समाचार (Muzaffarnagar News)
मेधावियों केा किया सम्मानित
खतौली। शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित 49वें वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के अलंकरण समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं, 12वीं परीक्षा 2025 में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने तथा तथा होम एग्जामिनेशन 2025 में अपनी कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करके अपने माता-पिता सहित शिक्षकों का गौरव बढ़ाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि ब्रह्मकुमारिज की राजराजेश्वरी पूजा दीदी ने मेडिटेशन की महत्ता बताते हुए कहा कि सभी को, बल्कि विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को मेडिटेशन जरूर करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मेडिटेशन जहां मन को एकाग्र करता है, वहीं बुद्धि को भी तेज करता है, जिससे सभी क्षेत्रों में रिजल्ट बहुत अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि एक बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी शिक्षकों की तो है, लेकिन उसके साथ ही साथ अभिभावकों की भी बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूली शिक्षा के साथ-साथ मोरल वैल्यूज के बारे में बताना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज बच्चों में उसी मोरल वैल्यूज की कमी नजर आती है। उन्होंने सुबह की प्रार्थना के समय बच्चों को प्रेरणादायक बाते बताने के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य कामना स्वरूप सिंघल का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी अभिभावकों को चाहिए कि वे भी अपने बच्चों को मोरल वैल्यूज के बारे में जरूर बतायें। प्रधानाचार्य कांता स्वरूप सिंगल ने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि उनके असाध्य नेत्ररोग के बारे में चिकित्सकों ने असमर्थता जाहिर कर दी थी, तो उन्होंने मेडिटेशन के जरिए अपने उस नेत्र रोग को ठीक किया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने भी इसे एक चमत्कार ही बताया है। वार्षिकोत्सव व मेधावी छात्र-छात्रा के अलंकरण समारोह में खण्ड़ शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल ने भी अपने विचार प्रकट किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.अशोक गुप्ता व संचालन चिराग सिंघल सहित वंशिका, नव्या राणा, इजना व श्वेता तोमर ने संयुक्त रूप से किया। संस्था के प्रधानाचार्य कांतास्वरूप सिंघल व कार्यक्रम की संयोजक सोनिया सिंघल ने आभार ज्ञापित किया। वार्षिकोत्सव में दिव्या विश्वकर्मा, प्रज्ञा जैन, अवंतिका, अमृता, गोपाल कुमार, रविन्द्र कुमार, शिवकुमार, जितेन्द्र कुमार, आशीष कुमार, सचिन सैनी, तबस्सुम व अवधेश कुमार आदि शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
पैसे मांगने की धमकी देने वाला दबोचा
बुढ़ाना। थाना बुढाना पुलिस द्वारा आईजीआरएस शिकायत निस्तारण करने हेतु आवेदक से पैसे मांगने व धमकी देने वाले अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से मोबाईल फोन बरामद। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा प्र0नि0 बुढ़ाना सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। उल्लेखनीय है कि वादी राहुल पुत्र समन्दरा नि0 मौ0 खाकरोबान कस्बा व थाना बुढाना, मुजफ्फरनगर द्वारा अपनी जमीन के सम्बन्ध में सीएम पोर्टल पर आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत दर्ज की गयी थी जिसके सम्बन्ध मे आवेदक राहुल उपरोक्त के पास जितेन्द्र नाम के व्यक्ति द्वारा आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण हेतु चाय पानी(पैसो की मांग) की गयी थी जिसका आडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल भी हुआ था। उक्त सम्बन्ध में आवेदक राहुल उपरोक्त द्वारा थाना बुढ़ाना पर लिखित तहरीर देकर अवगत कराया कि जितेन्द्र नि0 अज्ञात द्वारा वादी के आईजीआरएस का निस्तारण करने हेतु पैसो की मांग व धमकी दी है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा मामला पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु थाना बुढ़ाना पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर उक्त अभियोग में वांछित अभियुक्त को खतौली तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त