समाचार (Muzaffarnagar News)
छात्र प्रकरण में न्याय न मिला तो 8 को बुढ़ाना में होगा धरनाः सचिन राणा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । कस्बा बुढाना में डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र उज्जवल राणा जिसने कॉलेज की नीतियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। उसके चाचा सचिन राणा ने छात्र नेताओं के साथ आरोप लगाया कि आगामी 8 दिसंबर को बुढ़ाना के डीएवी पीजी कॉलेज के गैट पर एक धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा जिसमें उज्जवल राणा के परिवार के अलावा क्षेत्रीय किसान और अन्य नेता भी शामिल होंगे। रुड़की रोड पर आयोजित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उज्जवल राणा के चाचा सचिन राणा की बहन सलोनी राणा ने कहा कि उपरोक्त प्रकरण में 7 लोग आरोपित किए गए हैं जिसमें से दो जेल में है और पांच अभी भी फरार घूम रहे हैं। उन्होंने जिले के नेताओं पर भी तंज कंसते हुए कहा कि उस वक्त तो बुढाना की पंचायत में सभी दलों के नेताओं ने आश्वासन दिया था कि हम साथ हैं और हम मुआवजा और 10 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई करायेगे लेकिन एक महीना होने को आ रहा है अभी तक किसी भी राजनेता या अन्य लोगों ने इस मामले में कोई पहल नहीं की और यह प्रकरण आज भी लंबित पड़ा हुआ है। उन्होंने अपनी 10 मुख्य मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि डीएवी कालेज की प्रबंध समिति निरस्त की जाए। डीएवी कालेज के प्राचार्य को निलंबित कर बर्खास्त किया जाए। इसके अलावा उज्जवल राणा के परिवार को 15 लाख रुपए क्षतिपूर्ति के दिये जाये जिससे उनके परिवार की माली हालत में सुधार हो सके। जैसी अन्य अनेक मांगे शामिल हैं। सचिन राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस भी इस मामले में टालमटोल रवैया अपना रही है। आरोप है कि वह अपने सहयोगियों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिले लेकिन कहीं से भी कोई उन्हें संतोषजनक उत्तर नहीं प्राप्त हुआ। ऐसे में वे निराशा से भर गए हैं और 8 तारीख के धरने के बाद वह प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री से भी संपर्क साधेंगे और आत्महत्या करने वाले उज्जवल राणा की मौत का इंसाफ मांगेंगे। सचिन राणा का कहना है कि पंचायत में बड़े-बड़े लोगों ने मांगे पूरी करने की जिम्मेदारी ली थी अब वह भी पल्ला झाड़ रहे हैं। यदि हम उनसे मिलने जाते हैं तो वह साथ रहने का आश्वासन तो दे रहे हैं लेकिन कोई भी आगे नहीं आ रहा है। इस अवसर पर अनेक छात्र नेता भी मौजूद रहे।
प्रॉपर्टी डीलर के परिवार को बंधक बनाकर लूट
खतौली। शुक्रवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए प्रॉपर्टी डीलर के घर धावा बोल दिया। हेलमेट पहने तीन हथियारबंद बदमाशों ने कोतवाली से महज 150 मीटर दूर मौजूद घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और 50 तोला सोना व करीब 5 लाख रुपये नकद लूट ले गए। पूरी वारदात इतनी सटीक तरीके से की गई कि साफ लग रहा है बदमाश पहले से रेकी करके आए थे।
प्रॉपर्टी डीलर यूसुफ के घर शुक्रवार को रिश्तेदारी में वलीमा था। यूसुफ अपने परिवार के साथ मुजफ्फरनगर के रहमतनगर वलीमे में गए हुए थे। घर में उनका बेटा नाजिम, बहू सबीना, नाजिम का भतीजा नदीम और उसकी पत्नी शीबा मौजूद थे।रात करीब 11 बजे हेलमेट पहने तीन लोग गेट पर पहुंचे और डोरबेल बजाई। सबीना ने जैसे ही दरवाजा खोला, बदमाशों ने धक्का देकर अंदर प्रवेश कर लिया और तमंचों के बल पर सभी को बंधक बना दिया। चेहरे हेलमेट से ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई। बदमाशों ने चारों लोगों को धमकाकर एक कमरे में बंद कर दिया और अलमारी व बक्सों को पूरी तरह खंगाल डाला। नाजिम के अनुसार, तीनों बहुओं के करीब 50 लाख के सोने के जेवरात और 5 लाख नकद बदमाश लूट ले गए।बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ितों ने शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ खतौली रामाशीष यादव और कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाना शुरू कर दिया है।पुलिस को प्रारंभिक जांच में शक है कि बदमाश स्थानीय या परिचित हो सकते हैं, जिन्हें घर की पूरी जानकारी थी और पता था कि परिवार के अधिकांश सदस्य बाहर गए हैं एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि लूटे गए जेवरात का सटीक आकलन किया जा रहा है। मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं और जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।उधर, घटना की खबर मिलते ही वलीमे में गए परिवार के अन्य सदस्य भी वापस लौट आए। पुलिस तहरीर लेने और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।
12 में से 5 वादों का सचल ग्राम न्यायालय में निस्तारण
