समाचार (Muzaffarnagar News)
अधिवक्ता किए गए सम्मानित
खतौली- रविवार को मास्टर सुनील शर्मा के जमुना बिहार स्थित प्रतिष्ठान पर उनके पुत्र विभू शर्मा एडवोकेट द्वारा एक अधिवक्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया जहां ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन की परीक्षा में पास हुए खतौली के अधिवक्ताओं को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ अधिवक्ता मोहतसिब उर्फ सन्नी काज़ी ने बताया कि बार कौंसिल ऑफ इंडिया के आदेश के मुताबिक 2010 के बाद कानून परीक्षा पास करने वाले जिन अधिवक्ताओं ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन परीक्षा पास नहीं की तो, वह न तो किसी केस में अपना वकालत नामा लगा सकेंगे और न ही बार एसोसिएशन में मतदान कर पाएंगे।
विभू शर्मा एडवोकेट ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आल इंडिया बार एग्जामिनेशन में पास होने वाले खतौली के युवा अधिवक्ताओं को सम्मानित के साथ सभी का उत्साहवर्धन करना भी था ।
अभिषेक गोयल एडवोकेट ने कहां कि बैठक में सभी से विचार विमर्श कर यह निर्णय लिया गया है कि खतौली के युवा अधिवक्ता समुदाय को एकजुट, सशक्त और सक्रिय बनाने के लिए एक युवा अधिवक्ता एकता संगठन बनाया जाएगा जो कि मील का पत्थर सिद्ध होगा। यह संगठन युवा अधिवक्ताओं के सम्मान की रक्षा के साथ, उनकी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता तथा विधिक समाज में योगदान को उचित मंच प्रदान करने का भी कार्य करेगा ।
कार्यक्रम में एयाज मुस्तफा, महेश कुमार, सावन कुमार, आकाश सैनी, शाहज़ेब इकबाल, अनुज जैन, दानिश काज़ी, निकुंज गुर्जर, अनस चौधरी आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।
शातिर इनामी को मुठभेड में दबोचा
रतनपुरी। थाना क्षेत्र में पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान रियावली नगला निवासी हसन पुत्र मोजोदीन के रूप में हुई है। वह जनपद बागपत के रमाला थाने से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। रविवार को पुलिस को हसन के इलाके में मौजूद होने की सटीक सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाश हसन ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस टीम ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश हसन के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके साथ ही घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी हसन पुत्र मौजूद्दीन निवासी ग्राम नंगला रियावली थाना रतनपुरी के खिलाफ रतनपुरी थाना क्षेत्र समेत विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हसन से पूछताछ के दौरान उसके गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों और कई आपराधिक घटनाओं के बारे में अहम जानकारियां मिलने की संभावना है। आगे की कार्रवाई जारी है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, उ.नि. शैलेंद्र चौधरी, मोहित कुमार, का. नवीन, गजेन्द्र मावी, प्रशांत चौधरी, प्रमोद कुमार थाना रतनपुरी शामिल रहे।
तमंचे के साथ किया गिरफ्तार
रोहाना। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, व पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर तथा क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के मिश्रा व शहर कोतवाल बबलु कुमार के नेतृत्व में शातिर अभियुक्तो के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के दौरान रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने उपनिरिक्षक शाहीराम, कास्टेबल रहीश खान के साथ मिलकर शनिवार को सादपुर रजवाहे की पुलिया के समीप से अभि0- फरमान पुत्र अरशद निवासी ग्राम सादपुर थाना कोतवाली नगर मु0नगर उम्र 27 वर्ष को मय 01 अदद तमंचा 315 बोर नाजायज व 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर नाजायज सहित गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया। रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि मुखबिर की खास सूचना पर अरशद निवासी सादपुर थाना कोतवाली नगर को एक तमंचे व कारतूस के साथ दबोच कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया गया है।
