समाचार (Muzaffarnagar News)
लावारिस शवों को देती है अंतिम विदाई
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भोपा रोड स्थित एसडी मैनेजमेंट कॉलेज में आयोजित “मातृशक्ति का अभिनंदन” समारोह उस समय बेहद भावुक और गौरवपूर्ण बन गया, जब समाज सेवा की अनूठी मिसाल पेश करने वाली क्रांतिकारी शालू सैनी को मंच पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि उस मानवता का था, जो आज भी समाज में जीवित है। दूसरा कार्यक्रम गवर्मेंट आई टी आई रुड़की रोड पर आयोजन प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद गीता शाक्या उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया, लेकिन जब मंच से क्रांतिकारी शालू सैनी का नाम पुकारा गया तो पूरे सभागार में तालियों की गूंज देर तक सुनाई देती रही। क्रांतिकारी शालू सैनी को यह सम्मान उनके उस अनोखे और मानवीय कार्य के लिए दिया गया, जिसे करने से कई लोग कतराते हैं। वे उन लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करती हैं, जिनका इस दुनिया में कोई अपना नहीं होता। समाज में अक्सर देखा जाता है कि कई लोग अपनों के अंतिम संस्कार से भी पीछे हट जाते हैं, लेकिन शालू सैनी ऐसे अनजान और लावारिस लोगों को भी सम्मान के साथ अंतिम विदाई देकर मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश कर रही हैं।
जब उन्हें मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया तो कई लोगों की आंखें नम हो गईं। यह पल केवल एक सम्मान का नहीं बल्कि उस संवेदना का था, जो इंसानियत को जीवित रखती है। शालू सैनी ने सम्मान प्राप्त करते हुए बेहद भावुक शब्दों में कहा कि उनके लिए हर लावारिस शव भी किसी की मां, किसी का बेटा, किसी का भाई या किसी की बेटी होता है। इसलिए उन्हें सम्मान के साथ अंतिम विदाई देना ही उनका कर्तव्य है।
मुख्य अतिथि गीता शाक्या ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को शालू सैनी जैसी बेटियों पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां लोग अपने स्वार्थ में उलझे रहते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो दूसरों के दुख को अपना समझकर सेवा का मार्ग चुनते हैं। शालू सैनी का कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है।
राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने भी शालू सैनी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल सेवा नहीं बल्कि सच्ची मानवता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और हमें उनसे सीख लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में एक अलग ही भावनात्मक वातावरण देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित गणमान्य लोगों ने खड़े होकर तालियों के साथ शालू सैनी के कार्य को सम्मान दिया।
महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर दिया गया यह सम्मान केवल एक सम्मान नहीं था, बल्कि समाज को यह संदेश भी था कि इंसानियत अभी जिंदा है और कुछ लोग आज भी मानवता के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं।
युवक की कार की टक्कर से मौत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।महावीर चैक पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क किनारे ठेला लगाकर नारियल बेचने वाले युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महावीर चैक पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सड़क किनारे नारियल का ठेला लगाकर गुजर-बसर करने वाला बरेली निवासी रिजवान अपने ठेले पर काम कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए हादसे को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जल अर्पण दिवस कार्यक्रम पर प्रभात फेरी, जल संकल्प व वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
शुकतीर्थ। विकास खंड मोरना की ग्राम पंचायत शुक्रताल में मंगलवार को जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य रूप से प्रभात फेरी, जल बंधन, जल वंदना, जल संकल्प, वृक्षारोपण कार्यक्रम कराए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत डॉ वीरपाल निर्वाल, प्रतिनिधि माननीय विधायक विधानसभा मीरापुर, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण संजय कुमार, जिला समन्वयक डीपीएमयू, डीपीएम टीपीआई, सहायक अभियंता ,जूनियर इंजीनियर, परियोजना प्रबंधक कार्य दाई संस्था व ग्रामवासी इत्यादि उपस्थित रहे।
शानदार मुकाबले में 2 विकेट से देव भूमि राॅयल्स को हराया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।चैधरी चरण सिंह स्पोट्र्स स्टेडियम में खेली जा रही मुज़फ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 के 27वें मुकाबले में मेडिकल मेवरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देव भूमि रॉयल्स को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच का फैसला आखिरी ओवरों में हुआ, जिससे दर्शकों को भरपूर रोमांच देखने को मिला। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देव भूमि रॉयल्स की टीम ने 18.4 ओवर में 139 रन बनाए। टीम की ओर से मोहम्मद अरीब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि बादल सिंह ने 28 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में मेडिकल मेवरिक्स के यशु प्रधान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट झटके और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा आर्यन डोडल ने 3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेडिकल मेवरिक्स की टीम ने 20 ओवर में 145 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से कप्तान वैभव त्यागी ने शानदार पारी खेलते हुए 43 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि दिनेश कुमार ने 29 गेंदों में 24 रन और मयंक देशवाल ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। देव भूमि रॉयल्स की ओर से निगम चैधरी और हर्ष भाटी ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए यशु प्रधान को मैन ऑफ द मैच चुना गया यह पुरस्कार उन्हें राकेश शर्मा राष्ट्रीय सचिव समाजवादी पार्टी के द्वारा दिया गया। हर्ष भाटी को फाइटर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया यह पुरस्कार उन्हें मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भूपेंद्र यादव के द्वारा दियागया।
विवादित टिप्पणी के खिलाफ किया प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कथित टिप्पणी के खिलाफ विरोध व्यक्त एसएसपी से कार्यवाही की मंाग की।
हिन्दू युवा वाहिनी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री प्रहलाद पाहूजा के नेतृत्व में कचहरी परिसर स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे सेकडो कार्यकर्ताओं ने बिहार के तथाकथित मौलाना द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माता को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध मे प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। तथा कथित मौलाना की टिप्पणी की निन्दा करते हुए ऐसे मौलाना के खिलाफ सख्त धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की मंाग की। इस दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रैली/प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने दिखाई हरी झंडी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 14.03.2026 दिन द्वितीय शनिवार के आयोजन सम्बन्ध में जनपद न्यायालय मुजफ्फरनगर में रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया। जनपद न्यायाधीश द्वारा अपने सम्बोधन में राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए यह कहा गया कि लोक अदालत में होने वाले फैसले में हार जीत का कोई प्रश्न नहीं रह जाता है, क्योंकि जब वादकारी आपसी समझौते के आधार पर वाद का निस्तारण करते हैं तो उनके मध्य आपसी सौहार्द बना रहता है एवं उनके अमूल्य समय की बचत भी होती है। उनके द्वारा यह भी कहा गया कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य वादकारियों को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय प्रदान करना है। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनाक 14.03.2026 दिन द्वितीय शनिवार, को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर, वाहृय न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलक्ट्रेट मुजाल्फरनगर में किया जायेगा। जिसमें आपराधिक, 138 एन० आई० एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिका, टेलीफोन, बिजली एवम् पानी के बिल, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद. तथा सिविल वादों का निस्तारण किया जायेगा। इस अवसर पर अपर जिला जज सीताराम, कनिष्क कुमार सिंह, काशिफ शेख, श्रीमति रेखा सिंह, श्रीमती दिव्या भार्गव, श्रीमती मंजुला भलोटिया, कमलापत्ति प्रजापति. रवि कुमार दिवाकर, नोडल आफिसर, राष्ट्रीय लोक अदालत राष्ट्रीय लोक अदालत, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ० देवेन्द्र सिंह फौजदार, डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर सोनम गुप्ता अपर सिविल जज सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सीएचसी मखियाली मुख्यालय व जिला अस्पताल की इमरजेंसी का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मखियाली मुख्यालय तथा जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएचसी मखियाली मुख्यालय के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण काउंटर, पैथोलॉजी लैब सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने कोल्ड चेन कक्ष का भी निरीक्षण किया, जहां वैक्सीन को सुरक्षित तापमान पर संरक्षित रखा जाता है। उन्होंने वैक्सीन स्टोरेज की व्यवस्था, तापमान रजिस्टर तथा संबंधित उपकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन प्रणाली का पूरी तरह से पालन किया जाए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही उन्होंने इमरजेंसी में उपलब्ध दवाइयों के मेडिसिन स्टॉक का अवलोकन किया तथा ड्रेसिंग बॉक्स में उपलब्ध सामग्री की भी जांच की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सीएमओ ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती रहेगी, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