जितेन्द्र उर्फ जानेश पुत्र रामअवतार नि0 मुकर्रवपुर थाना हजरतनगर जिला सम्भल। अभियुक्त द्वारा पूछताछ के दौरान बताया कि मैं गूगल पर जनसेवा केन्द्रों के मोबाइल नम्बर सर्च कर उन्हें कॉल करता था तथा अपने आप को एनआईसी का कर्मचारी बताकर सीएम पोर्टल पर अपलोड शिकायतों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करता था। कुछ जनसेवा केन्द्रों द्वारा मुझे जानकारी उपलब्ध करा दी जाती थी, जबकि कुछ द्वारा जानकारी नहीं दी जाती थी। प्राप्त जानकारी के आधार पर मैं शिकायतकर्ता/आवेदक के प्रार्थना पत्र में अंकित मोबाइल नम्बर पर कॉल करता था तथा अपने आप को सीएम पोर्टल से सम्बन्धित अधिकारी बताकर बातचीत करता था। इसके उपरान्त शिकायत का निस्तारण कराने के नाम पर चाय-पानी के रूप में पैसों की मांग करता था। मेरे विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी से सम्बन्धित मुकदमे पंजीकृत हैं। मैं लगभग दो माह पूर्व ही जेल से छूटकर आया था। पैसों की आवश्यकता होने के कारण मैंने पुनः यही कार्य प्रारम्भ कर दिया। आज मैं वादी से मिलने के लिये बुढ़ाना आ रहा था, तभी पुलिस द्वारा मुझे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र0नि0 सुभाष अत्री, उ0नि0 रामअवतार सिंह, गजेन्द्र ंिसह, का. सुनील, संजय, नकुल, सतेन्द्र थाना बुढ़ाना शामिल रहे।
देश में आर्थिक असमानता से अमीर-गरीब के बीच गहरी हुई खाईः अभिषेक गोयल
खतौली। देश में तेजी से बढ़ती आर्थिक असमानता पर चिंता व्यक्त करते हुए समाजसेवी अभिषेक गोयल ने रविवार को एक प्रेस बयान जारी कर बताया कि नवीनतम वल्र्ड इनइक्वैलिटी रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत दुनिया के सबसे असमान देशों में से एक है, जहाँ शीर्ष 10प्रतिशत आबादी के पास लगभग 65ः संपत्ति और 58प्रतिशत आय है, जबकि निचले 50प्रतिशत लोगों को केवल 15प्रतिशत आय मिलती है, जिससे सामाजिक विभाजन, गरीबी और विकास पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। देश की अधिकांश संपत्ति और आय कुछ ही हाथों में सिमट गई है, जिससे अमीरों और गरीबों के बीच की खाई गहरी हो गई है। जो कि गम्भीर चिंता का विषय है।
अभिषेक गोयल एडवोकेट ने कहां की आर्थिक असमानता लोकतंत्र को कमजोर करती है, सामाजिक विभाजन बढ़ाती है और असंतोष को जन्म देती है।
तीव्र आर्थिक विकास के बावजूद, निम्न आय वर्ग को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं तक पहुँचने में कठिनाई होती है, जिससे उनकी क्षमता का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाता । यह स्थिति सिर्फ प्राकृतिक नहीं, बल्कि सरकार की नीतियों (जैसे मोनोपॉली और मुनाफाखोरी) का परिणाम है, जिसे राजनीतिक इच्छाशक्ति से ठीक किया जा सकता है। कर का बोझ गरीबों पर, जीएसटी जैसे करों का बड़ा हिस्सा निम्न 50प्रतिशत आबादी से आता है, जबकि शीर्ष 10प्रतिशत का योगदान कम है, जो असमानता को और बढ़ाता है। उच्च-कौशल वाले स्नातकों के लिए भी रोजगार की कमी है, जिससे आय का अंतर बढ़ रहा है। सार्वजनिक स्वास्थ्य पर कम खर्च और निजी स्वास्थ्य क्षेत्र के बढ़ने से अच्छी स्वास्थ्य सेवा अमीरों के लिए विलासिता बन गई है। भारत में आर्थिक असमानता एक बड़ी चुनौती है, जो वैश्विक रिपोर्टों से उजागर होती है। सरकार को कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से इसे कम करने के प्रयास करने चाहिए । सामाजिक कल्याण और समावेशी विकास के लिए सार्वजनिक खर्च में वृद्धि और संरचनात्मक सुधारों की तत्काल आवश्यकता है ताकि सभी को समान अवसर मिल सकें। अवसरों की कमी और बढ़ती महंगाई के कारण मध्यम वर्ग धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी केवल 15.7ः के आसपास बनी हुई है, जो आर्थिक सशक्तिकरण में एक बड़ी बाधा है। आर्थिक विकास के बावजूद, युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। आधुनिक तकनीक तक पहुंच की कमी ग्रामीण और गरीब आबादी को पीछे धकेल रही है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच का अभाव गरीब परिवारों को गरीबी के चक्र से बाहर नहीं निकलने देता। जनसंख्या का एक बड़ा हिस्सा अभी भी पिछड़ी कृषि प्रणालियों पर निर्भर है, जहां आय बहुत कम है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस खाई को पाटने के लिए शिक्षा और कौशल विकास में भारी निवेश, अधिक रोजगार पैदा करने वाले क्षेत्रों (जैसे मैन्युफैक्चरिंग) को बढ़ावा देने और अमीरों पर सुपर टैक्स जैसे प्रगतिशील कराधान की आवश्यकता है।