तमंचा, कारतूस सहित दबोचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अभियुक्त को मय 01 अदद तमंचा 315 बोर नाजायज व 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर नाजायज बरामद सहित गिरफ्तार किया। पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण मे तथा क्षेत्राधिकारी नगर महोदय के नेतृत्व में जनपद मे शातिर अभियुक्तो के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के दौरान थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम के द्वारा चरथावल से न्याजुपुरा रोड पर मन्दिर के पीछे से अभि0- विकास पुत्र विजय निवासी गौशाला मौहल्ला थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर उम्र करीब 27 वर्ष को मय मय 01 अदद तमंचा 315 बोर नाजायज व 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर नाजायज सहित गिरफ्तार किया गया । अभियुक्त के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उ0नि0 शशि कपूर, चन्द्रपाल सिंह, का. नवीन, प्रदीप शामिल रहे।
एक दिन का उपवास रखा
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि दी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।जनपद मुजफ्फरनगर के कांग्रेसियों ने आज कचहरी के गेट के निकट डा०भीमराव अंबेडकर पार्क में मनरेगा बचाओ संग्राम के अंतर्गत एक दिन का उपवास (प्रतीकात्मक विरोध) रखा । मनरेगा बचाओ संग्राम उपवास कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सरकार कांग्रेस द्वारा चलाई गई जनहित योजनाओं के नाम बदलकर उन्हें कमजोर करने के काम के अलावा अन्य कोई देश हित का काम नहीं कर रही है। मनरेगा बचाओ संग्राम के जिला कोऑर्डिनेटर राकेश पुंडीर ने कहा मनरेगा का नाम पलटकर केंद्र सरकार ने गरीब मजदूरों का हक छीनने क्या काम किया है,यह सरकार जनता को ठगने का काम कर रही है और हम इसके लिए धरना प्रदर्शन कर गरीब मजदूर भाइयों के लिए लड़ाई लड़ेंगे। मनरेगा के लिए आज उपवास कार्यक्रम है कल12 तारीख से 29 जनवरी तक जनपद में ब्लॉक एवं नगर स्तर पर मनरेगा बचाओ संग्राम के लिए धरना प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। पत्रकारों से बात करते हुए राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश महासचिव कमल मित्तल ने कहा कि मनरेगा अपने लक्ष्य से भटक गई है , सरकार ने इसके नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाकर इसे कमजोर करने की कोशिश की है। नए कानून में रोजगार की गारंटी खत्म कर दी गई है और ठेकेदारी प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है मनरेगा गरीबों और मजदूरों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना थी, लेकिन सरकार इसे खत्म करने की कोशिश कर रही है। सरकार की मंशा गरीबों के अधिकारों को कम करना है और उन्हें उनके हक से वंचित करना है। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। आज़ उपवास कार्यक्रम में उपवास कार्यक्रम में बिल्किस चौधरी,
ज़फ़र महमूद, रिज़वान अहमद , विनोद धीमान, ममनून अंसारी, सद्दाम सिद्दीकी, नरेश भारती, राशिद चौधरी, हर्षवर्धन त्यागी, अजय चौधरी, मुकुल शर्मा, रविंद्र बालियान, आखिर राणा,तारिक कुरैशी , मुर्तजा सलमानी, सतीश सहरावत,मदन शर्मा,रंकजय आदि सैकड़ो कांग्रेसी उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय योग शिविर का हुआ समापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । योगाभ्यास व भोजन को ठीक करके हम हृदय रोग से बच सकते हैं। उक्त विचार भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में चल रहे पांच दिवसीय हृदय रोग निवारण योग शिविर के समापन अवसर पर व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि योगाभ्यास में आसन, प्राणायाम, ध्यान व योग निद्रा का अभ्यास हृदय रोगी के लिए बहुत लाभकारी है। योगाभ्यास निपुण शिक्षक के मार्गदर्शन में ही करना चाहिए। ध्यान का अभ्यास प्रतिदिन करने से हृदय रोग का उपचार शीघ्रता से संभव होने लगता है। ध्यान का अंतिम लक्ष्य तो आत्मा अनुभूति है जिसकी उपलब्धि के बाद अनंत आनंद का स्रोत प्राप्त हो जाता है। उसके बाद पाने को कुछ शेष नहीं रहता। ध्यान का प्रतिदिन अभ्यास करने पर साधक को ध्यान की साधारण अवस्था में प्रवेश करने पर कई शारीरिक, मानसिक लाभ होते हैं। ध्यान की साधारण अवस्था में मस्तिष्क में अल्फा तरंगें पैदा होने लगती है और एक तरह की शांति और आनंद का अनुभव होता है।