रक्तदानियों ने किया रक्तदान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी संस्था समर्पित युवा समिति एवं समर्पित महिला शक्ति द्वारा एमजी पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया शिविर में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल भाजपा नेता विशाल गर्ग सभासद सतीश कुकरेजा सभासद हिमांशु कौशिक समाजसेवी सोनिया लूथरा के साथ-साथ कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंच कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में लगभग 50 रक्त वीरों एवं रक्त वीरांगनाओं ने रक्तदान कर अपना रक्त मातृशक्ति को समर्पित किया शिविर में 1/4 से ज्यादा हिस्सा महिलाओं का रहा, जिस कारण यह शिविर अपने लक्ष्य को लेकर सफल रहा क्योंकि शिविर का में उद्देश्य ही महिलाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है लगभग 35 महिलाओं ने अपने रक्त की जांच करवाई जिनमें से लगभग 20 स्वास्थ्य व अन्य कारणों से रक्तदान करने से वंचित रह गई। समर्पित महिला शक्ति की संयोज़िका मनी पटपटिया ने बताया विगत 3 वर्षों से एमजी पब्लिक स्कूल में किसी न किसी अवसर पर समर्पित परिवार द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जाता है जिसमें एमजी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग सहित पूरे एमजी परिवार का भरपूर सहयोग रहता है। शिविर को सफल बनाने में राखी ग्रोवर, मेघा बाटला मोनिका सिंघल ,अंशु भाटिया,मोनाली पवार ,शालिनी आनंद आदि महिला शक्तियो के साथ समर्पित युवा समिति के सभी सदस्यों का सहयोग रहा
श्रीजी का पाटोत्सव मनाया
जानसठ। कस्बे के मोहल्ला हुसैनपुरा में श्रीजी का पाटोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। जहां वृंदावन से आए बाबा जी ने श्री जी के पाटोत्सव में बधाई गान एवं भजन- कीर्तन किया। मिली जानकारी के अनुसार जानसठ नगर के मौहल्ला हुसैनपुरा किल्ली दरवाजे से शुरू होकर एक विशाल शोभायात्रा आदर्श रामलीला के निकट जाकर समाप्त हुई। जहां वृंदावन से आए बाबा सुकुमारी शरण जी ने श्रीजी के भजनों पर भक्तो को भाव विभोर किया। गोपाल सिंगल के आवास पर एक विशाल कुंज भी बनाया गया। जिसमें भक्तों को बधाइयां भी वितरित की गई। हित हरिवंश, श्री राधावल्लभ लाल जी की शोभायात्रा में भक्तों द्वारा श्री जी के भजनों का गुणगान करते हुए नृत्य भी किया। यहां एक विशाल भंडारे का आयोजन भी हुआ। जिसमें सैकड़ो भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं स्थानीय पुलिस प्रशासन की व्यवस्था भी काफी दुरुस्त रही। इस पाटोत्सव कार्यक्रम में वृंदावन से आए बाबा सुकुमारी शरण जी के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उषा मिश्रा, नीरज मिश्रा, प्रवेश, गोपाल संगल, राधिका संगल, दीपा सैनी, नीलम छाबड़ा, कुसुम सैनी, रेनू छाबड़ा, विमला सैनी, मीनू गुप्ता, सुमित्रा सैनी,सुदामा भाटी, संतोष पाल, बीना बाठला, उर्मिला प्रजापति, अनीता ठाकुर, विमलेश शर्मा, विनोद सैनी, निधि, खुशी, कनक, लक्ष्य, मुस्कान, मुकुंद ,हर्षवर्धन, अक्षय, रूद्र,वाणी,वंदना सहित सैकड़ो श्रीजी के भक्त मौजूद रहे।
आनलाइन बैठक हुई आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।आबकारी विभाग के फुटकर एवं थोक लाइसेंसधारकों को ई-बैंक गारंटी जारी किये जाने के सम्बन्ध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) मुजफ्फरनगर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ऑन-लाईन बैठक आयोजित की गई। अपर मुख्य सचिव एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी, मुजफ्फरनगर द्वारा दिये गये आदेशों के अनुपालन में आबकारी विभाग के फुटकर एवं थोक लाइसेंसधारकों को ई-बैंक गारंटी जारी किये जाने के सम्बन्ध में अपर जिलाधिकारी महोदय (वित्त एवं राजस्व) मुजफ्फरनगर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ऑन-लाईन बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (स्क्ड), जिला आबकारी अधिकारी, मुजफ्फरनगर एवं जनपद के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक/सहायक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक में आबकारी विभाग के फुटकर एवं थोक लाइसेंसधारकों को समयबद्ध एवं सुगम तरीके से ई-बैंक गारंटी उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा सभी बैंकों को निर्देशित किया गया कि आबकारी विभाग से संबंधित ई-बैंक गारंटी जारी करने की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए तथा पात्र आवेदकों को निर्धारित समयावधि में बैंक गारंटी उपलब्ध कराई जाए। बैठक के दौरान जिला आबकारी अधिकारी द्वारा बैंकों के प्रतिनिधियों द्वारा ई-बैंक गारंटी जारी करने में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं एवं समाधान के सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। इस पर अध्यक्ष महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ताकि प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
अंत में अपर जिलाधिकारी महोदय (वित्त एवं राजस्व) ने सभी बैंकों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आबकारी विभाग के लाइसेंसधारियों को ई-बैंक गारंटी जारी करने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
अवैध पशु तस्करी का भंडाफोड़, 14 पशुओं समेत दो पिकअप बरामद
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।जनपद मुजफ्फरनगर में नगर कोतवाली पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 पशुओं से भरी दो पिकअप गाड़ियों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