मासिक सभा का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन जनपद शाखा मुजफ्फरनगर की मासिक सभा पेंशन भवन भोपा रोड मुजफ्फरनगर में संपन्न हुई। सभा की अध्यक्षता इंजीव बी आर शर्मा जी ने की तथा उन्होने बताया कि आगामी 17 दिसंबर को पेंशनर्स दिवस का आयोजन प्रशासन द्वारा किया जा रहा है, इस आयोजन में माननीय जिला अधिकारी मुजफ्फरनगर एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी महोदय उपस्थित होकर पेंशनर्स की समस्याएं सुनेंगे एवं उनका निराकरण करने का प्रयास किया जायेगा स सभा का संचालन महामंत्री इंजी डी के गुप्ता द्वारा किया गया । इंजी पी के गुप्ता ने पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सरकार द्वारा आठवे वेतन आयोग का गठन कर दिया गया है परंतु पेंशन पुनरीक्षण को आठवे वेतन आयोग में शामिल नहीं किया गया है तथा देश के सभी पेंशनर्स संगठन सरकार की इस नीति का विरोध कर रहे हैं स मुजफ्फरनगर का संगठन भी सभी के साथ मिलकर अपनी मांग पूरे होने तक सरकार की ऐसी नीतियों का विरोध करता रहेगा स इंजीव के के शर्मा ने बताया की मेडिकल रीइंबर्समेंट पर आयकर की कटौती पेंशनर्स का उत्पीड़न है इसको तत्काल बंद किया जाना चाहिए स इंजी बी बी गुप्ता,संजय मित्तल ने भी अपने विचार रक्खे।महामंत्री इंजीनियर डीके गुप्ता ने बताया की आठवे वेतन का लाभ लेने के लिए सभी पेंशनर्स को एकजुट रह रहकर अपनी मांगे सरकार के समक्ष रखनी पड़ेगी स रामबीर सिंह परिमंडलीय सचिव संचार निगम पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (पश्चिम) ने भी पेंशन रिवीजन पर अपने विचार व्यक्त किए अध्यक्ष इंजी बी आर शर्मा द्वारा वर्ष 2000 के बाद तैनात हुए सरकारी कर्मचारियो को पुरानी पेंशन स्कीम लागू करते हुए पेंशन देने तथा पेंशन दिवस पर अधिक से अधिक संख्या मे सम्मिलित होने का आह्वान किया तथा दिवंगत साथी प्रमोद कुमार गुप्ता के लिए एक मिनट का मौन रकखा गया।सभा में इंजीनियर के के शर्मा , योगेश कुमार ,आर के गोयल, बी बी गुप्ता, अमर नाथ,सुनील कुमार, सुभाष चन्द, प्रकाश चन्द, मदन गोपाल, करण सिह, हसन अब्बास, रामकिशन,एम के अग्रवाल, महेश दत्त, योगेन्द्र शर्मा , बृजमोहन अग्रवाल, उमेश चंद वर्मा, संजय मित्तल, प्रेमचंद, बृजमोहन गौतम, रामबीर सिंह आदि काफी संख्या मे सदस्यों ने भाग लिया। सभा के समापन पर सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।
कम्प्यूटर आपरेटर को किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । रामराज थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर सूरजभान को सम्मानित किया गया है। उन्हें एसएसपी संजय वर्मा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए दिया गया है। कुछ दिन पहले रामराज थाने में तैनात दरोगा राजकुमार त्यागी 99,000 रुपये के साइबर फ्रॉड का शिकार हुए थे। इस मामले की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली थी। पुलिस के इस उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए एसएसपी संजय वर्मा ने कंप्यूटर ऑपरेटर सूरजभान को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी सराहना की। पुलिस साइबर अपराधों को गंभीरता से ले रही है और पीड़ितों को त्वरित राहत पहुँचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
हादसे में चालक घायल
मीरापुर। क्षेत्र में देर रात पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर एक ट्रक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जनपद शामली के थाना झिंझाना के गांव टपराना निवासी अरशद पुत्र शमशाद अपने ट्रैक्टर से टिकोला शुगर मिल जा रहा था। यह हादसा मुझेड़ा गांव के समीप हुआ। अरशद जैसे ही पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर मुझेड़ा गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बीच से टूट गया और चालक अरशद घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अरशद को तुरंत जानसठ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।
अजगर दिखने से हड़कम्पः वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा
भोपा। जौली गंग नहर पटरी पर एक विशाल अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 15 फुट लंबे अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वनरक्षक योगेश कुमार, मनोज कुमार और वाचर वसीम सहित अन्य कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से अजगर को पकड़ने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा गया। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किए गए इस अजगर को पास के सुरक्षित वन्य क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया। वन विभाग की तत्परता और सूझबूझ के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सड़कों पर सुरक्षा परखने उतरे एसएसपी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।जनपद मुजफ्फरनगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर क्षेत्र में देर रात्रि फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की सतर्कता और यातायात नियंत्रण की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया।जनपद मुजफ्फरनगर में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा देर रात्रि नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना तथा असामाजिक व आपराधिक तत्वों में पुलिस की सक्रियता का संदेश देना रहा। फ्लैग मार्च के दौरान एसएसपी ने नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था और रात्रि गश्त की प्रभावशीलता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कराते नजर आए। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की गई, जिससे सड़क सुरक्षा और अनुशासन को बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्र सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
हाईवोल्टेज ड्रामाः टावर पर चढा युवक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आवास विकास कॉलोनी निवासी अजय पंडित नामक युवक स्टेशन के पास लगे ऊंचे टावर पर चढ़ गया। खुद को विद्यार्थी बताने वाले युवक ने टावर पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगें रखीं। रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुई इस घटना के दौरान अजय शर्मा ने मंसूरपुर क्षेत्र में बन रहे न्यूमैक्स सिटी प्रोजेक्ट की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। युवक का आरोप था कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। टावर से नारे लगाते हुए युवक ने शहर में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उसने आरोप लगाया कि दिल्ली और पंजाब से भारी मात्रा में प्लास्टिक कचरा मुजफ्फरनगर लाकर डंप किया जा रहा है, जिससे शहर का पर्यावरण और लोगों का स्वास्थ्य दोनों खतरे में हैं। अजय पंडित ने इस अवैध प्लास्टिक कचरे पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही खुफिया विभाग ने नई मंडी पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और टावर पर चढ़े युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली बातचीत के दौरान पुलिस ने उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा। वहीं, रेलवे प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। युवक का कहना था कि वह लंबे समय से मामले कोे लेकर आवाज उठा रहा है, लेकिन अब तक उसकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते उसने यह कदम उठाने का फैसला किया। वहीं समझा बुझाकर उसे उतारा गया पुलिस ने युवक से पूछताछ कर उसकी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन ने किया अपना घर आश्रम, शुक्रताल में सेवा कार्य
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन द्वारा अपना घर आश्रम, शुक्रताल के आग्रह पर 500 भोजन थाल, 40 बड़ी दरी एवं 30 कुर्सियाँ आश्रम को प्रदान की गईं। इस अवसर पर आश्रम में निवासरत सभी प्रभुजनों के लिए भोजन की संपूर्ण व्यवस्था भी क्लब की ओर से की गई। कार्यक्रम के संयोजक सीए अंकित मित्तल, मयंक मित्तल एवं मुकुल जैन रहे। क्लब अध्यक्ष सुशोभ बिंदल, सचिव गौरव गोयल एवं कोषाध्यक्ष दीपक सिंघल ने अपना घर आश्रम की मानवीय सेवाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि रोटरी क्लब मिडटाउन पहले से ही आश्रम के सहयोग में निरंतर कार्य करता आ रहा है और आगे भी सहयोग जारी रहेगा। इस सेवा कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में सुनील अग्रवाल, कौशल कृष्ण, राजन सिंघल, मोहन लाल मित्तल, सचिन अग्रवाल, मुनीश अग्रवाल, उमेश गोयल, शशांक जैन, अरविंद गुप्ता, पियूष अग्रवाल, दीप अग्रवाल, नरेश शर्मा, देवेंद्र अरोड़ा, मुनीश गोयल एवं मनोज गुप्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम में सुमन बिंदल, नेहा गोयल, नीतू सिंघल, आरती मित्तल, मुक्ता अग्रवाल, रमनबाला अग्रवाल एवं नेहा मित्तल की उपस्थिति भी सराहनीय रही।