ध्यान के अभ्यास से हमारे शरीर की पूरी रासायनिक रचना में परिवर्तन आ जाता है। शरीर की शिथिल ग्रंथियां सक्रिय हो जाती हैं इन परिवर्तनों के होने के कारण ध्यान हमारे कई शारीरिक व मानसिक रोगों को दूर करने में सहायक होता है जैसे उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मानसिक तनाव ,अनिद्रा ,स्नायु रोग तथा चिंताजनित बीमारियां। ध्यान आज के बैचेन मनुष्य के लिए शायद सबसे अधिक उपयोगी और आवश्यक है क्योंकि यह हमें मानसिक द्वंद्व, संघर्ष और तनाव से मुक्त करता है। हृदय रोग के मुख्य कारण तनाव मानसिक संघर्ष और जीवन के प्रति निराशाजनक व नकारात्मक दृष्टिकोण है। जब हम ध्यान का अभ्यास करते हैं तो शारीरिक व मानसिक शिथिलीकरण, आत्म निरीक्षण, प्रसन्नचित रहना ,सकारात्मक सोच होना तथा जीवन के प्रति रचनात्मक दृष्टिकोण बनने लगता है। ऐसा होने पर हमारे मस्तिष्क वाले भाग में डोपामाईन तथा एंडोर्फिन जैसे हारमोंस बनने लगते हैं। जो कि हमारी मांसपेशियों ,रक्त नलिकाओं तथा स्नायु में बने तनाव को खत्म करने में सहायक होते हैं। इससे हृदय के कार्य करने की शक्ति बढ़ने लगती है । हमारी रक्त नलिकाएं लचीली होने लगती है जिससे रक्त का परिसंचरण सहज रूप से होने लगता है। यह सब होने पर हृदय पर दबाव कम हो जाता है ।ध्यान की अवस्था में शरीर में ऑक्सीजन की खपत कम होने लगती है। जब शरीर को कम ऑक्सीजन की जरूरत होती है तो उस समय हृदय को आराम करने का अवसर मिल जाता है। ऐसी स्थिति में हृदय की दो धड़कनों के मध्य का अंतराल बढ़ने लगता है इससे उसकी शक्ति बढ़ती है। नियमित योगाभ्यास करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। योग साधना के द्वारा रोग को जड़ से ठीक करने का कार्य होता है इसके विपरीत दवाइयां रोग को दबाने का काम करती है। निष्काम कर्म भी हृदयरोग को ठीक करने में मददगार है।देश के जनप्रिय प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी ने भारतीय योग संस्थान को देश विदेश में निशुल्क योग साधना कराने से खुश होकर संस्थान को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया है।
इस अवसर पर सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख नीरज बंसल ने ओउम् ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना प्रारंभ करवाई, तत्पश्चात हृदय रोग को दूर करने में सहायक आसन ताड़ासन,त्रिकोण आसन,गोमुख आसन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, मर्कट आसन तथा शवासन करवाएं। पूर्व जिला प्रधान पवन सिंह बालियान ने अनुलोम विलोम, उज्जयी तथा भ्रामरी प्राणायाम करवाएं। केंद्र प्रमुख नीरज बंसल में योग गीत तथा योग साधक रविंदर धीमान ने ईश्वर भक्ति गीत प्रस्तुत किया। हृदय रोग निवारण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। जिसमें जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर, जिला मंत्री आचार्य रामकिशन सुमन, क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी, क्षेत्रीय मंत्री वीर सिंह, तेजपाल सिंह योगी,यशपाल बरवाला,अशोक मित्तल गौरव कुमार,देवेंद्र कुमार,मीडिया प्रभारी रविंद्र बालियान, डॉ अक्षय बालियान,डॉक्टर रामवीर बालियान पूजा, बेबी शर्मा, शालू, मोना, रविता भारती आदि का सहयोग रहा।
फटी पाइपलाइन की मरम्मत से राहत
चरथवल। जनपद के दधेड़ू खुर्द गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल और जलभराव की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में आखिरकार ठोस कदम उठाया गया है। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के आदेश के बाद गांव में फटी पड़ी पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। बताया गया है कि दधेड़ू खुर्द से चरथावल जाने वाले मार्ग पर स्थित एक नाले के पास सड़क के नीचे बिछी पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइपलाइन के फटने के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा था। ग्रामीणों की पानी की टंकियों में दूषित पानी भरने से संक्रमण और बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ था। इतना ही नहीं, टूटी पाइपलाइन से बहता पानी सड़क पर जमा हो जाता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बारिश या अधिक पानी के दबाव के समय स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। कई बार ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौखिक शिकायतें कीं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इस गंभीर समस्या को देखते हुए दधेड़ू खुर्द गांव के ब्लॉक मंत्री शान मोहम्मद ने उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि फटी पाइपलाइन के कारण गांव की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दूषित पानी पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही, सड़क पर जलभराव से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। मरम्मत कार्य शुरू होने से गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह समस्या समय रहते दूर न की जाती, तो स्वास्थ्य संकट गहराता जा सकता था। उन्होंने प्रशासन और शिकायतकर्ता शान मोहम्मद का आभार जताया है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद उन्हें स्वच्छ पेयजल मिलेगा और सड़क पर जलभराव की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को ग्रामीणों ने सराहनीय कदम बताया है।