चेकिंग अभियान के दौरान नगर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बड़कली कट के पास से दो बोलेरो पिकअप वाहनों को रोककर जांच की। जांच के दौरान दोनों वाहनों में अवैध तरीके से 14 पशु भरे मिले, जिनमें एक भैंस, छह कटड़े और सात कटड़ियां शामिल हैं। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद पुत्र मौहम्मद असगर निवासी खादरवाला, इमरान पुत्र मौहम्मद तौफीक निवासी बागोवाली, वसीम पुत्र शफीक निवासी बझेड़ी और अथरहसन पुत्र अजहर हसन निवासी खालापार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इन पशुओं को सहारनपुर की ओर ले जा रहे थे। पकड़ी गई दोनों पिकअप वाहनों संख्या यूपी12 सीटी 1393 व यूपी12 सीटी 3987 के कागजात मौके पर प्रस्तुत न किए जाने पर दोनों बोलेरो पिकअप को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। आरोपियों के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(ड)/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहित कुमार, बच्चू सिंह, सहीराम नागर तथा कांस्टेबल रहीस आजम, राजू सिंह, अशोक राणा और पवन सोलंकी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
कश्यप समाज की बैठक आयोजित
मुजफ्फरनगर । तितावी थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर प्रकरण को लेकर कश्यप समाज के गणमान्य लोगों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कहा गया कि यदि ठाकुर पूरण सिंह 14 तारीख को नसीरपुर में पंचायत करेंगे, तो कश्यप समाज भी उसी दिन यानी 14 तारीख को अपनी पंचायत करेगा। कश्यप समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
गर्मी अभी से लगी है रूलाने
मुजफ्फरनगर। मार्च माह के शुरुआती दिनों में ही मौसम का मिजाज तीखा हो गया है। भीषण गर्मी का प्रकोप समय से पहले ही देखने को मिल रहा है।मंगलवार में भी भीषण गर्मी का आलम रहा। सुबह के समय तो मौसम सामान्य रहा, लेकिन जैसे-जैसे सूरज चढ़ा, धूप की तपिश ने लोगों को झुलसाकर रख दिया। जनपद में मार्च माह के शुरुआती दिनों में ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय मुख्य बाजारों और सड़कों पर आवाजाही काफी कम नजर आई। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जो लोग बाहर निकले, वे धूप से बचने के लिए छाता, टोपी या सिर पर कपड़ा लपेटे हुए दिखाई दिए। वहीं, गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे और युवा नहरों और तालाबों में डुबकी लगाते देखे गए। गर्मी के बढ़ते प्रभाव के कारण ठंडे पेय पदार्थों, गन्ने के जूस और लस्सी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि इस साल मार्च के पहले सप्ताह में ही मांग में जो उछाल आया है, वह पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मार्च में ही इस तरह की गर्मी असामान्य है। मौसम जानकारों ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है। मौसम का यह बदला मिजाज आगामी गर्मियों के सीजन में भीषण गर्मी के संकेत दे रहा है, जिसके चलते आमजन को अभी से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
अपने दावे एंव अद्यतन विवरण अगले 02 सप्ताह के भीतर कराएं उपलब्ध
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) नोडल अधिकारी गजेंद्र कुमार ने सभी को बताया है की उ०प्र० ज०वि०भू०व्य० अधि०, 1950 की धारा-99 के अन्र्तगत एन्युटी भुगतान हेतु जनपद की समस्त धार्मिक संस्थांए, जो जनपद के एन्युटी रजिस्टर में दर्ज हों और राजस्व परिषद स्तर से डीबीटी प्रणाली के अन्र्तगत एन्युटी प्राप्त करना चाहती है वे इस विज्ञप्ति की प्रकाशन की तिथि से अगले 02 सप्ताह के भीतर अपने दावे एंव अद्यतन विवरण (इच्छा पत्र. बैंक खाता विवरण-कैंसिल चैक / पासबुक की प्रमाणित छायाप्रति, संस्था विवरण) जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में दावा प्रस्तुत न करने की स्थिति में यह मान लिया जायेगा कि संबंधित धार्मिक संस्था एन्युटी लेने की इच्छुक नहीं है, और उसकी सूचना शून्य मानी जायेगी।
चैकीदार की हादसे में मौत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । रतनपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए एक भयंकर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भनवाड़ा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने से हुआ। मृतक की पहचान भनवाड़ा निवासी 50 वर्षीय खालिद पुत्र मुन्फेद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खालिद अपनी बाइक से गन्ना तोल सेंटर पर चैकीदारी के लिए जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही शहजाद का पुत्र कैफ चाय देने जा रहा था और उसके साथ अफीक पुत्र रियासत भी था, जो परीक्षा देने के लिए जा रहा था। गांव भनवाड़ा से करीब एक किलोमीटर आगे दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने खालिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कैफ और अफीक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। रतनपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि दो बाइकों के एक्सीडेंट की सूचना मिली है, पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।


