध कराएं जाने चाहिए। बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग नहीं चाहता कि सही ढंग से एसआईआर कार्य हो पाए क्योंकि इनकी नियत में खोट है।
मासिक सामूहिक राष्ट्रगान का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित मासिक सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम इस बार परिक्रमा मार्ग स्थित चैधरी चरण सिंह चैक पर देशभक्ति की जीवंत मिसाल बन गया। राष्ट्रगान, ध्वजारोहण, शहीदों की स्मृति, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय आदर्शों से भरी यह सुबह शहरवासियों के लिए राष्ट्रवाद और आपसी भाईचारे के गर्व का क्षण रही। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चैधरी चरण सिंह के विचारों एवं जीवन दर्शन को याद करते हुए उनके अनुकरणीय आदर्शों पर चर्चा भी हुई। इसके साथ ही देश के अमर शहीद सैनिकों को भी उनके बलिदान के लिए याद किया गया।
राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा प्रत्येक माह की पहली तारीख को समाज में राष्ट्रवाद, आपसी मेल मिलाप और सामाजिक गठजोड़ को मजबूती देने के लिए मासिक सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इस बार परिक्रमा मार्ग स्थित चैधरी चरण सिंह चैक पर यह कार्यक्रम किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल में अपनी उपस्थित दर्ज कराई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी मनीष चैधरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान का वाचन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरीश कुमार का समाजसेवी टीम के सदस्य के पी चैधरी और भारत वीर प्रधान ने शॉल ओढ़ाकर सम्मान व अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह को नमन करते हुए वक्ताओं ने उनके जीवन दर्शन, सादगी, कर्मठता और किसानहितैषी नीतियों पर विचार रखे। कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए देश के अमर शहीदों को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चैधरी ने कहा कि हमारा यह मासिक सामूहिक राष्ट्रगान केवल परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे सम्मान और समर्पण का जीवंत प्रतीक है। राष्ट्रगान गाते हुए हम इस महान धरती के प्रति अपनी निष्ठा को पुनः व्यक्त करते हैं। आज हम पूर्व प्रधानमंत्री, किसानों के मसीहा चैधरी चरण सिंह जी को नमन करते हैं, जिन्होंने हमेशा साधारण नागरिकों और किसानों की आवाज़ को मुखरता से देश के सामने रखा। उनका आदर्श जीवन हमें बताता है कि राष्ट्रनिर्माण केवल सत्ता से नहीं, बल्कि मूल्यों, ईमानदारी और समर्पण से होता है। उन्होंने कहा कि आज हम सीमा सुरक्षा बल स्थापना दिवस पर देश के उन अमर वीरों को भी याद करते हैं, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमारी सीमाओं की रक्षा की। उनका बलिदान ही हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा की नींव है। हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम देशभक्ति की भावना को और अधिक व्यापक बनाएं, युवाओं में जागरूकता फैलाएं और एक सशक्त, जाग्रत भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देशभक्ति से भरे इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. गिरीश कुमार के अलावा लोक सेवक पार्टी के अध्यक्ष केपी चैधरी, जयदेव पंवार, भारतवीर प्रधान, पुष्पेन्द्र विश्नोई, डॉ. लोकेश कौशिक, नरेश चैधरी, सतपाल गायक सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।
एसएसपी ने किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । मेरठ जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार विजय प्राप्त करने वाली मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा किया गया सम्मानित। पुलिस महानिदेशक, मेरठ ज़ोन मेरठ भानु भास्कर के निर्देशन में मेरठ जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन दिनांक 09.11.2025 से 30.11.2025 तक 44वीं वाहिनी पीएसी, मेरठ के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में मेरठ ज़ोन के जनपद- मेरठ, बागपत, बुलन्दशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। पूरे टूर्नामेंट में मुख्य आरक्षी मनीष राणा के कुशल नेतृत्व एवं टीम की उत्कृष्ट खेल भावना के दम पर मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में जनपद हापुड़ पुलिस टीम को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस कार्यालय में विजेता टीम को इस अद्वितीय उपलब्धि हेतु हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाते हुए पूरी टीम को नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी उत्साह और टीम भावना से बेहतर प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया।
वार्षिकोत्सव हुआ संपन्न