आग से हुआ नुकसान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । गैस सिलेंडर से लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र की जानसठ रोड स्थित कमल नगर में घरेलू गैस सिलेण्डर में आग लगने से घर का सामान जल कर स्वाहा हो गया। इस हादसे पर पडौसियों सहित कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मौहल्लावासियों की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नही हुआ। इस दौरान अनेक लोग मौके पर मौजूद रहे।
विधायक पंकज मलिक ने सुनी समस्यायें
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।विधायक पंकज मलिक ने अपने आवास पर जनसमस्या सुनी तथा उनका समाधान कराया।
चरथावल विधानसभा सीट से सपा विधायक पंकज मलिक ने प्रेमपुरी स्थित अपने आवास पर जनसमस्या सुनी तथा उनके समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियों से बात की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवो से कई ग्रामीण प्रेमपुरी स्थित आवास पर पहुंचे तथा विधायक पंकज मलिक को अपनी समस्या से अवगत कराया।
बिजली का खम्बा दे रहा हादसे को न्यौता
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । शहर कोतवाली क्षेत्र की शाहबुददीनपुर रोड पर बिजली का खम्बा जर्जर हालत मे खडा हुआ है। जिससे हादसे का भय बना हुआ है। मौहल्लावासियों ने विद्युत विभाग से उक्त खम्बे को बदलवाने की मांग की है। बताया जाता है कि नगर पालिका द्वारा बनवाए जा रहे नाले के बीच आ रहा है। विद्युत विभाग का यह खम्बा। इस खम्बे से 11000 की लाईन जा रही है। सभासद रजत धीमान सहित क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द जर्जर हो चुके खम्बे को बदलवाने की मांग की है।
‘नो हेलमेट, नो हाईवे’ अभियान हुआ तेज
खतौली। क्षेत्र में भैंसी हाईवे कट पर पुलिस ने ‘नो हेलमेट, नो हाईवे’ अभियान को और तेज कर दिया है। एसपी संजय वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हाईवे पर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें वापस लौटना पड़ा। अभियान का असर यह रहा कि सड़क पर बड़ी संख्या में लोग हेलमेट पहनकर चलते नजर आए। अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव और थाना प्रभारी दिनेश चंद बघेल ने लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि फिलहाल किसी का चालान नहीं किया जा रहा है, बल्कि लोगों को समझाया जा रहा है कि हेलमेट पहनना उनकी खुद की सुरक्षा के लिए जरूरी है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरनगर की सड़कों पर हर साल करीब 470 से अधिक सड़क हादसे होते हैं, जिनमें 270 से ज्यादा लोगों की मौत और 350 से अधिक लोग घायल होते हैं। वर्ष 2025 में भी हादसों की संख्या चिंताजनक बनी हुई है। इन्हीं आंकड़ों को देखते हुए पुलिस ने हाईवे पर सख्ती बढ़ाई है। अब जिले में ‘नो हेलमेट, नो हाईवे एंट्री’ की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को न तो हाईवे पर प्रवेश मिलेगा और न ही पेट्रोल पंप से ईंधन दिया जाएगा। पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों से भी वार्ता की है, जिन्होंने इस अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया है। कई पेट्रोल पंपों पर बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिन पर साफ लिखा है बिना हेलमेट, फ्यूल नहीं मिलेगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल पंपों के कर्मचारी भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनेंगे और बिना हेलमेट किसी को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और लोग नियमों को समझकर उनका पालन कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव ने कहा कि हाईवे पर होने वाले अधिकतर हादसों में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की संभावना बढ़ जाती है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय अपनाकर इन हादसों में जान बचाई जा सकती है। उन्होंने चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने और दोपहिया चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। थाना प्रभारी दिनेश चंद बघेल का कहना है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा हर व्यक्ति के अपने हाथ में है, और इसी संदेश के साथ यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। अभियान के बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं और जनता भी इसे गंभीरता से अपनाती नजर आ रही है।