किसान का बेटे का आर्मी लेफ्टिनेंट बनने पर हुआ स्वागत
बुढाना। ब्लॉक के गांव बिटावदा में हर्ष और उल्लास का माहौल है। गांव के निवासी हर्ष चैधरी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं, जिससे पूरे गांव में खुशी की लहर है। हर्ष चैधरी ने 13 दिसंबर को अपनी तीन-चार साल की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया। इस अवसर पर उनके माता-पिता को बुलाया गया और उन्हें मेडल से सम्मानित किया गया। माता-पिता ने अपने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उसे आशीर्वाद दिया।
लेफ्टिनेंट हर्ष चैधरी ने अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने शूटिंग में भी गोल्ड मेडल जीता है। उनके माता-पिता ने बताया कि हर्ष ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बुढाना में की और घर पर ही रहकर सेल्फ स्टडी के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया। हर्ष की इस सफलता पर आसपास के गांव के लोग भी उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं। 13 दिसंबर को छुट्टी लेकर अपने माता-पिता के साथ घर लौटे हर्ष को शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। गांव वालों का कहना है कि एक किसान का बेटा जब सेना में अधिकारी बनता है तो यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय होता है। पूर्व प्रधान प्रदीप कुमार ने भी अपने भतीजे हर्ष को शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद दिया। हर्ष के माता-पिता ने कहा कि उन्होंने अपना फर्ज पूरा कर दिया है और अब हर्ष भी देश की सेवा कर अपना कर्तव्य निभाएगा। इस अवसर पर गांव वालों ने हर्ष को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उसी के साथ वर्तमान हवलदार आर्मी में हवलदार भी वहां पर पहुंचे उन्होंने भी उन्हें शुभकामनाएं दी।
रैन बसेरों का निरीक्षण किया
बुढ़ाना । जनपद में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के मद्देनजर बुढ़ाना एसडीएम अपूर्वा यादव ने नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों और शेल्टर होम का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर किया गया, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद, निराश्रित और बेघर लोगों को ठंड से बचाने के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान, एसडीएम अपूर्वा यादव ने रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। इनमें कंबल, बिस्तर, साफ-सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, बिजली आपूर्ति और सुरक्षा इंतजाम शामिल थे। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। एसडीएम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और रैन बसेरों में ठहरे लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को ठंड के कारण परेशानी न हो और सभी को पर्याप्त मात्रा में गर्म कंबल तथा सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए। अपूर्वा यादव ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में रैन बसेरों या शेल्टर होम की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों का पालन अनिवार्य है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम अपूर्वा यादव ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उन्हें कहीं कोई बेसहारा व्यक्ति ठंड में दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि उसकी सहायता की जा सके। इस दौरान नगर पंचायत के बाबू सतीश पवार भी मौजूद रहे।
रक्तदान शिविर हुआ आयोजित