बुढाना। आर्य समाज दयानन्द नगर में चल रहा दो दिवसीय वार्षिकोत्सव विधिवत रूप से संपन्न हो गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और उपदेश आयोजित किए गए। वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन प्रातःकाल पुरोहित अंकित आर्य ने यज्ञ संपन्न कराया। इस यज्ञ में विश्वराज पंवार और उनकी पत्नी विदुषी पंवार ने यजमान के रूप में भाग लिया। इसके उपरांत विद्वान उपदेशक आचार्य रणवीर शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि मनुष्य को असत्य का त्याग कर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने काम, क्रोध और मोह से मुक्त होने का संदेश दिया। हापुड़ से आईं आचार्या सुल्भा शास्त्री ने बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए गुरुकुल शिक्षा पद्धति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन को वैदिक रीति से जीना चाहिए और महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।आचार्या सुल्भा शास्त्री ने यज्ञ को सभी जीवों के लिए कल्याणकारी और दुनिया का सर्वश्रेष्ठ कर्म बताया। इस दौरान प्रसिद्ध भजनोपदेशक ऋषि देव आर्य ने अपने वैदिक भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस वार्षिकोत्सव में संन्यासी ज्ञानेश्वर मुनि, धर्मानन्द सहित बड़ी संख्या में आर्य संन्यासी उपस्थित रहे। आर्य समाज के प्रधान प्रवीण राणा, संयोजक संजीव पंवार, कपिल आर्य, ओमपाल सिंह, मास्टर तेजपाल, रामगोपाल आर्य, डॉ. चंद्रपाल, मास्टर राजेंद्र, मास्टर जयभगवान, अनूप सिंह राठी एडवोकेट, मुकेश आर्य, हंसराज समेत सभी पदाधिकारी और सदस्य तथा सैकड़ों क्षेत्रवासी भी मौजूद थे।
तीन शातिरों को दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा टप्पेबाजी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 03 अभियुक्तगण को किया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी किए पीली व सफेद धातु के आभूषण, 03 मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त 01 सैन्ट्रो कार बरामद। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के0 मिश्रा तथा प्र0नि0 कोतवाली नगर बबलू सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। उल्लेखनीय है कि दिनांक 15 नवम्बर को वादिया श्रीमती बबीता पत्नी महेशचन्द निवासी रामलीला टीला थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर द्वारा थाना कोतवाली नगर पर लिखित तहरीर देकर अवगत कराया कि जिला अस्पताल के पास अज्ञात द्वारा वादिया के कान से पीली धातु के कुण्डल व सफेद धातु की अंगूठी व चेन आदि चोरी कर ले जाने की घटना कारित की गयी हैं। थाना कोतवाली नगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर चोरी के अभियोग का सफल अनावरण करते हुए 03 चोर अभियुक्तगण को न्याजूपुरा रोड से आगे खाली प्लाट से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से चोरी किये गये पीली व सफेद धातु के आभूषण, 03 मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त 01 सैन्ट्रो कार बरामद किये गये। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्त इब्राहिम पुत्र परपदीन, साकिर पुत्र मुफीज निवासी पिपलेडा थाना मंसूरी जनपद गाजियाबाद, अजीब खान पुत्र मेहदीहसन निवासी सरमथला थाना सोहना जनपद गुरूग्राम, हरियाणा। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र0नि0 बबलू सिंह, उ.नि. सोनू कुमार, आयुष्मान शर्मा, का. रविश कुमार, मनेन्द्र राणा, हेमन्त सिंह थाना कोतवाली नगर शामिल रहे।
स्वामी रामदेव का सनातन धर्म संसद को मिला समर्थन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।7 दिसंबर को सुकतीर्थ हनुमात धाम में होने जा रहा सनातन धर्म संसद को योग गुरु बाबा रामदेव ने भी समर्थन दिया। आज हिंदू संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधि मंडल योग गुरु बाबा रामदेव से हरिद्वार स्थित पतंजलि योग पीठ में मिला, जिन्होंने बाबा रामदेव को 7 दिसम्बर 2025 के कार्यक्रम के विषय में मंच से बताया जिसको 196 देश में प्रसारित किया गया। बाबा रामदेव ने अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए बैनर प्रसारित करते हुए कहा कि सनातन धर्म संसद 7 दिसंबर सुकतीर्थ मुजफ्फरनगर का समर्थन करता हूं। बाबा रामदेव से मिलने गई प्रतिनिधि मंडल में हिंदू संघर्ष समिति के सत्य प्रकाश रेशु अग्रवाल,नरेंद्र पंवार, अरुण प्रताप सिंह, मनोज पाटिल, नवनीत मिश्रा, जोगेंद्र हुड्डा साथ रहे। बाबा रामदेव ने रुद्राक्ष की माला पहनाकर सभी का स्वागत किया और सनातन धर्म संसद में पहुंचने वाले सभी महामंडलेश्वरों का सभी पूज्य संतों, किसानों, मजदूरों, उद्योगपतियों, पत्रकारों, कवियों एवं सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया । बाबा रामदेव ने मंच से यह भी कहा