गीता ज्ञान सुधा भेंट की
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा अलमासपुर में गीतापाठ एवं भजन संध्या के अवसर पर नगरपालिका अध्यक्षा को गीताजी भेंट की गई। गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज द्वारा संचालित श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के महा मंत्री अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि अलमासपुर मे गीतापाठ एवं भजन संध्या मे पहुंची नगरपालिका अध्यक्षा श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप को गीतापाठ परिवार के सदस्यो द्वारा पुष्पगुच्छ एवं महाराज श्री की गीता ज्ञान सुधा भेंट कर स्वागत किया गया। सर्वप्रथम कृष्णानन्द जी ने सपरिवार दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजन किया। श्री अतुलगर्ग द्वारा गणेश वन्दना , ओम नमो भगवते वासुदेवाय महामंत्र का जाप, अष्टादश श्लोकी गीतापाठ, बारहवे अध्याय का पाठ , भगवत स्तुति गीता मंत्र श्रद्धाभाव पूर्वक कराया गया। भजनभाव में बहन गरिमा गोयल द्वारा जनम जनम का साथ है हमारा तुम्हारा, अगर ना मिलते इस जीवन में लेते जनम दोबारा, अजय गर्ग द्वारा भक्तों के घर भी सांवरे आते रहा करो, बिटिया ज्योति मिश्रा द्वारा ये चमक ये दमक फुलवन में महक सब कुछ सरकार तुम्ही से है, संजय अरोड़ा द्वारा बधाई भाव तथा प्रसिद्ध भजन गायक राजेश वर्मा द्वारा राधा-राधा नाम का जाप, काला काला कहे गुजरी, मिश्री सो मिठो नाम मेरी राधा रानी का आदि भजन भावों से सभी श्रोताओं को मन्त्र मुग्ध कर दिया गया तथा संकीर्तन मे उपस्थित सभी श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूम/नाच उठे। गीतापाठ परिवार के रामबीर सिंह ने नियमित गीतापाठ करने के लाभ बताये कि गीताजी का पाठ हमारे जीवन को बेहतर दिशा में ले जाने में सहायक होता है।कार्यक्रम को सफल बनाने में सुभाष गोयल , अजय कुमार गर्ग, रामबीर सिंह, गरिमा गोयल, धुर्व , विपिन गुप्ता, अनीता गुप्ता, रूपम, सुषमा शर्मा, चंपा देवी, मुनेश शर्मा, माया लक्ष्मी, विशाखा, भावना, जगदम्बा, मीना, सुन्दरी, रेखा, शकुंतला, राज कुमारी, रीता शर्मा , शताक्षी , नम्रता त्यागी, पं कृष्णा नन्द , सतीश कुमार , विमल प्रताप सिंह ,नमन मिश्रा,संजय मिश्रा, मीनाक्षी गर्ग ,राधा मिश्रा आदि भारी संख्या मे उपस्थित श्रद्धालुओ का विशेष सहयोग रहा। रामबीर सिंह द्वारा श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप एंव उपस्थित सम्मानित श्रद्धालुजनो का ह््रदय से आभार प्रकट किया ।भोजन प्रसाद के उपरांत कार्यक्रम को विश्राम दिया गया।
अभियुक्त को तमंचे के साथ दबोचा
रोहाना। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, व पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर तथा क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के मिश्रा व शहर कोतवाल बबलु कुमार के नेतृत्व में शातिर अभियुक्तो के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के दौरान रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने उपनिरिक्षक शाहीराम, कास्टेबल रहीश खान के साथ मिलकर सादपुर रजवाहे की पुलिया के समीप से अभि0- फरमान पुत्र अरशद निवासी ग्राम सादपुर थाना कोतवाली नगर मु0नगर उम्र 27 वर्ष को मय 01 अदद तमंचा 315 बोर नाजायज व 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर नाजायज सहित गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया। रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि मुखबिर की खास सूचना पर अरशद निवासी सादपुर थाना कोतवाली नगर को एक तमंचे व कारतूस के साथ दबोच कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया गया है।
लापता किशोरी को बरामद