खतौली। पमनावली के छछरपुर सेंटर में रविवार को सर्वाेदय चैरिटेबल ब्लड सेंटर द्वारा एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ समाजसेवी दलसिंह और राहुल बीज वालों ने किया। शिविर के दौरान, टीम सदस्य ऊषा और नितिन ने रक्तदाताओं के खून की निःशुल्क जांच की। डॉक्टर सन्नी अग्रवाल ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे हार्ट अटैक की संभावना कम होती है।डॉ. अग्रवाल के अनुसार, रक्तदान से संतुलित वजन बनाए रखने, कोलेस्ट्रॉल और लीवर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है, साथ ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम होता है। उन्होंने ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन पर जोर दिया, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ती है और दान की गई रक्त की एक यूनिट से किसी भी अनजान व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इस शिविर में सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। विशेष रूप से, गांव छछरपुर निवासी ईश्वर वैद्य और उनके पुत्र भूपेंद्र ने एक साथ रक्तदान किया। इनके अलावा, सुनील और प्रिंस ने भी रक्तदान कर इस नेक कार्य में अपना योगदान दिया।
योग शिक्षिकाएं सम्मानित
मुजफ्फरनगर। भारतीय योग संस्थान के निःशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में संस्थान के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 दिसंबर को महिला योग शक्ति दिवस कार्यक्रम के रूप में मनाए जाने पर चर्चा की गई। सर्वप्रथम योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने ओउम् ध्वनि और गायत्री मंत्र से नियमित योग साधना प्रारंभ करवाई। उन्होंने विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान करवाया तत्पश्चात प्रातः 6ः15 बजे संस्थान के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी। इस अवसर पर योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि भारतीय योग संस्थान प्रतिवर्ष 25 दिसंबर को महिला योग शक्ति दिवस कार्यक्रम आयोजित करता है। जिसमें महिलाओं को योग के प्रति जागरूक करने तथा समाज और परिवार को स्वस्थ बनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस वर्ष भी महिला योग शक्ति दिवस कार्यक्रम ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर के प्रांगण में दोपहर बाद 2 बजे से 4 बजे तक धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में महिलाएं विभिन्न योग की क्रियाएं व योग प्रेरक भजन प्रस्तुत करेंगी। कुछ योग शिक्षिकाओं एवं योग के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योग ही समाज में समरसता और स्वास्थ्य को बनाए रखने में सहायक है। हमारा एक नारा है करो योग रहो निरोग। अगर माताएं, बहने शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से स्वस्थ होगी तो निश्चित रूप से हमारा समाज और परिवार खुशहाल बनेंगे। इस अवसर पर केंद्र प्रमुख नीरज बंसल,जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर,क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी,अरुण शर्मा एडवोकेट, अशोक शर्मा एडवोकेट, अशोक मित्तल, डॉक्टर अक्षय बालियान,कविंद्र बालियान,डॉक्टर रामवीर बालियान,गौरव कुमार, श्रीमती मुनेश मान, राजेन्द्र कौर उर्फ मोना, पूजा,शालू, वैशाली जैन आदि उपस्थित रहे। अंत में देसी गाय का दूध का प्रसाद वितरित किया गया।
मॉ शाकुम्भरी अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल (पुरूष वर्ग) प्रतियोगिता पर किया कब्जा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । श्रीराम कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने मॉ शाकुम्भरी अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल(पुरूष) वर्ग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए श्रीराम कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार ने बताया कि अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल(पुरूष) वर्ग प्रतियोगिता आरके कॉलेज, शामली में खेली गई थी। जिसमें मॉ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय के लगभग 04 महाविद्यालयों जिसमें आरके कॉलेज, शामली, गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारन, जेवी जैन डिग्री कॉलेज सहारनपुर, तथा श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर के खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतिम एवं निर्णायक मैच में श्रीराम कॉलेज के बास्केटबॉल(पुरूष वर्ग) के अंतिम एवं निर्णायक मैच में श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर की टीम अभय चैधरी, वैभव, नमन पाल, शोएब अली राणा ने जेवी जैन डिग्री कॉलेज, सहारनपुर, की बास्केटबॉल(पुरूष) की टीम को हराकर अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल(पुरूष वर्ग) का खिताब अपने नाम किया। उन्होने बताया कि यह पुरूष टीम मॉ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर का प्रतिनिधित्व करते हुये अंतरविश्वविद्यालय बास्केटबॉल (पुरूष वर्ग) प्रतियोगिता में खेलेगी।