खतौली। शनिवार को नगर पालिका परिषद सभागार में सचल ग्राम न्यायालय का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीठासीन अधिकारी एवं न्यायाधीश दिव्य प्रताप सिंह निमेश ने की। आयोजन की शुरुआत उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की, जिसके साथ ही कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।सचल ग्राम न्यायालय के दौरान सुलह-समझौते के लिए चिन्हित 12 वादों में से 5 वादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इन मामलों को दोनों पक्षों की सहमति से सुलह के आधार पर समाप्त किया गया, जिससे वादकारियों को त्वरित राहत मिली।कार्यक्रम में बार एसोसिएशन खतौली के अध्यक्ष नवीन उपाध्याय, अधिवक्ता दिमाग सिंह, राम रोशन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं वादकारी उपस्थित रहे।अपने संबोधन में न्यायाधीश दिव्य प्रताप सिंह निमेश ने सचल ग्राम न्यायालय की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह व्यवस्था न्याय को जन-जन तक पहुँचाने का एक सुलभ और प्रभावी माध्यम है। इसके चलते ग्रामीणों और आम नागरिकों को छोटे-छोटे वादों के लिए जटिल कानूनी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ता और मामले त्वरित रूप से निपट जाते हैं।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी कार्यक्रम के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और सभी को न्यायालय की इस पहल से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वादकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं और न्याय व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया गया।
सपा कार्यकर्ता बाबा भीमराव अंबेडकर के संघर्ष से ले प्रेरणा.ज़िया चौधरी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । संविधान रचयिता व भारत रत्न भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर उनके विचारों एवं संघर्ष पर समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट व संचालन सपा महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी ने किया। समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय महासचिव व मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि आज देश में बाबा साहब के द्वारा रचित संविधान व अधिकारों को कुचलने की साजिश की जा रही है। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता बाबा साहब के विचारों एवं संघर्ष को अपनाकर संविधान की रक्षा की लड़ाई को मजबूती से लड़ेंगे। सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने बाबा साहब को उनके परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का मुख्य उद्देश्य आरक्षण व संविधान की मजबूती तथा पीडीए को भागीदारी बाबा साहब के विचारों से प्रेरित संघर्ष है।उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बाबा साहब के विचारों को अपनाने के लिए आह्वान किया। सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा व सपा प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर ने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर जी के विचार व संघर्ष ही सबको सम्मान व सबको अधिकार प्रदान करते हैं।
सपा नेताओं ने कचहरी गेट स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर भी माल्यार्पण कर उनको नमन किया। कार्यक्रम में सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तहसीन मंसूरी, सपा नेता सोमपाल सिंह कोरी, साजिद हसन, आमिर कासिम एडवोकेट, लोकेंद्र कुमार, नेपाल सिंह एडवोकेट, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी राष्ट्रीय सचिव पूजा अंबेडकर, सपा नेता सत्यवीर त्यागी, संजीव आर्य, राष्ट्रीय सचिव बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी बसंत धारिया, धर्मेंद्र सिंह नीटू, जोगेंद्र सैनी, सुमित पंवार बारी, गुफरान तेवड़ा, डॉ अलीशेर अंसारी, रमेश चंद शर्मा, मीर हसन, चौधरी यशपाल सिंह, फिरोज अख्तर, सपा सभासद सुंदर सिंह, नितिन सहावली, फैसल राणा एडवोकेट, डॉ इसरार अल्वी, अनेश निर्वाल, श्याम सुंदर, शादाब राणा, सलीम कुरैशी, जॉनी कुमार सहित अनेक पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाबा साहेब के आदर्शों को हम जीवन में अपनाकर आगे बढेः मंत्री कपिलदेव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । देश के संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक, सामाजिक समानता एवं न्याय के प्रणेता, ‘भारत रत्न’ से सम्मानित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने आज अपने प्रभारी जनपद हापुड़ में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित, पिछड़े एवं दलित वर्ग को अधिकार, सम्मान और समानता दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिससे प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक परिवर्तन की अद्भुत प्रेरणा है। उनके विचार आज भी हमें सामाजिक न्याय, समरसता और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की दिशा दिखाते हैं। मंत्री कपिल देव ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को जीवन में अपनाकर एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस मौके पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जिले में चल रहे एसआईआर फॉर्म अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर ने वार्डों का निरीक्षण किया। उनके साथ वार्ड सभासद मोहम्मद शहजाद, सभासद प्रतिनिधि, राहुल शर्मा, शहर पटवारी ध्यानचंद अरोरा, नितिन कुमार सुपरवाइजर, सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किदवई नगर क्षेत्र एवं वार्ड नंबर 54 में घर-घर जाकर अभियान की स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर ने जैनबिया स्कूल में रहकर स्थानीय नागरिकों को एसआईआर फॉर्म की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि “कोई भी मतदाता एसआईआर फॉर्म भरे बिना न रहे। यह हर नागरिक के लिए जरूरी है, इसलिए सभी लोग फॉर्म भरकर समय से जमा करें।
जिलाधिकारी-एसएसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी जनसमस्याएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ तहसील सदर पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनसमस्याओं को सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ तहसील सदर पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जन जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। अधिकारीगण द्वारा समाधान दिवस में उपस्थित समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें एवं समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इसके अतिरिक्त अधिकारीगण द्वारा समाधान दिवस में उपस्थित सभी अधिकारी/कर्मचारीगण व शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी के सम्बन्ध में भी जागरूक किया तथा साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
बसपा कार्यालय पर किया डा. भीमराव अम्बेडकर को नमन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस के पावन अवसर पर जनपद सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर बसपा कार्यालय पर एकत्रित पार्टी कार्यकर्ताआें एवं पदाधिकारियों ने बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने बाबा साहब के आदर्शो को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आनन्द प्रकाश, पूर्व मंत्री प्रेमचन्द गौतम, वरिष्ठ नेता सतीश गौतम,पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र गौतम, पुष्पांकर पाल, महावीर आजाद, सत्यप्रकाश गौतम, ओमवीर पेन्टर सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कचहरी गेट स्थित डा.भीमराव अम्बेडकर की मुर्ति पर विभिन्न राजनैतिक एवं सामाजिक संगठनो ने परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बाबा साहेब की मुर्ति पर माल्यार्पण किया।
शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । शिवसेना पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जनसंख्या नियंत्रण कानून, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना और जनपद मुज़फ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। यह ज्ञापन शिवसेना के जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में तहसील प्रमुख शिवसेना दिनेश कुमार द्वारा सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि देश में तेज़ी से बढ़ती जनसंख्या एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, इसलिए केंद्र सरकार को प्रभावी जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना चाहिए। इसके साथ ही किसानों, मज़दूरों और व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की तत्काल स्थापना की मांग उठाई गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि स्थानीय जनता की भावना को देखते हुए जनपद मुज़फ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर किया जाना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में चेतन देव आर्य, सुंदरलाल, श्यामवीर सिंह, दुष्यंत कुमार, अरजान सिंह, सोमवीर, सोनू, श्यामवीर, राजकुमार, सचिन, वीरू, मनोज, बिजेंद्र, संदीप, दीपक, अंकुर सैनी, अनुज, आशीष, रामफूल, आशिफ़ पाल, यशानंद पाल, जॉनी, रोशन कुमार, प्रिंस कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
