वैश्विक

टूलकिट के मामले में भाजपा और दिल्ली पुलिस उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत चरितार्थ कर रही: सुरजेवाला

कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को टूलकिट मुद्दे को और तूल देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर के अधिकारियों को पत्र लिखकर भाजपा के दिग्गज नेताओं के ट्विटर हैंडल्स और उनके ट्वीट्स के लिंक यह कहते हुए जारी कर दिए कि ये लोग आपके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल देश में झूठे और दुर्भावनापूर्ण प्रचार के लिए कर रहे हैं।

यह पत्र कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने लिखा है। उन्होंने इसे ट्वीट भी किया है। बाद में एक और ट्वीट जारी कर उन्होंने कहा है कि टूलकिट के मामले में भाजपा और दिल्ली पुलिस उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत चरितार्थ कर रही है।

रेड होनी चाहिए भाजपा के दफ्तर पर, पूछताछ होनी चाहिए भाजपा नेताओं से लेकिन हो रही है ट्विटर इंडिया से। और यह काम करवा रहे हैं दोषी भाजपाई। अब सब भाजपा मंत्रियों के अकाउंट भी #manipulated media के रूप में चिह्नित होने चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ट्विटर ने भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के ट्वीट पर मैनिपुलेटेड मीडिया वाला टैग लगा दिया था। भाजपा ने मैनिपुलेटेड टैग लगाने का कड़ा विरोध किया था।

इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने ट्विटर कार्यालय की भी जांच की थी। सुरजेवाला ने ट्विटर अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि टूलकिट डॉक्यूमेंट भाजपा नेताओं ने गढ़ा था और इसका मकसद था कांग्रेस के खिलाफ खतरनाक आरोप फैलाना ताकि भाजपा को राजनैतिक फायदा मिल सके।

सुरजेवाला ने इस सिलसिले में पार्टी नेता राहुल गांधी का भी जिक्र किया है, जिन्होंने टूलकिट मामले का नाम लिए बिना लिखा था कि ट्रुथ रिमेन्स अनअफ्रेड यानी सत्य कभी डरता नहीं। कांग्रेस महासचिव ने ट्विटर के पास जिन नेताओं के नाम भेजे हैं वे सब केंद्र सरकार में मंत्री हैं। नाम इस प्रकार हैः गिरिराज सिंह, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, रवि शंकर प्रसाद, प्रह्लाद जोशी, धर्मेन्द्र प्रधान, रमेश पोखरियाल निशंक, थावरचंद गहलोत, हर्षवर्धन, मुख्तार अब्बास नकवी और गजेंद्र सिंह शेखावत।

सुरजेवाला ने ट्विटर से कहा है कि इन मंत्रियों के ट्वीट हूबहू वैसे ही होते हैं, जिस तरह के ट्वीट को आपने पिछले दिनों मैनिपुलेटेड  मीडिया का नाम दिया था। उन्होंने कहा कि इनके ट्वीट्स पर मैनिपुलेटेड  मीडिया का टैग लगाना इसलिए जरूरी है क्योंकि लोग मंत्री के ट्वीट को सच मान लेते हैं।

कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई है कि इन मंत्रियों को उसी तराजू में तोला जाएगा जिसमें ट्विटर का दुरुपयोग करने वाले दूसरे नेताओं को तौला जाता है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा और रोहन गुप्ता को नोटिस जारी किया है। इन दोनों ने टूलकिट मामले में भाजपा नेता संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।



 

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × 3 =