कि सनातन ही इस देश की धुरी है जिसके आधार पर युवा पीढ़ी जैसे हिंदू संघर्ष समिति सुकतीर्थ में 7 दिसंबर को इतना बड़ा आयोजन कर रही है जिसमें तकरीबन दस हज़ार लोगों के आने की संभावना है उनके लिए मैं दिल से प्रार्थना करता हूं ताकि हिंदू संघर्ष समिति मुजफ्फरनगर के लोगों को देखकर पूरे देश में सनातन धर्म संसद जैसे आयोजन निरंतर होते रहें ताकि इस देश की आन बान शांत और तिरंगे की पहचान पूरे विश्व में बन सके और भारत पुनः नवयुवको को साथ लेकर इस देश के चैमुखी विकास में नए-नए आयाम के साथ सनातन धर्म संसद में एक नया बिगुल बजा सके। हिंदू संघर्ष समिति द्वारा आयोजित सनातन धर्म संसद को सफल बनाने के लिए बाबा रामदेव ने सभी सनातनियों से अधिक से अधिक संख्या में 7 दिसंबर को सुक़तीर्थ के हनुमत धाम पहुंचने के लिए आवाहन भी किया।
एस.डी. काॅलेज आॅफ फार्मेसी एंड वोकेशनल स्टडीज में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।एस०डी० कॉलेज ऑफ फार्मेसी एड वोकेशनल स्टडीज में विश्व एड्स दिवस को समर्पित एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों तथा संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। इस वर्ष के विश्व एड्स दिवस की थीम श्एड्स की प्रतिक्रिया में परिवर्तन लाना और उस पर काबू पानाश् के अनुरूप कॉलेज ने समुदाय आधारित जागरूकता, रोकथाम और सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के निदेशक ष्डॉ. अरविन्द कुमार ने कहा कि विश्व एड्स दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का एक वैश्विक मच है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि एचआईवी संक्रमण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाना समय की प्रमुख आवश्यकता है। इसके पश्चात फार्मेसी विभाग की ओर से एड्स के कारण, लक्षण, संक्रमण के विभिन्न मार्गों और उपचार में उपयोग होने वाली आधुनिक एंटी रेट्रोवायरल थैरेपी पर एक शैक्षणिक प्रस्तुति दी गई। विशेषज्ञ वक्ताओं ने छात्रों को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ यह समझाया कि एचआईवी एक घातक संक्रमण नहीं, बल्कि उचित उपचार, जागरूकता और अनुशासित जीवनशैली से नियंत्रित की जा सकने वाली स्थिति है। वक्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि एचआईवी सामान्य संपर्क, हाथ मिलाने, भोजन साझा करने या साथ रहने से नहीं फैलता, जिससे समाज में फैल रही गलत धारणाओं को दूर किया जा सकता है। स्वास्थ्य जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए कॉलेज की ओर से एक विशेष काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर एचआईवी परीक्षण, सुरक्षित यौन व्यवहार, नशे से दूरी और सुई/ब्लेड का सही उपयोग संक्रमण को रोकने में अत्यत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति को समय पर और नियमित उपलब्ध होने पर वह सामान्य जीवन जी सकता है, पढ़ सकता है, नौकरी कर सकता है और सामाजिक जीवन में सक्रिय रह सकता है। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन ने सभी छात्रों को शपथ दिलाई कि वे समाज में एड्स से जुड़े मिथकों को समाप्त करने, वैज्ञानिक तथ्यों का प्रसार करने और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रबंधन ने यह भी कहा कि कॉलेज भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता से जुडे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा।
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम ष्एस.डी. कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड वोकेशनल स्टडीजष् की सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस आयोजन ने न केवल छात्रों में वैज्ञानिक समझा बढाई, बल्कि समाज में एड्स से जुडी भ्रांतियों और कलंक को दूर करने का सकारात्मक संदेश भी दिया। इस कार्यक्रम में संस्थान के सभी पदाधिकारीगण एवं स्टॉफ, डा० वैशाली, डा० भुवनेन्द्र सिंह, डॉ निशा सिंह, डॉ पोपिन कुमार, डॉ० पायल दीपक, डॉ हुमा सैफी, प्रवीन कुमार, मीनू देवी, रितू कौशिक, आसिफ खान, रवि कुमार, प्रभा. दीपिका, कुलदीप सैनी, मौ० जुबैर, मिनाता, पीयूष कुमार सिंघल, महिमा, समी जैदी, सलमान, नसीम अहमद, पल्लवी, अंशु पवार, निदा बेबी, सुबोध कुमार, विनय कुमार सना जैदी, सोनू कुमार, अक्षय वर्मा, एलिश. स्मृति माथूर शुभम आदि उपस्थित रहे।
तमंचे के साथ पकड़ा
बुढ़ाना। फुगाना पुलिस ने एक अभियुक्त को देसी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा चलाए जा रहे वंचित/वारंटी अभियान के तहत की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर फुगाना थाना प्रभारी विजय कुमार ने कार्रवाई की। उन्होंने आरोपी रोबिन पुत्र विनोद को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी रोबिन मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के सरनावली गांव का निवासी है। उसे गांव डूंगर के चैराहे से लगभग 200 मीटर अंदर गांव डूंगर से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