खतौली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार चलाये जा रहे मिशन शक्ति अभियान मे पुलिस अधीक्षक क्राइम महोदय के निर्देशन मे एंव क्षेत्राधिकारी खतौली एंव प्रभारी निरीक्षक खतौली दिनेश चन्द्र के नेतृत्व मे थाना खतौली की मिशन शक्ति केंद्र पर उपस्थित वादी इंतजार पुत्र आल्हा मेहर निवासी जैन नगर कस्बा खतौली द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के दिनांक 07 दिसम्बर घर से चले जाने से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया था जिस पर थाना प्रभारी के आदेशानुसार तत्काल प्रभाव से थाना पर मुकदमा पंजीकृत होकर विवेचन एसआई आकाश शर्मा को प्राप्त हुई पुलिस के द्वारा अथक प्रयास कर वादी की पुत्री को एक माह के अंदर बरामद कर लिया गया।
सुंदरकांड पाठ हुआ आयोजित
जानसठ। स्थित सदियों पुराने प्राचीन शिवालय में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री पंचमुखी शिवालय सेवा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा मंदिर के जीर्णाद्धार के अवसर पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के अभिषेक के साथ हुआ। इसके बाद, कलाकारों ने सुंदरकांड की चौपाइयों का गायन किया। इस दौरान जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर गूँज उठा। भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष नितिन कांबोज ने बताया कि भक्तों के सहयोग से इस प्राचीन आस्था केंद्र का पुनरुद्धार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है। इस अवसर पर ग्राम गढ़ी सहित जानसठ क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस दौरान अमित शर्मा (काका), मुकेश शर्मा, नवीन सैनी, विपिन कुमार सैनी और महेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुरुष व महिला श्रद्धालु मौजूद थे। आयोजन समिति ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने रैन बसेरे एवं अलाव व्यवस्था का निरीक्षण कर दिया आवश्यक निर्देश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।शासन द्वारा निर्गत निर्देशों के क्रम में तथा जनपद मुजफ्फरनगर में पड़ रही भीषण शीतलहर एवं अत्यधिक ठंड के दृष्टिगत, आमजन विशेषकर निराश्रित, असहाय एवं खुले में निवासरत व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के नेतृत्व में संपूर्ण प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी एवं रात्रिकालीन भ्रमण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, तहसीलदार सदर राधेश्याम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर श्रीमती प्रज्ञा सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगणों के साथ नगर क्षेत्र में व्यापक भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। प्रशासनिक टीम द्वारा सर्वप्रथम रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे में उपलब्ध रहने की व्यवस्था, कंबल, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया गया तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके उपरांत टीम द्वारा जानसठ रोड ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र तथा कंपनी गार्डन में सघन भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान खुले में सो रहे नागरिकों को शीतलहर से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक करते हुए मानवीय संवेदनशीलता के साथ रैन बसेरों में सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोई भी व्यक्ति खुले में ठंड से प्रभावित न रहे। भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर अलाव ताप रहे नागरिकों से संवाद स्थापित कर अलाव, कंबल एवं अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा जहां आवश्यकता प्रतीत हुई वहां संबंधित विभागों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि शीतकाल के दौरान जनसुरक्षा सर्वाच्च प्राथमिकता है और शासन के निर्देशों के अनुरूप इस प्रकार के निरीक्षण, राहत एवं बचाव कार्य निरंतर एवं नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जनपद में कोई भी नागरिक ठंड के कारण असुरक्षित न रहे।
हादसे मे हुआ घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।गली मे तेजी के साथ आ रही बाईक की चपेट में आकर बुजुर्ग व्यक्ति घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार नई मन्डी क्षेत्र के संजय मार्ग पटेलनगर निवासी बुजुर्ग राधेश्याम सिंघल अपने घर के बाहर गली मे खडे थे कि इसी बीच गली में तेजगति से आ रही बाईक की चपेट में आकर वृद्ध राधेश्याम चोटिल हो गया। बताया जाता है कि इस हादसे के बाद आरोपी बाईक सवार मौके से फरार हो गया। शोर-शराबे की आवाज सुनकर परिजन तथा पडौसी घर से बाहर आ गए। परिजनो ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भिजवाया।