इस अवसर पर श्रीराम ग्रुप आफ कालिजेज के चेयरमैन डा0 एससी कुलश्रेष्ठ ने खिलाडियों के महाविद्यालय आगमन पर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर खिलाडियों के उज्जवल भविष्य की कामना की तथा शुभकामनाऐं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सभी खिलाडी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करते है, इस प्रतियोगिता में भी इस महाविद्यालय के प्रतिभागियो ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल की।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज की प्रचार्या डा0 प्रेरणा मित्तल ने सभी विजयी खिलाडियों को उनकी जीत पर उनका उत्साहवर्द्धन किया तथा भविष्य में भी महाविद्यालय के खिलाडियों से इसी प्रकार के उम्दा प्रदर्शन को बनाये रखते हुये पूरी लगन एवं मेहनत से खेलने की आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज के उपप्राचार्य डा सौरभ मित्तल, मानव संसाधन प्रबंधन पंकज कुमार, महाविद्यालय के प्रवक्तागण डा0 अब्दुल अजीज खान, सन्दीप देशवाल, अमरदीप, तरूण तथा विश्वदीप कौशिक आदि ने विजयी टीम को शुभकामनायें एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अपराध पर नकेल कसने को एसएसपी हुए सख्त
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी कर कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसएसपी ने महिला सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखते हुए सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बाजार क्षेत्रों में नियमित चेकिंग करने को कहा। इसके साथ ही डायल-112 की नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा आम नागरिकों के साथ पुलिस के शालीन और संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के विश्वास से जुड़ी है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करे। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के टॉप-10 एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के क्रियाकलापों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शराब, खनन, पशु तस्करी, शस्त्र तस्करी एवं अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत मामलों में धारा 14(1) के तहत अपराधियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश भी दिए गए। गोष्ठी के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी को जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
हादसे में मौत
चरथावल। नगर कोतवाली क्षेत्र में रोहाना रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मलीरा गांव के निकट मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे 59 पर हुआ। पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक सवार ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक पर सवार दीदाहेड़ी निवासी साजिद पुत्र अस्मत अली (उम्र करीब 20 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ बाइक पर मौजूद मुनव्वर पुत्र राशिद (उम्र करीब 19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुनव्वर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बाइक फिसलने से घायल
चरथावल। थाना क्षेत्र में कुल्हेड़ी-तितावी नहर पटरी मार्ग पर एक बाइक फिसलने से उस पर सवार एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने महिला को तुरंत निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक चालक राशिद ने बताया कि वे अपनी रिश्तेदारी में बुढ़ाना थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव जा रहे थे। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल महिला की मदद की और उसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निजी चिकित्सक के पास ले गए। बताया जा रहा है कि महिला को चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है।राहगीर संजय त्यागी ने नहर पटरी मार्ग पर सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सड़क पर गड्ढे और संकरा रास्ता अक्सर हादसों का कारण बनते हैं।