मुठभेड़ में तीन शातिरो के दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । फुगाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मेरठ-शामली हाईवे पर चौकी सराय के पास हबीबपुरा रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई। पुलिस ने कार को संदिग्ध मानते हुए रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। फुगाना प्रभारी विजय कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश हबीबपुरा जाने वाले मार्ग पर एक कार में बैठकर किसी बड़े अपराध की तैयारी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर चौकी सराय पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। जहां फुगाना पुलिस ने बदमाशों क़ो रोका तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी जहां फुगाना पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू जहां दो बदमाशों पुलिस की गोली लगने से घायल हुए बदमाशों की पहचान नीरज पुत्र सुभाष निवासी दायमपुर, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ और रिंकू पुत्र सुंदर पाल निवासी कंकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है। तीसरे बदमाश जैकी उर्फ प्रदीप पुत्र रामकुमार निवासी ऊपर कोर्ट, थाना कोतवाली शहर, बुलंदशहर को बिना चोट के पकड़ा गया। ये तीनों बदमाश मेरठ-शामली क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनकी गाड़ी से असलाह, कारतूस और डकैती में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान भी बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में बुढ़ाना सीएचसी अस्पताल भेजा गया है। तीसरे बदमाश से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क और उनकी पुरानी आपराधिक गतिविधियों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में एक बड़ी वारदात होने से टल गई।
नशा मुक्ति की ली शपथ
पुरकाजी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पुलिस कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। यह शपथ थाना प्रांगण में थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने दिलाई। इस अवसर पर थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान केवल पुलिस का नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। थाना प्रभारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नशे के खिलाफ कर्मठता से कार्य करने और समाज को जागरूक बनाने का संकल्प लिया। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने परिवारों और समाज को नशे की चपेट से बचाने में सहयोग करें। उन्होंने जोर दिया कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं और उनकी शक्ति का समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। नशामुक्त भारत अभियान में सर्वाधिक संख्या में युवाओं को जुड़ने का आह्वान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिज्ञा ली कि वे न केवल समुदाय, परिवार और मित्रों को, बल्कि स्वयं को भी नशामुक्त कराएंगे, क्योंकि बदलाव की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए।
क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ समापन
चरथावल। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम कुटेसरा में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हो गया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रभारी शाहबाज त्यागी ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। चरथावल क्षेत्र के गांव कुटेसरा में आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच कुटेसरा क्लब और ताबिश क्लब चरथावल के बीच खेला गया। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े। शाहबाज त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शाहबाज त्यागी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और एक ओवर में तीन छक्के लगाने पर 500 रुपये तथा एक ओवर में दो विकेट लेने पर 500 रुपये का नकद इनाम दिया। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी भी प्रदान कीं। कुछ खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उन्होंने विशेष सराहना की। कुटेसरा क्रिकेट कमेटी ने शाहबाज त्यागी के आगमन पर उनका धन्यवाद और अभिनंदन किया।
विवाद में मारपीट
मुजफ्फरनगर। आपसी विवाद में दो दुकानदारों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत मे लेते हुए पूछताछ की।
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर के वक्त भगतसिंह रोड पर दो दुकानदारों के बीच हुई आपसी कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इस मामले पर एकत्रित आसपास के दुकानदारों ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आपस में झगड रहे दोनो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू की।
अध्यापक परीक्षा हुई सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। कडे सुरक्षा प्रबन्धों के बीच अध्यापक परीक्षा सम्पन्न हुई। अध्यापक परीक्षा के लिए विभिन्न स्कूल/कॉलेजों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया। आला अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया।