ध्रुव शर्मा ने प्रथम प्रयास में बार काउंसिल उत्तर प्रदेश परीक्षा उत्तीर्ण कर रचा सफलता का इतिहास
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनपद के होनहार युवा ध्रुव शर्मा ने प्रथम प्रयास में ही बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गुरुजनों एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। ध्रुव शर्मा न केवल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट हैं, बल्कि खेल जगत में भी उन्होंने अपनी विशेष पहचान बनाई है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में गहरी रुचि रखने वाले ध्रुव कराटे में नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और मेहनत के बल पर शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में समान रूप से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
1 फरवरी से होगी श्रीमद्भागवत कथा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । श्रींमद भागवत कथा श्रवण से भक्ति जागृत होती है और जीवन सार्थक बनता हैं। अतः समय समय पर भागवत कथा श्रवण तथा धार्मिक अनुष्ठान, धर्मकर्म, पूजा पाठ, जाप आदि करते रहने से आत्मिक सुख मिलता है तथा हमारे कर्म सुधरते हैं।
शामली रोड बिजली घर के समीप स्थित सत्संग भवन में एक फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक होने वाली श्रीमद भागवत कथा की तैयारियों सम्बन्धी बैठक मे मौजूद कथा वाचक आचार्य पं.होतीलाल शर्मा ने उक्त उदगार व्यक्त किए। बैठक मे कथा की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर सत्संग भवन के समस्त पदाधिकारी एवं ट्रस्टीगण मौजूद रहे।
बिट्टू सिखेड़ा ने की नए विधार्थी सेना अध्यक्ष की घोषणा
विद्यार्थी सेना में संगठन विस्तार, जतिन वशिष्ठ बने जिला अध्यक्ष
85 विद्यार्थियों ने ली शिवसेना की सदस्यता, अमित मित्तल बने युवा जिला सचिव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जिले में शिवसेना के छात्र संगठन विद्यार्थी सेना को नया जिला अध्यक्ष मिल गया है। संगठन की एक आवश्यक बैठक रविवार को जिला कार्यालय, प्रकाश चौक पर सम्पन्न हुई, जिसमें जतिन वशिष्ठ को विद्यार्थी सेना का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। बैठक में संगठन विस्तार अभियान के तहत करीब 85 विद्यार्थियों को शिवसेना की सदस्यता भी दिलाई गई, वहीं अमित मित्तल को युवा जिला सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने की, जबकि बैठक का संचालन मंडल प्रमुख शरद कपूर ने किया। इस दौरान शिवसेना के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने संगठन के फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा जी की संस्तुति पर जतिन वशिष्ठ को विद्यार्थी सेना का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है। जतिन वशिष्ठ लगातार छात्र वर्ग के बीच सक्रिय रहे हैं और संगठन के लिए मेहनत कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में विद्यार्थी सेना को नई दिशा मिलेगी और जिले में संगठन पहले से अधिक मजबूत होगा। संगठन का उद्देश्य युवाओं को जोड़कर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की विचारधारा को सशक्त बनाना है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जतिन वशिष्ठ ने पदभार संभालते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं शिवसेना की नीतियों और विचारधारा का जिले में पूरी मजबूती से प्रचार-प्रसार करूंगा। विद्यार्थी सेना को गांव-शहर, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों तक मजबूत किया जाएगा। हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं रहने दूंगा।
बैठक के दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र वर्ग तेजी से संगठन से जुड़ रहा है और आने वाले समय में संगठन का आधार और अधिक मजबूत होगा। मंडल प्रमुख शरद कपूर ने कहा कि जिस उत्साह के साथ छात्र सदस्यता ले रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि आगामी समय संगठन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। सदस्यता ग्रहण करने वाले छात्रों को संगठन की नीतियों, अनुशासन, राष्ट्रसेवा तथा सामाजिक कार्यों की जानकारी दी गई। पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी सेना आने वाले समय में जिलेभर के कॉलेजों में सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करेगी। बैठक में संजीव शंकर, मुकेश त्यागी, पूनम चौधरी, नरेंद्र ठाकुर, प्रदीप जैन, राजेंद्र पाल, विकास चौहान, योगेंद्र सैनी, ललित रहेला, आलोक अग्रवाल, देवेंद्र चौहान, उज्ज्वल पंडित, मंगतराम, बाबूराम, अरविंद शर्मा, संजीव वर्मा, अतुल, वैभव, अक्षय, अरुण, आकाश, मनोज चौधरी, सजल वर्मा, प्रिंस वर्मा, वंश तोमर, करण ठाकुर, शैलेंद्र, दाताराम, नंदू कश्यप, अजय सैनी, वेदांत सिंगल, सत्येंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं छात्र मौजूद रहे।