समस्याओं का किया निस्तारण
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा जनसुनवाई में आये फरियादियों की समस्याएं/शिकायतों को सुना गया । जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित को आदेशित किया गया । एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई/महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली बनाये ताकि पीड़ित/शिकायतकर्ता को अनावश्यक रुप से अपने थाने से पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता न हो साथ ही सभी थाना प्रभारियों को यह भी निर्देश दिये गये कि जिस समस्या का समाधान थाना स्तर से हो सकता है उनका समाधान थाना स्तर पर ही समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराना सुनिश्चित करें।
सीएमओ ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलो का निरीक्षण
मुज़फ़्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील तेवतिया के द्वारा चरथावल ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरालसी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलवाखेड़ी तथा बघरा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुटबी कुटबा व काज़ीखेड़ा का पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेंलो का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने मेले में उपस्थित चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आशा कार्यकर्ताओं से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने टीकाकरण, ओपीडी, दवा वितरण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि आने वाले आरोग्य मेलों में और अधिक लाभार्थियों को जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिकतम लोग निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर स्वच्छता, पेयजल, औषधि उपलब्धता एवं रिकॉर्ड संधारण पर विशेष ध्यान दिया जाए। डॉ. सुनील तेवतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं दवा उपलब्ध कराई जाए।
एक मिनट एक साथ गीता पाठ ;तीन श्लोकोंद्ध का भव्य आयोजन ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल जूनियर विंग में मनाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । महामण्डलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज द्वारा संचालित श्री कृष्ण कृपा जिओ गीता परिवार मुजफ्फरनगर के महामंत्री अतुल गर्ग ने बताया की ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल जूनियर विंग में लगभग 1100 छात्र -छात्राओ,शिक्षिकाओ ,श्री कृष्ण कृपा परिवार के सदस्यो, शहर के काफी संख्या मे उपस्थित सम्मानित जनो द्वारा एक मिनट एक साथ गीता पाठ का आयोजन माननीय मंत्री श्री कपिल देव अग्रवाल जी की गरिमामयी उपस्थित मे कराया गया । कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि कपिलदेव अग्रवाल,विशिष्ट अतिथि अशोक कंसल, संयोजक एड अमरकांत गुप्ता, चैयरमैन सुरेंद्र अग्रवाल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामबीर सिंह,स्कूल प्रबंधक विनोद संगल, प्रधानाचार्या ममता चैहान, गिरीश अग्रवाल, सुभाष गर्ग, आरके मलिक, अजय गर्ग, होतीलाल शर्मा, सुभाष गोयल संजय अरोड़ा, राजेश मित्तल लावण्यपुरी, अवनीश मोहन तायल, सतीश मित्तल, बीएम गुप्ता , आलोक डागा, राजेश गर्ग , मनीष गर्ग, महेश गर्ग, शैलेन्द्र किंगर,सुरेन्द्र कुमार, नीरज अग्रवाल,राजेश वर्मा आदि गणमान्य जनों के साथ भव्य रूप में मनाया गया तथा मन्त्री महोदय द्वारा कुछ बच्चो को गीता जी देकर सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर सुरेन्द्र अग्रवाल, अमर कांत गुप्ता,रामबीर सिंह एवं अतुल कुमार गर्ग द्वारा उपस्थित सभी सम्मानित जनो का ह्रदय से आभार व्यक्त किया गया।
यातायात माह का हुआ समापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।यातायात माह नवम्बर 2025 का सफल समापन रिजर्व पुलिस लाइन में स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रतिष्ठत नागरिकों को लघु फिल्म से यातायात नियमों के प्रति किया जागरुक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने जागरुकता कार्यक्रमों में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों/प्रतिष्ठित नागरिकों को किया सम्मानित, यातायात नियमों का पालन करने की अपील के साथ जनपद को दुर्घटना मुक्त बनाने का लक्ष्य। यातायात माह नवम्बर-2025 का आज विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं, प्रतिष्ठित नागरिकों एवं आरटीसी आरक्षियों को संबोधित किया गया। जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना तथा युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि यातायात माह का मूल उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों में यातायात नियमों के महत्व को स्थापित करना है। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत तक कमी लाने के जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उनकी प्राप्ति की दिशा में जनपद मुज़फ्फरनगर उल्लेखनीय प्रगति करते हुए लक्ष्य के काफ़ी निकट पहुँच चुका है। यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान बचाता है। हमारा लक्ष्य “दुर्घटना-मुक्त मुज़फ्फरनगर” बनाना है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि जीवन बचाना है, जो हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मुज़फ्फरनगर पुलिस द्वारा माह भर के दौरान विविध गतिविधियाँ संचालित की गईं। -यातायात माह के दौरान प्रमुख गतिविधियाँ-’ जनपद में नुक्कड़ नाटकों एवं लघु फिल्मों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। ’ चैपालों, स्कूल/कॉलेज कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को यातायात नियमों की जानकारी प्रदान की गई। ’ नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध चालान एवं वाहन सीज की प्रभावी कार्यवाही कर अनुशासन सुनिश्चित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी से अपील की गयी कि सभी लोग स्वयं यातायात नियमों का पालन करें, अपने परिवारजन, पड़ोसियों एवं मित्रों को भी नियमों के पालन हेतु प्रेरित करें, गुड समेरिटन नीति के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें। इसके साथ ही लघु फिल्म प्रदर्शित कर यह समझाया गया कि छोटी-सी लापरवाही कैसे बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। हेलमेट, सीट बेल्ट कितने आवश्यक है तथा ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग व मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के दुष्परिणामों को प्रभावी तरीके से दर्शाया गया। महोदय द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने एवं जनजागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों व नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी से “सेफ्टी प्लेज” दिलवाया गया कि वे नियमों का पालन करेंगे व दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। जनपद में दुर्घटनाएँ रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही की गयी है, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन पर सुधारात्मक कार्यवाही की गई है, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है साथ ही आगामी कोहरे को देखते हुए सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर/टेप/लाइट लगाने की विशेष अभियान के तहत व्यवस्था की गयी है/जा रही है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अतुल कुमार चैबे, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदु सिद्धार्थ सहित जनपद पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके साथ ही यातायात माह का समापन उत्साहपूर्वक एवं सफलतापूर्वक किया गया।
3.50 लाख रुपए लौटाकर की मिसाल पेश
चरथावल। एक दूल्हे ने तिलक समारोह के दौरान मिली 3.50 लाख रुपए की राशि लौटाकर दहेज प्रथा के खिलाफ एक मिसाल पेश की है। दूल्हे प्रवीण की इस पहल की हर तरफ सराहना की जा रही है। चरथावल थाना क्षेत्र के बुढ़्ढा खेड़ा गांव में हुई, जहाँ सम्भलहेड़ा गांव निवासी प्रवीण की बारात आई थी। तिलक रस्म के दौरान लड़की पक्ष ने परंपरा के अनुसार दूल्हे को 3.50 लाख रुपए की राशि भेंट की। प्रवीण ने तुरंत हाथ जोड़कर यह राशि लौटा दी। प्रवीण ने स्पष्ट कहा कि दहेज प्रथा का अंत होना चाहिए, तभी भ्रूण हत्या पर रोक लग सकेगी। उनके इस कदम से दोनों पक्षों के लोग पहले तो चैंक गए, लेकिन बाद में सभी मेहमानों ने ताली बजाकर इसका स्वागत किया। लोगों ने कहा कि ऐसी पहल से दहेज के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। लड़की पक्ष के संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने तिलक में 3.50 लाख रुपए दिए थे, लेकिन दूल्हे ने पूरी राशि लौटा दी। संजय कुमार के अनुसार, दूल्हे ने कहा कि जब इतनी दहेज प्रथा चल रही है, तो गरीब व्यक्ति कैसे शादी करेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि दहेज न होने पर लड़कियों की भ्रूण हत्या भी रुकेगी। दोनों परिवारों के सदस्यों ने भी प्रवीण की इस पहल की सराहना की। लड़की पक्ष का कहना है कि यदि ऐसे ही युवा आगे आते हैं, तो दहेज जैसी सामाजिक बुराइयां जल्द ही समाप्त हो जाएंगी। दूल्हे का यह कदम न केवल दोनों परिवारों के लिए सम्मान का विषय बन गया है, बल्कि समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत संदेश भी देता है।