शिक्षा विभाग की और से गठित आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को अध्यापक परीक्षा आयोजित हुई। यह परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक एवं दोपहर 2 बजे से सांय पांच बजे तक दो पारियों मे सम्पन्न हुई। प्रथम पारी की परीक्षा के लिए 15 परीक्षा केन्द्र बनाए गए तथा दूसरी पारी की परीक्षा के लिए 8 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए। परीक्षा के दृष्टिगत सैक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्टै्रट तैनात रहे। परीक्षा काल के दौरान वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए परीक्षा केन्द्र पहुंचे तथा इस सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान सभी केन्द्र एवं उसके आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस-प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच अध्यापक परीक्षा सम्पन्न हुई।
नागरिक जाम के झाम से हलकान
मुजफ्फरनगर। जाम के झाम से नागरिक हलकान हैं। जानसठ ओवरब्रिज, अस्पताल चौराहा तथा मीनाक्षी चौक आदि कई स्थानों पर जाम लगने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पडा। पुलिस ने काफी मशक्कत कर व्यवस्था सुचारू करायी।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कार्य योजना बनाई गई है। परन्तु इस सब के बावजूद कहीं ना कहीं जाम लग ही जाता है। जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। हालाकि पुलिस यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रयासरत रहती है। जानसठ ओवरब्रिज पर जाम लगने से कई वाहन भीड में फंसे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर जाम खुलवाया। जिसके बाद आवाजाही सुचारू हो सकी।
नाले की सफाई की मांग
मुजफ्फरनगर। नाले में दुर्गन्ध और मच्छरों से परेशान ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के नाले की साफ-सफाई की मांग की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शामली रोड स्थित निकटवर्ती गांव पिनना के ग्रामीणों ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया कि मुजफ्फरनगर के गांव पिनना में अधिशासी अभियंता गंग नहर सिंचाई विभाग का नाला गांव के बीच से होकर गुजर रहा है। जिसमें गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। जिससे ग्रामीणे को काफी परेशानी हो रही है। गांव पीनना के ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित में सम्बन्धित विभाग को जल्द से जल्द चौक हो चुके नाले की सफाई करानी चाहिए ताकि गन्दगी और मच्छरों से निजात मिल सके।
इंद्रप्रस्थ स्कूल के बच्चो को प्राथमिक उपचार की दी जानकारी
मोरना। मोरना मे शुक्रताल मार्ग पर स्थित इन्द्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल मे शनिवार को स्काऊट कैम्प के दूसरे दिन प्राथमिक उपचार की जानकारी छात्र छात्राओं को दी गयी। साथ ही बच्चों के स्काउट स्कॉफ लगाये गये। कार्यक्रम मे बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
जिला स्काऊट प्रशिक्षक आयुष चौधरी ने स्काऊट स्काफ, प्राथमिक चिकित्सा फर्स्ट ऐडओर फ्लैग होसटिन्ग ओर अनुशासन के बारे में विस्तार से बताया।पट्टीयों के प्रकार,पट्टी बांधना, विपरीत परिस्थितियों मे स्वयं को बचाकर दूसरों की मदद करना,स्वयं को अनुशासित कर अनुशासन के प्रति दूसरों प्रेरित करना आदि महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी।कार्यक्रम में बच्चों के उत्साह को देख कर प्रबंधक विराज तोमर ने कहां कि बच्चों में इस प्रकार की ऐक्टिविटी से उत्साह का संचार होता है।और राष्ट्र प्रेम की भावना का जागरण होता है। इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।
हिन्दू राष्ट्र के लिए शुकतीर्थ धर्म संसद मे आज जुटेंगे साधु संत
मोरना। शुकतीर्थ स्थित हनुमान धाम मे रविवार को धर्म संसद का आयोजन किया जायेगा जिसमें राजपुरोहित सहित 17 महामंडलेश्वर व प्रसिद्ध साधु संत भाग लेगें आयोजक हिन्दू संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को आश्रम मे व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। हिन्दू संघर्ष समिति संरक्षक अमित गुप्ता ने बताया की आयोजित धर्म संसद मे मुख्य रूप से 9 प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे जिनमे भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने,सनातन बोर्ड का गठन किये जाने, सामाजिक एकता एवं समरसता को बढ़ावा देने जाति विभेद को समाप्त करने, जनसंख्या नियंत्रण एवं समान नागरिक संहिता कानून, राष्ट्र निर्माण मे संत समाज की भूमिका, मुस्लिम आक्रांताओं द्वारा मिटाए गये मंदिरों आदि को पुनरूवापस करने को कानून बनाने,सनातन धर्म के योद्धाओं की सुरक्षा, मुजफ्फरनगर का नाम लक्ष्मी नगर करने आदि प्रमुख हैं।सनातन के प्रति सरकार को और अधिक जागरूक करने को आयोजित धर्म संसद द्वारा प्रस्ताव राज पुरोहित स्वामी डॉ. सीता रमण रामा शास्त्री के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा जायेगा।
अथिति सत्कार व्यवस्था मे जुटे हिन्दू चिंतक एवं विचारक अमरीश गोयल ने बताया कि सनातन से जुड़े मुद्दों पर साधु संतो द्वारा चर्चा की जायेगी। धर्म संसद मे मुख्य रूप से राजपुरोहित के अलावा बड़ी संख्या मे साधु संत भाग लेंगे।शनिवार को कार्यक्रम कि तैयारियां पूर्ण कर ली गयी कार्यक्रम का आयोजन हनुमान धाम के भव्य हॉल मे किया जायेगा