विवाहिता की मौत का मामला दर्ज
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।जनपद मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के सिसोना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में उसके ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता की तहरीर पर यह कार्रवाई दस दिन बाद हुई है, जिसमें अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शेरनगर निवासी बहादुर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शिवानी की शादी कुछ साल पहले सिसोना निवासी अरुण से की थी। बहादुर का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शिवानी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। बीते एक जनवरी को शिवानी का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी से लटका हुआ मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था।
घटना के दस दिन बाद मृतका के पिता बहादुर ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिवानी के पति अरुण, ससुर राजेश, सास सत्तो, जेठ विजय, देवर अंकुर और जेठानी रितु के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिविल इंजीनियरिंग छात्रों का औद्योगिक भ्रमण संपन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।। श्रीराम पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा छात्रों को शैक्षणिक उद्देश्य से औद्योगिक भ्रमण कराया गया। यह औद्योगिक भ्रमण वसुंधरा इंफ्रा बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड, मुजफ्फरनगर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित किया गया। औद्योगिक भ्रमण को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने हेतु छात्रों को 4-4 छात्रों के समूहों में विभाजित किया गया, जिसमें कुल 28 छात्रों ने सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान छात्रों को शहरी विकास, आधुनिक निर्माण तकनीकों, स्मार्ट सिटी परियोजना, गुणवत्ता नियंत्रण तथा परियोजना प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही छात्रों ने साइट पर प्रायोगिक सर्वे कार्य भी किया, जिसमें ऑटो लेवल (।नजव स्मअमस) द्वारा स्टाफ सर्वे, रेफरेंस लेवल (त्स्) का निर्धारण, हाई ऑफ इंस्ट्रूमेंट (भ्प्) की गणना, बेंचमार्क (ठमदबीउंता) की पहचान, गुनिया लेवल का समायोजन, इंस्ट्रूमेंट की सेंटरिंग एवं लेवलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल रहे। छात्रों ने इन सभी कार्यों को स्वयं करके मापन प्रक्रिया को समझा, जिससे उनकी फील्ड नॉलेज में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
इस अवसर पर कंपनी के डायरेक्टर श्री अमित चौधरी ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की रूपरेखा, निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्माण क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। कंपनी के इंजीनियर श्री कमल एवं इंजीनियर श्री सागर ने साइट पर चल रहे निर्माण कार्यों का चरणबद्ध निरीक्षण कराते हुए सर्वे एवं निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाया।
सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष (भ्व्क्) श्री जोनी कुमार ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण एवं साइट पर कराए गए सर्वे कार्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
विभाग के प्रवक्ता श्री मुकुल पुलस्त्य ने बताया कि इस प्रकार के फील्ड वर्क से छात्रों की तकनीकी समझ मजबूत होती है और वे वास्तविक परियोजनाओं के लिए तैयार होते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार, श्रीराम पॉलिटेक्निक, रुड़की रोड स्थित, मुजफ्फरनगर ने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि साइट पर किए गए सर्वे एवं मापन कार्य छात्रों की व्यावहारिक दक्षता बढ़ाते हैं, जो भविष्य में प्लेसमेंट एवं रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे औद्योगिक भ्रमण छात्रों को आत्मनिर्भर, कुशल एवं जॉब-रेडी बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।


